मुख्य समाचार:-
- लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता प्रचार कर रहे हैं।
- राजस्थान में कोलिहान खदान में फंसे हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के सभी 15 अधिकारियों को बचाया गया।
- विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा– चाबहार बंदरगाह से पूरे क्षेत्र को लाभ होगा और इसे लेकर संकीर्ण नजरिया नहीं रखना चाहिए।
- सिंगापुर के उपनेता लॉरेंस वोंग आज चौथे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से।
********
लोकसभा चुनावों के शेष तीन चरणों का प्रचार तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता रैलियां और जनसभाएं कर रहे हैं।
********
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र में प्रचार करेंगे। प्रधानमंत्री आज दोपहर में डिंडोरी में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। इसके बाद श्री मोदी कल्याण में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री मुंबई के घाटकोपर में एक रोड शो भी करेंगे। एक रिपोर्ट….
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी आज महाराष्ट्र के आदिवासी बहुल डिंडोरी जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करेंगे। डिंडोरी में वे केंद्रीय मंत्री और भाजपा उम्मीदवार डॉ. भारती पवार के पक्ष में प्रचार करेंगे, जो एनसीपी (एसपी) उम्मीदवार भास्कर भगरे के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं। इसके बाद श्री मोदी कल्याण लोकसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करेंगे जहां मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बेटे और दो बार से सांसद श्रीकांत शिंदे चुनाव लड़ रहे हैं। शाम को श्री मोदी मुंबई में रोड शो करेंगे. रोड शो में उनके साथ मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस और अजीत पवार और शहर के भाजपा प्रमुख आशीष शेलार होंगे। ऐसा बताया जा रहा है कि श्री मोदी शुक्रवार को भी मुंबई में एक रैली कर सकते हैं । प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
********
केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर को वापस लेने के लिए प्रतिबद्ध है। पश्चिम बंगाल के हुगली में एक रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर के लोग पाकिस्तान से आजादी की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। एक रिपोर्ट….
देश को डराने का काम कर रहे हैं कि एटम बम पाकिस्तान के पास, पाक आक्यूपाइड कश्मीर की बात ना करो, मैं आज श्रीरामपुर की धरती पर कह कर के जाता हूं राहुल बाबा आपको डरना है तो डरिये, ममता दीदी आपको डरना है तो डरिये, ये पाक आक्यूपाइड कश्मीर भारत का है और हम उसको लेकर रहेंगे।
गृह मंत्री ने कहा कि रिकॉर्ड दो करोड़ पर्यटक कश्मीर आये हैं। धारा 370 हटाने के बारे में बोलते हुए उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी और कांग्रेस धारा 370 नहीं हटाने के लिए कहते थे। लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने धारा 370 को निरस्त कर कश्मीर को भारत से जोड़ दिया।
********
उत्तर प्रदेश में आज आई.एन.डी.आई. गठबंधन के दलों ने एक संयुक्त संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव उपस्थित थे। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि 2024 के चुनाव संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।
चार चरण के चुनाव पूरा हो चुके हैं। इंडिया गठबंधन मजबूत स्थिति में है। हिन्दुस्तान की जनता ने मोदी जी की विदाई तय कर दी है। पूरे देश का माहौल देखकर मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं 4 जून को इंडिया गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही है। 2024 का चुनाव देश का सबसे बडे महत्वपूर्ण चुनाव है। ये चुनाव देश के लोकतंत्र को बचाने का, संविधान को बचाने का यह चुनाव है।
