मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचेंगे। श्री मोदी घाना की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे
- क्वाड सदस्य देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। अपराधियों के खिलाफ बिना किसी देरी के कार्रवाई करने का आह्वान किया।
- भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के अध्ययनों में कोविड टीकों और युवाओं की अचानक मौत के मामलों के बीच कोई संबंध नहीं पाया गया।
- मौसम विभाग ने देश के उत्तर और मध्य क्षेत्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- क्रोएशिया में ग्रैंड शतरंज टूर के तीसरे चरण में मैग्नस कार्लसन और डी गुकेश के बीच फिर से मुकाबला होगा।
- और, बर्मिंघम में भारत तथा इंग्लैंड के बीच दूसरा क्रिकेट टेस्ट मैच आज से। कप्तान शुभमन गिल ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता की पुष्टि की।
—————————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों घाना, त्रिनिदाद और टोबैगो, अर्जेंटीना, ब्राजील और नामीबिया की यात्रा पर आज सवेरे रवाना हुए। पिछले 30 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली घाना यात्रा है। अपने प्रस्थान वक्तव्य में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि घाना ग्लोबल साउथ में भारत का एक महत्वपूर्ण सहयोगी है और उसने अफ्रीकी संघ तथा पश्चिमी अफ्रीकी राष्ट्रों के आर्थिक समुदाय में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक रिपोर्ट –
प्रधानमंत्री मोदी आज दोपहर घाना की राजधानी अक्रा पहुंचेंगे, जहाँ उनका औपचारिक स्वागत और गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। यह दौरा राष्ट्रपति जॉन महामा के कार्यकाल की शुरुआत में हो रहा है। दोनों नेता संबंधों की निरंतरता और उन्हें और मज़बूत करने पर बात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच बैठकें जुबली हाउस में होंगी, जो भारत की मदद से बनाया गया राष्ट्रपति काम्प्लेक्स है। बातचीत में आर्थिक सहयोग, कृषि, रक्षा, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और पश्चिम अफ्रीका के लिए वैक्सीन हब बनाने जैसे मुद्दे शामिल होंगे। दोनों देशों के बीच कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की उम्मीद है। क्षेत्रीय और वैश्विक विषयों पर भी चर्चा होगी, जिसके बाद एक संयुक्त प्रेस वार्ता होगी। यह यात्रा भारत और घाना के संबंधों को और मज़बूत करने और ग्लोबल साउथ के साथ भारत की भागीदारी को बढ़ाने का प्रयास है। आलोक राय, आकाशवाणी समाचार, अक्रा।
घाना में भारतीय उच्चायुक्त मनीष गुप्ता ने आकाशवाणी संवाददाता के साथ विशेष साक्षात्कार में भारत-घाना संबंधों के विभिन्न पहलुओं को रेखांकित किया।
उच्चायुक्त ने बताया कि भारत ने घाना के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जॉन महामा के शासन में दीर्घकालिक मैत्रीपूर्ण संबंधों में निरंतरता बनाए रखने का प्रयास किया है।
घाना के बाद श्री मोदी कल त्रिनिदाद और टोबैगो जाएंगे। उन्होंने कहा है कि इन देशों के साथ ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और लोगों के बीच गहरे संबंध हैं। यात्रा के तीसरे चरण में प्रधानमंत्री अर्जेंटीना जाएंगे। पिछले 57 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की अर्जेंटीना की यह पहली यात्रा है। ब्राजील में श्री मोदी रियो-द-जेनेरियो में ब्रिक्स शिखर बैठक में शामिल होंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई वैश्विक नेताओं से मुलाकात भी करेंगे। यात्रा के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी नामीबिया जाएंगे।
—————————————
क्वाड संगठन के सदस्य देशों ने पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों, षडयंत्रकर्ताओं और धन उपलब्ध कराने वालों को तुरंत दंडित करने के लिए संयुक्त राष्ट्र के सदस्य देशों से सहयोग करने का आह्वान किया है। एक रिपोर्ट –
