Download
Mobile App

android apple
signal

May 4, 2024 4:17 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार

  • प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- एन.डी.ए. सरकार के पिछले 10 वर्षों के शासन में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये।
  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों और श्रमिकों के कल्‍याण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • देश में लोकसभा चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए 23 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के 75 सदस्‍य भारत पहुंचे।
  • भारत ने कहा- ऑनलाइन कट्टरपंथ वैश्विक सुरक्षा के लिए एक बडी चुनौत‍ी।
  • राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने चिकित्‍सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कल आयोजित होने वाली परीक्षा- नीट के लिए सभी तैयारियां पूरी की। 
  • और आईपीएल में आज शाम बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटंस से।

 

*****

 

लोकसभा चुनाव के बाकी बचे चरणों के लिए चरम पर पहुंच गया है। प्रमुख राजनीतिक दलों के शीर्ष नेता मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने आज झारखंड के पलामू और गुमला जिले में चुनाव रैली की। श्री मोदी ने कहा कि एन.डी.ए. सरकार के पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये।

 

भाईयों और बहनों मुझे सीएम और पीएम के रूप में देशवासियों की सेवा करतेकरते अब 25 साल हो जाएंगे। मोदी पर एक पैसे का घोटाले का आरोप नहीं लगा है। आपने मोदी को वोट दिया, अनाज के सारे गोदाम खोल दिये और आज देश में मुफ्त राशन की योजना चल रही है और मैंने गारंटी दी है आने वाले पांच साल और बढाऊंगा।

 

श्री मोदी ने कहा, उन्होंने यह सुनिश्चित किया है कि गरीबों को इंटरनेट तक पहुंच मिले, यह सुविधा कांग्रेस शासन के दौरान केवल अमीर लोगों तक ही सीमित थी। उन्होंने कांग्रेस पर आदिवासी जिलों को बर्बाद करने और पिछड़ेपन के लिए पूरी तरह से जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्‍होंने भ्रष्टाचार के जरिये करोड़ों रुपये की संपत्ति अपने बच्चों के लिए अर्जित की है। उन्होंने कहा, लोगों के वोटों ने अनगिनत माताओं की आशाओं को पूरा करने में मदद की है, उन्हें उज्ज्वला योजना, मुद्रा योजना और आवास योजना सहित विभिन्न सुविधाएं प्रदान की गई है। श्री मोदी आज दोपहर बाद बिहार के दरभंगा में एक सार्वजनिक जनसभा को संबोधित करेंगे।

 

*****

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कहा है कि भाजपा के शासन में पिछड़े वर्गों को मिलने वाले आरक्षण का अधिकार सुरक्षित रहेगा। गुजरात के छोटा उदेपुर में एक रैली को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज किया और जनता को आश्‍वासन दिया कि भाजपा सरकार हमेशा गरीबों और हाशिए पर मौजूद लोगों के कल्‍याण और आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

 

*****

 

उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने आज मध्‍य प्रदेश के अशोक नगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज का भारत एक नया भारत है, हर कोई मोदी सरकार की फिर वापसी की कामना कर रहा है। गुना संसदीय निर्वाचन क्षेत्र से केन्‍द्रीय मंत्री ज्‍योतिरादित्‍य सिंधिया और भाजपा उम्‍मीदवार के समर्थन में जनसभा को सम्‍बोधित करते हुए योगी आदित्‍यनाथ ने कहा कि जब लोगों से पूछा जाता है कि वे मोदी सरकार को क्‍यूं चाहते हैं, वे ना सिर्फ यह कहते हैं कि विकास के साथ सबकुछ होगा बल्कि उन लोगों को लाना चाहते हैं जो राम को वापस लाए।

 

*****

 

कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने देश के किसानों और श्रमिकों के कल्‍याण के प्रति पार्टी की वचनबद्धता दोहराई है।    बनासकांठा की एक रैली में प्रियंका गांधी ने कहा कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है, तो यह किसानों के लिए न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य सुनिश्चित करने के लिए एक स्‍थाई आयोग का गठन करेगी। उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस सदा से ही जनता से जुडी पार्टी रही है। भारत जोडो यात्रा गरीबों और वंचितों की समस्‍याओं को सुनने का एक माध्‍यम थी। उन्‍होंने देश में निर्धन और समृद्ध लोगों के बीच बढते अंतराल, बेरोजगारी और महंगाई पर सत्तारूढ भाजपा की आलोचना की।

