Download
Mobile App

android apple
signal

April 30, 2024 4:55 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्य समाचार:

  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – एनडीए सरकार ने पिछले दस वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।
  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आश्‍वासन दिया – पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना शुरू की जाएगी।
  • एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने नौसेना प्रमुख का पदभार संभाला।
  • छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गये।
  • हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण अटल सुरंग और धुंदी में फंसे छह हजार पर्यटकों को  सुरक्षित निकाला गया।
  • राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग आज से रांची में शुरू हुई।
  • महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट में आज सिलहट में भारत का मुकाबला मेजबान बांग्लादेश से।

*****

लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण का प्रचार अभियान तेज हो गया है। विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रमुख प्रचारक लगातार रैलियां कर रहे हैं। इस चरण में 10 राज्‍यों और 2 केन्‍द्र शासित प्रदेशों में सात मई को मतदान होगा।

*****

प्रधानमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मोदी सरकार के 10 वर्ष और कांग्रेस के 60 वर्ष के शासन के बीच का अंतर जनता देख रही है। महाराष्ट्र के माढा में आज एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने यह बात कही। श्री मोदी ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रधानमंत्रियों ने गरीबी हटाएंगे का नारा दिया था, लेकिन यह एनडीए की सरकार है जिसने पिछले दस वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला है।

 

जब देश में मजबूत सरकार होती है तो उसका ध्यान वर्तमान के साथ ही भविष्य की योजनाओं पर भी होता है यही सोचकर आज भाजपा सरकार रेल रोड एयरपोर्ट पर अभूतपूर्व खर्च कर रही है जितना कांग्रेस सरकार ने अपने 10 साल में खर्च किया उतना आज हम 1 साल में खर्च कर रहे हैं तभी तो आज आप हर तरफ आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर देख रहे हैं।

     

प्रधानमंत्री ने आज ही उस्मानाबाद में भी चुनाव प्रचार किया। बाद में वे लातूर में जनसभाओं को संबोधित करेंगे।

*****

श्री मोदी का आज तेलंगाना में जहीराबाद संसदीय क्षेत्र के अल्‍लादुर्ग में जनसभा को संबोधित करने का भी कार्यक्रम है। पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह कल हैदराबाद में चुनाव प्रचार करेंगे।

*****

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आश्‍वासन दिया है कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो महिलाओं और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता योजनाएं चलाई जाएंगी। मध्य प्रदेश के भिंड में आज एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीबों के हितों के खिलाफ काम कर रही है।

*****

समाजवादी पार्टी के अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने ऐटा में बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने बँदायू में प्रचार किया तथा अन्‍य दलों के प्रमुख नेता देश के विभिन्‍न हिस्‍सों में प्रचार में शामिल हो रहे हैं।

*****

मणिपुर में, बाहरी मणिपुर संसदीय क्षेत्र के छह मतदान केन्‍द्रों पर आज पुन: मतदान हो रहा है। उखरूल जिले में पांच मतदान केन्‍द्रों और सेनापति में एक केन्‍द्र पर मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ। यह शाम चार बजे तक चलेगा। इन केन्‍द्रों पर 26 अप्रैल को वोट डाले गये थे, लेकिन निर्वाचन आयोग ने इसे निरस्‍त करते हुए फिर मतदान के आदेश दिये।

*****

तेलंगाना में दो सौ करोड़ रुपये से अधिक मूल्‍य की नकदी, शराब और अन्य वस्तुएं जब्त की गई है, इन्‍हें मतदाताओं को लुभाने के लिए इस्‍तेमाल किया जाना था। निर्वाचन अधिकारियों ने बताया है कि लोकसभा चुनाव की घोषणा के पहले एक पखवाड़े में कल तक जब्त की गई कुल सामग्री का मूल्य 202 करोड़ 52 लाख रुपये से अधिक है।

*****

गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के वरिष्‍ठ नेता अमित शाह ने कांग्रेस पर गलत सूचना फैलाने का आरोप लगाया है। गुवाहाटी में श्री शाह ने आश्‍वस्‍त किया कि भाजपा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्‍य पिछडा वर्ग के आरक्षणों का समर्थन करती है।

