Download
Mobile App

android apple
signal

August 21, 2025 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित। राज्‍यसभा की कार्यवाही, बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित।
  • विपक्षी इंडिया गठबंधन के उपराष्‍ट्रपति पद के उम्‍मीदवार और सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्‍यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी ने आज नामांकन पत्र दाखिल किया। कल नामांकन पत्रों की जाँच होगी।
  • गुजरात में मूसलाधार वर्षा से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात।
  • रूस ने कल रात यूक्रेन पर इस वर्ष का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया।
  • और, जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर की प्रतिष्ठित डल झील में प्रथम खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव आज शाम से शुरू होगा।

 

—————————————-

 

लोकसभा की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्‍थगित कर दी गई है। मॉनसून सत्र 21 जुलाई को शुरू हुआ था। सदन की कार्यवाही जब दोपहर में पहले स्‍थगन के बाद शुरू हुई तो लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि इस सत्र के दौरान 14 सरकारी विधेयक पेश किए गए और कुल 12 विधेयक पारित हुए। उन्‍होंने कहा कि दो दिन की विशेष चर्चा भी ऑपरेशन सिंदूर पर हुई जिसका समापन प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के उत्‍तर के साथ हुआ। अध्‍यक्ष ने बताया कि विशेष चर्चा लोकसभा में भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की उपलब्धियों पर कराई गई। श्री बिरला ने व्‍यवधानों के कारण हुई समय की बर्बादी पर अप्रसन्‍नता व्‍यक्‍त की।

 

लगातार नियोजित व्‍यवधान के कारण केवल 55 प्रश्न ही मौखिक उत्तर दिए जा सके। हम सभी ने सत्य के परम मिते किया था कि हम इस सत्र में 120 घंटे चर्चा करेंगे। विनिश एडवायजरी कमेटी में भी इसको सहमति बनी थी, लेकिन केवल 37 घंटे ही चर्चा कर पाए। 

 

अध्‍यक्ष ने कहा कि सदन और संसद परिसर में सदस्‍यों की भाषा सदा गरिमापूर्ण होनी चाहिए।

 

हमें प्रयास करना चाहिए कि हमारी स्‍वच्‍छ लोकतांत्रिक संस्था के अंदर अच्छी परंपराएं, अच्छी परिपाटियों को हम लागू करें। इसके लिए सभी राजनीतिक दलों को आत्म मंथन करना चाहिए, ताकि देश के लोकतांत्रिक स्‍वयं संस्था की हम मर्यादा को बनाए रखें और यहां अपने आचरण, व्‍यवहार से एक आदर्श स्थापित कर सके। सभा की कार्रवाई अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की जाती है।

 

—————————————-

 

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन और विनियमन विधेयक-2025 राज्‍यसभा में पेश किया। उन्‍होंने कहा कि यह विधेयक बेहद महत्‍वपूर्ण है। विधेयक पर चर्चा जारी है।

 

—————————————-

 

लोकसभा ने कल ऑनलाइन गेमिंग संवर्धन और विनियमन विधेयक 2025 पारित किया था। जालंधर के डॉ. बी. आर. आंबेडकर राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान के अनुसंधान और परामर्श विभाग के डीन डॉ. रोहित मेहरा ने सरकार के प्रयास का स्‍वागत किया है।

 

इस बिल के प्रावधान के अंदर जो लोग हैं उसमें दो तरह के गर्वमेंट ने इश्यूज दिए हैं, जिसमें एक तरफ तो गवर्नमेंट ऑनलाइन और सोशल ई-गेमिंग को प्रमोट करेंगी जहां पर हमारे जो यंग टेक्नोक्रेट्स हैं, जो टेक्नोलॉजी इंवॉल्वड लोग हैं, वह गेमिंग की डेवलपमेंट के लिए ऊपर काम करेंगे और उनके लिए काफी ज्यादा ऑपच्यरुनिटीज आएगी जॉब सेक्टर में, लेकिन इसके साथ-साथ ही उन्होंने वह गेम्स जहां पर ऑनलाइन गेमिंग में पैसा लोग लगाते थे और उसके ऊपर एक चेक रखने के लिए प्रावधान किए हैं।

 

—————————————-

 

