मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के गया में लगभग 13 हज़ार करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा-बिहार का विकास एनडीए सरकार की प्रमुख प्राथमिकता।
- प्रधानमंत्री ने एक सौ तीसवाँ संविधान संशोधन विधेयक-2025 का समर्थन किया। उन्होंने कहा-सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कडा कानून लेकर आई, प्रधानमंत्री पद भी इसमें शामिल।
- सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें आश्रय स्थल भेजने के अपने पूर्व निर्देशों में संशोधन किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संयुक्त राष्ट्र की महिला सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने महिला-पुरूष समानता और विश्व शांति के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन का संकल्प लिया।
- भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने आशा व्यक्त की है कि शंघाई शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान करेगी।
- श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रॉनिल विक्रमासिंघे सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग के लिए कोलंबो में गिरफ्तार।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज बिहार के गया में लगभग 13 हज़ार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। ये परियोजनाएँ बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शहरी विकास और जल आपूर्ति सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं। श्री मोदी ने गया और दिल्ली के बीच अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन और वैशाली तथा कोडरमा के बीच बौद्ध सर्किट ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाई। इससे क्षेत्र के प्रमुख बौद्ध स्थलों पर पर्यटन और धार्मिक यात्रा को बढ़ावा मिलेगा। श्री मोदी ने प्रधानमंत्री आवास योजना – ग्रामीण के तहत 12 हज़ार ग्रामीण लाभार्थियों और प्रधानमंत्री आवास योजना – शहरी के अंतर्गत चार हज़ार से ज़्यादा लाभार्थियों के गृह प्रवेश समारोह के दौरान प्रतीकात्मक रूप से कुछ लाभार्थियों को चाबियाँ भी सौंपीं।
प्रधानमंत्री ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार का तेज़ विकास केंद्र की एनडीए सरकार की बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं से बिहार के उद्योगों को मज़बूती मिलेगी ।
गया जी के तेज विकास के लिए बिहार की डबल इंजन सरकार लगातार काम कर रही है। एक ही दिन में 12000 करोड रुपए की परियोजनाओं का लोकार्पण हुआ। इनमें ऊर्जा, स्वास्थ्य और शहरी विकास के जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट है। इनसे बिहार के उद्योगों को ताकत मिलेगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी बनेंगे।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले ग्यारह वर्षों में देश भर में चार करोड़ से ज़्यादा गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं और बिहार में 38 लाख आवासों का निर्माण किया गया है।
जब तक हर जरूरतमंद को पक्का घर नहीं मिल जाता, मोदी चैन से नहीं बैठेगा। इसी सोच के साथ अकेले हमारे बिहार में 38 लाख से अधिक आवास बनाए गए। गया जिले में भी 2 लाख से अधिक परिवारों को अपना पक्का घर मिला है, बल्कि इन घरों के साथ गरीब को उसका स्वाभिमान दिया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने एक सौ तीसवाँ संविधान संशोधन विधेयक-2025 का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कानून लेकर आई है और प्रधानमंत्री पद भी इस दायरे में है।
एनडीए सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ एक ऐसा कानून लाई है तो प्रधानमंत्री हो या मुख्यमंत्री या फिर कोई भी मंत्री, उसे गिरफ्तारी के 30 दिनों के अंदर जमानत लेनी होगी और अगर जमानत नहीं मिली तो 31वें दिन उसे कुर्सी छोड़नी पड़ेगी।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर ने भारत की रक्षा नीति को एक नई दिशा दी है।
