मुख्य समाचार
- लोकसभा चुनाव के कल होने वाले तीसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- शेष चरणों के लिए प्रचार अभियान तेज।
- सातवें और अंतिम चरण के लिए अधिसूचना कल जारी होगी।
- दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बीआरएस नेता के कविता की जमानत याचिका खारिज की।
- खराब मौसम और हिमस्खलन के कारण दस दिनों से बंद श्रीनगर-लेह राजमार्ग फिर खुला।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
*******
लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस चरण में कल दस राज्य और एक केंद्रशासित प्रदेश सहित 93 सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इस चरण में असम की चार, बिहार की पांच, छत्तीसगढ़ की सात, गोवा की दो, गुजरात की 26, कर्नाटक की 14, मध्यप्रदेश की आठ, महाराष्ट्र की 11, उत्तर प्रदेश की दस, पश्चिम बंगाल की चार, दादर नगर हवेली की दो और जम्मू की एक सीट शामिल है।
*******
तीसरे चरण के मतदान के लिए मतदानकर्मियों को उनके गंतव्यों पर भेजा जा रहा है। इस चरण में उत्तर प्रदेश की दस लोकसभा सीटों और मध्य प्रदेश में नौ सीटों पर वोट डाले जाएंगे। इन निर्वाचन क्षेत्रों में आज चुनाव सामग्री वितरित की जा रही है।
छत्तीसगढ़ में 7 संसदीय क्षेत्रों में कल वोट डाले जाएंगे। दुर्गम इलाकों के लिए मतदान दलों को कल रवाना किया गया। वहीं, अधिकांश मतदान दल आज रवाना किए जाएंगे।
गुजरात में निर्वाचन आयोग ने मतदाताओं के लिए सुविधा बढाने और अधिक से अधिक लोगों को मतदान केंद्रों तक लाने के लिए कई नई पहल की हैं। राज्य की 25 लोकसभा तथा पांच विधानसभा सीटों पर कल मतदान होगा।
*******
गुजरात में कल स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान के लिए सभी आवश्यक प्रबंध कर लिए गए हैं। मतदानकर्मी संबंधित मतदान केंद्रों पर भेजे जा रहे हैं। भीषण गर्मी की चेतावनी के मद्देनजर इन केंद्रों में शेड, चिकित्सा सहायता और पेय जल सहित विशेष प्रबंध किए गए हैं।
इस बीच 11 विशेष मतदान केंद्र राज्य के दूर दराज के क्षेत्रों में बनाए गए हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न हो सके। एक रिपोर्ट …
गिर जंगल की गहराई से लेकर सुदूर और दुर्गम द्वीप और सीमित परिवहन वाले क्षेत्रों तक, गुजरात में चुनाव तंत्र द्वारा मतदाताओं की सुविधा के लिए 11 विशेष मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। गिर जंगल के भीतर स्थित बाणेज में, एक मतदान केंद्र केवल एक मतदाता के लिए बनाया है। जो शिव मंदिर के महंत है। गिर जंगल के नेस क्षेत्र में एक तंबू में केवल 45 मतदाताओं के लिए एक मतदान केंद्र की व्यवस्था की गई है, इसी तरह, भरूच के पास एक छोटे से द्वीप आलिया बेट में एक शिपिंग कंटेनर में एक मतदान केंद्र स्थापित किया है। वहीं कडाना बांध जलाशय के भीतर एक मतदान केंद्र भी बनाया गया है। इसके अलावा, अमरेली के पास अरब सागर में एक दुर्गम द्वीप शियाल बेट के निवासियों के लिए पांच विशेष मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद।
*******
महाराष्ट्र में 11 लोकसभा सीटों पर कल मतदान होगा। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य में मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने बताया है कि क्षेत्र में भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए सभी व्यवस्थाएं की गई हैं। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी की गई है।
कल 11 निर्वाचन क्षेत्रों में होने वाले मतदान के लिए कुल 46 हजार 4 सौ 91 बैलेट यूनिट, 23 हजार 36 कंट्रोल यूनिट और वीवीपीएटी की व्यवस्था की गई है। क्षेत्र में तेज़ गर्मी को ध्यान में रखते हुए, जिला प्रशासन ने पर्याप्त पेयजल, ओआरएस पैकेट, तंबू और प्रतीक्षा कक्ष जैसी सुविधाओं की व्यवथा भी की है। मतदान सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। हालाँकि, जो मतदाता बूथ पर 6 बजे तक पहुंच जाते हैं, वे 6 बजे के बाद भी मतदान कर सकते हैं। राज्य में निर्वाचन आयोग ने मतदान प्रतिशत को बढ़ाने के लिए कई प्रयास किया हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए, सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। प्रार्थना, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