राज्‍यसभा में विपक्षी सदस्‍यों के, बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम सहित विभिन्‍न मुद्दों पर हंगामे के कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई।

 

इससे पहले आज सुबह 11 बजे सदन की कार्यवाही शुरू हुई तो उपसभापति हरिवंश ने बताया कि उन्‍हें विभिन्‍न मुद्दों पर कई राजनीतिक दलों से 18 स्‍थगन प्रस्‍ताव मिले, लेकिन नियमों का हवाला देते हुए उन्‍होंने प्रस्‍तावों को खारिज कर दिया। इसको लेकर विपक्षी सदस्‍यों ने नारेबाजी की। श्री हरिवंश ने शून्‍यकाल चलाने का प्रयास किया लेकिन मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर विपक्ष के विरोध के कारण यह संभव नहीं हो पाया।

 

—————————————-

 

इंडिया गठबंधन के उपराष्‍ट्रपति पद के उम्‍मीदवार सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्‍यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी ने आज संसद भवन में अपना नामांकन दाखिल किया। एक रिपोर्ट-

 

इस अवसर पर कांग्रेस अध्‍यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, वरिष्‍ठ कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी शरद चंद्र पवार गुट के नेता शरद पवार, समाजवादी पार्टी नेता रामगोपाल यादव, डीएमके नेता तिरूचि शिवा और कई अन्‍य नेता उपस्थित थे। नामांकन दाखिल करने से पहले बी सुदर्शन रेड्डी ने संसद भवन परिसर में प्रेरणा स्‍थल पर राष्‍ट्रपिता महात्‍मा गांधी को पुष्‍पां‍जिल अर्पित की। इस स्‍थल पर देश के प्रमुख नेताओं और स्‍वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाएं हैं। उपराष्‍ट्रपति पद के लिए पर्चों की जांच कल की जाएगी। 25 अगस्‍त तक नाम वापस लिये जा सकते हैं। चुनाव 9 सितंबर को होगा। समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

—————————————-

 

देश में पिछले दस वर्षों में अंतरिक्ष क्षेत्र में अभूतपूर्व और उल्‍लेखनीय प्रगति हुई है। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो के अध्‍यक्ष वी नारायणन ने आज नई दिल्‍ली में संवाददाता सम्‍मेलन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि 2015 से 2025 के बीच पूरे किये गए मिशन 2005 से 2015 के बीच पूरे हुए मिशन से लगभग दोगुना है। उन्‍होंने कहा कि एक्सियम फोर मिशन प्रतिष्ठित मिशन है, क्‍योंकि शुभांशु शुक्‍ला अंतर्राष्‍ट्रीय अंतरिक्ष स्‍टेशन जाकर सुरक्षित लौटने वाले पहले भारतीय बन गए हैं।

 

इस अवसर पर वायुसेना के ग्रुप कैप्‍टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्‍ला ने एक्सियम मिशन को संभव बनाने के लिए केन्‍द्र सरकार और इसरो की टीम को धन्‍यवाद दिया।

 

ग्रुप कैप्‍टन शुक्‍ला ने कहा कि इस मिशन से प्राप्‍त जानकारी भारत के आगामी गगनयान मिशन और भारत अंतरिक्ष स्‍टेशन स्‍थापित करने के लिए मूल्‍यवान सिद्ध होंगी। उन्‍होंने स्‍वदेशी मानव अंतरिक्ष मिशन के सपनों को साकार करने में देश की क्षमताओं पर पूर्ण भरोसा व्‍यक्‍त किया। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेन्‍द्र सिंह तथा गगनयान मिशन पर जाने वाले सदस्‍यों में शामिल ग्रुप कैप्‍टन प्रशांत बालाकृष्‍णन ने भी प्रेस को संबोधित किया।  

 

—————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल बिहार और पश्चिम बंगाल के दौरे पर रहेंगे। प्रधानमंत्री बिहार के गया में लगभग 13 हज़ार करोड़ रुपये की कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

 

—————————————-

 

फिजी गणराज्‍य के प्रधानमंत्री श्री सिटिवेनी लिगामामादा राबुका रविवार से तीन दिन की भारत यात्रा पर रहेंगे। विदेश मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि श्री राबुका सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे।

 

—————————————-

 

