Download
Mobile App

android apple
signal

June 14, 2025 4:09 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पांच दिन की यात्रा पर कल रवाना होंगे।

 

  • सरकार ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय बहुपक्षीय समिति गठित की। हादसे में मृतकों की संख्या 254 हुई।

 

  • कैलाश मानसरोवर यात्रा शुक्रवार से शुरू होगी। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था कल गंगटोक पहुंचेगा।

 

  • ईरान ने इजरायल पर जवाबी कार्रवाई में यरुशलम और तेलअवीव पर मिसाइल हमले किये। ईरान ने अमरीका के साथ परमाणु वार्ता जारी रखने से इनकार किया।

 

  • जर्मनी में निशानेबाजी विश्‍वकप में सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में यह भारत का पहला स्‍वर्ण पदक है।

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पांच दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि यात्रा के पहले चरण में श्री मोदी राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडौलिडेस के निमंत्रण पर साइप्रस पहुंचेंगे।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी की तीन देशों की यात्रा साइप्रस से शुरू होगी। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की दो दशक में साइप्रस की पहली यात्रा होगी। यह यात्रा इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि साइप्रस कश्मीर, सीमा पार आतंकवाद और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में सुधारों पर भारत के रुख का लगातार समर्थन करता रहा है। प्रधानमंत्री मोदी जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए 16 जून को कनाडा जाएंगे।  शिखर सम्मेलन में, श्री मोदी प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदानप्रदान करेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे। यात्रा का अंतिम पड़ाव क्रोएशिया होगा, यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की क्रोएशिया की पहली उच्च स्तरीय यात्रा होगी। क्रोएशिया को भारतमध्य पूर्वयूरोप आर्थिक गलियारे में संभावित भागीदार के रूप में देखा जा रहा है, और यह यात्रा भारतक्रोएशिया संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है। राजा दुरई की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से फरहत नाज़।

 

—–

 

सरकार ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना के कारणों की जांच के लिए उच्‍चस्‍तरीय बहुपक्षीय समिति गठित की है। नागर विमानन मंत्रालय ने कहा कि यह समिति वर्तमान मानक संचालन प्रक्रिया और ऐसी घटनाओं को रोकने तथा निपटने के लिए जारी दिशा-निर्देश की जांच करेगी। समिति, भविष्‍य में ऐसी दुर्घटनाओं से निपटने के लिए व्‍यापक दिशा-निर्देश का सुझाव भी देगी। सरकार ने कहा है कि यह समिति व‍िभिन्‍न संस्‍थाओं द्वारा की जा रही जांच से अलग होगी और ऐसी घटनाओं से निपटने लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार करने पर ध्‍यान देगी।

 

नागर विमानन मंत्री राम मोहन नायडू ने विमान हादसे पर दुख जताया है और कहा है कि जांच जारी है। श्री नायडू ने बताया है कि विमान में साढे छह सौ फीट की ऊंचाई पर खराबी आई थी और पायलट ने इमरजेंसी की सूचना दी थी। उन्‍होंने कहा कि नाग‍र विमानन मंत्रालय इस हादसे की हर पहलु से जांच कर रहा है। श्री नायडू इस समय एक प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे हैं। आइये सुनते हैं उनका संबोधन-

 

इससे पहले, गुजरात के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी ने गांधीनगर में फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला में विशेषज्ञों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्‍होंने कहा कि गुजरात में फोरेंसिक विशेषज्ञ डीएनए मिलान में के लिए चौबीसों घंटे काम कर रहे हैं।

 

उच्‍च अधिकारियों के साथ फॉरेंसिक साइंस लेब्रोटरी में अभी एक बैठक का आयोजन किया गया था जिसमें फॉरेंसिक साइंस की पूरे गुजरात की टीम जो पिछले दो रातों से सभी परिवारों के डीएनए मैच के लिए काम कर रही है। कुल मिलाकर के भारत सरकार से भी बहुत बड़ी संख्‍या में फॉरेंसिक एक्‍सपर्ट्स की मदद यहां पर भेजी गई है।

 