वहीं, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि अगर गठबंधन की सरकार सत्ता में आती है तो सभी खाली सरकारी पदों पर भर्ती होगी और शिक्षित युवाओं को रोजगार दिए जाएंगे। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में राहुल गांधी के लिए प्रचार किया।
********
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने आज हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में एक रैली को संबोधित किया। बाद में, वे महोबा में चुनाव प्रचार करेंगे और बुंदेलखण्ड क्षेत्र के झाँसी निर्वाचन क्षेत्र में एक रोड शो भी करेंगे। श्री योगी बाद में लखनऊ में एक रैली में हिस्सा लेंगे।
बहुजन समाज पार्टी सुप्रीमो मायावती भी बांदा संसदीय क्षेत्र के अतर्रा क्षेत्र में राजनीतिक रैली को संबोधित करेंगी।
********
ओडिशा में, सभी तीन प्रमुख राजनीतिक दल, कांग्रेस, भाजपा और बीजू जनता दल ने राज्य में लोकसभा और विधानसभा चुनावों के आगामी चरणों के लिए अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी आज बलांगीर में एक बाइक रैली में शामिल हुए और एक चुनावी रैली को संबोधित किया। श्री गांधी ने कहा कि 4 जून को आम चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद आई.एन.डी.आई. गठबंधन केंद्र में सरकार बनाएगा। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी सुंदरगढ़ संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत राउरकेला में एक चुनावी रैली को संबोधित किया और छठी बार सत्ता में लौटने पर लोगों को मुफ्त बिजली देने का वादा किया।
इस बीच, गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता अमित शाह ने भी ओडिशा में अस्का लोकसभा सीट के अंतर्गत सोरदा और कंधमाल संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत बौध में सार्वजनिक बैठकों को संबोधित किया। इसके बाद श्री शाह कटक में एक रोड शो में भाग लेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी महिला पार्टी कार्यकर्ताओं की एक बैठक में भाग लेने के लिए भुवनेश्वर में हैं, जबकि लोकसभा अध्यक्ष और वरिष्ठ भाजपा नेता ओम बिरला आज बालासोर संसदीय क्षेत्र में पार्टी के लिए प्रचार कर रहे हैं।
********
दिल्ली की सात लोकसभा सीटों पर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए रैलियां, सार्वजनिक बैठकें और रोड शो कर रहे हैं।
********
राज्य और केन्द्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला में आज हम उत्तर प्रदेश की लखनऊ लोकसभा सीट की जानकारी दे रहे हैं।
लखनऊ लोकसभा सीट के अंतर्गत 5 विधानसभाएं आती हैं। इनमें लखनऊ पूर्वी, लखनऊ पश्चिम, लखनऊ मध्य, लखनऊ उत्तरी और कैंट विधानसभा शामिल हैं। इस संसदीय क्षेत्र में कुल 39 लाख 33 हजार 17 मतदाता हैं। इनमें 20 लाख 82 हजार 888 पुरुष मतदाता वहीं 18 लाख 49 हजार 960 महिला मतदाता और 169 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस हाई प्रोफाइल सीट से देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू की बहन विजय लक्ष्मी पंडित पहली सांसद बनी थीं। इसके अलावा पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी लखनऊ सीट से पांच बार सांसद रहे। 2019 में इस सीट से भाजपा के राजनाथ सिंह सपा प्रत्याशी पूनम सिन्हा को हराकर सासंद बने थे। इससे पहले 2014 के आम चुनाव में राजनाथ सिंह ने कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी को 2 लाख 72 हजार 749 मतों से हराया था। पिछले दोनों चुनावों में राजनाथ सिंह को 50 प्रतिशत से अधिक मत प्राप्त हुए थे। इस चुनाव में राजनाथ सिंह तीसरी बार भाजपा प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। वहीं, गठबंधन से समाजवादी पार्टी के रविदास मल्होत्रा और बसपा से सरवर मलिक उनको चुनौती दे रहे हैं। सुशील चंद्र तिवारी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