*****

लोकसभा चुनाव के दौरान राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्‍य निर्वाचन क्षेत्रों के प्रोफाइल की जानकारी दी जा रही हैं। इस श्रृंखला में आज हम गुजरात के पोरबंदर लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र पर एक रिपोर्ट प्रस्‍तुत कर रहे हैं।

 

गुजरात के पश्चिमी भाग में स्थित पोरबंदर लोकसभा क्षेत्र महात्मा गांधी जी के जन्म स्थल के लिए प्रसिद्ध है। इस क्षेत्र की रचना 1977 में हुई थी। स्वराज की राजनीतिक लिहाज से यह काफी महत्वपूर्ण सीट है पिछले कई वर्षों में कांग्रेस जनता दल और भाजपा जैसे विभिन्न दलों के सांसदों ने पोरबंदर का प्रतिनिधित्व किया था। 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा के रमेश भाई धणुक ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। इस चुनाव में भाजपा ने वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडवीया को मैदान में उतारा है। जिनका मुकाबला वरिष्ठ कांग्रेस नेता ललित वसोया से होगा इन दो समेत इस सीट पर कुल 11 उम्‍मीदवार मैदान में है। जिनमें 6 निर्दलीय उम्मीदवार भी शामिल है। इन सभी की किस्मत का फैसला इस निर्वाचन क्षेत्र के 17 लाख 18 हजार मतदाता करेंगे। अपर्णा कुंड आकाशवाणी समाचार अहमदाबाद

*****

पंजाब के पूर्व अपर पुलिस महानिदेशक गुरिंदर ढिल्‍लों आज कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्‍हें नई दिल्‍ली स्थित पार्टी मुख्‍यालय में पंजाब कांग्रेस प्रभारी देवेन्‍द्र यादव की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल किया गया।

*****

जननायक जनता पार्टी के हरियाणा के पूर्व अध्‍यक्ष निशान सिंह कल चंडीगढ के पार्टी कार्यालय में अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। वे पूर्व मुख्‍यमंत्री और विपक्ष के नेता भूपिन्‍दर सिंह हुड्डा तथा राज्‍य कांग्रेस अध्‍यक्ष चौधरी उदयभान की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए।

*****

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने आज नौसेना प्रमुख का पदभार संभाल लिया है। उन्होंने एडमिरल आर हरि कुमार का स्थान लिया। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बात करते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि भारतीय नौसेना को समुद्र के रास्‍ते होने वाले संभावित युद्ध की स्थिति के लिए हर समय तैयार रहना आवश्‍यक है।

 

श्री त्रिपाठी ने इस बात पर बल दिया कि वे नई प्रौद्योगिकियों के इस्‍तेमाल से और विकास के लिए ‘आत्मनिर्भरता’ के साथ नौसेना के वर्तमान प्रयासों को मजबूती प्रदान करेंगे।

 

एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने पश्चिमी नौसेना कमान में फ्लैग ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ के रूप में कार्य किया है। संचार और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध विशेषज्ञ के तौर पर उन्होंने नौसेना की अग्रिम पंक्ति के युद्धपोतों पर सिग्नल संचार अधिकारी और इलेक्ट्रॉनिक युद्ध अधिकारी के रूप में कार्य किया। श्री त्रिपाठी ने गाइडेड मिसाइल डिस्ट्रॉयर आईएनएस मुंबई में कार्यकारी अधिकारी और प्रधान युद्ध अधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं। एडमिरल त्रिपाठी को कर्तव्य के प्रति निष्‍ठा और समर्पण के लिए अति विशिष्ट सेवा पदक और नौसेना पदक प्रदान किया जा चुका है। दुर्गेश की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं स्‍पर्श सक्‍सैना

*****

राष्ट्रीय महिला आयोग ने जनता दल सेक्‍यूलर के नेता प्रज्वल रेवन्ना से संबंधित कथित यौन शोषण मामले में कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्‍यक्ष रेखा शर्मा ने मामले पर स्वत: संज्ञान लेते हुए कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखकर आरोपियों पर कार्रवाई करने को कहा है। उन्होंने तीन दिन के भीतर मामले की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने को भी कहा है।

