मुख्य समाचार :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के सीवान में पांच हजार 900 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया; श्री मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर बिहार को पलायन का प्रतीक बनाने का आरोप लगाया।
- कैलाश मानसरोवर यात्रा सिक्किम के नाथूला से शुरू, 36 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे ने तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में प्रवेश किया।
- ईरान के विदेश मंत्री पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों से जिनेवा में परमाणु वार्ता करेंगे।
- मौसम विभाग का आज दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और असम में तेज बारिश का अनुमान। मॉनसून अगले 2 से 3 दिन में उत्तर तथा मध्य भारत में और सक्रिय होगा।
- भारत तथा इंग्लैंड के बीच पहला क्रिकेट टेस्ट मैच आज से लीड्स के हेडिंग्ले में।
******
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल तथा कांग्रेस पर निशाना साधा है और उन पर बिहार को पलायन का प्रतीक बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने आज कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए ही राज्य को विकास के रास्ते पर वापस लाया है। श्री मोदी ने कहा कि राज्य के युवाओं ने बिहार की दयनीय स्थिति के बारे में सिर्फ सुना है और उन्हें यह अंदाजा नहीं है कि पिछली सरकारों के कार्यकाल के दौरान राज्य में किस तरह का कुशासन था। श्री मोदी ने सीवान में एक जनसभा को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने बिहार के लोगों को विश्वास दिलाया कि उनकी सरकार राज्य के विकास के लिए काम करना जारी रखेगी।
पंजे और लालटेन वालों ने मिलकर बिहार के स्वाभिमान को बहुत ठेस पहुंचाई है। इन लोगों ने ऐसी लूट-खसोट मचाई कि गरीबी बिहार का दुर्भाग्य बन गई। अनेक चुनौतियों को पार करते हुए नीतीश जी के नेतृत्व में एनडीए सरकार बिहार को विकास की पटरी पर वापस लाई है।
श्री मोदी ने जोर देकर कहा कि पूरी दुनिया भारत के विकास की सराहना कर रही है और देख रही है कि कैसे भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने की तरफ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार इस दिशा में बहुत महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है।
मैं कल ही विदेश से लौटा हूं। इस दौर में मेरी दुनिया के बड़े-बड़े समृद्ध देशों के नेताओं से बात हुई। सारे नेता भारत की तेज प्रगति से बहुत प्रभावित है। वह भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनते देख रहे हैं। इसमें बिहार की बहुत बड़ी भूमिका होने वाली है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री ने सिवान में पांच हजार नौ सौ करोड रूपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इनमें शहरी विकास, सीवेज प्लांट, पीएम आवास योजना, रेल और बिजली क्षेत्र की परियोजनाए शामिल हैं। श्री मोदी ने बिहार और उत्तर प्रदेश को जोडने वाली चार सौ करोड रूपये से ज्यादा लागत से तैयार वैशाली-देवरिया रेल लाइन परियोजना राष्ट्र को समर्पित की और पाटिलीपुत्र तथा गोरखपुर के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस रेलगाडी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने मढौरा संयंत्र में बने आधुनिकतम रेल इंजनों की खेप भी झंडी दिखाकर पश्चिमी अफ्रीका के गिनी गणराज्य के लिए रवाना की।
श्री मोदी ने बिहार में पांच सौ मेगावाट ऑवर क्षमता की ऊर्जा स्टोरेज प्रणाली का भी शुभारंभ किया। इसी कार्यक्रम में श्री मोदी ने राज्य में पीएम आवास योजना-शहरी के 53 हजार से ज्यादा लाभार्थियों के लिए छह हजार करोड रूपये से अधिक की लागत से बने मकानों की पहली किस्त जारी की और कुछ लाभार्थियों को चाबियां सौंप कर गृहप्रवेश कराया। श्री मोदी आज शाम को ओडिसा में भुबनेश्वर जाएंगे जहां वे राज्य का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर आयोजित राज्य स्तर के समारोह की अध्यक्षता करेंगे। प्रधानमंत्री वहां 18 हजार करोड रूपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
******
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिव्यांगजनों को जीवन के सभी क्षेत्रों में प्रोत्साहित करने के महत्व पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि उन्नत तकनीकों की मदद से दिव्यांगजन मुख्यधारा में प्रभावी रूप से योगदान दे सकते हैं। राष्ट्रपति आज उत्तराखंड के देहरादून में राष्ट्रीय दृष्टि दिव्यांगजन सशक्तीकरण संस्थान में विद्यार्थियों को संबोधित कर रही थीं।
दिव्यांगजन कोई हम लोगों से अलग नहीं है। उनके अंदर प्रतिभा है, लेकिन उनको एक ऑपच्यरुनिटी की एक सहयोग की आवश्यकता है, उनको दया की आवश्यकता नहीं है, उनको संवेदन की और सहयोग की आवश्यकता है। उनके अंदर जो प्रतिभा है उनको निखारने का और प्रतिभा को प्रकाशित करने का सहयोग हम सबको देना है।