 

*****

 

ओडिशा के पुरी संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार सुचारिता मोहंती ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी से वित्तीय सहायता की कमी का हवाला देते हुए अपना टिकट वापस कर दिया है। उन्होंने चुनावी अभियान के लिए आवश्यक धन उपलब्ध कराने में पार्टी की असमर्थता पर भी निराशा व्यक्त की। कांग्रेस उम्मीदवार ने हाल ही में एक क्राउडफंडिंग अभियान शुरू किया था, जिसमें उन्होंने जनता से दान मांगा था क्योंकि कथित तौर पर कांग्रेस के बैंक खाते आयकर विभाग ने फ्रीज कर दिए गए थे। पुरी लोकसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता संबित पात्रा और बीजू जनता दल से पूर्व आई.पी.एस. अधिकारी अरूप पटनायक चुनाव लड़ रहे हैं।

 

*****

 

उत्तर प्रदेश की दस लोकसभा सीटों पर मंगलवार 7 मई को होने वाले मतदान के लिए प्रचार चरम पर है। दस सीटों में संभल, हाथरस, आगरा, फ़तेहपुर सीकरी, फ़िरोज़ाबाद, मैनपुरी, एटा, बदायूं, आंवला और बरेली शामिल हैं। सभी की निगाहें समाजवादी पार्टी के पारंपरिक गढ़ मैनपुरी सीट पर होंगी, जहां पार्टी ने डिंपल यादव को मैदान में उतारा है। उत्‍तर प्रदेश सरकार में मंत्री जयवीर सिंह भरतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार हैं। बहुजन समाज पार्टी ने पूर्व विधायक शिव प्रसाद यादव यहां से टिकट दिया है। समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज शाम को मैनपुरी में रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल मैनपुरी से सटे इटावा में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। कल शाम चुनाव प्रचार समाप्त हो जायेगा।

 

*****

 

पांचवें चरण के लिए नामांकन पत्रों की आज जांच की जा रही है। सोमवार तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। नामांकन पत्र भरने का कल आखिरी दिन था। इस चरण में 20 मई को वोट डाले जाएंगे।

 

*****

 

भारत में हो रहे लोकसभा चुनाव प्रक्रिया को समझने के लिए 23 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के 75 सदस्‍य भारत पहुंच गये हैं। अपनी यात्रा के दौरान, प्रतिनिधि आज से शुरू होने वाले छह दिन के कार्यक्रम में भाग लेंगे। उच्चतम मानदण्डों के साथ आम चुनाव कराने की प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त करने के लिए, निर्वाचन आयोग ने इन प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है। एक रिपोर्ट….

 

निर्वाचन आयोग ने कहा है कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशी चुनाव प्रबंधन निकायों को भारत की चुनावी प्रणाली की बारीकियों और दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र द्वारा उपयोग की जाने वाली सर्वोत्तम प्रथाओं से परिचित कराना है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार और चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और डॉ. सुखबीर सिंह संधू कल प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। इसके पश्‍चात ये प्रतिनिधि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव और संबंधित तैयारियों को जानने के लिए छह राज्योंमहाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश का दौरा करेंगे। इस कार्यक्रम का समापन इस महीने की 9 तारीख को होगा। पल्लवी परमार के साथ अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

*****

 

लोकसभा चुनावों के दौरान राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के प्रमुख निर्वाचन क्षेत्रों की प्रोफाइल श्रृंखला में, आज जानकारी जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर लोकसभा क्षेत्र की। जम्मू संभाग में दो निर्वाचन क्षेत्रों के लिए पहले दो चरणों में मतदान हो चुका है। शेष तीन संसदीय क्षेत्रों में चौथे, पांचवें और छठे चरण में वोट डाले जाएंगे। एक रिपोर्ट…

 

