Download
Mobile App

android apple
signal

July 22, 2025 3:53 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। श्री धनखड ने स्‍वास्‍थ्‍य कारणों का हवाला देते हुए कल अपने पद से इस्तीफा दिया।

 

  • विपक्ष ने संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया, ऑपरेशन सिंदूर और बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की माँग की।

 

  • महाराष्ट्र सरकार ने 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में सभी 12 आरोपियों को बरी करने के बम्‍बई उच्च न्यायालय के फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी।

 

  • भारतीय सेना को अमरीका से अपाचे हेलीकॉप्टरों की पहली खेप मिली।

 

  • ढाका में बांग्लादेश वायु सेना के जेट विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हुई।

 

  • दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी आज जॉर्जिया में फिडे महिला शतरंज विश्व कप के सेमीफाइनल में चीनी प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला करेंगी।

 

——

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने श्री जगदीप धनखड़ के अच्‍छे स्‍वास्‍थ्‍य की कामना की है। स्‍वास्‍थ्‍य कारणों से श्री धनखड ने  कल उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा दे दिया था। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि श्री धनखड़ को भारत के उपराष्ट्रपति सहित विभिन्न पदों पर देश की सेवा करने के कई अवसर मिले।

 

——

 

राज्‍यसभा में 12 बजे प्रश्‍नकाल के तुरंत बाद पीठासीन अधिकारी घनश्‍याम तिवारी ने उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ के त्‍यागपत्र से जुड़ी गृहमंत्रालय की अधिसूचना के बारे में सदन को बताया। 

 

इससे पहले सुबह सदन की कार्यवाही के दौरान उपसभापति हरिवंश ने बताया‍ कि उपराष्‍ट्रपति कार्यालय में रिक्ति से जुड़ी आगे की संवैधानिक प्रक्रिया के बारे में जानकारी मिलने पर बताया जाएगा।

 

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कल स्‍वास्‍थ्‍य कारणों का हवाला देते हुए त्‍यागपत्र दे दिया था।

 

——

 

लोकसभा और राज्‍यसभा की कार्यवाही विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण कल तक के लिए स्‍थगित कर दी गई।

 

—–

 

इससे पहले दोनों सदनों की कार्यवाही विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामें के कारण दो बजे तक के लिए स्‍थगित कर दी गई थी। पहले स्‍थगन के बाद दोपहर 12 बजे लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने पर विपक्षी सदस्‍यों ने आपरेशन सिंदूर और बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण तथा अन्‍य मुद्दों पर चर्चा की मांग को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी करते हुए वे सदन के बीचोंबीच आ गए। उस समय पीठासीन अधिकारी भाजपा सांसद जगदम्बिका पाल ने विपक्षी सांसदों से सदन को चलने देने की अपील की लेकिन हंगामा जारी रहा।

 

आप लोगों से आग्रह करता हूं। इसको सदन को फिर मजबूर कर रहे हैं। हम सदन को स्थगित कर रहे हैं। आप से आज भी आग्रह है कि आप इस सदन को मैं चलाना चाहता हूं।

 

संसदीय कार्य राज्‍य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने भी सदन के सुचारू संचालन में विपक्ष से सहयोग का आग्रह किया। इससे पहले, लोकसभा की कार्यवाही 11 बजे शुरू होने पर विपक्षी सदस्‍यों ने हंगामा किया। लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा कि प्रश्‍नकाल में कृषि और किसानों से जुड़े प्रश्‍न उठाए जा रहे हैं, उन्‍होंने विपक्ष से प्रश्‍नकाल चलने देने की अपील की।

 

मेरा आप सबसे आग्रह है। अपनी-अपनी सीट पर जायें। बैठें और किसानों के महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा करें। ताकि हम देश के किसान के कल्याण के विषय पर व्यापक चर्चा सदन में कर सकें।

 

विपक्षी सदस्यों का विरोध जारी रहने के बीच लोकसभा अध्यक्ष ने सदन की कार्यवाही 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

 

माननीय सदस्य गण ये सदन चर्चा-संवाद के लिए है, नारेबाजी के लिए नहीं है। आप सदन की मर्यादा को बना कर रखें। तख्तियां लेकर मैं अलाव नहीं करूंगा। सदन की कार्यवाही आज 12 बजे तक के लिए स्थगित की जाती है।

 

केंद्रीय कृषि और किसान कल्‍याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी सदस्‍यों से संसद के सुचारू संचालन का अनुरोध किया।

 

मैं विपक्ष से प्रार्थना करता हूं। किसानों के सवाल को आने दें। जवाब देने को तैयार हैं। हम माननीय सांसद का जवाब को देंगे ही लेकिन सदन के माध्यम से हम किसानों को भी सरकार की योजना रखना चाहते हैं।

 

