मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के नागरिकों के लिए ओ.सी.आई. कार्ड देने की घोषणा की। श्री मोदी ने यू.पी.आई. भुगतान प्रणाली अपनाने के लिए कैरेबियाई देश को बधाई दी।
- जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी। पांच हजार छह सौ से अधिक तीर्थयात्रियों ने हिम शिवलिंग के दर्शन किए।
- मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में कल से आठ जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया
- रूस, अफगानिस्तान में तालिबान सरकार को मान्यता देने वाला पहला देश बना।
- बर्मिंघम में भारत के साथ क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड तीन विकेट पर 77 रन के स्कोर से आगे खेलेगा।
- विम्बलडन टेनिस में भारत के एन श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के मिगुएल रेयेस की जोडी पुरुष डबल्स के दूसरे दौर में पहुंची।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो की यात्रा के दौरान भारतीय मूल के नागरिकों के लिए ओ.सी.आई. कार्ड देने की घोषणा की है। श्री मोदी ने यू.पी.आई. भुगतान प्रणाली अपनाने के लिए इस कैरेबियाई देश को बधाई दी। भारतीय समुदाय के लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय की यात्रा साहस से भरी है।
प्रधानमंत्री ने आज सुबह त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के यूनिफाइड पेमेंट इंटरफेस–यूपीआई ने डिजिटल भुगतान में क्रांतिकारी बदलाव किया है।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के नागरिक अब ओवरसीज सिटीजन ऑफ इंडिया कार्ड के लिए पात्र होंगे, जिससे वे बिना किसी प्रतिबंध के भारत में रह सकेंगे और काम कर सकेंगे।
प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय को अपनी पैतृक भूमि का दौरा करने और भारत के साथ अपने संबंधों को गहरा करने के लिए प्रोत्साहित किया।
प्रधानमंत्री कमला जी के पूर्वज बिहार के बक्सर में रहा करते थे। लोग इन्हें बिहार की बेटी मानते हैं। यहां उपस्थित अनेक लोगों के पूर्वज बिहार से ही आए हैं। बिहार की विरासत भारत के साथ ही दुनिया का भी गौरव है।
प्रधानमंत्री के रूप में त्रिनिदाद और टोबैगो की यह उनकी पहली यात्रा है। पोर्ट ऑफ स्पेन से साक्षी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के अगले चरण में आज अर्जेंटीना जा रहे हैं। श्री मोदी अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर मिलेई के निमंत्रण पर दो दिन की यात्रा पर वहां गए हैं। भारत के किसी भी प्रधानमंत्री की 57 वर्ष बाद अर्जेंटीना की यह पहली यात्रा है। उनकी यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच सहयोग और कार्यनीतिक भागीदारी बढ़ाने के उपायों पर चर्चा होगी।
लैटिन अमेरिका क्षेत्र में अर्जेंटीना भारत का एक प्रमुख सहयोगी रहा है। दोनों देशों के बीच कई क्षेत्रों में मजबूत और सामंजस्यपूर्ण संबंध हैं, जो दशकों पुराने हैं और समय के साथ और भी गहरे होते जा रहे हैं। साल 2019 से इन संबंधों को स्ट्रेटजिक पार्टनरशिप के रूप में भी देखा जा रहा है। हाल ही में 2024 में भारत और अर्जेंटीना के संबंधों को 75 वर्ष पूरे हुए। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष बातचीत में अर्जेंटीना में भारत के राजदूत अजनीश कुमार ने प्रधानमंत्री की यात्रा के दौरान चर्चा के संभावित क्षेत्रों के बारे में बताया।
अर्जेंटीना के लिए भी यह यात्रा महत्वपूर्ण है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो कॉसिनो ने बताया कि भारत विश्व में अपने आर्थिक स्थिति के बल पर एक काफी महत्वपूर्ण देश है।
दोनों देशों के बीच आर्थिक साझेदारी अब लिथियम, ऊर्जा सुरक्षा और परमाणु ऊर्जा के शांतिपूर्ण उपयोग जैसे नए और उभरते क्षेत्रों में भी बढ रही है और प्रधानमंत्री की यात्रा इन संबंधों को एक सकारात्मक दिशा में ले जाने में मदद करेगी। मनीष शिवा, आकाशवाणी समाचार, ब्यूनस आयर्स, अर्जेंटीना।
—–
कल से शुरू हुई 38 दिन की श्री अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। यात्रा कल दक्षिण-कश्मीर के अनंतनाग जिले में पहलगाम और मध्य-कश्मीर के गांदरबल जिले के बालतल से विधिवत शुरु हुई थी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों मार्गों से कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच श्रद्धालु सवेरे ही जाने शुरू हो गए।
