Download
Mobile App

android apple
signal

August 24, 2025 3:32 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

  • भारत ने बहुस्तरीय हवाई सुरक्षा स्थापित करने के लिए एकीकृत शस्त्र प्रणाली का पहला सफल परीक्षण किया।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- देश पहले मानवयुक्‍त अंतरिक्ष उड़ान मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक नया अध्याय।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय स्‍पीकर सम्मेलन का उद्घाटन किया।

  • फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामादा राबुका तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचे। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे।

  • बिहार और राजस्थान में अत्यधिक बारिश से संपत्ति और फसलों को भारी नुकसान।

  • तीरंदाजी में, चिकिथा तनिपार्थी ने कनाडा में विश्व युवा चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण जीता।

******

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन-डीआरडीओ ने एकीकृत हवाई रक्षा शस्त्र प्रणाली का कल ओडिशा तट के पास पहला सफल परीक्षण किया। इस बहु-स्तरीय स्वदेशी प्रणाली में ज़मीन से हवा में मार करने वाली मिसाइल, कम दूरी की उन्नत हवाई रक्षा प्रणाली वाली मिसाइल और लेजर-चालित निर्दिष्ट एनर्जी शस्त्र शामिल हैं।

 

परीक्षण उड़ान के दौरान इस प्रणाली से अलग-अलग दूरी पर स्थित तीन लक्ष्यों को सफलतापूर्वक नष्ट किया गया। इस अवसर पर संगठन के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के अलावा सशस्त्र बलों के प्रतिनिधि भी उपस्थित थे।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने परीक्षण उड़ान की सफलता पर डीआरडीओ के वैज्ञानिकों, सशस्त्र बलों और रक्षा उद्योग को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि इस अनूठी प्रणाली की सफलता से देश की बहु-स्तरीय हवाई सुरक्षा क्षमता स्थापित हुई है और इससे देश के रक्षा प्रतिष्ठानों की सुरक्षा मज़बूत होगी।

******

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत अपने पहले मानवयुक्त अंतरिक्ष मिशन गगनयान के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि यह महज तकनीकी उपलब्धि नहीं है, बल्कि आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक नया अध्याय है। श्री सिंह ने यह बात नई दिल्ली में गगन यात्रियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह में कही। इन यात्रियों में ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला, प्रशांत बालकृष्णन नायर, अजीत कृष्णन और अंगद प्रताप शामिल हैं।

 

रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत केवल उपग्रह अंतरिक्ष में नहीं भेज रहा, बल्कि भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में पूरी दुनिया को अपनी ताक़त दिखाई है। उन्होंने कहा कि भारत ने चंद्रमा से लेकर मंगल तक अपनी उपस्थिति पहले ही दर्ज करा दी है।

 

चंद्रयान से लेकर मंगलयान तक हमने यह सिद्ध किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद इच्छा शक्ति यदि असीमित हो लक्ष्य हमारे सामने स्वाभाविक रूप से छोटा पड़ जाता है। भारत का विजन स्पष्ट है। भारत इस देश को केवल रिसर्च के क्षेत्र के रूप में नहीं देखा है, बल्कि हम इसे आने वाले कल की इकोनॉमी, सिक्योरिटी, एनर्जी और ह्यूमेनिटी के फ्यूचर के रूप में भी देखते हैं।

 

ग्रुप कैप्टन शुक्ला की अंतरिक्ष यात्रा की चर्चा करते हुए श्री सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष कार्यक्रम प्रशिक्षण में सामान्यतः ढाई वर्ष लगते हैं, लेकिन शुभांशु शुक्ला ने इसे महज ढाई महीने में पूरा कर लिया। उन्होंने कहा कि यह उनकी व्यक्तिगत क्षमता को तो दर्शाता ही है, भारतीयों की कठिन परिश्रम की प्रवृत्ति को भी परिलक्षित करता है। ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने इस अवसर पर एक्सिओम मिशन के अपने अनुभव साझा किये।

 

