Download
Mobile App

android apple
signal

June 28, 2025 3:25 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत को विकास के साथ-साथ विरासत को संजोकर आगे बढ़ना चाहिए। राष्‍ट्र से औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने का आह्वान किया।
  • महानदी कोलफील्ड लिमिटेड – ओडिशा में 35 मिलियन टन की संयुक्त क्षमता वाली दो नई कोयला खदानें खोलेगा।
  • अमरीका ने कनाडा के साथ व्यापार वार्ता रोकी। उस पर नए शुल्क की घोषणा जल्‍द होगी।
  • अंतर्राष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा- बारह दिन के इस्राइल-ईरान युद्ध के बाद खाड़ी क्षेत्र में विकिरण का स्‍तर सामान्‍य है।
  • भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी और तनवी शर्मा यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे।
  • और, अंडर-19 क्रिकेट में भारत ने पहले एकदिवसीय मैच में इंग्‍लैंड को छह विकेट से हराया।

 

—————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत अपने विचारों, दर्शन और ज्ञान के कारण ही हजारों वर्षों से शाश्वत बना हुआ है। आज नई दिल्ली में प्रख्‍यात जैन संत आचार्य विद्यानंद जी महाराज की 100पीं जयंती समारोह का उद्घाटन करते हुए श्री मोदी ने कहा कि भारत, दुनिया की सबसे प्राचीन जीवंत सभ्यता है और इस शाश्वत दर्शन का स्रोत, देश के ऋषियों, संतों और आचार्यों में निहित है। प्रधानमंत्री ने कहा कि आचार्य विद्यानंद मुनि इस प्राचीन भारतीय परंपरा के आधुनिक प्रकाश स्तंभ हैं। उन्होंने कहा कि आचार्य श्री विद्यानंद जी ने अपने जीवन को केवल आध्यात्मिक साधना तक सीमित नहीं रखा, बल्कि इसे समाज और संस्कृति के पुनर्निर्माण का एक सशक्त माध्यम भी बनाया।

 

जिस दिव्‍य आत्‍मा की वाणी को, उनके वचनों को हम जीवन भर गुरु वाक्‍य मानकर उनसे सीखते हैं, जिनसे हमारे हृदय भावात्‍मक रूप से जुड़ रहे हैं। उनके बारे में कुछ भी बोलना हमें भावुक कर देता है। मैं अभी भी सोच रहा हूं कि श्री विद्यानंद जी मुनिराज के बारे में बोलने की जगह काश हमें आज भी उन्‍हें सुनने का सौभाग्‍य मिलता। ऐसी महान विभूति की जीवन यात्रा को शब्‍दों में समेटना आसान नहीं है।  

 

श्री मोदी ने कहा कि इसी संकल्प को ध्‍यान में रखते हुए केंद्र सरकार देश के सांस्कृतिक धरोहरों और तीर्थ स्थलों का भी विकास कर रही है। प्रधानमंत्री ने देश को औपनिवेशिक मानसिकता से मुक्त करने पर भी जोर दिया।

 

हम भारत की प्राचीन पांडुलिपियों को डिजिटाइज करने का अभियान भी चला रहे हैं। इसमें बहुत बड़ी मात्रा में जैन धर्म ग्रंथों और आचार्यों से जुड़ी पांडुलिपियां शामिल हैं। अब हम हर एजुकेशन में भी मातृ भाषा को बढावा देते हैं और इसलिए मैंने लालकिले से कहा है कि हमें देश को गुलामी की मानसिकता से मुक्ति दिलानी है। हमें विकास और विरासत को एकसाथ लेकर आगे बढना है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सेवा और मानवता के प्रति समर्पित देश है। उन्होंने कहा कि विश्‍व में जब हजारों वर्षों तक हिंसा को हिंसा से शांत करने के प्रयास हो रहे थे, तब भारत ने विश्‍व को अहिंसा की शक्ति का बोध कराया। प्रधानमंत्री ने नौसंकल्‍पों पर भी जोर दिया।

 

मैं उन नौ संकल्‍पों को फिर से आपके साथ साझा करना चाहता हूं। पहला संकल्‍प पानी बचाने का है। दूसरा संकल्‍प एक पेड़ मां के नाम, तीसरा संकल्‍प स्‍वच्‍छता का, चौथा संकल्‍प वॉकल फोर लोकल, पांचवा संकल्‍प देश का दर्शन, छठा संकल्‍प नेचुरल फार्मिंग अपनाने का, सातवां संकल्‍प हेल्‍दी लाइफ स्‍टाइल का, आठवां संकल्‍प खेल और योग दोनों को दैनिक जीवन का हिस्‍सा बनाना है, नौवा संकल्‍प गरीब की मदद करना। हम इन नौ संकल्‍पों पर काम करेंगे, तो आचार्य श्री विद्यानंद जी मुनिराज जी को और उनकी शिक्षाओं को भी ज्‍यादा सशक्‍त करेंगे।        