आज सुबह पहलगाम मार्ग पर 3000 से अधिक भक्तों को चंदनवाड़ी की ओर जाने की अनुमति दी गई। बालतल गांदरबल बेस कैंप से 7700 से अधिक तीर्थयात्रियों को पवित्र गुफा की ओर जाने की अनुमति दी गई। अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12 बजे तक 5600 से अधिक तीर्थयात्रियों ने पवित्र गुफा में शिवलिंगम के दर्शन किए। इस बीच, 291 वाहनों में पुरुषों, महिलाओं, बच्चों, साधुओं आदि सहित 6000 से अधिक तीर्थयात्रियों के एक नये जत्थे को आज सुबह जम्मू के भगवती नगर बैस कैंप से रवाना किया गया। ये यात्री आज शाम तक अपने–अपने बेस कैंपों पर पहुँच जाएंगे। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
—–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज नई दिल्ली में डूरंड कप फुटबाल टूर्नामेंट 2025 की ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर राष्ट्रपति ने कहा कि खेलों से अनुशासन, दृढ़ निश्चय और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि भारत में खेल, राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम है।
भारत में खेल राष्ट्रीय एकीकरण का एक शक्तिशाली साधन रहे जो ओलंपिक में या किसी अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता में तिरंगा लहराता है तो सभी देशवासी रोमांचित हो जाते हैं। देवियों और सज्जनों फुटबॉल की लाखों लोगों के दिलों मे विशेष जगह है।
—–
गृहमंत्री अमित शाह ने आज महाराष्ट्र के पुणे में श्रीमंत बाजीराव पेशवा-प्रथम की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शाह ने कहा कि बाजीराव पेशवा ने कई महत्वपूर्ण युद्ध लडे। उन्होंने कहा कि सभी गुणों का उत्कृष्ट उदाहरण उनमें समाहित था। श्री शाह ने कहा कि भारत के मूल स्वरूप को बचाने में बाजीराव पेशवा ने अहम योगदान दिया।
युद्ध में देशभक्ति का भाव, युद्ध में बलिदान का भाव, वो ही सेनाओं को विजयी दिलाता है। हथियार बदलते रहते हैं और अगर ये सभी गुणों का सबसे उत्कृष्ट उदाहरण पांच सौ साल के भारतीय इतिहास में कहीं पर ढूंढना है तो मैं इतिहास के विद्यार्थी के नाते बेझिझक कह सकता हूं वो केवल श्रीमंत बाजीराव पेशवा में ही मिल सकता है।
—–
संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि भारतीय डाक पारंपरिक संदेश वितरण प्रणाली से बहुत आगे निकल गया है और यह अब देश भर में एक लाख 64 हज़ार से अधिक सेवा केन्द्रों के साथ देश का सबसे बड़ा लॉजिस्टिक्स नेटवर्क संचालित करता है। आकाशवाणी समाचार के साथ एक पॉडकास्ट में उन्होंने बताया कि डाक विभाग शीघ्र ही डिजीपिन (DigiPIN) शुरू करेगा, जो एक जियो-कोडेड एड्रेस सिस्टम है। यह देश के सबसे दूरदराज के क्षेत्रों में भी डाक पहुंचाने को सक्षम होगा।
आज सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में भारत विश्व का नेतृत्व कर रहा है तो यह डाक विभाग का एक अंग बने और इसलिए पहली बार डाक विभाग में एक चीफ टैक्नोलॉजी ऑफिसर को हमने रखा है। हर डाकिए के हाथ में जो पहले चिट्ठियों का बंडल होता था अब उसे हैंड हेल्ड पोर्टेबल मोबाइल के आधार पर हम लोगों ने लिया है। तो एक सिटीओ हमने पोजीशन की है और हर एक वर्टिकल के साथ एक वाइस सिटीओ हो, क्योंकि उस आईटी 2.0 सॉफ्टवेयर के आधार पर ही इसे एक लॉजिस्टिकल पावर हाउस हम लोग बनाना चाहते हैं।
—–
सडक परिवहन और राजमार्ग राज्यमंत्री अजय टम्टा ने कहा है कि देश में अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्र-ब्लैक स्पॉट की पहचान और विश्लेषण की तत्काल आवश्यकता है ताकि दुर्घटना के कारणों को समझा जा सके और इनसे निपटने के लिए उपाय लागू किये जा सकें। नई दिल्ली में सडक सुरक्षा और नवाचार कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री टम्टा ने सभी हितधारकों और शिक्षाविदों को लोगों के लिए सडक को ज्यादा सुरक्षित बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।
—–
गृहमंत्री अमित शाह ने आज गुजरात, हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड और छत्तीसगढ में अत्यधिक वर्षा होने के बीच इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की। श्री शाह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि राज्यों में पर्याप्त संख्या में राष्ट्रीय आपदा मोचन बल की टीमें तैनात की गई हैं और आवश्यकता पडने पर अतिरिक्त टीमें भेजी जाएंगी। उन्होंने मुख्यमंत्रियों को केंद्र सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
—–
हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों में कई स्थानों में बारिश की तीव्रता में थोड़ी कमी आई है। हालांकि मौसम विभाग ने राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में 5 जुलाई से 8 जुलाई तक मूसलाधार बारिश, आंधी और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। इसे देखते हुए विभाग ने अगले चार दिन के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार पिछले दिनों मूसलाधार बारिश के कारण इस मानसून सीजन में अब तक 69 लोगों की मृत्यु हुई और 37 लोग अब भी लापता हैं।
बीते दिनों की भारी बारिश के कारण प्रदेश में कई इलाकों में जनजीवन अभी भी अस्त–व्यस्त है। प्रदेश में 280 सड़कें यातायात के लिए अवरुद्ध हैं जबकि 3 सौ 32 बिजली ट्रांसफार्मर और 700 से अधिक पेयजल योजनाएं प्रभावित हैं। भारी बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं से मंडी ज़िला सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, यहाँ इस मानसून सीजन में अब तक 20 लोगों की मृत्यु हुई है जबकि 31 अन्य लापता हैं। उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन ने बताया कि एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। उधर, मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सभी अधिकारियों को प्रदेश में राहत और बचाव कार्यों में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
—–
मौसम विभाग ने अगले सात दिन के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तेज वर्षा जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने आज गुजरात, हिमाचल प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, उत्तराखंड और छत्तीसगढ़ के अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है।
—–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज स्वामी विवेकानंद को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित की। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि स्वामी विवेकानंद ने सेवा और करुणा के मार्ग पर चलने पर जोर दिया।
—–
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने अल्लूरी सीताराम राजू को उनकी 128वीं जयंती पर श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि अल्लूरी सीताराम राजू का बलिदान सभी को प्रेरित करता रहेगा।
—–
रूस ने कल कहा कि उसने अफ़गानिस्तान के नए राजदूत का परिचय पत्र स्वीकार कर लिया है। इसके साथ ही वह तालिबान सरकार को मान्यता देने वाला पहला देश बन गया है। एक बयान में रूस के विदेश मंत्रालय ने कहा कि उसे अफ़गानिस्तान के साथ संबंध विकसित करने की अच्छी संभावनाएँ दिख रही हैं और वह सुरक्षा, आतंकवाद-रोधी और नशीली दवाओं के अपराधों से निपटने में काबुल का समर्थन करना जारी रखेगा।
—–
विम्बलडन टेनिस में, भारत के एन श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के मिगुएल रेयेस की जोडी पुरुष डबल्स के दूसरे दौर में पहुंच गई है। दूसरे दौर में बालाजी और रेयेस-वरेला का सामना स्पेन के चौथी वरीयता प्राप्त मार्सेल ग्रैनोलर्स और अर्जेंटीना के होरासियो ज़ेबालोस की जोडी से होगा।
—–
क्रिकेट में, एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड आज तीन विकेट पर 77 रन के स्कोर से खेलना शुरू करेगा। मैच दोपहर बाद साढ़े तीन बजे शुरू होगा।
—–
एशियाई बाजारों से कमजोर संकेतों के चलते घरेलू शेयर बाजार सूचकांक-सेंसेक्स और निफ्टी में आज दोपहर के कारोबार में मामूली गिरावट आई। अंतिम समाचार मिलने सेंसेक्स 87 अंक गिरकर 83 हजार 152 पर और निफ्टी 31 अंक गिरकर 25 हजार 374 पर आ गया।
—–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिनिदाद और टोबैगो में भारतीय मूल के नागरिकों के लिए ओ.सी.आई. कार्ड देने की घोषणा की। श्री मोदी ने यू.पी.आई. भुगतान प्रणाली अपनाने के लिए कैरेबियाई देश को बधाई दी।
- जम्मू-कश्मीर में अमरनाथ यात्रा सुचारू रूप से जारी। पांच हजार छह सौ से अधिक तीर्थयात्रियों ने हिम शिवलिंग के दर्शन किए।
- मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश में कल से आठ जुलाई तक मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- रूस, अफगानिस्तान में तालिबान सरकार को मान्यता देने वाला पहला देश बना।
- बर्मिंघम में भारत के साथ क्रिकेट टेस्ट मैच के तीसरे दिन इंग्लैंड तीन विकेट पर 77 रन के स्कोर से आगे खेलेगा।
- विम्बलडन टेनिस में-भारत के एन श्रीराम बालाजी और मैक्सिको के मिगुएल रेयेस की जोडी पुरुष डबल्स के दूसरे दौर में पहुंची।
*****