यह जो मिशन है। यह हमारे देश के लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है, क्योंकि भारत अपनी जर्नी पर है। ह्यूमन स्पेस लाइफ मिशन की, मिशन गगनयान, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन और अंततः लैंडिंग ऑन मून है। इस मिशन से जो कुछ भी सीख हमें प्राप्त हुई है, मुझे लगता है वो बहुत ही यूनिक है और बहुत ही क्रिटिकल है  हमारे मिशन को एग्जीक्यूट करने के लिए और अगले कुछ महीनो में, सालों में यह कोशिश रहेगी कि जो कुछ भी हमने सीखा है, वो हम इफेक्टिवली अपने मिशन में यूज कर पाएं।

******

गृहमंत्री अमित शाह ने आज दिल्ली विधानसभा में दो दिवसीय अखिल भारतीय स्पीकर सम्मेलन का उद्घाटन किया। यह सम्मेलन केंद्रीय विधानसभा के पहले निर्वाचित अध्यक्ष विट्ठलभाई पटेल के शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित किया गया है। इस अवसर पर श्री शाह ने कहा कि देश की स्वतंत्रता की ही तरह, आज़ादी के बाद देश को लोकतांत्रिक तरीक़े से चलाना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वीर विट्ठलभाई पटेल ने देश को भारतीय आदर्शों पर लोकतांत्रिक तरीक़े से चलाने की आधारशिला रखी थी।

 

जितना महत्व देश को आजाद करने का है, उतना ही महत्व देश को आजादी के बाद लोकतांत्रिक तरीके से चलाने का है और लोकतांत्रिक तरीके से देश को चलाने की भारतीय नींव, भारतीय विचार के आधार पर नींव डालने का काम अगर किसी ने किया तो निःसंकोच कह सकते हैं विट्ठल भाई पटेल ने किया है।

 

श्री शाह ने कहा कि सदन में देश की जनता के मुद्दों को निष्पक्ष रूप से उठाने का अवसर दिया जाना चाहिए। गृहमंत्री ने कहा कि यह सुनिश्चित करना हर सदस्य की ज़िम्मेदारी है कि सदन का कामकाज नियमानुसार चले।

 

इस अवसर पर संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि विरोध करना सदस्यों का अधिकार है, लेकिन वे कामकाज को बाधित नहीं कर सकते।

 

पार्लियामेंट और डेमोक्रेसी में पार्लियामेंट और एसेंबली ही केंद्र बिंदु है। यहां देश का सोच-विचार वहां सम्मिलित होकर के झलकता है। पार्लियामेंट ठीक से नहीं चलेगा। एसेंबली ठीक से नहीं चलेगा। तो आप सोच लीजिए लोकतंत्र पर कहीं न कहीं सवाल खड़ा हो जाएगा। अपोजिशन इज द राइट ऑफ द मेम्बर्स। बिकोज उसका काम है सरकार का आलोचना करना। लेकिन काम को बाधित करना, देश चलने नहीं देंगे, ये नहीं हो सकता है।

 

सम्‍मेलन में राज्य विधानसभाओं के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और राज्य विधान परिषदों के सभापति और उप-सभापति भी शामिल हैं। सम्मेलन का उद्देश्य कानून निर्माण में पारदर्शिता और जवाबदेही को मजबूत करना है।

 

इस अवसर पर गृहमंत्री ने विट्ठलभाई पटेल और भारत में संसदीय संस्थानों के विकास से जुड़े अभिलेखों, तस्वीरों और दस्तावेजों वाली एक विशेष प्रदर्शनी का भी उद्घाटन किया। विट्ठलभाई पटेल पर एक स्मारक डाक टिकट भी जारी किया गया।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल से दो दिन के गुजरात दौरे पर रहेंगे। वे अहमदाबाद में कल पांच हजार चार सौ करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी एक सभा को भी संबोधित करेंगे। यात्रा के दूसरे दिन, प्रधानमंत्री अहमदाबाद के हंसलपुर में हाइब्रिड बैटरी इलेक्ट्रोड उत्‍पादन का उद्घाटन करेंगे। राज्‍य की यात्रा के दौरान श्री मोदी एक हजार 400 करोड़ रुपये लागत वाली रेल परियोजनाएं भी राष्‍ट्र को समर्पित करेंगे।

******

फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामादा राबुका भारत की तीन दिन की यात्रा पर आज सुबह नई दिल्‍ली पहुंच गए। शिक्षा और पूर्वोत्‍तर विकास राज्‍य मंत्री सुकांता मजूमदार ने हवाई अड्डे पर उनकी अगुवानी की।