इस बीच, दुर्घटना में विमान में सवार 241 यात्रियों और मेडिकल छात्रों सहित 254 लोगों की मौत हो गई।

 

—–

 

आयुष मंत्री प्रताप राव जाधव ने कहा है कि योग वैश्विक कल्‍याण के प्रति भारत की   महत्‍वाकांक्षा को प्रदर्शित करता है। नई दिल्‍ली में वैश्विक शिखर सम्मेलनयोग कनेक्ट में श्री जाधव ने कहा कि योग भारत की ओर से विश्‍व शांति के लिए पूरे संसार को एक उपहार तथा विरासत है। उन्‍होंने कहा कि योग सिर्फ बीमारियों से बचाव ही नहीं करता बल्कि रोजगार के नये अवसर भी प्रदान करता है।

 

योग डायबिटीज के प्रावधान, हृदय स्‍वास्‍थ्‍य में सुधार और यहां तक कि कैंसर रोगियों और बुजुर्गों को उनकी बीमारी से बेहतर तरीके से निपटने में मददगार है। योग सिर्फ आध्‍यात्मिक और ध्‍यान का ही अभ्‍यास नहीं है बल्कि यह स्‍वास्‍थ्‍य क्षेत्र में रोजगार के अपार अवसर भी प्रदान करता है।

 

इस अवसर पर संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि योग धर्म, लिंग और भाषा की सीमाओं से परे है।

 

योग भारत की प्राचीन परंपरा का अमूल्‍य उपहार है। ये मन, शरीर की एकता, विचार और क्रिया, संयम और पूर्ति, मनुष्‍य और प्रकृति के बीच में सामंजस्‍य, स्‍वास्‍थ्‍य और कल्‍याण के लिए एक समग्र दृष्टिकोण का प्रतीक है।

 

—–

 

विधि और न्‍याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने वैकल्पिक विवाद समाधान के लिए विशेष तंत्र बनाने की आवश्‍यकता पर बल दिया है, जिसमें बीच-बचाव, मध्‍यस्‍थता और समझौता शामिल हैं। नई दिल्‍ली में संस्‍थागत मध्‍यस्‍थता : विवाद समाधान पर एक सम्‍मेलन में उन्‍होंने कहा कि इस तरह का विशेष तंत्र के होने से न केवल निवेशकों और अन्‍य हितधारकों को लाभ होगा बल्कि इससे देश की अदालतों पर बोझ भी कम होगा।

 

—–

 

कैलाश मानसरोवर तीर्थयात्रियों का पहला जत्‍था कल सिक्किम की राजधानी गंगटोक पहुंचेगा। मुख्‍यमंत्री प्रेम सिंह तमांग नाथू ला दर्रे से यात्रा को रवाना करेंगे। यह यात्रा पांच वर्ष के अंतराल के बाद 20 जून से शुरू हो रही है। पर्यटन और नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्‍य सचिव सी एस राव ने आकाशवाणी समाचार को बताया कि तीर्थयात्रियों का हर जत्‍था 11 से 12 दिन में कैलाश मानसरोवर की यात्रा पूरी करेगा।

 

—–

 

राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने प्रतिबंधित संगठन हिज्ब-उत-तहरीर के आतंकी साजिश के मामले में आज मध्य प्रदेश और राजस्थान में कई स्थानों पर तलाशी ली। इस दौरान कई डिजिटल डिवाइस जब्त की गईं। देशभर में अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे विभिन्न आतंकवादी और कट्टरपंथी नेटवर्क और संगठनों पर लगाम लगाने के लिए यह कार्रवाई की गई है।

 

—–

 

राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-NEET यूजी 2025 ने मेडिकल में प्रवेश के लिए परिणाम आज  घोषित किए गए हैं। स्कोर कार्ड परीक्षा की आधिकारिक वेबसाइट – ntaneet.nic.in पर उपलब्ध हैं।

 

—–

 

ईरान ने इजरायल पर जवाबी कार्रवाई में यरुशलम और तेलअवीव पर मिसाइल हमले किये हैं। शनिवार की सुबह तेहरान में हमले के बाद क्षेत्र में अस्थिरता और बढ़ गई है। एक रिपोर्ट –