विदेश मंत्री डॉ. एस० जयशंकर आज रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोफ के साथ मॉस्‍को में बैठक करेंगे। इसका उद्देश्‍य दोनों देशों के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करना है। इस बातचीत में द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

 

—————————————-

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आवारा कुत्‍तों को पकडने और आश्रय स्थल भेजने के मामले में दिल्‍ली नगर निगम की ओर से जारी अधिसूचना के विरूद्ध दायर याचिका पर तुरंत सुनवाई से इंकार कर दिया है। आज न्‍यायमूर्ति जे के माहेश्‍वरी और न्‍यायमूर्ति विजय बिश्‍नोई ने यह बात कही। याचिका में कहा गया था कि दिल्‍ली नगर निगम ने 14 अगस्‍त को सर्वोच्‍च न्‍यायालय द्वारा इस मामले में फैसला सुरक्षित रखे जाने के बावजूद अधिसूचना जारी की है।

 

—————————————-

 

गुजरात में बारिश से जूनागढ़, गिर सोमनाथ और देवभूमि द्वारका सहित सौराष्ट्र के कई तटीय जिलों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं। हमारी संवाददाता ने बताया है कि 8 राज्य राजमार्गों सहित 390 से ज़्यादा सड़क यातायात के लिए बंद हैं।

 

जूनागढ़ और पोरबंदर के कुछ हिस्सों में कल बहुत भारी बारिश दर्ज की गई। जलभराव के कारण राज्‍य की लगभग 240 सड़कें यातायात के लिए बंद कर दी गईं थी। सौराष्ट्र के सबसे बड़े शत्रुंजय बांध के लगभग 56 द्वार खोल दिए गए है। खराब मौसम के कारण समुद्र में फंसे मछुआरों और नावों को महाराष्ट्र के तटों पर लंगर डालने की सूचना दी गई है। इस बीच, मौसम विभाग ने आज के लिए देवभूमि द्वारका के लिए रेड अलर्ट और सौराष्ट्र व दक्षिण गुजरात के 10 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अपर्णा खुंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद

 

—————————————-

 

मौसम विभाग ने महाराष्‍ट्र में एक हफ्ते की मूसलाधार बारिश के बाद बेहतर मौसम का अनुमान लगाया है। मुंबई और ठाणे, पालघर, रायगढ़ तथा रत्‍नागिरी में बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

 

—————————————-

 

जम्‍मू कश्‍मीर में स्‍कूली शिक्षा निदेशालय जम्‍मू ने खराब मौसम में विद्यार्थियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुरक्षा के लिए मानक संचालन प्रक्रिया जारी की है। जम्‍मू संभाग के सभी संस्‍थानों के प्रमुखों को सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।

 

—————————————-

 

मौसम विभाग ने उत्तरी गुजरात क्षेत्र में तेज वर्षा की चेतावनी जारी की है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉक्‍टर आर. के. जेनामणि ने बताया कि राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल से फिर बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।

 

कोंकण का क्षेत्र और गुजरात का जो क्षेत्र है हेवी रैन फॉल चल रहा था वो काफी डिडेक्‍शन हुआ है और मेनली जो मुंबई है तो रेन फॉल लाइट टू मॉडरेट रिकॉर्ड हुआ है लास्ट 24 हॉर्स में। आज एक दिन के लिए गुजरात में हम लोग ऑरेज कलर दे रहे हैं मेनली उत्‍तर गुजरात का क्षेत्र और धीरे-धीरे जो रेन फॉल है उत्तर भारत में बढ़ेगा। नाइट और डे ऑनवार्डस जो है हैवी टू वेरी हैवी रेन फॉल होगा जैसे हिमाचल, उत्तराखंड और हरियाणा में भी हेवी रेन फॉल होगा दिल्ली में जो रेन है लेट नाइट में तेजी से बढेगा।

 

—————————————-

 

