मुख्य समाचार:
- ईरान और इस्राइल के एक दूसरे पर मिसाइल हमले जारी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय चर्चा के लिए मॉस्को पहुंचे।
- हार्मुज जल डमरू मध्य को बंद करने के ईरान के प्रस्ताव के बाद वैश्विक तेल कीमतें बढीं। बढते तनाव के बीच एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट।
- राष्ट्र डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न भागों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- और क्रिकेट में, लीड्स में इंग्लैंड के साथ पहले टैस्ट मैच के चौथे दिन भारत दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन से आगे खेलेगा।
—————————-
ईरान और इस्राइल में एक दूसरे पर मिसाइल हमलों के कारण संघर्ष जारी है। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामनेई ने ईरान पर इजराइली हमलों में अमरीका के शामिल होने के बाद एक वक्तव्य में कहा कि इस्राइल को इसका खामियाजा भुगतना होगा। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि इस्राइल ने बहुत बडी गलती की है।
इस बीच, ईरान के अधिकारियों ने कहा कि उसकी सेना परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हमलों के जवाब का समय, प्रकृति और मात्रा का निर्धारण कर रही है।
इससे पहले, फोर्डो, नतांज और इस्फहान के परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हवाई हमले की प्रतिक्रिया में ईरान की संसद ने एकमत से स्ट्रेट ऑफ हार्मुज को बंद करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी। हार्मुज विश्व के अत्यधिक महत्वपूर्ण तेल और गैस के लिए नौवहन मार्ग है।
विश्लेषकों का मानना है कि अगर गतिरोध जारी रहता है तो तेल की कीमत प्रति बैरल सौ डॉलर के ऊपर जा सकती है। स्ट्रेट ऑफ हार्मुज के जरिये विश्व के कुल तरल प्राकृतिक गैस नौवहन तथा वैश्विक तेल निर्यातों का लगभग बीस प्रतिशत कारोबार होता है।
इस बीच, अमरीकी सैन्य अधिकारियों ने अत्यधिक चौकसी बरतते हुए इस क्षेत्र में सैन्य बलों को तैनात किया है। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग्ची आज रूस पहुंच चुके हैं। वे अमरीकी सैन्य कार्रवाई के बाद क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ परामर्श कर सकते हैं।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव अंतोनियो गुतरश ने न्यूयार्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में सुरक्षा परिषद के आपातकालीन विशेष सत्र के दौरान शांति की अपील की।
अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने ईरान में सत्ता परिवर्तन की संभावना का संकेत दिया है। उन्होंने ईरान को संकट से उबारने में मौजूदा नेतृत्व की योग्यता पर सवाल भी उठाया। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अगर ईरान की वर्तमान सत्ता ईरान को फिर से महान बनाने में असमर्थ है तो नेतृत्व में परिवर्तन होना चाहिए।
ऑस्ट्रेलिया के विदेश मंत्री पेनी वांग ने ईरान पर राष्ट्रपति ट्रंप के हमलों पर समर्थन व्यक्त किया है। उन्होंने तनाव कम करने और कूटनीति का रास्ता अपनाने का भी आहवान किया है।
—————————-
इजरायली सेना ने ईरान से मिसाइल हमलों के खतरे का हवाला देते हुए मध्य और दक्षिणी इजरायल में हवाई हमले के सायरन सक्रिय कर दिए हैं। यह घटनाक्रम ईरान के परमाणु ठिकानों पर अमरीका के हवाई हमलों के बाद पश्चिम एशिया में बढ़े तनाव के बीच हुआ है।
पिछले दस दिनों में, मध्य इजरायल को भारी नुकसान हुआ है, जिसमें उत्तरी बंदरगाह शहर हाइफा पर भी बार-बार हमले हुए हैं।
इस बीच, चीन ने दोनों देशों से शत्रुता को कम करने का आह्वान किया है।
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उच्च-स्तरीय वार्ता के लिए रूस की राजधानी मॉस्को पहुंचे हैं। ईरान के एक दीर्घकालिक सहयोगी और क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शक्ति के रूप में, रूस को इस गहराते संकट में एक संभावित मध्यस्थ के रूप में देखा जा रहा है। चर्चाओं में डी-एस्केलेशन रणनीतियों, व्यापक क्षेत्रीय सुरक्षा चिंताओं और चल रही शत्रुता को हल करने के लिए किसी भी व्यवहार्य राजनयिक मार्ग की खोज पर ध्यान केंद्रित करने की उम्मीद है। जबकि रूसी अधिकारियों ने शांति स्थापित करने में एक रचनात्मक भूमिका निभाने के लिए अपनी तत्परता का संकेत दिया है। हांलाकि आगे का रास्ता अत्यधिक अनिश्चित बना हुआ है। संयुक्त राष्ट्र और अन्य प्रमुख वैश्विक शक्तियों सहित अंतर्राष्ट्रीय समुदाय, स्थिति पर बारीकी से नज़र बनाए हुए है। इसके अलावा सभी संबंधित पक्षों से संयम बरतने और बातचीत करने का आह्वान किया गया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