राष्ट्रपति ने देहरादून में राष्ट्रपति निकेतन और राष्ट्रपति तपोवन का उद्घाटन किया। ये दोनों ही 24 जून से आम जनता के लिए खोल दिए जाएंगे। राष्ट्रपति ने आज राष्ट्रपति निकेतन में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया।
******
कैलाश मानसरोवर यात्रा आज से सिक्किम के नाथूला से शुरू हो गई है। राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने आज यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 36 तीर्थयात्रियों और अधिकारियों का पहला जत्था कैलाश मानसरोवर की यात्रा के लिए तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में प्रवेश कर गया। नाथूला के दूसरी ओर चीनी अधिकारी उनका स्वागत करने के लिए मौजूद रहे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि श्री माथुर ने तीर्थयात्रियों से बातचीत की और उन्हें अपनी शुभकामनाएं दीं।
5 साल के बाद आज नाथुला से कैलाश मानसरोवर यात्रा फिर से शुरू हुई है। पहले जत्थे में कुल 37 तीर्थयात्री शामिल है। इनमें से 13 महिला है। प्रदेश के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर ने यात्रा को हरी झंडी दिखाने के बाद केंद्र और प्रदेश सरकार का आभार जाता है।
गौरतलब है कि पहले जत्थे को दर्शन पूरा करने में 11 से 12 दिन लगेंगे। इस बीच 44 तीर्थयात्रियों वाला दूसरा जत्था आज शाम गंगटोक पहुंचेगा। मानक के साथ में मानस प्रतिम शर्मा, आकाशवाणी समाचार, नाथुला।
******
संस्कृति मंत्रालय 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर देश के एक सौ प्रमुख पर्यटन स्थलों और 50 अन्य सांस्कृतिक स्थलों पर योग सत्रों का आयोजन कर रहा है। ये सत्र आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम में आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित प्रमुख योग कार्यक्रम के अतिरिक्त होंगे।
******
आंध्रप्रदेश के विशाखापत्तनम में 11वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर कल होने वाले आयोजन के लिए तैयारियां की जा रही हैं, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के शामिल होने का कार्यक्रम है। यह कार्यक्रम खुले में योग करने के अब तक के सबसे बडे आयोजनों में से एक होगा।
******
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस से पहले आज सवेरे हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रम में हजारों योग साधकों और विद्यार्थियों ने भाग लिया।
******
वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि भारत जल्द ही वैश्विक नवाचार का केंद्र बन जाएगा। श्री गोयल ने कल लंदन में फ्यूचर फ्रंटियर्स फोरम में साइंस म्यूजियम ग्रुप के निदेशक सर इयान ब्लेचफोर्ड के साथ बातचीत में यह बात कही। उन्होंने कहा कि भारत अगले 15 वर्षों में नवाचार पारिस्थितिकी तंत्र में बड़े पैमाने पर निवेश करेगा।
******
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने रूस में सेंट पीटर्सबर्ग अंतर्राष्ट्रीय आर्थिक मंच से अलग सउदी अरब के परिवहन और लॉजिस्टिक सेवा मंत्री सालेह अलजासेर के साथ बैठक की। दोनों नेताओं ने अपने-अपने देश की आधारभूत परियोजनाओं और इस क्षेत्र के लॉजिस्टिक कॉरिडोर के बारे में चर्चा की।
******
सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत ने हाल के वर्षों में माल लाने ले जाने की लागत के प्रतिशत में उल्लेखनीय कमी की है जो और कम होकर नौ प्रतिशत के आसपास हो जाएगी। आकाशवाणी समाचार को दिये विशेष साक्षात्कार में श्री गडकरी ने बताया कि इससे देश के विकास में काफी सहयोग मिलेगा। श्री गडकरी का साक्षात्कार आकाशवाणी के एफएम गोल्ड चैनल यानी सौ दशमलव एक मीटर पर आज रात साढे नौ बजे से प्रसारित किया जाएगा।
******
संचालन और रख-रखाव से जुडे कारणों से एयर इंडिया की कई अंतर्राष्ट्रीय उडानें रद्द या कम की गई है। एयर इंडिया के बयान के अनुसार अमृतसर से लंदन और गोआ से लंदन की उडान 15 जुलाई तथा दिल्ली से नैरोबी की उडान 30 जून तक नहीं चलेंगी। वक्तव्य में यह भी बताया गया है कि कल से 15 जुलाई तक दिल्ली से टोरंटो, वॉशिंगटन, लंदन, पैरिस, वियना, मेलबॉर्न और तोक्यो की विभिन्न उडानों की संख्या कम की गई हैं।
******
विदेश व्यापार महानिदेशालय ने ऐसी कुछ मिश्रित धातुओं के आयात पर रोक लगा दी है जिनमें भारत के हिसाब से एक प्रतिशत से अधिक सोना होता है। निदेशालय से जारी वक्तव्य के अनुसार पैलेडियम, रहोडियम और इरिडियम के आयात पर तत्काल प्रभाव से ये रोक लगा दी गई है।
******
छत्तीसगढ़ में आज सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में एक महिला नक्सली मारी गई है। मुठभेड़ कांकेर जिले के आमाटोला और कालपर इलाके के जंगलों में हुई। खुफिया जानकारी के आधार पर जिला रिजर्व गार्ड और सीमा सुरक्षा बल की संयुक्त टीम को अभियान के लिए रवाना किया गया। सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच गोलीबारी हो रही है। मुठभेड़ स्थल और आसपास के इलाके में तलाशी अभियान जारी है।
