मुख्य समाचार :
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पशु चिकित्सा और देखभाल में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने के लिए नई तकनीक के इस्तेमाल का आह्वान किया।
- विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए तीन दिन की अमरीकी यात्रा पर जाएंगे।
- हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग का दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड सहित पर्वतीय राज्यों में पांच जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट।
- यूरोप में भीषण गर्मी का प्रकोप, दक्षिणी स्पेन में अब तक का सर्वाधिक तापमान 46 डिग्री दर्ज, पुर्तगाल, इटली और क्रोएशिया रेड अलर्ट पर।
- और, वर्ष का तीसरा ग्रैंड स्लैम विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट आज से लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में शुरू होगा।
————————————–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि अन्य क्षेत्रों की तरह प्रौद्योगिकी पशु चिकित्सा औषधि और देख-रेख में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने की क्षमता रखती है। उत्तर प्रदेश के बरेली में आज सुबह भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान के 11वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति ने कहा कि प्रौद्योगिकी का उपयोग देशभर के पशु चिकित्सा अस्पतालों को सशक्त बना सकता है।
टेक्नोलॉजी के प्रयोग से देश भर के पशु चिकित्साओं को सशक्त बनाया जा सकता है। जीनोम एडिटिंग, एमब्रयो ट्रांसफर टेक्नोलॉजी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, बिग डाटा एनालिटिक्स जैसे टेक्नोलॉजी के प्रयोग से इन क्षेत्रों में क्रांतिकारी बदलाव लाया जा सकता है।
राष्ट्रपति ने कहा कि आज वन हेल्थ की अवधारणा विश्वभर में महत्वपूर्ण हो रही है। इस अवधारणा में माना गया है कि मानव, घरेलू और जंगली पशु, वनस्पति और पर्यावरण सभी एक-दूसरे पर आश्रित हैं।
पशु कल्याण के लिए नियमित रूप से पशु आरोग्य मेलों का आयोजन होना चाहिए। इन नियमों के तहत गांव-गांव में कैम्प लगा कर पशुओं की चिकित्सा होने पर पशुओं के साथ-साथ समाज भी स्वस्थ रहेगा।
केन्द्रीय कृषि और किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान ने अपने अनुसंधान और बीमारी की पहचान के जरिए विश्व को दिशा दिखाई है। इस संस्थान ने न केवल पशु चिकित्सा अनुसंधान में बल्कि ग्रामीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
राष्ट्रपति दो दिन के उत्तर प्रदेश के दौरे पर हैं। राष्ट्रपति आज एम्स गोरखपुर के दीक्षांत समारोह के उद्घाटन में भी शामिल होंगी। वहां वे मेधावी विद्यार्थियों को मेडल प्रदान करेंगी। राष्ट्रपति कल सुबह उत्तर प्रदेश के पहले महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्वविद्यालय का उद्घाटन करेंगी। राष्ट्रपति दोपहर बाद शैक्षणिक ब्लॉक ऑडिटेरियम और पंच कर्म केन्द्र का उद्घाटन करेंगी और सोनबरसा में महायोगी गोरखनाथ विश्वविद्यालय के आरोग्यधाम परिसर में छात्रावास के लिए आधारशिला रखेंगी।
————————————–
केन्द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह नई दिल्ली में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के सहकारिता मंत्रियों की मंथन बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं। इसमें सहकारिता क्षेत्र की प्रगति की समीक्षा की जाएगी और सहकारी क्षेत्र को मजबूत करने के सामूहिक लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए विचारों का आदान-प्रदान किया जाएगा। बैठक के दौरान ग्रामीण सेवा वितरण को मजबूत करने के लिए दो लाख नई बहुउद्देश्यीय प्राथमिक कृषि ऋण समितियों और डेयरी तथा मत्स्य पालन सहकारी समितियों की स्थापना सहित सभी प्रमुख अभियानों पर चर्चा की जाएगी। इसमें सहकारी क्षेत्र में विश्व की सबसे बड़ी अनाज भंडारण योजना पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।
————————————–
विदेश मंत्री एस जयशंकर आज से तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर अमरीका रवाना होंगे। वे वहां के विदेश मंत्री मार्को रुबियो के निमंत्रण पर कल होने वाली क्वाड समूह के विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेंगे। एक रिपोर्ट