यूक्रेन की वायुसेना ने बताया है कि रूस द्वारा रातभर किये गए हमले यूक्रेन पर इस वर्ष किये गए सबसे बडे हवाई हमलों में से एक है। रूस ने पांच सौ 74 ड्रोन और 40 मिसाइलें दागीं। आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार यूक्रेन के अधिकांश रूप से पश्चिमी क्षेत्रों को निशाना बनाया गया। हमले में एक व्‍यक्ति की मौत हो गई और 15 घायल हुए। यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वलोद्यमीर जेलेंस्‍की ने हमले की निंदा की है। उन्‍होंने कहा कि रूस ने युद्ध समाप्‍त करने के लिए सार्थक बातचीत के कोई संकेत नहीं दिये हैं। उन्‍होंने अंतर्राष्‍ट्रीय समुदाय से रूस पर और कडे प्रतिबंध और शुल्‍क लगाने सहित दबाव बढाने का आग्रह किया है।

 

—————————————-

 

इस्राइल के रक्षा बल ने घोषणा की है कि गाजा में इस्राइली सैनिकों के जमीनी कार्रवाई फिर शुरू करने के बाद से दो हजार आतंकवादियों का सफाया किया गया है। लगभग दस हजार आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया है तथा हमास पर दबाव बढाने के लिए नियंत्रण गलियारों की स्‍थापना की गई है।

 

—————————————-

 

जम्मू कश्मीर में तीन दिवसीय प्रथम खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव आज से 23 अगस्त तक डल झील में आयोजित किया जा रहा है। इस आयोजन को जम्मू-कश्मीर की संस्कृति और पारिस्थितिकी के उत्सव के रूप में देखा जा रहा है। 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 500 से अधिक एथलीट नौकायन, कैनोइंग और कयाकिंग जैसे खेल आयोजनों में भाग लेंगे। महोत्सव में वाटर स्कीइंग, ड्रैगन बोट और शिकारा रेस जैसे प्रदर्शन कार्यक्रम भी शामिल हैं।

 

—————————————-

 

अनुभवी मिडफील्डर सलीमा टेटे को आज चीन के हांगचाओ में 5 से 14 सितंबर तक होने वाले एशिया कप के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान नियुक्त किया गया है। इस टूर्नामेंट की विजेता टीम को 2026 के अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ-एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप में सीधे प्रवेश मिलेगा।

 

—————————————-

 

गोल्‍फ में यूरो तीन लाख हिल्‍स ओपन टूर्नामेंट में भारत की प्रणवी उर्स, त्‍वेसा मलिक और वाणी कपूर भारत के सात सदस्‍यीय दल का नेतृत्‍व करेंगी। यह टूर्नामेंट कल से 24 अगस्‍त तक स्‍वीडन में खेला जाएगा। अन्‍य भारतीयों में-अवनी प्रशांत, अमनदीप द्राल, स्‍नेहा सिंह और हिताषी बख्‍शी शामिल हैं। भारत की शीर्ष गोल्‍फ खिलाडी दीक्षा दागर इसमें हिस्‍सा नहीं ले रही हैं।

 

—————————————-

 

शतरंज में सिंकफील्‍ड कप के तीसरे दौर में विश्‍व चैम्पियन डी गुकेश और वाइल्‍ड कार्डधारक अमरीका के सैमुअल सेवियन के बीच कल बाजी ड्रॉ रही। भारत के आर प्रज्ञानंदा और उज्‍बेकिस्‍तान के नोदिरबेक अब्‍दुसत्‍तोरोव के बीच भी गेम ड्रॉ रहा।

 

—————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • लोकसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित। राज्‍यसभा की कार्यवाही, बिहार में मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान को लेकर विपक्ष के हंगामे के कारण बाधित।
  • विपक्षी इंडिया गठबंधन के उपराष्‍ट्रपति पद के उम्‍मीदवार और सर्वोच्‍च न्‍यायालय के पूर्व न्‍यायाधीश बी सुदर्शन रेड्डी ने आज नामांकन पत्र दाखिल किया। कल नामांकन पत्रों की जाँच होगी।
  • गुजरात में मूसलाधार वर्षा से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात।
  • रूस ने कल रात यूक्रेन पर इस वर्ष का सबसे बड़ा ड्रोन और मिसाइल हमला किया।
  • और, जम्‍मू-कश्‍मीर के श्रीनगर की प्रतिष्ठित डल झील में प्रथम खेलो इंडिया जल क्रीड़ा महोत्सव आज शाम से शुरू होगा।

 

—————————————-

 

Most Read

View All

No posts found.