मुख्य समाचार :
- वस्तु और सेवा कर-जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक नई दिल्ली में शुरू। दो दिन की बैठक में कर दरों को युक्तिसंगत बनाने और अगली पीढ़ी के सुधारों पर विचार-विमर्श होगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया-2025 के दूसरे दिन सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ बातचीत की।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर की दिल्ली में जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान डेविड वाडेफुल के साथ बातचीत। यूरोपीय संघ के साथ व्यापार वार्ता में तेजी लाने के लिए जर्मनी से सहयोग मांगा।
- मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- अमरीकी ओपन टेनिस में, भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस की जोडी पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुँची।
- और, बिहार में-पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के पहले सुपर फोर मुकाबले में आज शाम भारत का सामना दक्षिण कोरिया से।
—————————————-
जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक नई दिल्ली में चल रही है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन इस दो दिवसीय बैठक की अध्यक्षता कर रही हैं। परिषद द्वारा भारत के अगली पीढ़ी के जीएसटी सुधारों पर विचार-विमर्श किए जाने की उम्मीद है। इसमें कर दरों को युक्तिसंगत और अनुपालन को सरल बनाना शामिल है। केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी और दिल्ली, गोवा, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, मेघालय तथा ओडिशा के मुख्यमंत्री बैठक में शामिल हैं। अरुणाचल प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और तेलंगाना के उप-मुख्यमंत्री, मणिपुर के राज्यपाल तथा कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के वित्त मंत्री भी बैठक में हिस्सा ले रहे हैं।
इस बीच, संवाददाताओं से बातचीत में आंध्र प्रदेश के वित्त मंत्री पय्यावुला केशव ने कहा कि उनकी पार्टी केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित जीएसटी क्षेत्र में बड़े सुधारों का समर्थन करेगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले महीने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने संबोधन में जीएसटी के अंतर्गत अगली पीढ़ी के सुधारों के महत्व पर ज़ोर दिया था।
पिछले 8 साल से हमने जीएसटी का बहुत बड़ा रिफॉर्म किया। पूरे देश में टेस्ट के बर्डन को कम किया और 8 साल के बाद समय की मांग है। हम एक बार उसको रिव्यू करें। हमने एक हाई पावर कमेटी को बिठाकर के रिव्यू शुरू किया। राज्यों से भी विचार-विमर्श किया। हम नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी रिफॉर्म् लेकर के आ रहे हैं। यह दिवाली के अंदर आपके लिए तोहफा बन जाएंगे।
आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए, केंद्र सरकार ने पिछले महीने हुई मंत्रिसमूह की बैठक में जीएसटी में महत्वपूर्ण सुधारों का प्रस्ताव रखा था।
—————————————-
सेमीकॉन इंडिया 2025 के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज नई दिल्ली स्थित यशोभूमि में सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ बातचीत की। प्रधानमंत्री ने प्रदर्शनी में सेमीकंडक्टर से संबंधित विभिन्न उत्पादों और परियोजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव भी उपस्थित थे। श्री मोदी आज सेमीकॉन इंडिया में कार्यकारी अधिकारियों के गोलमेज सम्मेलन में भाग लेंगे। सम्मेलन का उद्देश्य वैश्विक सेमीकंडक्टर आपूर्ति श्रृंखला में भारत को एक विश्वसनीय भागीदार के रूप में स्थापित करना है।
—————————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा लिखा गया एक लेख साझा किया, जिसमें भारत की परिवर्तनकारी सेमीकंडक्टर यात्रा को रेखांकित किया गया है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर इंडिया समिट-2025 इसी यात्रा की निरंतरता का प्रतीक है। इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव के एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दशक में देश संपूर्ण सेमीकंडक्टर मूल्य श्रृंखला के लिए एक प्रतिस्पर्धी केंद्र के रूप में उभरने के लिए तैयार है।
—————————————-
गृहमंत्री अमित शाह ने आज नई दिल्ली में छत्तीसगढ़ की कर्रेगुट्टालु पहाड़ी पर ऑपरेशन ब्लैक फॉरेस्ट को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाले सीआरपीएफ, छत्तीसगढ़ पुलिस, डीआरजी और कोबरा के जवानों को सम्मानित किया। श्री शाह ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान जवानों की बहादुरी और पराक्रम को नक्सल विरोधी अभियानों के इतिहास में स्वर्णिम अध्याय के रूप में याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार देश को नक्सल मुक्त करने के प्रति वचनबद्ध है।
—————————————-