*******
असम की चार लोकसभा सीटों के लिए छह महिलाओं सहित कुल 47 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि राज्य से लगती अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं को सील कर दिया गया है। महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को तैनात किया गया है। कम से कम पचास प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग की जाएगी। संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित सहायता दस्तों को तैनात किया जा रहा है। कुछ महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर भी तैनात किए गए हैं।
*******
लोकसभा चुनाव के चौथे और शेष चरणों के लिए प्रचार तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता जनसभाएं और रैलियां कर रहे हैं।
*******
प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सुशासन, सदैव हमारी पार्टी का फोकस रहा है। ओडिशा के गंजम जिले में बरहामपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत कनिशी में जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश, असम, त्रिपुरा और छत्तीसगढ के उदाहरण दिए जहां भारतीय जनता पार्टी की सरकारें हैं और वहां सत्ता में लौटने के बाद विकास में उल्लेखनीय तेजी आई है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ओडिशा में भारतीय जनता पार्टी को राज्य में सत्ता मिलने पर ही यहां विकास की ज्योति दिखाई दी है।
प्रधानमंत्री मोदी ने चिकिली मैदान में नबरंगपुर संसदीय क्षेत्र में एक अन्य रैली को भी संबोधित किया।
*******
गृहमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने आज पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर लोकसभा क्षेत्र में रोड शो किया। श्री शाह बर्धमान दुर्गापुर लोकसभा क्षेत्र में एक सार्वजनिक बैठक को भी संबोधित करेंगे।
*******
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने कहा है कि यह चुनाव संविधान बचाने का चुनाव है। श्री गांधी ने आज मध्य प्रदेश के रतलाम संसदीय क्षेत्र के जोबट में एक बैठक को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस इसे मिटाने की कोशिश कर रहे हैं। श्री गांधी खरगोन लोकसभा क्षेत्र के सेगांव में भी जनसभा करेंगे।
*******
उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ ने उन्नाव जिले में रैली को संबोधित किया। मुख्यमंत्री का हरदोई और शाहजहांपुर जिलों में भी रैली संबोधित करने का कार्यक्रम है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा शाम को रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगी। रायबरेली से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी चुनाव लड रहे हैं। प्रियंका गांधी का अमेठी संसदीय क्षेत्र के दौरे का भी कार्यक्रम है। गांधी परिवार के करीबी किशोरी लाल शर्मा इस सीट पर चुनाव लड रहे हैं। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने आज कन्नौज में चुनाव प्रचार किया। इस सीट पर उनका मुकाबला मौजूदा सांसद और भाजपा उम्मीदवार सुब्रत पाठक के साथ है।
*******
इस बीच कांग्रेस ने आज छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को रायबरेली लोकसभा सीट के लिए पार्टी का वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। इस सीट से पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव लड़ रहे हैं। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को अमेठी सीट पर पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
*******
चौथे चरण में उत्तर प्रदेश की 13 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। इस चरण में राज्य की खीरी सीट के लिए चुनाव होगा। मतदान इस महीने की 13 तारीख को होगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से..