******
पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अरागची आज जिनेवा में जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों से मुलाकात करेंगे। मीडिया खबरों के अनुसार इन तीन देशों का मंत्रिस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ईरानी विदेश मंत्री के साथ परमाणु वार्ता से पहले जिनेवा में जर्मनी के स्थायी मिशन में यूरोपीय संघ की शीर्ष राजनयिक काजा कालास से मुलाकात करेगा। हमारे पश्चिम-एशिया संवाददाता की एक रिपोर्ट-
तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर बढ़ते तनाव को कम करने के लिए ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी के वरिष्ठ राजनयिक जिनेवा में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची से मिलेंगे। इस वार्ता में यूरोपीय संघ के विदेश नीति प्रमुख भी शामिल होंगे। राजनयिक कूटनीति के लिए दो सप्ताह का समय निकालने का काम कर रहे हैं। यह बैठक बढ़ती वैश्विक चिंता के बीच हो रही है। यह संघर्ष पश्चिम एशिया को अस्थिर कर मानवीय संकट को जन्म दे सकता है। कूटनीतिक प्रयास को अगले सप्ताह हेग में होने वाले नाटो नेताओं के शिखर सम्मेलन से पहले एक महत्वपूर्ण कदम के रूप में भी देखा जा रहा है, जहाँ क्षेत्र में सुरक्षा सबसे प्रमुख होगी। इस बीच, मास्को ने ईरान पर सैन्य हमलों की निंदा की है। तेहरान का समर्थन करते हुए, शांतिपूर्ण समाधान का आग्रह किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अभी तक अमेरिकी भागीदारी पर कोई निश्चित निर्णय नहीं लिया है, उन्होंने कहा कि दो सप्ताह के भीतर निर्णय लिया जाएगा। विनोद कुमार, आकाशवाणी समाचार, दुबई।
******
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच क्रिकेट टेस्ट मैचों की श्रृंखला तेंदुलकर- एंडरसन ट्रॉफी का पहला मैच आज से लीड्स में खेला जायेगा। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे से शुरू होगा। एक रिपोर्ट –
रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के टेस्ट क्रिकेट से सन्यास लेने के बाद अब सभी की नज़रें नये कप्तान शुभमन गिल पर हैं। मैच से पहले, शुभमन गिल ने कहा कि कप्तान के रूप में देश के लिए खेलना उनके लिए गर्व की बात है।
वहीं, उप- कप्तान ऋषभ पंत ने कहा कि नई भूमिका से वे काफी प्रसन्न हैं लेकिन साथ ही यह बड़ी जिम्मेदारी भी है।
महान बल्लेबाज़ सचिन तेंदुलकर और इंग्लैंड के सफल तेज गेंदबाज जेम्स एंडरसन की उपस्थिति में इस नयी ट्रॉफी का अनावरण किया गया। दोनों देशों के बीच इस श्रृंखला का नाम दोंनों देशों के इन महान खिलाडियों के नाम पर रखा गया है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
******
मौसम विभाग का आज दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्यप्रदेश और असम में तेज बारिश का अनुमान है। मॉनसून अगले दो से तीन दिन में उत्तर और मध्य भारत में और सक्रिय होगा। मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर के जेनामणि ने कहा है कि अगले दो दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, राजस्थान और झारखंड में मूसलाधार वर्षा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्व राजस्थान और मध्य प्रदेश और एंटायर जो उत्तर प्रदेश है, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड में हैवी टू हेवी रेनफॉल है दो दिन तक। और अगर पूर्व भारत की बात करे तो अहमदाबाद का क्षेत्र है, झारखंड में है इसिलिए जो वैरी हेवी रेनफॉल है वो कंटिन्यूइंग है।
******
घरेलू शेयर बाजार बम्बई स्टॉक एक्सचेंज का सेंसेक्स 870 अंक बढ़कर 82 हजार 232 पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 263 अंक बढ़कर 25 हजार 56 पर पहुंच गया।
******
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बिहार के सीवान में पांच हजार 900 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया; श्री मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल और कांग्रेस पर बिहार को पलायन का प्रतीक बनाने का आरोप लगाया।
- कैलाश मानसरोवर यात्रा सिक्किम के नाथूला से शुरू, 36 तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे ने तिब्बत स्वायत्त क्षेत्र में प्रवेश किया।
- ईरान के विदेश मंत्री पश्चिम एशिया में तनाव कम करने के लिए जिनेवा में जर्मनी, फ्रांस और ब्रिटेन के विदेश मंत्रियों से परमाणु वार्ता करेंगे।
- मौसम विभाग का आज दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और असम में तेज बारिश का अनुमान। मॉनसून अगले 2 से 3 दिन में उत्तर और मध्य भारत में और सक्रिय होगा।
- भारत तथा इंग्लैंड के बीच पहला क्रिकेट टेस्ट मैच आज से लीड्स के हेडिंग्ले में।
******