अमरीका के वॉशिंगटन डीसी में आयोजित क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक के संयुक्त बयान में पहलगाम आतंकी हमले की कड़े शब्दों में आलोचना की गई है। बैठक में सीमापार आतंकवाद सहित सभी प्रकार के आतंकवाद की घोर निंदा की गई है। बैठक में आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करने के लिए संगठन ने क्वाड महत्वपूर्ण खनिज पहल का भी शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य हिंद-प्रशांत देशों में इस खनिज की आपूर्ति को सुरक्षित रखने और आर्थिक सुरक्षा को मजबूत करना है। क्वाड नेताओं ने मुंबई में भविष्य भागीदारी की क्वाड बंदरगाह स्थापित करने की एक योजना भी बनाई है। क्वाड संगठन स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के प्रति कटिबद्ध है। सदस्य देशों ने साइबर अपराध और ऑनलाइन धोखाधड़ी के खिलाफ संघर्ष के प्रति प्रतिबद्धता भी प्रकट की। समाचार कक्ष से मैं सरफिरोजी।
—————————————
इस बीच, क्वाड सदस्य देशों ने पूर्वी चीन सागर और दक्षिण चीन सागर की स्थिति के बारे में गंभीर चिंता व्यक्त की है। संयुक्त बयान में उन्होंने कानून के शासन, संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता की रक्षा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता को रेखांकित किया। बयान में खतरनाक और उकसावेपूर्ण कार्रवाइयों, विशेष रूप से वॉटर कैनन के असुरक्षित उपयोग और दक्षिण चीन सागर में टक्कर या अवरुद्ध करने की कार्रवाइयों के बारे में चिंता व्यक्त की गई। सदस्य देशों ने कहा कि इस तरह की कार्रवाइयों से क्षेत्र में शांति और स्थिरता को खतरा पहुंचता है।
—————————————
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स ने कहा है कि कोविड के टीकों और युवाओं की अचानक होने वाली मौतों के बीच कोई संबंध नहीं है। देश के दो प्रमुख चिकित्सा अनुसंधान संस्थानों के व्यापक अध्ययनों में पुष्टि हुई है कि भारत में इस्तेमाल हुए कोविड के टीके सुरक्षित और प्रभावी रहे हैं। इनके गंभीर दुष्प्रभावों के बहुत कम मामले मिले हैं। भारत में अचानक हृदय संबंधी मौतों की इन घटनाओं को आनुवंशिकी, जीवनशैली, पहले से मौजूद स्थितियों और कोविड के बाद की जटिलताओं सहित कई अन्य कारकों को जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि दोनों संस्थाओं ने दो अध्ययन किए। पहले अध्ययन में लोगों की आयु 18 और 45 वर्ष के बीच थी।
पहले अध्ययन का परिणाम यह दर्शाता है कि कोविड-19 टीकाकरण से लोगों में अचानक मृत्यु का जोखिम नहीं बढ़ता है। वहीं, दूसरा अध्ययन जो एम्स, नई दिल्ली द्वारा किया जा रहा है। उसके प्रारंभिक विश्लेषण यह पता चलता है कि हार्टअटैक या मायोकार्डियल इनफारक्शन, इस आयु वर्ग में अचानक मृत्यु का प्रमुख कारण बना हुआ है। यह अध्ययन भारत में युवा वयस्कों में अचानक होने वाली मृत्यु के बारे में अधिक व्यापक समझ प्रदान करते हैं। अध्यनों में यह भी कहा गया है कि मृत्यु के जोखिम में अंतर्निहित स्वास्थ्य समस्यायों की भूमिका हो सकती है। वैज्ञानिक विशेषज्ञों ने दोहराया है कोविड टीकाकरण को अचानक मौतों से जोड़ने वाले बयान झूठे और भ्रामक हैं। आनंद कुमार के साथ, आकाशवाणी समाचार के लिए आदर्श, दिल्ली।
—————————————
संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में डीडीए शालीमार बाग में शीश महल और अन्य पुरानी ऐतिहासिक संरचनाओं का अनावरण किया। श्री शेखावत ने पार्क के जीर्णोद्धार कार्य के लिए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और दिल्ली विकास प्राधिकरण की सराहना की।
—————————————
भाजपा ने कांग्रेस पर केरल के नीलांबुर विधानसभा उपचुनाव में जमात-ए-इस्लामी के समर्थन से जीत हासिल करने का आरोप लगाया है। केरल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने नई दिल्ली में कांग्रेस पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन अवसरवादी राजनीति करते हैं।