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान्न डेविड वाडेफुल के साथ बातचीत की। इस दौरान डॉ. जयशंकर ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ भारत के संबंधों को गहरा करने और मुक्त व्यापार समझौते पर तेजी लाने के लिए जर्मनी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि वे दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय सहयोग के विभिन्न आयामों पर गहन चर्चा की आशा कर रहे हैं।
दोनों देशों के विदेश मंत्री इस समय संयुक्त संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे हैं।
—————————————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने करम पूजा के पावन अवसर पर देशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह त्योहार भाई-बहन के बीच प्रेम और सद्भाव का प्रतीक है। उन्होंने यह भी कहा कि यह त्योहार प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है।
—————————————-
सर्वोच्च न्यायालय ने केन्द्र सरकार से कहा है कि वह भारत में अपराध के आरोपी विदेशी नागरिकों को देश से फरार होने से रोकने के लिए उपयुक्त नीति बनाने पर विचार करे। यह मुद्दा एक हाई-प्रोफाइल आपराधिक मामले की सुनवाई के दौरान उठा, जिसमें आरोपी एक नाइजीरियाई नागरिक, मई 2022 में झारखंड उच्च न्यायालय से ज़मानत पाने के बाद कथित तौर पर अपने देश भाग गया।
—————————————-
मौसम विभाग ने आज जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने बताया कि देश के पूर्वी हिस्सों, झारखंड, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में भी मूसलाधार बारिश की संभावना है।
तीन सितंबर के लिए जम्मू-कश्मीर के लिए भारी और अति भारी बारिश, और उसी के साथ-साथ हम लोग लिखे कहीं-कहीं बादल भी फटने की संभावना है और उसी के साथ-साथ भूस्खलन भी हो सकता है। हिमाचल, उत्तराखंड में भी हम लोग ओरेंज कलर का वार्निंग भी जारी किये हैं आज तीन सितंबर के लिए। और जो मैदानी इलाका है जैसे पंजाब, हरियाणा जहां बाढ़ की स्थिति बहुत खराब चल रहा है। पंजाब में हम लोग हैवी टू वैरी हैवी रेन यानि भारी बारिश का आज एक दिन के लिए तीन तारीख के लिए दिये हैं। हरियाणा के लिए भी आज रेड कलर का वार्निंग दिये हैं दिल्ली के लिये येल्लो कलर।
—————————————-
इस बीच, उत्तर रेलवे ने जम्मू और कटरा स्टेशनों से आने-जाने वाली 68 ट्रेनों को 30 सितंबर तक रद्द करने की घोषणा की है। 24 ट्रेनों का परिचालन फिर शुरू किया जाएगा। मूसलाधार बारिश और अचानक आई बाढ़ के बाद पठानकोट-जम्मू सेक्शन में कई स्थानों पर पिछले आठ दिन से जम्मू रेलवे डिवीजन में रेल यातायात स्थगित है। जम्मू क्षेत्र में वर्ष 1910 के बाद से सबसे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। जम्मू और कटरा के बीच स्थानीय लोगों और फंसे हुए यात्रियों की आवाजाही को सुगम बनाने के लिए दो ट्रेनों के साथ शटल सेवाएं शुरू कर दी गई हैं।
पंजाब लगातार बाढ़ से जूझ रहा है। मूसलाधार बारिश के कारण राज्यभर की नदियाँ उफान पर हैं। भाखड़ा सहित कई बाँध पानी से लबालब हैं। इसे देखते हुए इन बांधों से नियंत्रित मात्रा में पानी छोड़ना पड़ रहा है। इस बीच, केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने स्थिति का जायजा लेने के लिए पंजाब के राज्यपाल और मुख्यमंत्री से बातचीत की। श्री चौहान कल बाढ़ प्रभावित राज्य का दौरा करेंगे। ब्योरा हमारे संवाददाता से-
पंजाब में बाढ़ ने अब तक 30 लोगों की जान ले ली है और साढ़े तीन लाख से ज़्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। एक लाख 48 हज़ार हेक्टेयर से ज़्यादा ज़मीन पर खड़ी फ़सलें बर्बाद हो गई हैं और सैकड़ों पशु भी डूबने से मारे गए हैं। राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है। बाढ़ की बिगड़ती स्थिति के मद्देनज़र छात्रों और शिक्षकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने 7 सितंबर तक सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया है। पंजाब के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया भी बाढ़ प्रभावित ज़िलों का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाक़ात कर रहे हैं। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
हिमाचल प्रदेश से हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य में लगातार वर्षा से जनजीवन प्रभावित है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अभी तक इस मॉनसून सीजन के दौरान सामान्य से 42 फीसदी ज्यादा बारिश हुई है। इस बीच बीती रात मंडी जिले के जंगमबाग में अचानक आए मलबे में दो घर दब गए थे। इस हादसे में अब तक सात लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। उधर कुल्लू शहर के अखाड़ा बाजार में एक घर के उपर भारी मलबा आने से दो लोगों के दबने की सूचना है जिनकी तलाश जारी है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इधर, चंबा में बहने वाली रावी नदी खतरे के निशान को पार कर गई है। इसके प्रवाह से शीतला पुल की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त होने के साथ सड़क का एक बड़ा भाग नदी में समा गया है। प्रभा शर्मा, आकाशवाणी समाचार, शिमला।