विदेश मंत्रालय ने कहा है कि क्वाड समूह स्वतंत्र और खुले हिंद-प्रशांत क्षेत्र के लिए एक साझा दृष्टिकोण को आगे बढ़ाने के नए प्रस्तावों पर ध्यान केंद्रित करेगा। पहलगाम हमले के बाद क्वाड मंत्रियों की यह पहली बैठक होगी। डॉ. जयशंकर आज न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में “द ह्युमन कौस्ट ऑफ टेरेरिज्म” के विषय पर एक प्रदर्शनी का भी उद्घाटन करेंगे। इसमें आतंकवादी कृत्यों के विनाशकारी प्रभाव होने के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय समुदाय द्वारा आतंकवाद से निपटने के लिए की गई कार्रवाई को दर्शाया गया है। यह आयोजन पाकिस्तान के संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता संभालने से ठीक एक दिन पहले हो रहा है। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
————————————–
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन पांच जुलाई तक स्पेन, पुर्तगाल और ब्राजील की आधिकारिक यात्रा पर रवाना हो चुकी हैं। स्पेन की यात्रा के दौरान वित्तमंत्री संयुक्त राष्ट्र द्वारा आयोजित चौथे अंतर्राष्ट्रीय वित्त विकास सम्मेलन – एफएफडी-4 में शामिल होंगी और अपना वक्तव्य देंगी।
————————————–
केन्द्रीय पत्तन, पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा है कि केन्द्र सरकार देश में पांच हजार किलोमीटर नौगम्य जलमार्गों को व्यावसायिक बनाने का लक्ष्य रखती है। इससे आसियान देशों को क्रूज से जोड़ना संभव हो सकेगा। पहले एशियाई भारत क्रूज संवाद के उद्घाटन में उन्होंने कहा कि सरकार की सागरमाला पहल 2029 तक दस लाख यात्रियों का लक्ष्य रखती है। उन्होंने कहा कि 2013-14 में क्रूज शिप से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या एक सौ दो थी। यह बढ़कर 14 हजार 272 हो चुकी है। श्री सोनोवाल ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में सरकार ने नीति, विधायी, कराधान और अवसंरचना में सुधार पर कई पहल की है। श्री सोनोवाल ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की सरकार 2047 तक विकसित भारत बनाने और 2045 तक आसियान समुदाय विजन का लक्ष्य रखती है।
————————————–
आपातकाल लागू किए जाने की 50वीं वर्षगांठ पर भारत के लोकतांत्रिक इतिहास में काले अध्यायों में से एक के रूप में इस अवधि को याद किया जा रहा है। इस अवसर पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस अवधि के दौरान मीसा के तहत जेल भेजे गए लोगों को सम्मानित किया जा रहा है। आपातकाल के दौरान की स्थितियों को लेकर राजनीतिज्ञ अरुण वशिष्ठ ने अपने अनुभव साझा किए।
जेल के अंदर तो जो माहौल था। वो तो सामान्य जो जेल के अंदर हो सकता है। और जिसकी आप कल्पना कर सकते हैं। पर वह अतिरिक्त बंदिशें थी इस नाते कि हमारी मुलाकात पर प्रतिबंध था। हमसे कौन मिलने आ रहा है। इसका एलआईयू देखती थी। बहुत ही निकट के लोग वो मिलने आ पाते थे। समाज तो जेल से भी ज्यादा डरा हुआ था। जो लोग बाहर से रिश्तेदार-रिश्तेदार को नहीं पहचान रहे थे। घर आना जाना नहीं था। हम लोग जो जेल आ गए थे। उन परिवारों की देखभाल करने वाले भी हमारे निजी लोग नहीं थे।
————————————–
भारतीय जनता पार्टी ने आज राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव पर वक्फ संशोधन अधिनियम पर उनके विवादास्पद बयान के लिए निशाना साधा। नई दिल्ली में आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि इससे साफ पता चलता है कि बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता न तो संसद का सम्मान करते हैं और न ही न्यायपालिका का। उन्होंने कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि कल ही पटना में तेजस्वी यादव ने एक जनसभा में कहा कि संसद द्वारा पारित कानून को कूड़ेदान में फेंक दिया जाएगा।
ना संसद का सम्मान, ना न्यायपालिका का सम्मान। वोट बैंक की चाहत में जो कुछ बोला गया है। तेजस्वी यादव और इंडी गठबंधन के अन्य नेताओं के द्वारा उससे साफ है कि यह संविधान को कूड़ेदान में फेंकने की 50 साल पुरानी मानसिकता से बाहर नहीं आ पा रहे हैं।
————————————–
भारतीय जनता पार्टी का केंद्रीय दल विधि महाविद्यालय में हुए दुष्कर्म की घटना की जांच के लिए कोलकाता पहुंच गया है। यह दल इस घटना के बारे में जानकारी एकत्र करेगा और पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा को अपनी रिपोर्ट सौंपेगा। इस दल में त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब भी शामिल हैं। श्री देब ने कहा कि पश्चिम बंगाल में कानून-व्यवस्था पूरी तरह जर्जर हो चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरोपी तृणमूल कांग्रेस से जुड़े हुए हैं। तृणमूल शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