*****

कर्नाटक में, हासन से जनता दल-सेक्‍यूलर के सांसद प्रज्वल रेवन्ना के यौन शोषण के कथित वायरल हुए वीडियो के कारण उन्‍हें आज पार्टी से निलंबित कर दिया गया। वह पूर्व प्रधानमंत्री देवेगौड़ा के पोते और होलेनरासीपुर से विधायक एच.डी. रेवन्ना के बेटे हैं। प्रज्‍वल रेवन्‍ना हासन से लोकसभा चुनाव के लिए उम्‍मीदवार भी हैं। एक पीड़िता की शिकायत के आधार पर प्रज्वल रेवन्ना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज की गई थी और राज्य सरकार ने इन आरोपों की एस.आई.टी. जांच के आदेश दिए हैं।

*****

छत्तीसगढ के बस्‍तर संभाग में एक मुठभेड में अबतक दो महिला नक्‍सली सहित सात नक्‍सली मारे गए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार नारायणपुर जिले के अबूजमाड़ के जंगलों में यह मुठभेड हुई।

     

तलाशी अभियान के दौरान टेकमेटा और काकूर गांव के निकट के जंगलों में सुरक्षा बलों तथा नक्‍सलियों के बीच जबरदस्‍त गोलीबारी हुई।

     

सुरक्षा बलों ने घटना स्‍थल से एक एके-47 राइफल और भारी मात्रा में गोला बारूद बरामद किए हैं।

*****

उत्तराखंड के कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों में जंगल की आग की स्थिति में सुधार हुआ है। सभी विभाग अब हाई अलर्ट पर हैं और वन विभाग आग की घटनाओं पर निगरानी तथा रोकथाम के लिए चौबीसों घंटे कार्य कर रहा है। इसके अलावा, वन क्षेत्रों में आग लगाने के लिए जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ उचित कदम उठाए जा रहे हैं।

     

नैनीताल जिले में भी आग पर प्रभावी तरीके से काबू पाया गया है। लोगों की सुविधा और सूचना देने के लिए वन विभाग ने टोल-फ्री नंबर जारी किए हैं। इन नम्‍बरों पर राज्य में कहीं भी जंगल की आग की जानकारी दी जा सकती है।

  

नम्‍बर इस प्रकार हैं- 1800 1804 141 और 013- 52 74 45 58

*****

बिहार के भागलपुर जिले में कल रात एक राष्‍ट्रीय राजमार्ग संख्‍या अस्‍सी पर एक ट्रक और एक चार पहिया वाहन की टक्‍कर से हुई दुर्घटना में दो बच्चों समेत छह लोगों की मृत्‍यु हो गई। भागलपुर के जिलाधिकारी नवल किशोर चौधरी ने बताया कि एक घायल का इलाज भागलपुर के जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल में किया जा रहा है।

     

दुर्घटना में मारे गए लोग भागलपुर जिले के मुंगेर से कहलगांव जा रहे थे।

*****

विदेश सचिव विनय क्‍वात्रा ने आज नई दिल्‍ली में संयुक्‍त अरब अमीरात के अंतरराष्‍ट्रीय सहयोग के मंत्री रीम अल हाशिमी से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान उन्‍होंने बहुआयामी द्विपक्षीय संबंधों को लेकर विस्‍तृत समीक्षा की तथा भारत-संयुक्‍त अरब अमीरात की व्‍यापक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के उपायों पर चर्चा की।

*****

भारत ने अमरीका के समाचार पत्र द वाशिंगटन पोस्‍ट की इस रिपोर्ट को खारिज कर दिया है। कि समाचार पत्र ने देश पर खलिस्‍तानी आतंकवादी गुरपतवंत सिंह पन्‍नू की हत्‍या की साजिश रचने का आरोप लगाया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्‍ता रणधीर जयसवाल ने अमरिकी दैनिक अखबार में छपी खबर को लेकर उठे सवालों पर कहा कि यह एक गंभीर मामले पर अनुचित और निराधार आरोप है।