********
चंडीगढ़ लोकसभा सीट में नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 27 उम्मीदवार मैदान में हैं। चंडीगढ़ निर्वाचन कार्यालय के एक प्रवक्ता ने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने के आखिरी कुल 33 नामांकन प्राप्त हुए। इनमें से 27 के नामांकन स्वीकार कर लिये गये। नामांकन पत्रों की जांच आज होगी। उम्मीदवार 17 मई को दोपहर 3 बजे तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
********
राजस्थान के नीम का थाना जिले मे कल रात से एक खदान में फंसे हिन्दुस्तान कॉपर लिमिटेड के सभी 15 कर्मियों को आज बाहर निकाल लिया गया है। इनमें से एक की मृत्यु हो जाने की आशंका है। नीम का थाना के कलैक्टर शरद मेहरा ने कहा कि निकाले गए 14 कर्मियों को ईलाज के लिए जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भेज दिया गया है और एक कर्मी को कम्पनी के अस्पताल में जांच के लिए भेजा गया है। सार्वजनिक क्षेत्र की कम्पनी के 15 कर्मी कल रात एक खदान में नीचे जाते समय लिफ्ट की रस्सी टूट जाने के कारण फंस गए थे।
घटनास्थल पर कई एंबुलेंस और चिकित्सा टीम पहुंची और रातभर बचाव अभियान चलाया गया। सभी कर्मी कोलिहान खदान में 577 मीटर की गहराई में फंस गए थे।
********
भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ताओं ने आज मुख्यमंत्री आवास पर आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में राजधानी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन किया। महिला कार्यकर्ताओं ने तख्तियां दिखाकर और नारें लगाकर प्रदर्शन किया। उन्होंने केजरीवाल पर महिला विरोधी होने का आरोप लगाते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। भाजपा के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष, वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा कि महिला सुरक्षा की बात करने वाली, दिल्ली महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष, स्वाति मालीवाल स्वंय सुरक्षित नहीं हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री इस पूरे मामले पर चुप हैं।
श्री केजरीवाल के निजी सहायक ने पिछले सप्ताह स्वाति मालीवाल के साथ दुर्व्यवहार किया था। आम आदमी पार्टी ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
********
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में माओवादियों ने एक पुलिस इंस्पेक्टर की गाड़ी को निशाना बनाकर आई.ई.डी. ब्लास्ट किया है। इस घटना में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है, हालांकि गाड़ी में बैठे पुलिस अधिकारी और सिपाही पूरी तरह सुरक्षित हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बीजापुर जिले के फरसेगढ़ थाना प्रभारी आकाश मसीह वाहन से बीजापुर जिला मुख्यालय जा रहे थे। जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र यादव ने घटना की पुष्टि की है।
********
भारतीय वायु सेना ने आगरा में उडान के समय आपातकालीन लैंडिंग-एयरड्रॉप के लिए अत्याधुनिक स्वदेशी मोबाइल चिकित्सा, भीष्म क्यूब का परीक्षण किया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने कहा कि यह तकनीक किसी भी आपातकालीन स्थिति में चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने में मददगार होगी। भीष्म कार्यक्रम भारत स्वास्थ्य पहल का एक हिस्सा है। इसे लगभग दो सौ घायलों के उपचार के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है।
********
विदेश मंत्री डॉ सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि चाबहार बंदरगाह से समूचे क्षेत्र को लाभ होगा और इसे लेकर संकीर्ण विचार नही रखना चाहिए। कोलकाता में कल रात एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि विगत में अमरीका भी इस सच्चाई को स्वीकारता रहा है कि चाबहार बंदरगाह काफी प्रासंगिक है। भारत ने सोमवार को रणनीतिक ईरानी बंदरगाह चाबहार को संचालित करने के लिए दस वर्ष के अनुबंध पर हस्ताक्षर किए हैं। एक रिपोर्ट …..