————————————–
पिछले दो दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश से हिमाचल प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। तेज बारिश और भूस्खलन के खतरे के कारण हिमाचल के चार जिलों में आज सभी शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई। हमारे संवाददाता ने बताया कि भूस्खलन के कारण 129 सड़कों पर यातायात ठप हो गया है और छह सौ से अधिक बिजली ट्रांसफार्मर काम नहीं कर रहे हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 6 जुलाई तक मूसलाधार बारिश जारी रहने का अनुमान व्यक्त किया है।
शिमला के भट्टाकुफर क्षेत्र में आज सुबह एक पांच मंजिला इमारत गिर गई हालांकि एहतियात के तौर पर भवन को बीती रात ही खाली करवा लिया गया था। वहीं रामपुर क्षेत्र की सरपारा पंचायत में बादल फटने के कारण कुछ घरों व गौशालाओं को नुकसान पहुंचा है। भारी बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए मंडी, कांगड़ा व सिरमौर जिले में आज सभी शिक्षण संस्थानों में अवकाश घोषित किया गया है जबकि कुल्लू जिला के बंजार व मनाली उपमंडल में भी आज सभी शिक्षण संस्थान बंद हैं। लगातार बारिश से ब्यास और गिरि नदियों में जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। प्रदेश में एक सौ 29 सड़कों पर भूस्खलन के कारण यातायात ठप्प है। मौसम विभाग ने किन्नौर व लाहौल-स्पीति को छोड़कर राज्य के बाकि दस जिलों के लिए आज भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रितेश कपूर आकाशवाणी समाचार शिमला।
————————————–
उत्तराखंड में तेज बारिश के कारण चारधाम यात्रा पर लगाया गया अस्थायी प्रतिबंध आज हटा लिया गया है। गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडे ने बताया है कि यात्रा मार्ग पर जिलाधिकारियों को वाहनों की आवाजाही को नियंत्रित करने के निर्देश दिए गए हैं।
जो यात्रा रूट पर आने वाले डीएम और एसएसपीज हैं। स्थानीय प्रशासन है। उनको यह अधिकार दिया गया है कि स्थानीय मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए अपने जनपदों में होल्डिंग प्वाइंट है। वहां पर वाहनों को रोक सकते हैं। मॉर्निंग में जब हमारी चर्चा रूद्रप्रयाग से उत्तरकाशी और चमोली के जिलाधिकारियों से हुई तो बताया कि वहां बारिश बंद है। तो उन्होंने कहा कि लोगों को धीरे-धीरे भेजा जा सकता है। तो सभी परिस्थितियों का विचार करके यह निर्णय लिया गया है।
————————————–
मौसम विभाग ने आज झारखंड के कई क्षेत्रों में मूसलाधार वर्षा का अनुमान व्यक्त किया है। बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी मध्य प्रदेश, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और विदर्भ में आज तेज बारिश की संभावना है। विभाग ने अगले सात दिनों में कोंकण, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, गोवा और गुजरात में मूसलाधार बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। दिल्ली में आज सामान्य वर्षा की संभावना है।
————————————–
उधर, यूरोप में भीषण गर्मी का प्रकोप जारी है। यूरोप में गर्म हवाएं चल रही हैं जिससे स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ और जंगल में आग लगने की घटनाएं बढ रही हैं। इससे दक्षिणी स्पेन सबसे ज़्यादा प्रभावित है। स्पेन के एल ग्रैनाडो का तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच गया है। पुर्तगाल, इटली और क्रोएशिया के कुछ हिस्सों में रेड अलर्ट जारी है।
————————————–
निर्वाचन आयोग ने बिहार की 2003 की मतदाता सूची जारी कर दी है। इसमें 4 दशमलव 96 करोड़ मतदाता शामिल हैं। इसके माध्यम से राज्य में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण को सरल बनाया जाएगा। आयोग के अनुसार सभी बूथ लेवल अधिकारियों को मतदाता सूची हार्ड कॉपी और ऑनलाइन दोनों प्रारूपों में प्राप्त होगी।
————————————–
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “मानसिक समस्याओं की आरंभिक पहचान और निदान” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ मेंटल हेल्थ एंड न्यूरोसाइंसेज-निमहंस की निदेशक डॉक्टर प्रतिमा मूर्ति और एम्स के मनोचिकित्सा के प्रोफेसर और न्यूरोमॉड्यूलेशन और मानसिक स्वास्थ्य उत्कृष्टता केंद्र के प्रभारी डॉक्टर नंद कुमार परिचर्चा में भाग लेंगे। श्रोता, रात साढ़े नौ बजे कार्यक्रम के दौरान टेलीफोन और व्हाट्सऐप पर भी प्रश्न पूछ सकते हैं। टेलीफोन नंबर हैं- 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4.