 

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री राबुका की भारत की यह पहली यात्रा है। श्री राबुका कल प्रधानमत्री नरेन्द्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे। श्री राबुका राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भी भेंट करेंगे।

 

फिजी के प्रधानमंत्री की यह यात्रा भारत और फिजी के बीच दीर्घकालिक और स्थायी संबंधों के लिए महत्वपूर्ण है।

******

थलसेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी अल्जीरिया की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। वे 28 अगस्त तक अल्जीरिया में रहेंगे। जनरल द्विवेदी अल्जीरिया के सेनाध्यक्ष लेफ्टिनेंट जनरल मुस्तफा स्माली और अन्य शीर्ष नेताओं के साथ बैठक करेंगे। थलसेना प्रमुख की अल्जीरिया यात्रा का उद्देश्‍य दोनों देशों के रक्षा तथा सैन्‍य संबंधों को सुदृढ़ करना है।

******

रूस ने आज कुर्स्क क्षेत्र में अपने परमाणु ऊर्जा संयंत्र के पास यूक्रेन के ड्रोन को मार गिराया। अगस्त 2024 में यूक्रेन की सेना ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र के कुछ हिस्से पर कब्जा कर लिया था जो कई महीनों तक यूक्रेन के कब्जे में थे।

******

श्रीलंका में पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रेमेसिंघे की गिरफ्तारी के बाद विपक्ष एकजुट हो गया है। कई विपक्षी नेताओं ने श्री विक्रेमेसिंघे की गिरफ्तारी की निंदा की है। श्री विक्रमेसिंघे को एक विदेशी दौरे में राज्य के धन का दुरुपयोग करने से जुड़े 2023 के एक मामले में एक अदालत ने हिरासत में भेज दिया है।

******

श्रीलंका की राजधानी कोलंबो में, आज रंगारंग पतंग उत्सव मनाया जा रहा है। इसमें 25 देशों के 55 अंतर्राष्ट्रीय पतंगबाजों ने भागीदारी की है। कोलंबो पतंग महोत्सव कलात्मकता और सांस्कृतिक उत्सव के रूप में अंतरराष्ट्रीय आकर्षण का केंद्र बन गया है।

******

उत्तर कोरिया ने नई उन्नत मिसाइलों का परीक्षण किया है। ये परीक्षण अलग-अलग लक्ष्यों को निशाना बनाकर किए गए। यह परीक्षण ऐसे समय में हुआ है, जब दक्षिण कोरिया और अमरीका 11 दिन का संयुक्त सैन्य अभ्यास कर रहे हैं।

******

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के प्रकाश पर्व पर शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में लोगों से श्री गुरुग्रंथ साहिब जी के प्रज्ञा मार्ग पर चलने की अपील की है ताकि यह दुनिया एक बेहतर स्थान बन सके।

******

बिहार की राजधानी पटना में, 26वें दिव्य कला मेले में देश भर के दिव्यांग उद्यमियों और कारीगरों की शिल्प कला का प्रदर्शन किया जा रहा है। गांधी मैदान में यह मेला 31 अगस्त तक चलेगा। दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग में संयुक्त सचिव राजीव शर्मा ने आकाशवाणी से कहा कि इस मेले का उद्देश्य दिव्यांगजनों में उद्यमिता, रोजगार और सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है।

 

कुल जो सेल हुई है वो 20 करोड़ 62 लाख की अब तक सेल हुई है 25 मेलों में और 9 सौ 34 दिव्यांगजनों को लगभग 17 करोड़ से ज्यादा के लोन एनडीएफडीसी ने प्रोवाइड किये हैं। जो की इस कॉरपोरेशन का मुख्य काम है और इसके अलावा जॉब फेयर भी होंगे। जॉब फेयर में कंपनियां आती हैं तो उन जॉब फेयर के माध्यम से अब तक दिव्‍य कला मेलाओं में लगभग पौने तीन सौ दिव्यांगजन भाई-बहनों को नौकरियां भी मिली हैं।

******

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि बिहार में मसौदा मतदाता सूची पर आपत्ति और दावे के लिए अब तक 98 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के दस्तावेज प्राप्त हुए हैं। आपत्ति और दावे दर्ज कराने के लिए आठ दिन और शेष हैं।