—————————-
वैश्विक कच्चे तेल के बाजार में आज शुरुआती कारोबार में तेल की कीमतें दो प्रतिशत से अधिक बढ़कर इस वर्ष जनवरी के बाद के उच्चतम स्तर पर पहुंच गईं। ईरान में परमाणु प्रतिष्ठानों पर अमरीकी हमले के बाद कीमतों में यह उछाल आया है। ईरान ने होर्मुज जल-डमरू-मध्य को बंद करने की धमकी दी है। इसके जरिये वैश्विक कच्चे तेल की आपूर्ति का लगभग 20 प्रतिशत प्रवाह होता है। इस कारण व्यापक चिंताएँ पैदा हो गई हैं।
इस बीच, अंतिम समाचार मिलने तक इंट्रा-डे ट्रेड में अधिकांश एशियाई बाजारों में गिरावट आई। घरेलू शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी दोपहर में आधा प्रतिशत से अधिक गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे।
—————————-
राष्ट्र आज डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि दे रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि डॉ. मुखर्जी ने देश की अखंडता को अक्षुण्ण रखने के लिए अतुलनीय साहस का परिचय दिया।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने नई दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की पुण्यतिथि पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। श्री नड्डा ने कहा कि देश भर में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। डॉ. मुखर्जी के योगदान की सराहना करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि वे स्वतंत्रता सेनानी और समाज सुधारक थे।
तुष्टिकरण की नीति के कारण जब जम्मू-कश्मीर को स्पेशल स्टेटस दिया गया था उसका विरोध उन्होंने किया। एक नियम रहेगा, एक कानून रहेगा और इस बात को लेते हुए उन्होंने उसको अस्वीकार किया। श्रीनगर की जेल में उनकी 23 जून आज के दिन 72 साल पहले उनका रहस्यमय तरीके से निधन हो गया।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी का योगदान सदैव याद किया जाएगा।
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी ने अखंड भारत के लिए अपना बलिदान दिया था। स्वतंत्र भारत में कैबिनेट मंत्री के रूप में उन्होंने देश को अपने विजनरी नेतृत्व से लाभान्वित करके देश की औद्योगिक नीति को तय करने में बड़ी भूमिका का निर्वहन किया था।
—————————-
राष्ट्र ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष फीचर लेकर आया है। आज, हम देश के अल्पसंख्यक समुदायों के सशक्तिकरण, अवसर और सुधार के माध्यम से समावेशी विकास के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
पिछले एक दशक में सरकार ने शिक्षा, आर्थिक सशक्तिकरण और बुनियादी ढांचे के विकास के माध्यम से अल्पसंख्यक समुदायों के उत्थान में महत्वपूर्ण कार्य किये हैं। प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के अंतर्गत 18 हजार 400 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं को मंजूरी दी गई। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक विकास और वित्त निगम ने पिछड़े वर्गों को रियायती ऋण प्रदान करते हुए एक लाख 74 हजार से अधिक लाभार्थियों को 752 करोड़ रुपये से अधिक वितरित किए। सांस्कृतिक और समुदाय-विशिष्ट पहलों ने भी सार्थक प्रभाव डाला है। हज सुविधा ऐप और हज स्वयंसेवकों के लिए समर्पित प्रशिक्षण कार्यक्रमों ने तीर्थयात्रा के अनुभव को बेहतर बनाया है। जबकि ऐतिहासिक वक्फ संशोधन अधिनियम, 2025, और उम्मीद पोर्टल ने पारदर्शिता और शासन को मजबूत किया, जिससे वक्फ संपत्तियों के लिए डिजिटल प्रबंधन के एक नए युग की शुरुआत हुई। इसके अतिरिक्त, बौद्ध विकास योजना और जियो पारसी जैसी अन्य जैसी योजनाओं ने संस्कृति को संरक्षित करके, शिक्षा और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देकर विभिन्न समुदायों की अनूठी जरूरतों को पूरा किया है। समावेश केवल एक नीति नहीं है, यह एक वादा है। योजनाओं, छात्रवृत्ति, डिजिटल सुधारों और विरासत संरक्षण के माध्यम से सरकार सशक्तिकरण और समावेशन को बढ़ावा दे रही है। विष्णु की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
—————————-
विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा है कि पिछले ग्यारह वर्षों में प्रौद्योगिकी भारत की विकास गाथा का इंजन बन गई है।
नई दिल्ली में ग्यारह वर्षों में वैज्ञानिक उपलब्धियों पर संवाददाता सम्मेलन में डॉ. सिंह ने कहा कि 2014 में देश में केवल 50 बायोटेक स्टार्टअप थे, जो बढ़कर दस हजार से अधिक हो गए हैं।
