मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – भारत, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भावनाओं और भारत-अमेरिका संबंधों के सकारात्मक आकलन की सराहना करता है और पूरी तरह से उनका समर्थन करता है। श्री मोदी ने कहा – दोनों देशों के बीच भविष्योन्मुखी, व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा। उन्होंने कहा राष्ट्रहितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे।
- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा फिर से शुरू। गंगोत्री और यमुनोत्री की तीर्थयात्रा स्थगित।
- देश के कई हिस्सों में 10 दिन तक चलने वाला गणेश उत्सव आज मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो जाएगा।
- और अमरीकी ओपन, टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष सिंगल्स के फाइनल में यानिक सिनर का मुकाबला कार्लोस अल्काराज़ से होगा।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि वे अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की भावनाओं का पूर्ण रूप से सम्मान करते हैं और भारत-अमरीका संबंधों के सकारात्मक आकलन की गहराई से सराहना करते हैं। प्रधानमंत्री ने श्री ट्रम्प के हालिया बयानों पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा है कि भारत और अमरीका की साझेदारी बहुत ही सकारात्मक और दूरदर्शी है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध व्यापक और वैश्विक स्तर पर रणनीतिक हैं।
इस बीच, राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा भारत-अमरीका संबंधों पर सकारात्मक प्रतिक्रिया के बाद विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भारत और अमरीका के बीच साझेदारी को अत्यधिक महत्व देते हैं। डॉ. जयशंकर ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प के साथ हमेशा से बहुत अच्छे और व्यक्तिगत संबंध रहे हैं।
आकाशवाणी से विशेष बातचीत में, पूर्व राजनायिक अशोक सज्जनहार ने बताया कि आने वाले दिनों में अमरीका के साथ भारत का संबंध और भी प्रगाढ़ होने की उम्मीद है।
हमारी जो संबंध है अमरीका के साथ बहुत ही सामरिक संबंध है यह कंप्रिहेंसिव ग्लोबल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप है, उतार-चढ़ाव आते रहते हैं, परंतु उनसे हम पहले भी जूझते रहे हैं अभी भी जूझते रहेंगे और जो प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है राष्ट्रपति ट्रंप के ट्रुथ सोशल पोस्ट के बाद उसमें यही है जो हम बातचीत से अपने जो मसले हैं उनको सुलझाएंगे और हमें विश्वास है कि हमारे संबंध और सुधरेंगे और बहुत ही सुदृण और मजबूत होंगे।
कल रात, वाशिंगटन में संवाददाताओं से बातचीत में अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा था कि भारत और अमरीका के बीच विशेष संबंध हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने श्री मोदी को अपना मित्र बताते हुए महान प्रधानमंत्री कहा था।
इससे पहले श्री ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था कि अमरीका ने भारत को चीन के हाथों खो दिया है।
————————————–
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। एक टीवी चैनल से साक्षात्कार में वित्तमंत्री ने कहा कि चाहे रूस से तेल हो या कुछ और, दरों और लॉजिस्टिक्स के मामले में हम अपनी आवश्यकताओं के अनुसार निर्णय लेंगे। श्रीमती सीतारामन ने दोहराया कि भारत के आयात बिल में कच्चे तेल का योगदान सबसे ज़्यादा है।