यह अनुबंध मध्य एशिया के साथ व्यापार को बढाने में नई दिल्ली के लिए मददगार होगा। अमरीका ने चेतावनी दी है कि ईरान के साथ व्यापारिक समझौता रखने वाले किसी भी देश पर प्रतिबंध लगाए जाने की संभावना है। ऊर्जा से समृद्ध ईरान के दक्षिणी तट पर सिस्तान–बलूचिस्तान प्रांत में स्थित ओमान की खाडी पर चाबहार बंदरगाह है। यह बंदरगाह भारतीय माल को अंतर्राष्ट्रीय उत्तर–दक्षिण परिवहन गलियारा – आई.एन.एस.टी.सी. नामक रेल परियोजना तथा सडक का प्रयोग करके मध्य एशिया और दुर्गम अफगानिस्तान में पहुंचने का एक प्रवेश द्वार प्रदान करेगा। यह बंदरगाह भारत, ईरान, अफगानिस्तान, अर्मेनिया, अजरबैजान, रूस, मध्य एशिया और यूरोप में माल ले जाने के लिए एक बहुउद्देशीय परिवहन परियोजना है। समाचार कक्ष से मैं शक्ति प्रताप सिंह।
********
भारत ने गजा में संयुक्त राष्ट्र रक्षा और सुरक्षा विभाग – डीएसएस में सुरक्षा समन्वय अधिकारी कर्नल वैभव अनिल काले के निधन पर दुख व्यक्त किया है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र के लिए भारत के स्थायी मिशन और तेल अवीव तथा रमल्ला में भारतीय मिशन पार्थिव शरीर के प्रत्यार्पण के लिए सभी तरह की सहायता प्रदान कर रहे हैं।
********
सिंगापुर के उपनेता लॉरेंस वोंग आज देश के चौथे प्रधानमंत्री के रुप में शपथ लेंगे। 51 वर्षीय अर्थशास्त्री श्री वोंग 72 वर्षीय ली सीन लूंग का स्थान लेंगे, जो दो दशक तक प्रधानमंत्री पद पर रहे। ली सीन लूंग के इस्तीफे से ली कुआन यू के नेतृत्व वाले पारिवारिक राजवंश का अंत हो गया है।
********
खेल खबर:-
आईपीएल क्रिकेट में आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रायल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से होगा। राजस्थान रॉयल्स की टीम 16 अंको के साथ दूसरे स्थान पर है। यह टीम एक जीत हासिल करके शीर्ष चार में पहुंचने की कोशिश करेगी। पंजाब किंग्स की टीम प्ले ऑफ में जाने से पहले ही चूक गई है। कल रात नई दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में डेल्ही कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को 19 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ डेल्ही कैपिटल्स की टीम इस सीजन में सात हार और सात जीत के साथ 14 अंक लेकर पांचवे स्थान पर पहुंच गई। जबकि लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीम सात हार और छह जीत के साथ 12 अंक लेकर सातवें स्थान पर आ गई है। दोनों टीमों के प्ले ऑफ में पहुंचने का दारोमदार शेष टीम के प्रदर्शन पर निर्भर है। कोलकाता नाईट राईडर्स की टीम अंक तालिका में 19 अंक के साथ सबसे ऊपर है। वहीं, शीर्ष महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा सऊदी स्मैश में शानदार प्रदर्शन के बाद करियर की सर्वश्रेष्ठ सिंगल्स रैंकिंग 24 पर पहुंच गईं हैं। मनिका विश्व रैंकिंग में शीर्ष 25 में जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं। टूर्नामेंट से पहले वे 39वें स्थान पर थी।
********
मौसम विभाग ने कल से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी शुरू होने का अनुमान व्यक्त किया है। इसका अनुमान है कि पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों, पंजाब, दक्षिण हरियाणा और पूर्वी राजस्थान में भीषण गर्मी की स्थिति रहेगी। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में गुजरात, कोंकण, सौराष्ट्र तथा कच्छ में भी भीषण गर्मी की स्थिति का अनुमान व्यक्त किया है।
********
मुख्य समाचार एक बार फिर:-
- लोकसभा चुनाव के शेष चरणों के लिए विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख नेता प्रचार कर रहे हैं।
- राजस्थान में कोलिहान खदान में फंसे हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के सभी 15 अधिकारियों को बचाया गया।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा– चाबहार बंदरगाह से पूरे क्षेत्र को लाभ होगा और इसे लेकर संकीर्ण नजरिया नहीं रखना चाहिए।
- सिंगापुर के उपनेता लॉरेंस वोंग आज चौथे प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम गुवाहाटी में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला पंजाब किंग्स से।
********