September 24, 2025 3:59 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्‍यम जयशंकर ने विकासशील और अल्‍प विकसित देशों के साथ सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र में सुधारों का आह्वान किया। श्री जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान इन देशों के नेताओं के साथ बैठकें कीं।
  • वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा-भारत को अमरीका के साथ ऊर्जा व्यापार बढ़ाने की उम्मीद।
  • सरकार ने वर्ष 2026 के एशियाई खेलों और अन्य बहु-खेल आयोजनों में व्यक्तियों और टीमों की भागीदारी के लिए चयन मानदंड जारी किए।
  • ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने अमरीका के साथ परमाणु वार्ता को लेकर चेतावनी दी। कहा-ऐसी वार्ता से ईरान को अपूरणीय क्षति का खतरा।
  • आई.एस.एस.एफ. जूनियर विश्वकप आज से नई दिल्ली में शुरू होगा।
  • और दुबई में, एशिया कप टी.ट्वेंटी क्रिकेट में आज शाम सुपर फ़ोर में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से।

 

*****

 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने 80वें संयुक्त राष्ट्र महासभा सत्र के दौरान आज न्यूयॉर्क में विकासशील और अल्‍प विकसित देशों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की मेजबानी की। डॉ. जयशंकर ने एकजुटता और सहयोग को बढ़ाने के उद्देश्य से विकासशील और अल्‍प विकसित देशों के बीच परामर्श को प्रमुखता देने के लिए मौजूदा मंचों का उपयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने संयुक्त राष्ट्र और समग्र बहुपक्षवाद में सुधारों पर भी प्रस्ताव रखा। डॉ. जयशंकर ने नीदरलैंड्स के विदेश मंत्री डेविड वैन वील से भेंट की और उनके साथ यूरोपीय रणनीतिक स्थिति तथा भारत के दृष्टिकोण पर गहन चर्चा की। विदेश मंत्री ने डेनमार्क के विदेश मंत्री लार्स लोके रासमुसेन के साथ अपनी मुलाकात के दौरान दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों और डेनमार्क की अध्यक्षता में भारत-यूरोपीय संघ सहयोग पर विचारों का आदान-प्रदान किया। डॉ. जयशंकर ने बताया कि उन्होंने मॉरीशस, मॉलदीव, श्रीलंका और लेसोथो के विदेश मंत्रियों के साथ भी बातचीत की।

 

*****

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत अगले पांच वर्ष में स्वच्छ ऊर्जा का विस्तार करने के लिए एक बेहतरीन स्थिति में है। न्यूयॉर्क में अमरीका-भारत रणनीतिक साझेदारी मंच को संबोधित करते हुए श्री गोयल ने कहा कि सरकार का लक्ष्य स्वच्छ ऊर्जा क्षमता को 250 गीगावाट से बढ़ाकर 550 गीगावाट करना है। उन्‍होंने कहा कि भारत की ऊर्जा सुरक्षा लक्ष्यों में अमरीका की भागीदारी होगी। उन्होंने कहा कि सरकार आने वाले वर्षों में ऊर्जा उत्पादों पर अमरीका के साथ अपने व्यापार को बढ़ाने की आशा करता है। श्री गोयल ने कहा कि दोनों देश परमाणु ऊर्जा पर सहयोग करने की योजना बना सकते हैं।

 

*****

 

वस्‍तु और सेवा कर जीएसटी में लागू किए गए अगली पीढ़ी के सुधार, देश में अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। नई कर दरें इस महीने की 22 तारीख से लागू हो चुकी हैं। नए ढांचे के अंतर्गत पहले की पांच, बारह, अठारह और 28 प्रतिशत की चार-स्तरीय कर संरचना को सरल बनाकर अब 5 प्रतिशत और 18 प्रतिशत की दो-स्तरीय संरचना में बदल दिया गया है। वस्तुओं और सेवाओं पर कर की दर कम करने वाले ये सुधार लोगों को काफी राहत दे रहे हैं।

 

अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों के तहत, सरकार ने आम आदमी की जेब खर्च को कम करने के लिए खाद्य उत्पादों पर महत्‍वपूर्ण कर कटौती की है। मध्यम और निम्नमध्यम वर्ग के परिवारों को प्रत्यक्ष बचत प्रदान करने के लिए, सरकार ने तैयार और संरक्षित सब्जियों पर कर की दर को 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। इसी प्रकार, प्रसंस्कृत फल उत्पादों पर भी जीएसटी की दर घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। इस कदम का उद्देश्य खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देना, निर्यात को बढ़ावा देना और लागत कम करके किसानों और उपभोक्ताओं को लाभान्वित करना है। यह सुधार युवाओं और परिवारों के लिए स्वस्थ जीवनशैली और जीवनयापन में सुधार को बढ़ावा देंगे। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए, दिल्ली निवासी हर्ष ने कहा कि प्रसंस्कृत फलों और संरक्षित सब्जियों पर जीएसटी कटौती से फल और सब्जियां सस्ती होंगी।

 

सरकार ने जो जीएसटी कम कर दिया है खाने की चीजों पर, फल और सब्जियां कम दाम पर मिलेंगी, मेनली मिडिल क्‍लास फैमलीज़ को सब्जियों के रेट कम होने से बहुत फायदा होगा। इसलिए में जीएसटी घटाने के डिसिजन से सरकार को धन्‍यवाद देता हूं।

 

आवश्यक खाद्य पदार्थों में जीएसटी की दरों में की गई कटौती से खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को प्रोत्साहन मिलेगा साथ ही महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को सीधा लाभ होगा। रोहन के साथ आदित्‍य प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आर्थिक शक्ति के रूप में बढ़ती प्रतिष्ठा के साथ-साथ भारत की सांस्कृतिक शक्ति के रूप में उसकी पहचान को मज़बूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया है। आज नई दिल्ली में ललित कला अकादमी द्वारा आयोजित 64वीं राष्ट्रीय कला प्रदर्शनी के पुरस्कार समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि कला सांस्कृतिक विरासत को समृद्ध बनाने और समाज को अधिक संवेदनशील बनाने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय कला निरंतर विकसित हो रही है और नए आयाम प्रस्तुत कर रही है।

 

इस प्रदर्शनी में प्रदर्शित विविधि माध्‍यमों जैसे कि चित्रकला, मूर्तिकला, ग्रॉफिक कला, सिरेमिक और फोटोग्राफी से यह स्‍पष्‍ट है कि भारत यह कला लगातार विकसित हो रही है और नए आयाम प्रस्‍तुत कर रहे हैं। हमारे कलाकार अपने विचारों, अपनी दृष्टि और अपनी कल्‍पनाशीलता से एक नए भारत की छवि प्रस्‍तुत कर रहे हैं।

 

ललित कला अकादमी द्वारा इस वर्ष कलाकारों की बनाई गई कलाकृतियों की बिक्री को बढ़ावा देने पर राष्ट्रपति ने प्रसन्नता व्यक्त की।

 

ललित कला अकेडमी इस वर्ष कलाकारों की कलाकृतियों की बिक्री को प्रोत्‍साहित कर रहे हैं। ये कलाकारों को आर्थिक संबल प्रदान करेगा और हमारी क्रिएटिव इक्‍नॉमी को मजबूत बनाएगा। मैं कला प्रेमियों से भी अपील करूंगी कि आप केवल कलाकृतियों को सराहे नहीं बल्कि उन्‍हें अपने साथ अपने घर भी ले जाएं। भारत की आर्थिक शक्ति के साथसाथ सांस्‍कृतिक शक्ति के रूप में भी पहचान मजबूत हो, इसके लिए हम सबको मिलकर कार्य करना होगा।

 

इस अवसर पर संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि कला और रचनात्मकता किसी राष्ट्र की पहचान को दर्शाती हैं और विविध भाषाओं, परंपराओं और पीढ़ियों को जोड़ती हैं।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने भारत के स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में सुधार को लेकर बढ़ती पहचान को राष्‍ट्रीय विकास का एक मुख्‍य स्‍तम्‍भ बताया है। श्री मोदी ने जाने-माने कार्डियेक सर्जन डॉ. देवी प्रसाद शेट्टी का एक लेख साझा किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आयुष्‍मान भारत, पोषण अभियान और स्‍वच्‍छ भारत न केवल जन-स्‍वास्‍थ्‍य के परिणाम में सुधार ला रहे हैं, बल्कि अर्थव्‍यवस्‍था को मजबूती दे रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि स्‍वास्‍थ्‍य को खर्च न समझकर निवेश समझें।