 

इस अवसर पर विशेष डाक टिकट और स्मारक सिक्का भी जारी किया गया। इस अवसर पर केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेन्‍द्र सिंह शेखावत ने कहा कि आचार्य श्री विद्यानंद जी महाराज का जीवन-दर्शन आज भी प्रासांगिक है।

 

और एक ऐसे महत्‍वपूर्ण समय में आज हम सब एकत्रित हुए हैं। जब मानव को अपने भीतर भी, परिवार में भी, समाज में भी और राष्‍ट्रों के बीच में आपस में जियोपॉलिटिकल टर्बुलेंस जिस तरह का है। ऐसे महत्‍पूर्ण क्षण में आचार्य श्री का दर्शन आज के समय में और भी अधिक प्रासंगिक हो गया है।      

 

इस कार्यक्रम के साथ ही एक वर्ष तक चलने वाले राष्‍ट्रीय श्रद्धांजलि समारोह की औपचारिक शुरूआत हो गई है। इस कार्यक्रम का आयोजन केंद्र सरकार द्वारा भगवान महावीर अहिंसा भारती ट्रस्‍ट के सहयोग से किया जा रहा है। आचार्य विद्यानन्‍द जी महाराज प्रतिष्ठित जैन आध्यात्मिक गुरु और समाज सुधारक थे। इस दौरान देशभर में सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे।

 

—————————————–

 

कोल इंडिया की सहायक कंपनी महानदी कोलफील्ड लिमिटेड- एमसीएल ओडिशा में 35 मिलियन टन की संयुक्त क्षमता वाली दो नई कोयला खदानें खोलेगी। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एमसीएल के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक उदय ए. काओले ने ओडिशा के संबलपुर में कंपनी के मुख्यालय में आयोजित संवाददाता सम्‍मेलन में यह जानकारी दी।

 

एमसीएल के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंत तक सुभद्रा खदान से प्रति वर्ष 25 मिलियन टन कोयला उत्पादन होने वाला है। बालभद्र खदान से वित्तीय वर्ष 2029-2030 तक सालाना दस मिलियन टन उत्पादन होने की उम्मीद है। श्री काओले ने कहा कि ये नई खदानें कोयला उत्पादन बढ़ाने और कोयले की स्थिर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए एमसीएल की दीर्घकालिक योजना का हिस्सा है। दोनों खदानें ओडिशा के अंगुल जिले के तालचेर कोयला क्षेत्र में स्थित होंगी, जो एक महत्वपूर्ण कोयला उत्पादक क्षेत्र है। एमसीएल पहले से ही 18 खदानों का संचालन करता है, जिनमें 15 ओपन-कास्ट और 3 भूमिगत खदानें हैं। इनमें – भुवनेश्वरी, जगन्नाथ, हिंगुला, लिंगराज और तालचेर शामिल हैं। संबलपुर से अक्षित कुमार वैद्यान की रिपोर्ट के साथ, आदर्श आकाशवाणी समाचार।

 

—————————————–

 

पश्चिम बंगाल पुलिस ने कोलकाता के लॉ कॉलेज में कथित दुष्‍कर्म मामले में आज एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया है। उसे आज अदालत में पेश किया जाएगा। इससे पहले, कोलकाता पुलिस ने कॉलेज के एक पूर्व छात्र सहित तीन छात्रों को गिरफ्तार किया था। खबरों के अनुसार अभियुक्‍त पश्चिम बंगाल में सत्‍ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस से जुडे हैं। तीनों को मंगलवार तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इस मामले के खिलाफ विपक्षी दलों ने आज कोलकाता में विरोध प्रदर्शन किया।

 

—————————————–

 

भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल में महिलाओं के खिलाफ अपराध को लेकर ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार की आलोचना की है। नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि कोलकाता के लॉ कॉलेज में दुष्‍कर्म की भयावह घटना से पूरा देश  दुखी है।

 

—————————————–

 

अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने कहा है कि कनाडा के साथ अब कोई व्यापार वार्ता नहीं होगी और जल्द ही उस पर नए शुल्क लगाए जाएंगे। श्री ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया मंच ट्रुथ सोशल पर कहा कि कनाडा द्वारा तकनीकी कंपनियों पर लगाए गए अत्यधिक डिजिटल सेवा कर के कारण वार्ता समाप्त की गई है।