—————————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि विश्व जलवायु परिवर्तन के संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि स्थिरता अब कोई नारा नहीं बल्कि आवश्यकता बन चुकी है। नई दिल्ली में भारतीय लागत लेखाकार संस्थान के नेशनल स्टूडेंट्स दीक्षांत समारोह में राष्ट्रपति ने कहा कि भारतीय लागत लेखाकार संस्थान ने विश्व की सबसे अधिक मजबूत अर्थव्यवस्थाओं में से एक भारतीय अर्थव्यवस्था को बनाने में प्रमुख भूमिका निभाई है।
—————————-
मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में आज तेज बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। हमारे संवाददाता ने बताया कि मध्य प्रदेश में आज भी तेज बारिश हो रही है।
मध्यप्रदेश में पिछले 24 घंटों के दौरान 25 से ज्यादा जिलों में बारिश हुई। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर समेत कई जिलों में बारिश का दौर जारी है। शिवपुरी जिले में भारी बारिश से कई जगह जलभराव हो गया है। वहीं, श्योपुर जिले में पार्वती नदी उफान पर है और श्योपुर-बारां हाईवे बंद करना पड़ा है। उधर, अशोकनगर जिले में पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश में अगले 4 दिन तक बारिश का स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने आज उज्जैन, शाजापुर, आगर-मालवा और राजगढ़ में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है जबकि नीमच, मंदसौर, देवास और इंदौर में ऑरेंज अलर्ट है। संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।
मौसम विभाग ने कहा है कि अगले दो दिन में दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, पंजाब, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू के कुछ भागों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियाँ अनुकूल हैं। शुक्रवार तक कोंकण, गोवा, महाराष्ट्र और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश हो सकती है।
इस बीच, विभाग का अनुमान है कि आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा के अलग-अलग इलाकों में कल तक गर्म और उमस भरी स्थिति रह सकती है।
—————————-
कनिष्क बम विस्फोट के 40वें वर्ष पर विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने इसे आतंकवाद के सबसे बुरे कृत्यों में से एक बताया। 23 जून 1985 को कनाडा के मॉन्ट्रियल से लंदन होते हुए नई दिल्ली जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 182 विस्फोट से आयरलैंड के तट पर अटलांटिक महासागर में गिरा दी गई थी। कनाडा स्थित खालिस्तानी आतंकियों के कायराना हमले में 329 निर्दोष यात्री मारे गए थे, जिनमें विदेशी नागरिकों के साथ ही कई भारतीय नागरिक और बच्चे भी शामिल थे।
—————————-
राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने ओडिशा में गंजम जिले के गोपालपुर समुद्र तट पर कॉलेज छात्रा के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में राज्य के मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को नोटिस जारी किया है।
लीड्स में इंग्लैंड के साथ एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी के पहले क्रिकेट टेस्ट मैच में भारत ने 96 रन की बढत बना ली है। मैच के चौथे दिन आज भारत दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन से आगे खेलना शुरू करेगा। के. एल. राहुल 47 और कप्तान शुभमन गिल 6 रन बनाकर क्रीज पर हैं। भारत की पहली पारी में 471 रन के जवाब में इंग्लैंड ने पहली पारी में 465 रन बनाए। ओली पोप ने 106 और हैरी ब्रुक्स ने 99 रन बनाए।
—————————-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “रक्तदान: एक छोटा सा कार्य जिसका बड़ा प्रभाव हो सकता है” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा।
—————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- ईरान और इस्राइल के एक दूसरे पर मिसाइल हमले जारी। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची रूस के शीर्ष नेतृत्व के साथ उच्चस्तरीय चर्चा के लिए मॉस्को पहुंचे।
- हार्मुज जल डमरू मध्य को बंद करने के ईरान के प्रस्ताव के बाद वैश्विक तेल कीमतें बढीं। बढते तनाव के बीच एशियाई शेयर बाजारों में गिरावट।
- राष्ट्र आज डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी के बलिदान दिवस पर आज उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहा है।
- मौसम विभाग ने राजस्थान और मध्यप्रदेश के विभिन्न भागों में मूसलाधार बारिश का रेड अलर्ट जारी किया।
- और क्रिकेट में, लीड्स में इंग्लैंड के साथ पहले टैस्ट मैच के चौथे दिन भारत दूसरी पारी में दो विकेट पर 90 रन से आगे खेलेगा।
—————————-