 

ईरानी बैलिस्टिक मिसाइलों के लगातार हमले होने से तल अवीव और यरुशलम सहित प्रमुख इज़रायली शहरों में हवाई हमले के सायरन बजने लगे। ईरान के जवाबी हमलों में इज़रायल के तीन लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए, जबकि संयुक्त राष्ट्र में ईरान के राजदूत ने बताया कि ईरान पर इज़रायली हमलों में 78 लोग मारे गए हैं और 320 से ज़्यादा लोग घायल हुए हैं। ईरान के ठिकानों में तेहरान का मेहराबाद हवाई अड्डा भी शामिल था, जहाँ कथित तौर पर दो मिसाइलें गिरीं जिससे आग लग गई। इज़रायली सेना ने कहा कि कल की कार्रवाई में ईरान के परमाणु ठिकानों और सैन्य बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाया गया, अधिकारियों का मानना ​​है कि पिछले हमलों के बाद ईरान कमज़ोर स्थिति में था, जिससे उसकी हवाई सुरक्षा कमज़ोर हो गई थी। इज़रायली हमलों में कथित तौर पर ईरान के तीन सबसे शक्तिशाली सैन्य अधिकारी मारे गए हैं और ईरान के परमाणु, मिसाइल तथा सैन्य परिसरों को निशाना बनाया गया। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने संकेत दिया है कि ईरान के लिए अपने परमाणु कार्यक्रम पर एक समझौते पर पहुँचकर बमबारी को रोकने में सहायता मिल सकती है। अमरीकी अधिकारियों ने इस आशंका के बीच अपने कुछ कर्मियों को वापस बुला लिया है। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

 

इस बीच, ईरान ने परमाणु मुद्दे पर अमरीका के साथ वार्ता जारी रखने से इनकार कर दिया है। ईरान ने कहा है कि इस्राइल के अब तक के सबसे बड़े सैन्य हमले के बाद परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता निरर्थक है। इससे पहले, ईरान ने अमरीका पर इस्राइल के हमलों में शामिल होने का आरोप लगाया था, लेकिन अमरीका ने इसे खारिज कर दिया था।

 

—–

 

विदेश मंत्रालय ने ईरान में भारतीय नागरिक और भारतीय मूल के लोगों को मदद के लिए भारतीय दूतावास के आपातकालीन नंबरों पर संपर्क करने को कहा है। ये नंबर हैं – +98 91 28 10 91 15 और 98 91 28 10 91 09

 

इससे पहले, दूतावास ने एक दिशा-निर्देश में सभी भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के लोगों को सतर्क रहने, अनावश्यक गतिविधियों से बचने, दूतावास के सोशल मीडिया अकाउंट को फॉलो करने और स्थानीय अधिकारियों के सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करने का आग्रह किया था।

 

—–

 

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए.पी. सिंह ने कहा है कि ऑपरेशन सिंदूर वायु सेना के अद्वितीय कौशल का उत्‍कृष्‍ट उदाहरण है। हैदराबाद में वायुसेना अकादमी में संयुक्त स्नातक परेड में श्री सिंह ने कहा कि ऑपरेशन ने सशस्त्र बलों में बेहतर समन्वय, और एकीकरण को प्रदर्शित किया है। वायुसेना प्रमुख ने 254 फ्लाइट कैडेटों के प्री-कमीशन प्रशिक्षण को पूरा करने पर शुभकामनाएं दीं।

 

—–

 

भारतीय सेना में आज 419 नए युवा अधिकारी शामिल हुए। उत्तराखंड के देहरादून में भारतीय सैन्य अकादमी में पासिंग आउट परेड आयोजित की गई, जिसमें 451 कैडेट ने भाग लिया। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से-

 