******

उपभोक्ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा है कि पंजाब के एक करोड़ 41 लाख लाभार्थियों को मुफ्त अनाज मिलता रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि केंद्र ने किसी भी लाभार्थी की संख्या कम नहीं की है।

******

बिहार में नदियों के जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के कारण कई ज़िलो में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। एक रिपोर्ट-

 

नालंदा, जहानाबाद और गया ज़िलों में अचानक आई बाढ़ से संपत्ति को भारी नुकसान हुआ है। हिलसा प्रखंड और बोधगया में जलस्तर में अचानक हुई वृद्धि के कारण कई परिवारों के पास अपनी जमा-पूंजी और सामान सुरक्षित रखने का समय तक नहीं मिला। फसलों को भी भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, समय पर सतर्कता के कारण कई लोगों की जान बच गई। वहीं, झारखंड में भारी बारिश के कारण बिहार में फाल्गु और अन्य मौसमी नदियां उफान पर हैं। इससे कई निचले इलाके बाढ़ ग्रस्त हो गए हैं। बोधगया और हिलसा में लोग खतरे की आशंका के कारण रात भर जागने को मजबूर हैं। प्रशासन बाढ़ ग्रस्त इलाकों में जनसम्पर्क और लगातार घोषणा के ज़रिए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है। धर्मेंद्र कुमार राय की रिपोर्ट के साथ करिश्मा।

******

राजस्थान से हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और फसलों को नुकसान हुआ है।

 

राज्य के सवाई माधोपुर, बूंदी, कोटा तथा टोंक में हुई अत्यंत भारी बारिश के कारण निचले इलाके जलमग्न है। जिला मुख्यालय से सैंकड़ों गांवों का संपर्क टूट गया है। कई गांवों में बिजली और पानी की आपूर्ति भी ठप हो चुकी है। तेज बारिश के कारण सड़क और रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। फसलों को भारी नुकसान के समाचार हैं। बचाव और राहत कार्यों के लिए एनडीआरएफ, एसडीआरएफ के साथ सेना की भी मदद ली जा रही है। मौसम विभाग ने आज जयपुर तथा भरतपुर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र के अलावा बीकानेर व अजमेर संभाग के कुछ भागों में भारी से अतिभारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।

******

कनाडा में, विश्व युवा तीरंदाज़ी चैंपियनशिप में, भारत की चिकिथा तनिपर्थी ने व्यक्तिगत जूनियर खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। चिकिथा यह ख़िताब जीतने वाली पहली भारतीय तीरंदाज़ हैं। उन्होंने कंपाउंड अंडर-21 महिला वर्ग के फाइनल में कोरिया की येरिन पार्क को हराकर स्वर्ण पदक जीता। कज़ाख्स्तान के शिमकंद में सोलहवीं एशियाई निशानेबाजी प्रतियोगिता में, भारत ने सीनियर, जूनियर और युवा वर्ग की 10 मीटर एयर राइफल मिक्सड टीम स्पर्धाओं में तीन स्‍वर्ण पदक जीत लिये हैं। इसके साथ ही भारत 23 स्‍वर्ण 08 रजत तथा 10 कांस्‍य सहित कुल 41 पदक लेकर पहले स्‍थान पर है।

******

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • भारत ने बहुस्तरीय हवाई सुरक्षा स्थापित करने के लिए एकीकृत शस्त्र प्रणाली का पहला सफल परीक्षण किया।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- देश पहले मानवयुक्‍त अंतरिक्ष उड़ान मिशन के लिए पूरी तरह तैयार है। यह आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक नया अध्याय।

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नई दिल्ली में अखिल भारतीय स्‍पीकर सम्मेलन का उद्घाटन किया।

  • फिजी के प्रधानमंत्री सिटिवेनी लिगामामादा राबुका तीन दिन की यात्रा पर नई दिल्ली पहुँचे। कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे।

  • बिहार और राजस्थान में अत्यधिक बारिश से संपत्ति और फसलों को भारी नुकसान।

  • तीरंदाजी में, चिकिथा तनिपार्थी ने कनाडा में विश्व युवा चैंपियनशिप में भारत के लिए पहला व्यक्तिगत स्वर्ण जीता।

******

Most Read

View All

No posts found.