खीरी लोकसभा क्षेत्र में जनपद की पांच विधानसभाएं पलिया, निघासन, गोला गोकर्णनाथ, श्रीनगर और लखीमपुर आती हैं। इस लोकसभा क्षेत्र में कुल 18 लाख 62 हजार 459 मतदाता हैं। इनमें 9 लाख 87 हजार 644 पुरुष मतदाता, 8 लाख 74 हजार 783 महिला मतदाता और 42 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। इस बार अजय कुमार मिश्र के लगातार तीसरी बार भाजपा से चुनावी मैदान में उतरने से यह सीट अहम मानी जा रही है। इस बार अजय मिश्र के सामने गठबंधन के प्रत्याशी के रूप में समाजवादी पार्टी के उत्कर्ष वर्मा और बसपा के अंशय कालरा मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। सभी दलों ने अपने प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार शुरू कर दिया है। ओम अवस्थी, आकाशवाणी समाचार, लखनऊ।
*******
प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की श्रृंखला में आज हम मध्य प्रदेश की उज्जैन लोकसभा सीट का उल्लेख करेंगे। उज्जैन, कालिदास, महाराजा अशोक के समय से कई महान लोगों का जन्म स्थल और कार्य स्थल रहा है। एक रिपोर्ट …
भगवान महाकाल की नगरी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री का गृह नगर उज्जैन भाजपा का मजबूत गढ़ माना जाता है। उज्जैन में अब तक 17 लोकसभा चुनावों में से 12 बार भाजपा या जनसंघ के प्रत्याशियों को ही जीत मिली है। अनुसूचित जाति के लिए आरक्षित उज्जैन संसदीय क्षेत्र में आठ विधानसभा सीट शामिल हैं। इनमें से छह भाजपा के खाते में है जबकि दो कांग्रेस के पास हैं। उज्जैन में कुल 17 लाख 72 हजार मतदाता हैं। इनमें करीब 8 लाख 95 हजार पुरुष और 8 लाख 77 हजार महिला मतदाता हैं। उज्जैन में इस बार कुल 9 उम्मीदवार मैदान में हैं, पर मुख्य मुकाबला मौजूदा सांसद और भाजपा उम्मीदवार अनिल फिरोजिया और कांग्रेस के महेश परमार के बीच है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
*******
लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण में उम्मीदवारों के नाम वापस लेने का आज अंतिम दिन है। इस चरण में छह राज्य और दो केंद्रशासित प्रदेशों की 49 लोकसभा सीटों के लिए चुनाव होगा।
*******
दिल्ली में लोकसभा की सभी सात सीटों के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया आज समाप्त हो जाएगी। नामांकन पत्रों की जांच कल की जाएगी और छठे चरण में इस महीने की 25 तारीख को वोट डाले जाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि जैसे-जैसे मतदान का दिन नजदीक आ रहा है राजधानी में प्रचार अभियान जोर पकड रहा है।
दिल्ली की सभी सात सीटों पर भाजपा और कांग्रेस आम आदमी पार्टी गठबंधन के बीच सीधा मुकाबला है। नई दिल्ली सीट से बांसुरी स्वराज और उत्तर पूर्वी दिल्ली सीट से मनोज तिवारी समेत भाजपा के सभी सात उम्मीदवारों ने अपना नामांकन दाखिल कर दिया है। श्री तिवारी के खिलाफ कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार ने आज अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। गठबंधन के तहत आम आदमी पार्टी चार लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें पूर्वी दिल्ली से विधायक कुलदीप कुमार और नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से विधायक सोमनाथ भारती शामिल हैं। राजधानी में कांग्रेस तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही हैं। चांदनी चौक से पूर्व सांसद जयप्रकाश अग्रवाल अपनी राजनीतिक किस्मत आजमा रहे हैं। यह चुनाव दिल्ली में कठिन शराब घोटाले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी की पृष्ठभूमि में हो रहा है और केंद्र में सत्तारूढ भाजपा नरेंद्र मोदी सरकार के विकास कार्यों के साथ–साथ आम आदमी पार्टी के कथित भ्रष्टाचार को लगातार उजागर कर रही है। दूसरी और आम आदमी पार्टी और कांग्रेस श्री केजरीवाल की गिरफ्तारी को राजनीतिक प्रतिशोध बता रहे हैं, और बेरोजगारी, महंगाई जैसे मुद्दे उठाकर भाजपा को घेर रहे हैं। दिवाकर के साथ अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।