चौथे चरण में श्रीनगर सीट के लिए मतदान की तैयारियां जोर पकडती करती जा रही हैं, और हर गुजरते दिन के साथसाथ राजनीतिक गतिविधियां तेज हो रही हैं। प्रमुख राजनीतिक दल और उनके स्टार प्रचारक मतदाताओं को लुभाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ रहे हैं। निर्वाचन क्षेत्र श्रीनगर के लिए कुल 24 उम्‍मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्‍मत आजमाएंगे। नेशनल कॉन्फ्रेंस पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी और अपनी पार्टी के नेताओं के बीच इस सीट पर त्रिकोणीय मुकाबला देखने को मिल सकता है। पूरे निर्वाचन क्षेत्र में कुल 2 हजार एक सौ 35 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जबकि मतदाताओं की कुल संख्या 17 लाख 44 हजार से अधिक है। चुनाव आयोग ने प्रतिकूल मौसम की स्थिति के कारण तीसरे चरण में तयशुदा अनंतनाग राजौरी निर्वाचन क्षेत्र का चुनाव छठे चरण यानी 25 मई के लिए स्‍थगित कर दिया है। आकाशवाणी समाचार के लिए, श्रीनगर से मैं सुन‍ील कौल।

 

*****

 

भारत का कहना है कि ऑनलाइन कट्टरपंथ वैश्विक सुरक्षा के लिए एक बडी चुनौत‍ी है। हाल ही में फ्रांस के ल्योन में संपन्‍न नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के प्रमुखों के 19वें इंटरपोल सम्मेलन में केन्‍द्रीय अन्‍वेषण ब्‍यूरो-सीबीआई के निदेशक प्रवीण सूद ने संगठित अपराध, आतंकवाद और चरमपंथी विचारधाराओं की सांठ-गांठ की चुनौतियों का उल्‍लेख किया। श्री सूद ने कहा कि आतंकवाद अच्‍छा और बुरा नहीं हो सकता है। इस सम्‍मेलन का उद्देश्‍य अंतर्राष्‍ट्रीय अपराधों से निपटने के लिए इंटरपोल के एनसीबी के बीच परिचालनगत सहयोग को सशक्‍त बनाना है।

 

*****

 

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने चिकित्‍सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कल आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-नीट के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। यह परीक्षा देशभर के पांच सौ 57 शहरों और देश से बाहर 14 शहरों के विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होगी। इस परीक्षा में 24 लाख से अधिक परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा दोपहर दो बजे से शाम पांच बजकर बीस मिनट तक चलेगी।

 

*****

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु हिमाचल प्रदेश के पांच दिन के दौरे पर आज सुबह शिमला पहुंचीं। शिमला के पास कल्याणी हेलीपैड पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनका स्वागत किया। राष्ट्रपति को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। हमारे संवाददाता ने बताया है कि बाद में वे मशोबरा में राष्ट्रपति निवास द रिट्रीट के लिए रवाना हुईं।

 

राष्ट्रपति कल 5 मई को कुफरी स्थित कैचमेंट एरिया का दौरा करेंगी। छह मई को राष्ट्रपति धर्मशाला स्थित केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में बतौर मुख्‍य अतिथि शिरकत करेंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 7 मई को शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थिएटर में सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी हिस्सा लेंगी। 8 मई को राष्ट्रपति का वापस दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। उनके दौरे को देखते हुए शिमला शहर, अनाडेल और कल्याणी हेलीपैड पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रितेश कपूर, आकाशवाणी समाचार, शिमला।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम साढे सात बजे बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्‍नास्‍वामी स्‍टेडियम में गुजरात टाइटंस से होगा और गुजरात की टीम अंक तालिका में आठवें जबकि बेंगलुरु सबसे नीचे दसवें स्‍थान पर है। कल कोलकाता नाइट राइडर्स ने मुंबई इंडियंस को 24 रन से हराया। अंक तालिका में कोलकाता दूसरे स्थान बनी हुई है जबकि मुंबई की टीम प्‍ले ऑफ की दौड से बाहर हो गई है।

 

*****

 

बहामास के नासाउ में विश्व एथलेटिक्स रिले प्रतियोगिता आज से शुरू होगी। यह पेरिस ओलंपिक में कोटा हासिल करने के लिए क्वालीफाइंग प्रतिस्‍पर्धा है। प्रतियोगिता में भारतीय पुरुष, महिला और मिक्‍स 4×400 मीटर टीम उतरेगी।

 

*****

 