राज्‍यसभा की कार्यवाही में भी विभिन्‍न मुद्दों पर विपक्ष के हंगामे के कारण बाधा आई।

 

——

 

लोकसभा सांसद और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने कहा है कि बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर देश के लोकतांत्रिक मूल्यों से जुड़े सबसे महत्वपूर्ण मुद्दों में से एक है। संसद के बाहर आज उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन इस मुद्दे पर चर्चा की मांग कर रहा है।

 

——

 

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित विपक्षी सांसदों ने बिहार में चुनाव आयोग द्वारा की जा रही विशेष गहन पुनरीक्षण-एसआईआर प्रक्रिया के खिलाफ संसद के मकर द्वार पर आज विरोध प्रदर्शन किया।

 

——

 

बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण और राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर राजद- कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी महागठबंधन के सदस्यों के विरोध प्रदर्शन के कारण आज विधानसभा में अराजक स्थिति उत्पन्न हो गई।

 

सदन की कार्यवाही, लगातार व्यवधान के कारण नहीं चल सकी।

 

——

 

महाराष्‍ट्र सरकार ने 2006 के मुंबई ट्रेन विस्‍फोट मामले में सभी 12 आरोपियों को बरी करने के बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय के फैसले को सर्वोच्‍च न्‍यायालय में चुनौती दी है। सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने 24 जुलाई को सुनवाई करने पर सहमति व्‍यक्‍त की है।

 

11 जुलाई, 2006 को मुंबई की लोकल ट्रेन नेटवर्क में सिलसिलेवार बम विस्‍फोटों में 180 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी और बडी संख्‍या में लोग घायल हो गए थे। बम्‍बई उच्‍च न्‍यायालय ने कल विशेष अदालत के फैसले को यह कहते हुए पलट दिया कि सरकारी वकील आरोप सिद्ध करने में विफल रहे। न्‍यायाधीशों का कहना था कि यह स्‍पष्‍ट तरीके से साबित नहीं किया गया कि विस्‍फोट में किस तरह का बम इस्‍तेमाल हुआ। साथ ही दोष सिद्ध करने के लिए पर्याप्‍त सबूत भी पेश नहीं किए गए।

 

——

 

श्रम और रोजगार मंत्री डॉ.मनसुख मांडविया ने कहा है कि नई प्रौद्योगिकियां और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आने पर भी श्रमशक्ति और कार्यबल हमेशा प्रासंगिक रहेंगे। नई दिल्‍ली में आज तीसरे वैश्विक औद्योगिक संबंध सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए डॉ.मांडविया ने कहा कि कर्मचारियों के कल्‍याण के लिए उद्योगों, संघों और सरकार के बीच सहयोग महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा किे भारतीय रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार पिछले दशक में 17 करोड़ रोजगार के अवसर पैदा हुए और कर्मचारी भविष्‍य निधि संगठन में लगभग 16 करोड़ नए पंजीकरण हुए है।

 

——

 

प्रसार भारती के मुख्‍य कार्यकारी अधिकारी और एशिया पेसेफिक इंस्टीट्यूट फॉर ब्रॉडकास्टिंग डेवलपमेंट जनरल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष गौरव द्विवेदी ने कहा कि प्रसार भारती भविष्य की जरूरतों को पूरा करने के लिए समाचार कक्ष में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से संचालित समाधानों का परीक्षण कर रहा है। श्री द्विवेदी ने यह बात कंबोडिया के सिएम रीप में 20वें एशियाई मीडिया सम्‍मेलन के उद्घाटन सत्र में कही।

 

श्री द्विवेदी ने कहा कि सार्वभौमिक पहुंच का सिद्धांत भारत में लोक सेवा प्रसारण के केंद्र बिंदु में है।

 

——

 

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन, इसरो इस महीने की 30 तारीख को शाम चार बजकर 40 मिनट पर श्रीहरिकोटा से निसार भू अवलोकन उपग्रह का प्रक्षेपण करेगा। एक रिपोर्ट

 

नासा के साथ मिलकर तैयार किये गए निसार सेटेलाइट आकाश से भूमि की निखर चित्र प्राप्‍त करेगा। यह पहली बार कोई सेटेलाइट दो रैडार का प्रयोग कर रहा है। नासा द्वारा तैयार किए गए एलबैंड रैडार समुंद्र और जंगल के भीतर हो रहे बदलाव की जानकारी देगा और इसरो द्वारा बनाए गए एसबैंड रैडार, भूमि के ऊपर हो रहे गतिविधियों की जानकारी दे पाएगा। स्‍वीपसार टेक्‍नोलॉजी का उपयोग भी पहली बार हो रहा है, जिससे भूमि के बड़े भाग की उत्‍तम तस्‍वीर मिल पाएगी। सुधीन्‍द्रा, आकाशवाणी समाचार, बैंगलुरू।

 

——

 