 

*****

 

स्‍टार्टअप को प्रोत्‍साहन देने के मंच, वेव एक्‍स ने मीडिया, एनिमेशन और मनोरंजन क्षेत्र को सहायता देने के लिए देशभर में सात इनक्‍यूबेशन सेंटर की शुरुआत की घोषणा की है। सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने कहा कि यह केन्‍द्र भारतीय जनसंचार संस्‍थान-आईआईएमसी दिल्‍ली, जम्‍मू, ओडिशा के ढेंकानाल, केरल के कोट्टायम और महाराष्‍ट्र के अमरावती तथा पुणे में भारतीय फिल्‍म और टेलिविजन संस्‍थान तथा कोलकाता के सत्‍यजीत रे फिल्‍म और टेलीविजन संस्‍थान में स्‍थापित किए जाएंगे।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में सेवा और सुशासन के मंत्र से प्रेरित होकर सरकार, परिवर्तन और प्रगति लाने के लिए अथक प्रयास कर रही है। आज इस विशेष श्रृंखला – सेवा पर्वमें, हम बता रहे हैं कि मोदी सरकार भारत एआई मिशन के माध्यम से देश को भविष्य के लिए कैसे तैयार कर रही है।

 

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानि एआई की क्रांति के माध्यम से आमजन की जीवनचर्या और सोचने समझने के नजरिये में बदलाव आया है। नरेन्द्र मोदी सरकार ने पिछले साल मार्च में दस हजार तीन सौ करोड रूपये की लागत वाले इंडिया एआई मिशन को मजूरी दी थी। भारत, एआई के विकास और इस तकनीक को अपनाने वाले अग्रणी देशों में से एक है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि इस अभियान का उद्देश्य एआई को भारत के लिए उपयोगी बनाना है।

 

आज हम देख रहे हैं भारत एआई डेवलेपमेंट और एडप्‍शन में आगे रहने वाले देशों में शामिल है। इसके विस्‍तार के लिए सरकार ने इंडिया एआई मिशन को लॉन्‍च किया है। हम मेक एआई इन इंडिया इसके विजन पर काम कर रहे हैं और हमारा उद्देश्‍य है मेक एआई वर्क फॉर इंडिया।

 

इंडिया एआई मिशन, व्यापक स्तर पर कम्पयूटर के उपयोग तथा नवाचार केंद्रों के निर्माण, डेटाबेस विकसित करने, नवाचारों को बढ़ावा देने और एआई के सुरक्षित तथा विश्वसनीय उपयोग को सुनिश्चित करने जैसे स्तंभों पर आधारित है। यह मिशन जन कन्द्रित है और इसका उद्देश्य तकनीक के उपयोग को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना और सुलभ बनाना है। बहुत कम समय में ही भारत ने दुनिया में सबसे किफायती कंप्यूटर सुविधा उपलब्ध कराई है। इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री, अश्विनी वैष्णव ने इसके बारे में विस्तार से बताया।

 

इंडिया एआई मिशन सिर्फ एक पहल ही नहीं है। बल्कि, देश को एआई के जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग के मामले में अग्रणी बनाने का दृष्टिकोण भी है। इसका उद्देश्य वर्ष 2047 तक डिजिटल भारत का आधार तैयार करना है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से मैं, मुकेश कुमार बल।

 

*****

 

सरकार ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के अंतर्गत दो करोड़ बयासी लाख से अधिक मकानों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। वर्ष 2016 में शुरू की गई इस योजना का उद्देश्‍य ग्रामीण क्षेत्रों में ‘सभी के लिए आवास’ प्रदान करना है। इस योजना ने पात्र ग्रामीण परिवारों को रसोई और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं वाले पक्के मकानों के निर्माण में भी मदद की।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग ने आज जम्मू-कश्मीर से राज्यसभा की चार सीटों के लिए द्विवार्षिक चुनावों की घोषणा की। ये सभी सीटें फरवरी 2021 से रिक्त थीं। आयोग ने पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए उपचुनाव की भी घोषणा की। यह सीट इस वर्ष जुलाई में संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। चुनावों की अधिसूचना छह अक्‍तूबर को जारी की जाएगी। मतदान और मतगणना 24 अक्टूबर को होगी।