वो कॉन्स्टिट्यूशन हाथ में पकड़कर घूमते हैं। सेक्यूलरजिम की बात करते हैं। देश के कॉन्स्टिट्यूशन और कॉन्स्टिट्यूशन अंडर थ्रेड कहते हैं, बीजेपी को कम्यूनल पार्टी का एक प्रोपेगैंडा चलाते हैं, लेकिन सच यह है कि जो प्रसक्राइब्ड एंटी डेमोक्रेसी, एंटी कॉन्स्टिट्यूशन पार्टीज हैं उनके साथ ये जो ऑपरचुनिस्टिक पोलिटिक्स इस देश में कांग्रेस पार्टी और इंडी एलाएंस ही करते है।
—————————————
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन ने शिवगंगा जिले में हिरासत में अजीत कुमार की मौत का मामला केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो को जांच के लिए सौंप दिया है। उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य पारदर्शी और विश्वसनीय जांच सुनिश्चित करना है। यह निर्णय मद्रास उच्च न्यायालय की टिप्पणी के बाद लिया गया है।
—————————————
भारतीय रिजर्व बैंक की ताजा वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट के अनुसार देश के अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों की परिसंपत्ति गुणवत्ता में निरंतर सुधार जारी है। सकल और गैर-निष्पादित परिसंपत्तिों का अनुपात कई दशकों के निचले स्तर 2 दशमलव 3 प्रतिशत और आधा प्रतिशत पर आ गया है। अनुसूचित वाणिज्यिक बैंकों को मजबूत पूंजी भंडार, कई दशकों से फंसे हुए ऋणों के कम होने और मजबूत आय से समर्थन मिला है। आरबीआई के आंकड़ों के अनुसार, बैंकों की कुल सकल गैर निष्पादित परिसंपत्तियां एनपीए एक वर्ष पहले के 2 दशमलव 8 प्रतिशत से घटकर 31 मार्च तक कुल ऋणों का 2 दशमलव 3 प्रतिशत हो गई। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों ने एनपीए में भारी गिरावट दर्ज की। यह मार्च 2024 के 3 दशमलव 7 प्रतिशत से घटकर इस वर्ष मार्च में 2 दशमलव 8 प्रतिशत हो गया। निजी क्षेत्र के बैंकों का एनपीए का अनुपात 2 दशमलव 8 प्रतिशत पर स्थिर रहा।
—————————————
घरेलू शेयर बाजार में आज कारोबार में गिरावट का रूख रहा। बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 482 अंक फिसलकर 83 हजार 215 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 अंक की गिरावट के साथ 25 हजार 398 पर कारोबार कर रहा था।
—————————————
अमरनाथ तीर्थ यात्रा के लिए यात्रियों का पहला जत्था आज दोपहर जम्मू से कश्मीर पहुंच गया हैं। उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज तड़के जम्मू में भगवती नगर बेस कैंप से श्री अमरनाथ जी की पवित्र गुफा के लिए यात्रा पर जा रहे पहले जत्थे को रवाना किया था। बम बम भोले और हर हर महादेव के जयघोष के साथ कुल पांच हजार 892 तीर्थयात्री रवाना हुए। श्रद्धालुओं ने यात्रा सुविधाओं की प्रशंसा की।
मैं दिल्ली से आई हूं, बहुत ही अच्छा लग रहा है और बहुत ही अच्छा माहौल है, काफी अच्छे से सिक्योरिटी है, किसी भी चीज की कोई नहीं है प्रशासन की तरफ से। मैं अपने पूरे देशवासियों से यही कहना चाहूंगा, महादेव पर विश्वास करें, सरकार पर विश्वास करें, डिफेंस पर विश्वास करें, हर हर महादेव।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि यात्रा की आधिकारिक शुरूआत कल से होगी।
जम्मू से कश्मीर पहुंचने के बाद पहले जत्थे में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए पवित्र गुफा के लिए रवाना हुए। बालतल मार्ग की ओर दो हजार तीन सौ से अधिक तीर्थयात्रियों और पहलगाम मार्ग की ओर तीन हजार से अधिक यात्रियों को ले जाने वाले कुल दो सौ 99 वाहन श्रीनगर-जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग के माध्यम से कश्मीर क्षेत्र में सुरक्षित पहुंच गए। कश्मीर घाटी में पहुंचने पर स्थानीय लोगों और जिला प्रशासन की ओर से भव्य स्वागत के बाद बम बम भोले और जय बर्फानी बाबा के नारे गूंज उठे। निर्बाध, सुरक्षित और संरक्षित यात्रा के लिए विस्तृत, अचूक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।
—————————————