————————————–
विंबलडन टेनिस टूर्नामेंट आज से लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में शुरू होगा। तेरह जुलाई को पुरुष सिंगल्स फाइनल के साथ इस प्रतियोगिता का समापन होगा। एक रिपोर्ट –
कार्लोस अल्काराज और बारबोरा क्रेजिकोवा के अलावा टेनिस प्रेमियों की नज़रें सर्बिया के नोवाक जोकोविच पर भी रहेंगी। जो पिछले छह ग्रैंडस्लैम से अपने 25वें खिताब का इंतजार कर रहे हैं। इन दिगज्जों के साथ आर्यना सबालेंका, कोको गफ, इगा स्वियातेक, मार्केटा वॉदूसोवा, अलेक्जेंडर ज्वरव, टेलर फ्रिज, दानिल मेदवेदेव जैसे स्टार खिलाड़ियों पर भी सबकी नज़रे होंगी। 30 जून से 12 जुलाई तक साल के इस तीसरे ग्रैंड स्लैम के एकल मुकाबलों में कुल 128 खिलाड़ी दावा पेश करेंगे। इनमें 16 क्वालिफायर्स होंगे, साथ ही आठ खिलाड़ियों को वाइल्ड कार्ड दिया गया है। पुरुष एकल में इटली के यानिक सिने महिला एकल में बेलारूस का आर्यना सबालेका को शीर्ष वरीयता दी गई है। समाचार कक्ष से वैष्णवी।
इस टूर्नामेंट में चार भारतीय खिलाड़ी पुरुष डबल्स में भाग ले रहे हैं। रोहन बोपन्ना बेल्जियम के सैंडर गिले के साथ, युकी भांबरी अमरीका के रॉबर्ट गैलोवे के साथ डबल्स मुकाबले खेलेंगे, जबकि ऋत्विक बोलिपल्ली, रोमानिया के निकोलस बैरिएंटोस के साथ और एन. श्रीराम बालाजी मैक्सिको के मिगुएल रेयेस-वरेला के साथ मैदान पर उतरेंगे।
————————————–
आज दोपहर बाद के कारोबार में घरेलू संवेदी सूचकांक, सेंसेक्स और निफ्टी लगभग आधे प्रतिशत की गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अंतिम समाचार मिलने तक बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 433 अंक गिरकर 83 हजार छह सौ 26 पर और निफ्टी एक सौ बीस अंक गिरकर 25 हजार पांच सौ 18 पर पहुंचा।
————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने पशु चिकित्सा और देखभाल में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने के लिए नई तकनीक के इस्तेमाल का आह्वान किया।
- विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर क्वाड विदेश मंत्रियों की बैठक में भाग लेने के लिए तीन दिन की अमरीका यात्रा पर जाएंगे।
- हिमाचल प्रदेश में मूसलाधार बारिश से जनजीवन प्रभावित, मौसम विभाग का दिल्ली, पंजाब, उत्तराखंड सहित पर्वतीय राज्यों में पांच जुलाई तक भारी बारिश का अलर्ट।
- यूरोप में भीषण गर्मी का प्रकोप, दक्षिणी स्पेन में अब तक का सर्वाधिक तापमान 46 डिग्री दर्ज, पुर्तगाल, इटली और क्रोएशिया रेड अलर्ट पर।
- और, वर्ष का तीसरा ग्रैंड स्लैम विम्बलडन टेनिस टूर्नामेंट आज से लंदन के ऑल इंग्लैंड क्लब में शुरू होगा।
————————————–