वस्तु और सेवाकर-जीएसटी की नई व्यवस्था पर वित्त मंत्री ने कहा कि इससे नागरिकों के उपभोग में सुधार होगा और इससे पूंजीगत व्यय पर कोई प्रभाव नहीं पडेगा।
————————————–
सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जीएसटी सुधारों के जरिये मध्यम वर्गीय परिवारों को बडी राहत और एक बहुमूल्य उपहार दिया है। श्री वैष्णव ने आज नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि नई पीढी के जीएसटी सुधारों से देश के सकल घरेलू उत्पाद में लगभग 20 लाख करोड़ रुपये का इजाफा होने की उम्मीद है, जिससे देश की अर्थव्यवस्था को काफी बढ़ावा मिलेगा।
माननीय प्रधानमंत्री जी की जो मिडिल क्लास परिवारों के प्रति निष्ठा है वह निष्ठा समय-समय पर हमको दिखाई दी है कैसे इनकम टैक्स में एक बड़ा सुधार करके 12 लाख रुपए तक की इनकम टैक्स की मध्यमवर्गीय परिवारों को छूट मिली। वैसे ही एक बहुत बड़ा जीएसटी में रिफॉर्म्स करके मननीय प्रधानमंत्री जी ने मिडिल क्लास परिवारों को एक बहुत बड़ी राहत दी है।
————————————–
सरकार के हाल ही में वस्तु और सेवा कर सुधारों के बाद आगामी 22 सितंबर से उपभोक्ताओं के दैनिक उपयोग की कई वस्तुओं की कीमतें कम हो जाएंगी। जीएसटी परिषद ने अप्रत्यक्ष कर प्रणाली को सरल बनाकर इसे 5 और 18 प्रतिशत की स्लैब में परिवर्तित कर दिया है। इन बदलावों से दवाओं और दूध से लेकर कारों, साबुन तथा आईपीएल टिकटों के सस्ते होने की उम्मीद है। आज हम डेयरी उत्पादों के लिए किए गए सुधारों पर नज़र डालते हैं।
जीएसटी परिषद में कई डेयरी उत्पादों को करो से छूट देने का फैसला किया है। पनीर छेना और अल्ट्रा हाई टेंपरेचर दूध जैसी वस्तुएं अब कर मुक्त हैं। इन पर अभी तक पांच प्रतिशत जीएसटी लगता था इसके अलावा मक्खन घी और पनीर जैसे डेरी उत्पादों पर अब गस्त घटकर 5% किया गया है जो पहले 12% था। गुजरात सहकारी दुग्ध विपणन संघ के प्रबंध निदेशक जयन मेहता ने फैसले की सराहना की है। उन्होंने इसे उत्पादकों और उपभोक्ताओं के लिए राहत की बड़ी खबर बताया।
दूध और दूध के प्रोडक्ट्स में जीएसटी में काफी कटौती की है। यह देश के उत्पादक और कंज्यूमर्स के लिए बड़ी अच्छी खबर है क्योंकि वाजिब दाम होने से उसकी कंजप्शन में बढ़ती होगी और उसकी वजह से हमारे उत्पादको एक मार्केट और एक बहुत विशाल मार्केट लगातार मिलता रहेगा।
इस सुधार से अपनी आजीविका के लिए दुधारू पशुओं पर निर्भर रहने वाले 8 करोड़ से अधिक ग्रामीण किसान परिवारों को सीधा लाभ प्राप्त होगा। दृष्टि की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आनंद पाठक।
————————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जल्द ही बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर स्थिति का जायजा लेंगे। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।
————————————–
उत्तराखंड में मौसम में सुधार होने और सड़कों की मरम्मत के साथ चारधाम यात्रा और पंजीकरण प्रक्रिया आज फिर से शुरू हो गई। हालाँकि हाल ही में तेज बारिश के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो जाने से गंगोत्री और यमुनोत्री की तीर्थयात्रा अभी स्थगित है।
————————————–
हिमाचल प्रदेश में मानसून का असर जारी है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में रुक-रुक कर हो रही बारिश और भूस्खलन से कई जगहों पर यातायात बाधित हो रहा है।