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़ में तथा शनिवार तक बिहार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, झारखंड, ओडिशा में मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। आज हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में तथा बृहस्पतिवार तक पूर्वी राजस्थान में मूसलाधार वर्षा होने का अनुमान है। मौसम विभाग ने देश के उत्तर और मध्य क्षेत्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
—————————————
हिमाचल प्रदेश में बारिश का दौर जारी है। इस मॉनसून के दौरान राज्य में अब तक बादल फटने, बाढ़ और भूस्खलन की घटनाओं में 51 लोगों की मौत हो चुकी है और कई लोग अब भी लापता हैं। एक रिपोर्ट –
हिमाचल प्रदेश का मंडी जिला मॉनसून की वर्षा से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। यहां के कई क्षेत्रों में बादल फटने व बाढ़ जैसी घटनाओं से दस लोगों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 34 लोग लापता हैं। थुनाग उपमंडल में सड़कों की हालत बेहद खराब है, जिससे राहत सामग्री पहुंचाना मुश्किल हो गया है। मंडी के उपायुक्त अपूर्व देवगन ने रक्षा मंत्रालय और भारतीय वायुसेना से आग्रह किया है कि हवाई मार्ग से राशन, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान प्रभावित क्षेत्रों में भेजा जाए। इस बीच मौसम विभाग ने राज्य के अधिकतर क्षेत्रों में 4 जुलाई तक भारी वर्षा का येलो अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
—————————————
ट्रंप प्रशासन ने अमरीकी हथियारों के निरीक्षण के बाद यूक्रेन के लिए सैन्य सहायता के एक हिस्से को रोक दिया है। व्हाइट हाउस की प्रवक्ता अना केली ने कहा है कि विश्व के अनेक देशों को अमरीका की सैन्य सहायता के सिलसिले में अमरीकी हितों को प्राथमिकता दी जाएगी। अमरीकी हथियार भंडार में गिरावट के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है।
—————————————
और अब खेल खबरों के साथ हैं, शशांक कुमार –
क्रोएशिया में ग्रैंड शतरंज टूर के तीसरे चरण में दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी मैग्नस कार्लसन और विश्व चैंपियन डी गुकेश के बीच फिर से मुकाबला होगा। मई में नॉर्वे शतरंज में दिलचस्प मुकाबले में गुकेश के हाथों कार्लसन की हार के बाद यह दोनों खिलाडियों के बीच पहला मुकाबला होगा। सभी खेल प्रेमियों की निगाहें इस मुकाबले पर लगी हैं। इस बीच, भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा क्रिकेट टेस्ट मैच आज से बर्मिंघम में शुरू हो रहा है। कप्तान शुभमन गिल ने मैच के लिए तेज़ गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के उपलब्ध होने की पुष्टि की है। उधर, मेजबान टीम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
—————————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज शाम पांच देशों की यात्रा के पहले चरण में घाना पहुंचेंगे। श्री मोदी घाना की संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे।
- क्वाड सदस्य देशों ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा की। अपराधियों के खिलाफ बिना किसी देरी के कार्रवाई करने का आह्वान किया।
- भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद और अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स के अध्ययनों में कोविड टीकों और युवाओं की अचानक मौत के मामलों के बीच कोई संबंध नहीं पाया गया।
- मौसम विभाग ने देश के उत्तर और मध्य क्षेत्र में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- क्रोएशिया में ग्रैंड शतरंज टूर के तीसरे चरण में मैग्नस कार्लसन और डी गुकेश के बीच फिर से मुकाबला होगा।
- और, बर्मिंघम में भारत तथा इंग्लैंड के बीच दूसरा क्रिकेट टेस्ट मैच आज से। कप्तान शुभमन गिल ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की उपलब्धता की पुष्टि की।
—————————————