*****

हिमाचल प्रदेश के लाहौल स्‍पीति के जनजातीय जिले में भीषण बर्फबारी के कारण जनजीवन अस्‍त व्‍यस्‍त हो गया है। बर्फ जमने  के कारण बारालाचा के बाहर मनाली-लेह राजमार्ग और अटल सुरंग तथा धुंदी के बीच वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। बचाव अभियान के तहत अटल सुरंग और धुंदी पर फंसे लगभग छह हजार यात्रियों को रात में सुरक्षित स्‍थानों पर पहुंचाया गया। इस बीच भूस्‍खलन के कारण सिस्‍सू के निकट सडक बंद है जिसके कारण तेलिंग के जरिए यातायात में परिवर्तन किया जा रहा है। इसके अलावा चंबा-भरमौर राष्‍ट्रीय राजमार्ग आज सुबह भूस्‍खलन के कारण बंद कर दिया गया। इस राजमार्ग को खोलने के प्रयास युद्ध स्‍तर पर जारी हैं। बेमौसम बरसात और बर्फबारी ने फसलों को नुकसान भी पहुंचाया है।

*****

तेलंगाना के नलगोंडा जिले के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी की स्थिति बनी हुई है और पिछले पांच दिन में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया जा रहा है। हैदराबाद मौसम केंद्र ने राज्य के कई जिलों में गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है और अनुमान है कि अगले पांच दिनों तक अधिकतम तापमान और बढ़ सकता है।

*****

मौसम विभाग ने पश्चिम बंगाल, ओडिशा, बिहार और झारखंड समेत देश के पूर्वी हिस्‍से में 2 मई तक तेज गर्मी और भीषण लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अगले 5 दिन के दौरान तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में गर्म और नमी के साथ लू की स्थिति बनी रहेगी।

*****

झारखंड में रांची के मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्‍ट्रोटर्फ स्‍टेडियम में आज आठ राज्‍यों की हॉकी टीम के बीच नेशनल हॉकी लीग की शुरुआत हुई। उद्घाटन मैच आज सुबह 7 बजे ओडिशा और हरियाणा के बीच खेला गया था। दूसरा मैच शाम 4 बजे महाराष्‍ट्र और मणिपुर के बीच खेला जाएगा। इसके अलावा मध्‍य प्रदेश और बंगाल के बीच एक मैच शाम 6 बजे से होगा। मेजबान टीम झारखंड और मिजोरम के बीच रात साढे आठ बजे मुकाबला होगा। यह प्रतियोगिता 9 मई तक जारी रहेगी।

*****

महिला क्रिकेट में बांग्‍लादेश के साथ पांच ट्वेंटी-ट्वेंटी मैचों की श्रृंखला में भारत आज दूसरा मुकाबला खेलेगा। यह मुकाबला साढे तीन बजे से शुरू होगा।

*****

आईपीएल क्रिकेट में आज लखनऊ के एकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाइंट्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा।

     

प्रतियोगिता कल शाम कोलकाता नाइट राइडर्स ने डेल्‍ही कैपिटल्स को सात विकेट से हरा दिया।

*****

कजाकिस्तान के अस्ताना में एशियन अंडर-22 और यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप 2024 में भारत के ब्रिजेश टम्टा, सागर जाखड़ और सुमित सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं।

*****

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :

  • प्रधानमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – एनडीए सरकार ने पिछले दस वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकाला।
  • कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने आश्‍वासन दिया – पार्टी के सत्ता में आने पर महिलाओं और युवाओं के लिए वित्तीय सहायता योजना शुरू की जाएगी।
  • एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी ने नौसेना प्रमुख का पदभार संभाला।
  • छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में सात माओवादी मारे गये।
  • हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के कारण अटल सुरंग और धुंदी में फंसे छह हजार पर्यटकों को सुरक्षित निकाला गया।
  • राष्ट्रीय महिला हॉकी लीग आज से रांची में शुरू हुई।
  • महिला ट्वेंटी-ट्वेंटी क्रिकेट में आज सिलहट में भारत का मुकाबला मेजबान बांग्लादेश से।

Most Read

View All

No posts found.