प्रदेश के बांधों का बढ़ता जलस्तर चिंता का विषय बना हुआ है। भाखड़ा बांध की गोविंद सागर झील का जलस्तर आज सुबह खतरे के निशान के करीब पहुंच गया। बांध के चारों फ्लड गेट साथ-साथ फुट खोले गए हैं। कांगड़ा जिला में पोंग बांध का जलस्तर खतरे के निशान से 4.52 फीट ऊपर दर्ज किया गया है और बांध से कुल 99673 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इसका असर हिमाचल के फतेहपुर और इंदौरा इलाकों के साथ-साथ पंजाब के होशियारपुर और पठानकोट जिलों में साफ-साफ नजर आ रहा है और कई खेतों और घरों में पानी भर गया है एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासनिक टीमें लगातार राहत और बचाव कार्यों में जुटी हुई हैं। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
————————————–
पंजाब में वर्षा कम होने के साथ राज्य की नदियों में जल स्तर कम हुआ है। अभी 22 जिलों के एक हजार 9 सौ 48 गाँवों के तीन लाख 84 हजार लोग प्रभावित हैं।
————————————–
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर घट रहा है, लेकिन यह अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है।
————————————–
मौसम विभाग ने कल तक पूर्वी राजस्थान और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। राजस्थान, कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में भी आज अत्यधिक तेज बारिश की संभावना है। देश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में भी आज कुछ स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान है। हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी अगले दो दिन तक इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।
————————————–
बिहार की गयाजी सैन्य अधिकारी प्रशिक्षण अकादमी में 23 महिलाओं सहित 207 कैडेटों को आज भारतीय सेना में कमीशन किया गया। ब्यौरा हमारे संवाददाता से..
सभी ऑफिसर्स कैडेट के लिए आज का दिन काफी ऐतिहासिक रहा। साहस और अनुशासन के बीच बेहतर कदमताल के साथ परेड में कौशल प्रदर्शित करते हुए क्रेडिट्स ने समारोह में उपस्थित दर्शकों को मंत्र मुग्ध कर दिया। .
बड़ी संख्या में पासिंग आउट परेड देखने के लिए कैडेट के परिजन ओटीए गयाजी पहुंचे हुए थे जैसे ही परेड संपन्न हुआ कैडेट्स और उनके परिजनों की आंखों में खुशी के आंसू आ गए। देश के लिए अपने बेटे बेटियों को समर्पित करने वाले अभिभावकों को इस बार गौरव पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया। गयाजी से धर्मवीर भारती के साथ धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
————————————–
देश के कई हिस्सों में 10 दिनों तक चलने वाला गणेश उत्सव आज मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो जाएगा। एक रिपोर्ट-
म्यूजिक.. श्रद्धालु, गणेश चतुर्दशी के दिन भगवान गणेश की प्रतिमाओं को अपने घरों या सामूहिक मंडपों में विराजमान करते हैं और अपनी श्रद्धानुसार डेढ़ दिन, तीन, पांच, सात या पूरे दस दिन उनकी पूजा-अर्चना करते हैं। बहुत से श्रद्धालु आज अनंत चतुर्दशी के दिन ही बप्पा को भावपूर्ण ढंग से विदा करते हैं और अगले बरस उनके आगमन की प्रतिक्षा में जुट जाते हैं। भाद्रपद मास के शुक्लपक्ष की चतुर्दशी को ही अनन्त चतुर्दशी के रूप में मनाया जाता है। हिंदु धर्म में अंनत चतुर्दशी के दिन भगवान विष्णु के व्रत और विशेष पूजा करने का भी विधान है। इस दिन भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करके विपत्तियों से रक्षा करने वाला अनन्तसूत्रबांधा जाता है। जैन धर्म में भी अनंत चतुर्दशी या अनंत चौदस का विशेष महत्व है। आज के दिन ही मुख्य जैन त्यौहार, पर्यूषण पर्व का अंतिम दिन होता है। आकाशवाणी की ओर विशेष रूप से भगवान गणेश की पूजा को समर्पित अनंत चतुर्दशी के दिन की सभी को हार्दिक शुभकामनाएं।