जब–जब किसी दुश्मन ने भारत को चुनौती दी है, बिहार देश की ढाल बनकर खड़ा हुआ और इसलिए जब कश्मीर के पहलगाम में आतंकी हमला हुआ था मैंने बिहार की इसी धरती से आतंकवादियों को मिट्टी में मिलाने की बात कहीं। आज दुनिया देख रही है बिहार की धरती से लिया गया वो संकल्प पूरा हो चुका है।
******
प्रधानमंत्री आज शाम पश्चिम बंगाल में कोलकाता में नवनिर्मित खंडों पर मेट्रो ट्रेन सेवा का शुभारंभ करेंगे। वे जेसोर रोड मेट्रो स्टेशन से जयहिंद बिमान बंदर स्टेशन तक मेट्रो से यात्रा करेंगे। इसके बाद श्री मोदी कोलकाता में पांच हजार दो सौ करोड़ रूपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे।
******
सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें आश्रय स्थल भेजने से जुडे अपने पूर्व निर्देशों में संशोधन किया है। न्यायमूर्ति विक्रम नाथ, न्यायमूर्ति संदीप मेहता और न्यायमूर्ति एन.वी. अंजारिया की पीठ ने निर्देश दिया है कि पकड़े गए आवारा कुत्तों को नसबंदी और टीकाकरण के बाद उनके इलाके में छोड़ दिया जाना चाहिए। रेबीज से संक्रमित या आक्रामक व्यवहार वाले कुत्तों को नहीं छोडा जाएगा। एक रिपोर्ट –
न्यायमूर्ति विक्रम नाथ की अध्यक्षता वाली पीठ ने कहा कि आवारा कुत्तों को भोजन देने के लिए अलग से जगह बनाई जाएं और सार्वजनिक रूप से भोजन न दिया जाए। पीठ ने आवारा कुत्तों पर एक अखिल भारतीय नीति बनाने के लिए सभी केंद्र शासित प्रदेशों और राज्य सरकारों को पक्षकार बनाया है। विभिन्न उच्च न्यायालयों में लंबित ऐसी सभी याचिकाएं सर्वोच्च न्यायालय में स्थानांतरित करने का प्रस्ताव रखा। पीठ ने आवारा कुत्तों को हटाने में बाधा डालने वाले किसी भी संगठन या समूह के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई के अपने पूर्व निर्देश में कोई बदलाव नहीं किया। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
******
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत संयुक्त राष्ट्र शांति अभियानों में महिलाओं की भागीदारी और एकीकरण का प्रबल समर्थक रहा है। श्री सिंह ने आज नई दिल्ली में संयुक्त राष्ट्र की महिला सैन्य अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार देश के सशस्त्र बलों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करते हुए उन्हें नेतृत्व और सेवा करने के समान अवसर दे रही है।
******
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि केरल में आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा 25 प्रतिशत सीटें हासिल करेगी। उन्होंने अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा के प्रदर्शन को लेकर भी पूरा विश्वास व्यक्त किया। श्री शाह ने आज कोच्चि में मलयाला मनोरमा समाचार पत्र द्वारा आयोजित विकास शिखर सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने आपदा प्रबंधन के लिए केरल को पांच हजार एक सौ करोड़ रुपये दिए हैं।
2004 से 2014 में लगभग लगभग 1342 करोड़ के सेंटर गवर्नमेंट डिजास्टर मैनेजमेंट के लिए केरल को दिया और नरेंद्र मोदी जी ने इस 10 साल में 5100 करोड़ रूपया डिजास्टर मैनेजमेंट को दिया।
******
ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने आज राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से भेंट की। ग्रुप कैप्टन शुक्ला ने राष्ट्रपति के साथ अंतरिक्ष में अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालाकृष्णन नायर और ग्रुप कैप्टन पुण्यश्लोक बिस्वाल, इसरो के अध्यक्ष और अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन और मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र के निदेशक दिनेश कुमार सिंह भी उपस्थित थे। राष्ट्रपति ने पूरी टीम को भविष्य के प्रयासों, विशेषकर गगनयान मिशन के लिए अपनी शुभकामनाएँ दीं।
******
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने आज कहा कि आजादी के सौ वर्ष पूरे होने से पहले भारत को एक विकसित देश बनाने के लिए इसरो विकसित भारत 2047 मिशन में योगदान देगा। नई दिल्ली में राष्ट्रीय सम्मेलन 2025 के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री नारायणन ने कहा कि भारत उन चार देशों में से एक बन गया है जिन्होंने कक्षा में दो उपग्रहों को सफलतापूर्वक डॉक और अनडॉक किया है। उन्होंने कहा कि आज चंद्रमा की कक्षा में उपलब्ध सर्वश्रेष्ठ कैमरा भारत का है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशन में शुभांशु शुक्ला को अंतरिक्ष में भेजने में इसरो की हाल की सफलता का भी उल्लेख किया।