 

*****

 

ईरान के सर्वोच्च नेता अली ख़ामेनेई ने मौजूदा परिस्थितियों में अमरीका के साथ परमाणु वार्ता के ख़िलाफ़ चेतावनी देते हुए कहा है कि इससे ईरान के राष्ट्रीय हितों की पूर्ति नहीं होगी। उन्होंने आगाह किया कि ऐसी वार्ताओं से ईरान को भारी नुकसान हो सकता है, जिनमें से कुछ की भरपाई शायद पूरी नहीं हो पाएगी।      

 

*****

 

और अब खेल जगत की खबरों से

 

युवा कार्य और खेल मंत्रालय ने 2026 के एशियाई खेलों और अन्‍य खेल प्रतियोगिता में व्‍यक्तिगत ओर टीमों की भागीदारी के लिए चयन नियम निर्धारित किए हैं। इसका उद्देश्‍य प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना है ताकि पदक जीतने के वास्‍तविक हकदार खिलाडियों को ही प्रतियोगिताओं में भाग लेने का मौका मिल सके। इसमें एशियाई खेलों, पैरा एशियाई खेलों, राष्‍ट्रमंडल खेलों, यूथ ओलिम्पिक खेलों और एशियाई युवा खेलों जैसी खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के बारे में निर्णय लेने के दिशानिर्देश होंगे। ओलिम्पिक और अन्‍य अंतर्राष्‍ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए ये नियम लागू नहीं होंगे क्‍योंकि इनमें किसी एथलीट या टीम की भागीदारी संबंधित अंतर्राष्‍ट्रीय संघों की ओर से तय क्‍वालिफिकेशन मापदंड से निर्धारित होती है। उधर, रूख करें निशानेबाजी का तो आई.एस.एस.एफ. जूनियर निशानेबाजी विश्व कप आज से नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में शुरू हो रहा है। इसमें राइफल, पिस्टल और शॉटगन स्पर्धाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता 2 अक्टूबर तक चलेगी जिसमें 18 देशों के दो सौ आठ युवा निशानेबाज़ 51 पदकों के लिए चुनौती पेश करते नज़र आएंगे। भारत की ओर से 69 खिलाड़ी इसमें भाग ले रहे हैं।

 

क्रिकेट मैदान में, एशिया कप टी-ट्वेंटी टूर्नामेंट के सुपर-4 मुकाबले में आज भारत का सामना बांग्‍लादेश से होगा। मैच भारतीय समयानुसार रात 8 बजे से शुरू होगा। विजेता टीम का फाइनल में जाना पक्‍का हो जाएगा। कल खेले गए सुपर फोर मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका पर 5 विकेट से जीत दर्ज की।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने नवरात्रि के तीसरे दिन माँ चंद्रघंटा की पूजा अर्चना की और उन्हें शांति, साहस और निर्भयता का प्रतीक बताया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कामना की है कि देवी सभी के जीवन में सकारात्मकता का संचार करें।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने विकासशील और अल्‍प विकसित देशों के साथ सहयोग को प्रोत्साहित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र में सुधारों का आह्वान किया। श्री जयशंकर ने न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के दौरान इन देशों के नेताओं के साथ बैठकें कीं।
  • वाणिज्य तथा उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा-भारत को अमरीका के साथ ऊर्जा व्यापार बढ़ाने की उम्मीद।
  • सरकार ने वर्ष 2026 के एशियाई खेलों और अन्य बहु-खेल आयोजनों में व्यक्तियों और टीमों की भागीदारी के लिए चयन मानदंड जारी किया।
  • ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई ने अमरीका के साथ परमाणु वार्ता को लेकर चेतावनी दी। कहा-ऐसी वार्ता से ईरान को अपूरणीय क्षति का खतरा।
  • आई.एस.एस.एफ. जूनियर विश्वकप आज से नई दिल्ली में शुरू होगा।
  • और दुबई में, एशिया कप टी.ट्वेंटी क्रिकेट में आज शाम सुपर फ़ोर में भारत का मुकाबला बांग्लादेश से।

 

*****