 

इस वर्ष के शुरु में, श्री ट्रम्प ने और आर्थिक बल का उपयोग कर कनाडा को अमरीका में मिलाने की धमकी दी थी। इसके बाद दोनों देशों ने एक-दूसरे पर शुल्क लगाए। कनाडा का डिजिटल सेवा पर 3 प्रतिशत कर अमेरिका के साथ उसके संबंधों में एक अड़चन बना हुआ है। यह कर सोमवार से लागू होगा, लेकिन इसे 2022 से प्रभावी बनाया गया है।

 

—————————————–

 

अंतर्राष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के महानिदेशक राफेल मारियानो ग्रॉसी ने कहा है कि इस्राइल और ईरान के बीच 12 दिनों के संघर्ष के बाद खाड़ी क्षेत्र में विकिरण का स्तर सामान्य बना हुआ है। संघर्ष में ईरान के कई परमाणु संयंत्रों को अत्‍यधिक नुकसान पहुंचा है। श्री ग्रॉसी ने बताया कि एजेंसी को अंतर्राष्ट्रीय विकिरण निगरानी प्रणाली के क्षेत्रीय डेटा की रिपोर्ट से यह जानकारी मिली है। उनका कहना  है कि 48 देशों के इस नेटवर्क ने किसी भी क्षतिग्रस्त परमाणु ऊर्जा रिएक्टर से महत्वपूर्ण रेडियोधर्मी उत्सर्जन का पता लगाया होगा। श्री ग्रॉसी ने व्यापक सुरक्षा समझौते के तहत अंतर्राष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी के निरीक्षकों को ईरान में अपनी सत्यापन गतिविधियों को जारी रखने की आवश्यकता पर भी  बल दिया।

 

—————————————–

 

ईरान में आज इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर- आई आर जी सी के कमांडरों, सैनिकों, परमाणु वैज्ञानिकों और नागरिकों के लिए राजकीय अंतिम संस्कार समारोह आयोजित किया गया, जो इज़राइल के साथ 12-दिवसीय युद्ध के दौरान मारे गए थे। युद्ध के दौरान मारे गए 60 ईरानियों के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए राजधानी तेहरान के आज़ादी स्ट्रीट पर हज़ारों शोक संतप्त लोग एकत्र हुए।

 

—————————————–

 

और अब खेल खबरों के साथ हैं जया भारती –

 

यू.एस. ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारत के आयुष शेट्टी और तनवी शर्मा अपनेअपने वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गये हैं। महिला सिंगल्‍स क्‍वार्टर फाइनल में तनवी ने मलेशिया की लेतशना करूपथेवन को हराया। पुरूष सिंगल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में आयुष ने चीनी ताइपे के कुओ क्‍वान लिन को पराजित किया। सेमीफाइनल में तनवी का मुकाबला यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा से, जबकि आयुष का चीनी ताइपे के चोऊ तिऐनचेन से होगा। पुरूष डबल्‍स के क्‍वार्टर फाइनल में भारत के ए. हरिहरन और रूबेन कुमार की भारतीय जोडी हार गई। उधर, अंडर-19 क्रिकेट में, भारत ने पहले एक दिवसीय क्रिकेट मैच में इंग्लैंड को छह विकेट से हरा दिया। होव के काउंटी ग्राउंड में कल पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान इंग्लैंड की पूरी टीम 174 रन पर आउट हो गई। जवाब में भारतीय ट‍ीम ने 24वें ओवर में 6 विकेट पर 175 रन का लक्ष्‍य हासिल कर लिया। भारत और इंग्लैंड की महिला क्रिकेट टीम के बीच पाँच ट्वेंटीट्वेंटी मैच की श्रृंखला का पहला मुकाबला आज ब्रिटेन के ट्रेंट ब्रिज में होगा। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम सात बजे से शुरू होगा। उधर, एफ.आई.एच. प्रो महिला हॉकी लीग में आज बर्लिन में भारत का सामना चीन से होगा। मैच शाम साढे पांच बजे से खेला जाएगा। अंकतालिका में चीन चौथे जबकि भारत अंतिम स्‍थान पर है। उधर, भारत ने एशियाई स्नूकर टीम चैम्पियनशिप के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। भारत का अगला मुकाबला हांगकांग और बहरीन के बीच होने वाले मैच के विजेता से होगा। इस बीच, अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ 14 जुलाई को नई दिल्‍ली के फुटबॉल हाउस में एक विश्लेषण कार्यशाला का आयोजन करेगा। इसका उद्देश्य भारतीय फुटबॉल में प्रशिक्षकों और विश्लेषकों की कार्य कुशलता और विश्लेषणात्मक कौशल को बढ़ावा देना है। इच्छुक प्रतिभागी महासंघ की वेबसाइट पर पंजीकरण लिंक के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण की अंतिम तिथि 6 जुलाई है।