******
भारतीय पुलिस सेवा के वरिष्ठ अधिकारी सतीश गोलचा ने आज दिल्ली के पुलिस आयुक्त का पदभार ग्रहण किया। श्री गोलचा 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं।
******
भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने कल कहा कि शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तियानजिन की यात्रा द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान करेगी। चीन के राजदूत कल नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन 2025 – भारत-चीन संबंधों की पुनर्स्थापना कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। चीन के राजदूत ने कैलाश मानसरोवर यात्रा की बहाली का स्वागत किया।
******
चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने कहा है कि पिछले वर्ष रूस के कज़ान में दोनों देशों के नेताओं के बीच हुई बैठक के बाद से भारत-चीन संबंधों में लगातार सुधार और विकास हुआ है। नई दिल्ली में शंघाई सहयोग संगठन शिखर सम्मेलन 2025′ पर एक संवाद को संबोधित करते हुए, राजदूत फेइहोंग ने कहा कि इस वर्ष की पहली छमाही में, दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार 74 अरब अमरीकी डॉलर से अधिक हो गया है। इसमें साल-दर-साल 10 दशमलव दो प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
******
श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे को आज कोलंबो में आपराधिक जाँच विभाग के समक्ष पेश होने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। 2023 में लंदन की एक निजी यात्रा के लिए सरकारी धन के दुरुपयोग करने के आरोप में यह गिरफ्तारी की गई। जाँचकर्ताओं का कहना है कि यह यात्रा कोई आधिकारिक कार्यक्रम नहीं थी, फिर भी खर्चों को पूरा करने के लिए सरकारी धन का इस्तेमाल किया गया। पूर्व राष्ट्रपति को अब कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।
******
नागालैंड में, भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-कृषि विज्ञान केंद्र वोखा को पूर्वोत्तर क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केंद्र का पुरस्कार मिला है। यह सम्मान 200 से अधिक नामांकनों में से चयनित टीम के प्रभावशाली योगदान के लिए प्रदान किया गया।
******
पंजाबी सिनेमा के मशहूर हास्य अभिनेता जसविंदर भल्ला का आज सुबह मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 65 वर्ष के थे।
******
घरेलू शेयर बाजार सूचकांक आज दोपहर बाद कारोबार में आधा प्रतिशत नुकसान में चल रहे थे। समाचार तैयार किए जाने तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 640 अंक लुढककर 81 हजार 360 और निफ्टी 189 अंक फिसलकर 24 हजार 894 पर कारोबार कर रहा था।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के गया में लगभग 13 हज़ार करोड़ रुपये लागत की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। उन्होंने कहा-बिहार का विकास एनडीए सरकार की प्रमुख प्राथमिकता।
- प्रधानमंत्री ने एक सौ तीसवाँ संविधान संशोधन विधेयक-2025 का समर्थन किया। उन्होंने कहा- सरकार भ्रष्टाचार के खिलाफ कडा कानून लेकर आई, प्रधानमंत्री पद भी इसमें शामिल।
- सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली-एनसीआर में आवारा कुत्तों को पकड़ने और उन्हें आश्रय स्थल भेजने के अपने पूर्व निर्देशों में संशोधन किया।
- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने संयुक्त राष्ट्र की महिला सैन्य अधिकारियों से मुलाकात की। उन्होंने महिला-पुरूष समानता और विश्व शांति के लिए संयुक्त राष्ट्र के प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन का संकल्प लिया।
- भारत में चीन के राजदूत शू फेइहोंग ने आशा व्यक्त की है कि शंघाई शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा भारत-चीन द्विपक्षीय संबंधों को नई गति प्रदान करेगी।
- श्रीलंका के पूर्व राष्ट्रपति रॉनिल विक्रमासिंघे, सार्वजनिक धन के कथित दुरुपयोग के लिए कोलंबो में गिरफ्तार।
******