इस बीच, उत्तराखंड में आज अधिकतर क्षेत्रों में बारिश से थोड़ी राहत मिली। मलबा हटाने के प्रयास युद्धस्तर पर जारी हैं। कुछ ज़िलों में आज स्कूल और आंगनवाड़ी केंद्र बंद रहेंगे।
—————————————-
इधर, दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर आज सवेरे खतरे के निशान को पार कर गया। राष्ट्रीय राजधानी में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही वर्षा से जलस्तर बढ रहा है। नदी का जलस्तर बढकर 206 दशमलव आठ मीटर पर पहुंच गया है। दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने आज सवेरे आईटीओ पुल का दौरा किया और स्थिति की समीक्षा की। पत्रकारों से बातचीत में श्री वर्मा ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
दिल्लीवासियों को आश्वस्त करना चाहता हूं। पिछले 6 महीने से जो सरकार द्वारा कदम उठाए गए हैं। उससे हमारी यमुना की जो होल्डिंग कैपेसिटी है। वह भी बढ़ी है। वह कैसे बढ़ी वह मैं आपको बताता हूं। 6 महीने से ही हम जब यहां पर अधिकारियों को हमने कहा था कि जो सारी सील्ड जमा हो गई है जिससे हमारी विड्थकम होती जा रही है तो हमने बहुत सारे चैनल यहां पर काटे। जिसे पीछे से ज्यादा फ्लो आता है तो वह सारे जो आइलैंड बनते जाते थे उनको ले जाता था बहा कर और यमुना की विड्थ हमने बढ़ाने का काम किया।
—————————————-
सिंगापुर के प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग ने आज नई दिल्ली में राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की। श्री वोंग प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर तीन दिवसीय भारत यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुँचे। प्रधानमंत्री मोदी और सिंगापुर के प्रधानमंत्री के बीच कल द्विपक्षीय बैठक होगी।
—————————————-
भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे आज से भारत की आधिकारिक यात्रा पर होंगे। उनकी चार दिन की यात्रा के दौरान कल बिहार के राजगीर में रॉयल भूटान टेंपल का प्रतिष्ठापन आयोजन संपन्न होगा।
—————————————-
भारत के युकी भांबरी और न्यूज़ीलैंड के माइकल वीनस की जोडी ने अमरीकी ओपन टेनिस में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए जीत दर्ज की और पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया। अब क्वार्टर फाइनल में उनका सामना क्रोएशिया के निकोला मेक्टिक और अमरीका के राजीव राम की जोड़ी से होगा।
—————————————-
बिहार के राजगीर में एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में आज से सुपर फ़ोर के मुकाबले शुरू हो रहे हैं। भारत के अलावा, चीन, मलेशिया और कोरिया ने सुपर फ़ोर के लिए क्वालीफाई कर लिया है। भारतीय टीम आज अपना पहला सुपर फ़ोर मैच कोरिया के खिलाफ खेलेगी। यह मैच शाम साढे सात बजे राजगीर अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में शुरू होगा। इससे पहले, शाम 5 बजे मलेशिया और चीन के बीच सुपर फ़ोर का दूसरा मुकाबला भी होगा।
भारतीय टीम सुपर फोर में अपना पहला मुकाबला आज शाम कोरिया के साथ खेलेगी। यह मैच शाम साढ़े सात बजे राजगीर के अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेला जाएगा। इससे पहले शाम पांच बजे सुपर फोर के अन्य मुकाबले में मलेशिया और चीन के बीच भिडंत होगी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह के नेतृत्व वाली भारतीय टीम लीग मैच मुकाबलों में अब तक अजेय रही है और टीम ने अपने तीनों मुकाबलों में अच्छा प्रदर्शन किया है। भारतीय टीम पूरे प्रतियोगिता में सबकी पसंदीदा टीम बनी हुई है और खिताब की भी प्रबल दावेदार है। धर्मेन्द्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।
—————————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- वस्तु और सेवा कर-जीएसटी परिषद की 56वीं बैठक नई दिल्ली में शुरू। दो दिन की बैठक में कर दरों को युक्तिसंगत बनाने और अगली पीढ़ी के सुधारों पर विचार-विमर्श होगा।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दिल्ली में सेमीकॉन इंडिया-2025 के दूसरे दिन सेमीकंडक्टर क्षेत्र के विशेषज्ञों के साथ बातचीत की।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर की दिल्ली में जर्मनी के विदेश मंत्री जोहान डेविड वाडेफुल के साथ बातचीत। यूरोपीय संघ के साथ व्यापार वार्ता में तेजी लाने के लिए जर्मनी से सहयोग मांगा।
- मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- अमरीकी ओपन टेनिस में, भारत के युकी भांबरी और न्यूजीलैंड के माइकल वीनस की जोडी पुरुष डबल्स के क्वार्टर फाइनल में पहुँची।
- और, बिहार में-पुरुष एशिया कप हॉकी टूर्नामेंट के पहले सुपर फोर मुकाबले में आज शाम भारत का सामना दक्षिण कोरिया से।
—————————————-