 

—————————————–

 

श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन द्वारा आज सुबह रथयात्रा फिर से शुरू करने के बाद भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहनों के रथ गुंडिचा मंदिर की ओर ग्रैंड रोड से आगे बढ़ने लगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि भगवान बलभद्र का रथ, तालध्वज और देवी सुभद्रा का दर्पदलन गुंडिचा मंदिर के सामने पहुँच गया, जबकि भगवान जगन्नाथ का रथ, नंदीघोष, ग्रैंड रोड के साथ अपने गंतव्य के करीब पहुँच रहा है।

 

कल सूर्यास्त से पहले कोई भी रथ गुंडिचा मंदिर नहीं पहुंचा, इसलिए भक्तों को आज रथ खींचने का दुर्लभ अवसर मिला। उन्हें रात भर अपने-अपने रथों पर विराजमान देवताओं के दिव्य दर्शन का भी सौभाग्य प्राप्त हुआ। आज रथ यात्रा के फिर से शुरू होने पर भक्तों ने घंटियों, शंखों और “हरि बोल” के जयकारों के बीच राजसी रथों को खींचा। कल रथ यात्रा के दौरान कुछ अज्ञात कारणों से रथों को खींचने का काम बीच में ही रोक दिया गया था। राज्य सरकार ने रथ यात्रा में  किसी भी दुर्घटना को रोकने की पूरी तैयारी की है। देवता अब गुंडिचा मंदिर में नौ दिनों के प्रवास पर रहेंगे और फिर पांच जुलाई को बहुडा यात्रा के दौरान उन्हीं रथों पर सवार होकर श्री जगन्नाथ मंदिर लौटेंगे। पुरी से एसएन पटनायक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जागृति शर्मा।

 

—————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव की जयंती पर उन्‍हें श्रद्धांजलि दी। देश के विकास को आकार देने में उनकी भूमिका को याद करते हुए श्री मोदी ने कहा कि उनके प्रभावी नेतृत्व के लिए राष्ट्र उनका आभारी है। श्री मोदी ने कहा कि उनकी बुद्धि और ज्ञान तथा अच्‍छे स्वभाव की आज भी व्यापक रूप से प्रशंसा की जाती है।

 

—————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 123वीं कड़ी होगी।

 

आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन मोबाइल ऐप पर यह कार्यक्रम सीधे प्रसारित होगा। आकाशवाणी समाचार, दूरदर्शन समाचार, प्रधानमंत्री कार्यालय तथा सूचना और प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा।

 

—————————————–

 

मौसम विभाग के अनुसार देश के उत्‍तर-पश्चिम, मध्‍यवर्ती, पूर्वी और पूर्वोत्‍तर हिस्‍सों में अगले सात दिन में बहुत तेज़ वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है। गुजरात, केरल, माहे, मध्‍य महाराष्‍ट्र और उत्‍तराखंड में आज तेज वर्षा का अनुमान है। पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्‍तराखंड, पूर्वी और पश्चिमी राजस्‍थान तथा जम्‍मू-कश्‍मीर में अगले दो-तीन दिन मूसलाधार वर्षा हो सकती है।

 

—————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा – भारत को विकास के साथ-साथ विरासत को संजोकर आगे बढ़ना चाहिए। श्री मोदी ने राष्‍ट्र से औपनिवेशिक मानसिकता से बाहर निकलने का आह्वान किया।
  • महानदी कोलफील्ड लिमिटेड – ओडिशा में 35 मिलियन टन की संयुक्त क्षमता वाली दो नई कोयला खदानें खोलेगा।
  • अमरीका ने कनाडा के साथ व्यापार वार्ता रोकी। उस पर नए शुल्क की घोषणा जल्‍द होगी।
  • अंतर्राष्‍ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी ने कहा – बारह दिन के इस्राइल-ईरान युद्ध के बाद खाड़ी क्षेत्र में विकिरण का स्‍तर सामान्‍य है।
  • भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी आयुष शेट्टी और तनवी शर्मा यूएस ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचे।
  • और, अंडर-19 क्रिकेट में भारत ने पहले एकदिवसीय मैच में इंग्‍लैंड को छह विकेट से हराया।

 

—————————————–