आई.एम.ए स्थित ऐतिहासिक चेटवुड भवन के समक्ष आयोजित इस परेड में कुल 451 जेंटलमैन कैडेट्स ने अंतिम पग पार कर सेना अधिकारी बनने का गौरव प्राप्त किया। इसमें से 32 कैडेट मित्र राष्ट्रों से थे, जो प्रशिक्षण पूर्ण कर अब अपनेअपने देशों की सेनाओं में शामिल होंगे। परेड का निरीक्षण श्रीलंका के सेना प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल बी.के.जी.एम. लासांथा रोड्रिगो ने बतौर रिव्यूइंग ऑफिसर किया। इस अवसर पर युवा कैडेट्स ने अनुशासन, परिश्रम और सैन्य गौरव का अनुकरणीय प्रदर्शन किया। सैनिक परंपराओं और गौरवशाली विरासत के बीच यह आयोजन देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत रहा। प्रशिक्षण अवधि के दौरान समस्‍त्र उत्कृष्टता के लिए स्वॉर्ड ऑफ ऑनरएनी नेहरा को प्रदान किया गया। ऑर्डर ऑफ मेरिट में रोनित रंजन नायक पहले स्थान पर रहे और उन्होंने स्वर्ण पदक प्राप्त किया। एनी नेहरा दूसरे स्थान पर रहे, जबकि अनुराग वर्मा ने तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक प्राप्त किया। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून।

 

—–

 

उत्तर-पश्चिम भारत में आने वाले दिनों में भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्‍मीद है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने आकाशवाणी समाचार से बातचीत में कहा कि आज शाम को पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के क्षेत्र में गरज के साथ बारिश हो सकती है।  

 

आज पूरे रीजन के लिए हमारा ऑरेंज अलर्ट है। स्‍टार्टिंग फ्रॉम राजस्‍थान देन पंजाब, हरियाणा लेकिन जैसे दिन के टेम्‍परेचर के साथ ज्‍यादा रहेंगे तो रात के टेम्‍परेचर भी आज भी ज्‍यादा रहने का अनुमान है मेन हीट वेव के साथ वार्म नाइट भी रहेगा और कल से ऑलमोस्‍ट सारे रीजन में होगा इंप्रूव। देखिए अगर बारिश की बात करते हैं तो नॉर्थवेस्‍ट इंडिया की तो अब भी वेस्‍टर्न डिस्‍टरबेंस है। जो टेम्‍परेचर इंप्रूव होंगे वो उसी के कारण होने का अनुमान है। आज भी हमारा अनुमान है कि पंजाब, हरियाणा, एनसीआर, दिल्‍ली कहीं ना कहीं इवनिंग या लेट इवनिंग थंडर स्‍ट्रोम रेनफॉल एक्टिविटी हो सकती है। वो आने वाले दो से तीन दिन कन्टिन्‍यू रहेगा।

 

मौसम विभाग ने तटीय कर्नाटक, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, केरल, कोंकण और गोवा में अगले दो दिन के लिए तेज वर्षा के कारण रेड अलर्ट जारी किया है।

 

—–

 

सुरुचि सिंह ने जर्मनी में निशानेबाजी विश्वकप के महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल फाइनल में स्वर्ण पदक जीता। सुरुचि ने कल एक रोमांचक फाइनल में विश्वकप में अपना तीसरा स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में भारत का ये पहला स्‍वर्ण पदक है।

 

—–

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी, साइप्रस, कनाडा और क्रोएशिया की पांच दिन की यात्रा पर कल रवाना होंगे।

 

  • सरकार ने अहमदाबाद विमान दुर्घटना की जांच के लिए उच्च स्तरीय बहुपक्षीय समिति गठित की। हादसे में मृतकों की संख्या 254 हुई।

 

  • कैलाश मानसरोवर यात्रा शुक्रवार से शुरू होगी। तीर्थयात्रियों का पहला जत्था कल गंगटोक पहुंचेगा।

 

  • ईरान ने इजरायल पर जवाबी कार्रवाई में यरुशलम और तेलअवीव पर मिसाइल हमले किये। ईरान ने अमरीका के साथ परमाणु वार्ता जारी रखने से इनकार किया।

 

  • जर्मनी में निशानेबाजी विश्‍वकप में सुरुचि सिंह ने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल में स्वर्ण पदक जीता। इस प्रतियोगिता में यह भारत का पहला स्‍वर्ण पदक है।

 

*****