हरियाणा के मुख्‍य सचिव टीवीएसएन प्रसाद ने कहा कि प्रवर्तन एजेंसियों ने आज 34 करोड 77 लाख रुपये जब्‍त किये हैं। इस जब्‍ती में नकदी, शराब, ड्रग, कीमती धातु और अन्‍य विभिन्‍न वस्‍तुएं शामिल हैं। यह जब्‍ती चुनावी प्रक्रिया के दौरान गैर कानूनी गतिविधियों को नियंत्रित करने के कडे उपायों को रेखांकित करती है।

 

*****

 

सीमा सडक संगठन-बी.आर.ओ. का 65वां स्‍थापना दिवस मनाने के लिए प्रोजेक्‍ट स्‍वास्तिक ने उत्‍कृष्‍टता और समुदाय से संपर्क के प्रति संगठन की प्रतिबद्धता दिखाने के लिए कई शानदार कार्यक्रमों का आयोजन किया। उत्तरी सिक्किम के मनमोहक भू-दृश्‍यों के बीच प्रोजेक्‍ट स्‍वास्तिक ने दुर्गम तराईयों से होकर गुजरने वाली नौ कुशल बाइकरों की एक शानदार बाइक रैली का आयोजन किया। यह रैली सुप्रसिद्ध रंगमा पर्वत श्रेणी से शुरू होकर लाचेन, जीमा, दोंख्‍याला पास और लाचूंग सहित कई सुन्‍दर स्‍थानों से होकर गुजरी।

 

*****

 

उत्तराखण्‍ड के मसूरी-देहरादून मार्ग के पास झडीपानी में आज सुबह हुई एक सडक दुर्घटना में पांच लोग मारे गए हैं, और एक व्‍यक्ति गंभीर रूप से घायल है। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार दुर्घटना तब हुई जब एक वाहन सडक से फिसलकर खाई में गिर गया। पुलिस और एसडीआरएफ ने घटनास्‍थल पर राहत और बचाव कार्य पूरा कर लिया है।

 

*****

 

मौसम विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों में पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र तेलंगाना, कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, झारखंड और तमिलनाडु में भीषण गर्मी का प्रकोप रहेगा। मध्य महाराष्ट्र, मराठावाड़ा, सौराष्ट्र, कच्छ और पश्चिम राजस्थान में भी अगले दो-तीन दिन यहीं स्थिति जारी रह सकती है। इस बीच, अगले पांच दिनों में पूर्वोत्‍तर भारत में कई जगहों पर गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। दिल्ली में, आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तेज हवाओं के साथ धूल भरी आंधी चलने की संभावना व्‍यक्‍त की गई है। अधिकतम तापमान 38 और और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री के  आसपास रिकार्ड किया जा सकता है।

 

*****

 

भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र ने पूर्वानुमान व्‍यक्‍त किया है कि केरल और तमिलनाडु के समुद्र में ऊंची लहरों का प्रकोप रह सकता है। यह स्थिति आज रात साढे 11 बजे तक बनी रह सकती है। फिलहाल समुद्र की लहरें शांत है। केरल के समुद्री तट पर अभी तक ऊंची लहरें उठने की कोई खबर नहीं है। नीचे के तटीय क्षेत्रों में ऊंची लहरों के कारण समुद्र जल स्‍तर में वृद्धि होने की आशंका से केरल में रेड अलर्ट जारी किया गया है। लोगों को समुद्र तट पर नहीं जाने की सलाह दी गई है और अन्य गतिविधियों को भी रोकने का सुझाव दिया गया है।

 

*****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :

  • प्रधानमंत्री और वरिष्‍ठ भाजपा नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- एन.डी.ए. सरकार के पिछले 10 वर्षों के शासन में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये।
  • कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा ने किसानों और श्रमिकों के कल्‍याण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • देश में लोकसभा चुनाव प्रक्रिया देखने के लिए 23 देशों के चुनाव प्रबंधन निकायों के 75 सदस्‍य भारत पहुंचे।
  • भारत ने कहा- ऑनलाइन कट्टरपंथ वैश्विक सुरक्षा के लिए एक बडी चुनौत‍ी।
  • राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए की चिकित्‍सा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली परीक्षा कल।
  • और आईपीएल में आज शाम बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला गुजरात टाइटंस से।

 

*****