विघ्नेश्वराय वरदाय सुरप्रियाय लम्बोदराय सकलाय जगद्धिताय ।
नागाननाय श्रुतियज्ञविभूषिताय गौरीसुताय गणनाथ ! नमो नमस्ते
————————————–
मुंबई में गणेश विसर्जन समारोह के लिए, स्थानीय प्रशासन और नगर पुलिस ने सुरक्षा, सफ़ाई, स्वास्थ्य और पर्यावरण के अनुकूल व्यवस्थाओं के कड़े इंतज़ाम किए हैं। एक रिपोर्ट-
मुंबई में आज लगभग 6500 सार्वजनिक गणपति प्रतिमाओं और एक करोड़ 75 लाख घरेलू गणपतियों का विसर्जन …… प्राकृतिक जलाशयों और 205 कृत्रिम तालाबों में किया जाएगा। गिरगांव चौपाटी, दादर, जूहू, वर्सोवा और पवई जैसे लोकप्रिय विसर्जन स्थलों पर भारी पुलिस बल तैनात किए गए हैं। पहली बार मुंबई पुलिस गणपति विसर्जन के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने और जुलूसों की निगरानी के लिए एआई तकनीक का इस्तेमाल करेगी। भावना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
————————————–
पुणे में भी ऐतिहासिक गणेश प्रतिमा विसर्जन आज सुबह पारंपरिक रीति-रिवाजों और उत्साह के साथ शुरू हुआ।
————————————–
असमिया फिल्म ‘गुडबाय गुरुजी’ को आधिकारिक तौर पर पेरिस में होने वाले गंगे सुर सीन महोत्सव के लिए चुना गया है। यह फिल्म शिक्षा और दृढ़ता के माध्यम से परिवर्तन की कहानी पर आधारित है। अगले महीने इसका वैश्विक प्रीमियर होगा।
————————————–
विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम 2025 आज से बिहार के गया जी में शुरू हो रहा है। इस वर्ष पितृपक्ष मेला 21 सितंबर तक चलेगा।
————————————–
और खेल खबरों के साथ हैं निखिल कुमार।
अमरीकी ओपन टेनिस टूर्नामेंट में इटली के यानिक सिनर पुरुष सिंगल्स के फाइनल में पहुंच गए हैं। खिताबी मुकाबले में सिनर का सामना स्पेन के करलोस अल्काराज़ से होगा। वहीं, महिला सिंगल्स में अमरिका की अमांडा अनिसिमोवा ने फाइनल में जगह बना ली है। खिताबी मैच में उनका मुकाबला बैलारूस की एरेना सबालेंका से होगा। पुरुष डबल्स के फाइनल में आज रात स्पेन के मार्शल ग्रेन्यूलर्स और अर्जेंटीना के होरासियो जेबालोस का मुकाबले जो सैलिसबैरी और नील सुपास्की की ब्रिटिश जोड़ी से होगा। इधर पुरुष एशिया कप हॉकी के सुपर 4 चरण के मैच में आज भारत का सामना चीन से होगा। यह मैच शाम 7:30 बजे से बिहार के राजगीर अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा।
————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा – भारत, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भावनाओं और भारत-अमेरिका संबंधों के सकारात्मक आकलन की सराहना करता है और पूरी तरह से उनका समर्थन करता है। श्री मोदी ने कहा – दोनों देशों के बीच भविष्योन्मुखी, व्यापक और वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है।
- वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा भारत रूस से तेल खरीदना जारी रखेगा। उन्होंने कहा राष्ट्रहितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा कर स्थिति की समीक्षा करेंगे।
- उत्तराखंड में चारधाम यात्रा फिर से शुरू। गंगोत्री और यमुनोत्री की तीर्थयात्रा स्थगित।
- देश के कई हिस्सों में 10 दिनों तक चलने वाला गणेश चतुर्थी उत्सव आज मूर्ति विसर्जन के साथ संपन्न हो जाएगा।
- और अमरीकी ओपन, टेनिस टूर्नामेंट के पुरूष सिंगल्स के फाइनल में यानिक सिनर का मुकाबला कार्लोस अल्काराज़ से होगा।
————————————–