*******
लोकसभा चुनाव के सातवें और अंतिम चरण की अधिसूचना कल जारी होगी। इस चरण में सात राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश की 57 लोकसभा सीटों पर मतदान होगा।
*******
दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने भारत राष्ट्र समिति की नेता के. कविता को दिल्ली आबकारी नीति से संबंधित मामलों में जमानत देने से इंकार कर दिया है। विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो -सीबीआई द्वारा के. कविता के खिलाफ दायर मामलों में जमानत के लिए दी गई उनकी याचिका खारिज कर दी है।
*******
खराब मौसम और हिमस्खलन के कारण पिछले दस दिनों से बंद श्रीनगर-लेह राजमार्ग को खोल दिया गया है। हमारे संवादददाता ने बताया है कि 434 किलोमीटर लंबे राजमार्ग के खुलने से यात्रियों और लद्दाख के लोगों को बडी राहत मिली है।
ज़ोजिला और मीनामर्ग में हिमस्खलन और बर्फ जमा होने के कारण राजमार्ग बंद कर दिया गया था। राजमार्ग खुलने के बाद अधिकारियों ने इसे यात्री वाहनों के लिए सीमित कर दिया था, विशेष रूप से उन लोगों के लिए जो बंद के दौरान फंसे हुए थे। सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) ने द्रास और सोनमर्ग से बर्फ हटाने के लिए एक साथ बड़े पैमाने पर अभियान चलाया। राजमार्ग के फिर खुलने से आवश्यक वस्तुओं के सुचारु परिवहन और व्यापारिक संबंधों को बहाल करने में मदद मिलेगी, जिससे क्षेत्र के निवासियों और बंद से प्रभावित व्यवसायों को राहत मिलेगी। मौसम की स्थिति स्थिर होने के साथ ही अधिकारी इस महत्वपूर्ण राजमार्ग से वाहनों के सुरक्षित आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत हैं। लेह लदाख से मुज़फ़्फ़र वानी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सकलेन अख्तर।
*******
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि आने वाले कुछ दिनों में पूर्वी भारत और दक्षिणी भारत में भीषण गर्मी की स्थिति में लोगों को राहत मिल सकती है।
*******
आईपीएल क्रिकेट में, आज मुम्बई के वानखेडे स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद का सामना मुम्बई इंडियन्स से होगा। कल कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जाइंट्स को 98 रनों से हरा दिया।
*******
काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एक्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने आज दसवीं और बारहवीं कक्षाओं के परिणाम घोषित कर दिए। सीआईएससीई के अनुसार आईसीएसई यानि दसवीं कक्षा के लिए पास प्रतिशत 99 दशमलव चार-सात जबकि आईएससी यानि बारहवीं कक्षा के लिए 98 दशमलव एक-नौ प्रतिशत रहा।
*******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :
- लोकसभा चुनाव के कल होने वाले तीसरे चरण के मतदान की सभी तैयारियां पूरी।
- शेष चरणों के लिए प्रचार अभियान तेज।
- सातवें और अंतिम चरण के लिए अधिसूचना कल जारी होगी।
- दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली आबकारी नीति मामले में बीआरएस नेता के कविता की जमानत याचिका खारिज की।
- खराब मौसम और हिमस्खलन के कारण दस दिनों से बंद श्रीनगर-लेह राजमार्ग फिर खुला।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से।
*******