तिरुवनंतपुरम हवाई अड्डे पर 14 जून को आपातकालीन लैंडिंग करने वाला ब्रिटिश नौसेना का एफ-35 लड़ाकू विमान आज मरम्मत के बाद आज रवाना हो गया। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस विमान का मरम्मत कार्य ब्रिटेन के इंजीनियरिंग दल ने छह जुलाई से शुरू किया था।

 

——

 

भारतीय सेना को और ताकत देने के लिए अमरीका से अपाचे हेलीकॉप्‍टर की पहली खेप आज भारत पहुंची। भारी मात्रा में हथियार बरसाने और उन्‍नत युद्ध क्षमताओं के कारण इन अत्‍याधुनिक हेलीकॉप्‍टरों को अक्‍सर हवा में टैंक कहा जाता है। अपाचे हेलीकॉप्‍टरों में उन्‍नत हथियार तथा सेंसर लगे हैं। इसमें सभी मौसम अनुकूल संचालन क्षमता है। इससे भारतीय सेना की हवाई क्षमता को और अधिक बल मिलेगा। भारतीय वायुसेना ने अमरीकी सरकार और बोइंग के साथ 2015 में एक समझौते के अंतर्गत 22 अपाचे हेलीकॉप्‍टरों की खरीद की थी।

 

——

 

बांग्लादेश विमान दुर्घटना में मरने वालों की संख्या 27 हो गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अबतक 20 शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

 

ताज़ा जानकारी के अनुसार, ढाका में माइलस्टोन स्कूल की इमारत से टकराए विमान में मरने वालों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जिनमें से 25 बच्चों के होने की पुष्टि हुई है। ढाका के विभिन्न अस्पतालों में कम से कम 78 लोगों का इलाज चल रहा है और इनमें से पाँच की हालत गंभीर है। इस बीच, बांग्लादेश में सैन्य और नागरिक उड्डयन विशेषज्ञों ने ढाका जैसे शहर में लड़ाकू जेट प्रशिक्षण संचालित करने के तर्क पर सवाल उठाया है, जबकि वायु सेना के पास देश के अन्य ठिकानों से इस तरह का प्रशिक्षण आयोजित करने का विकल्प मौजूद है। नवलसंग परमार/आकाशवाणी समाचार/ढाका

 

——

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि राष्ट्र और समाज के लिए जीवन समर्पित करना जीवन जीने का सबसे अच्छा तरीका है। राष्ट्रपति मुर्मु ने यह बात आज नई दिल्‍ली में राष्‍ट्रपति भवन में 2018-2021 के लिए 52वें राष्ट्रपति स्काउट्स एंड गाइड पुरस्‍कार समारोह को संबोधित करते हुए कही। राष्ट्रपति ने भारत स्काउट्स एंड गाइड के 16 स्काउट्स, गाइड, रोवर्स और रेंजर्स को उनके अनुशासन सामाजिक सेवा, नेतृत्व और अमूल्‍य योगदान के लिए पुरस्कार और प्रमाण पत्र से सम्मानित किया।

 

——

 

जॉर्जिया के बटुमी में आज फिडे महिला शतरंज विश्वकप के सेमीफाइनल में दो भारतीय खिलाड़ी शामिल होंगी। एक सेमीफाइनल में दिव्या देशमुख का सामना चीन की ग्रैंड मास्टर टैन झोंगयी से होगा, जबकि कोनेरू हम्पी का मुकाबला आज शाम ग्रैंड बेलाजियो में चीन की ग्रैंड मास्टर लेई टिंगजी से होगा।

 

कल दिव्या देशमुख भी एक अन्य भारतीय हरिका द्रोणावल्ली को रैपिड टाई ब्रेक में 2-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुँची थीं।

 

——

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ के बेहतर स्वास्थ्य की कामना की। श्री धनखड ने स्‍वास्‍थ्‍य कारणों का हवाला देते हुए कल अपने पद से इस्तीफा दिया।

 

  • विपक्ष ने संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया, ऑपरेशन सिंदूर और बिहार में विशेष गहन पुनरीक्षण पर चर्चा की माँग की।

 

  • महाराष्ट्र सरकार ने 2006 के मुंबई ट्रेन विस्फोट मामले में सभी 12 आरोपियों को बरी करने के बम्‍बई उच्च न्यायालय के फैसले को सर्वोच्च न्यायालय में चुनौती दी।

 

  • भारतीय सेना को अमरीका से अपाचे हेलीकॉप्टरों की पहली खेप मिली।

 

  • ढाका में बांग्लादेश वायु सेना के जेट विमान दुर्घटना में मृतकों की संख्या बढ़कर 27 हुई।

 

  • दिव्या देशमुख और कोनेरू हम्पी आज जॉर्जिया में फिडे महिला शतरंज विश्व कप के सेमीफाइनल में चीनी प्रतिद्वंद्वियों से मुकाबला करेंगी।

 

——