Download
Mobile App

android apple
signal

June 11, 2025 4:09 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में बुनियादी ढांचे की क्रांति के 11 वर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा–बुनियादी ढांचे में जीवन तेजी से सुगम और समृद्ध हो रहा है।

  • भारत के बाजार पूंजीकरण में मार्च से एक ट्रिलियन डॉलर की वृद्धि, यह विश्‍व के शीर्ष 10 बाजारों में सर्वाधिक लाभ है।

  • भारत का सामाजिक सुरक्षा दायरा वर्ष 2015 के 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64 प्रतिशत से अधिक हुआ।

  • उत्तर भारत भीषण लू की चपेट में, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

  • ताइवान ने सिंगापुर के मालवाहक जहाज के 18 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने पर भारत को धन्यवाद किया।

  • अमरीकी ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन छापों को लेकर चल रही अशांति के बीच लॉस एंजिल्स में कर्फ्यू लगाया।

  • लॉर्ड्स में-दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट क्रिकेट चैंपियनशिप फाइनल आज से खेला जाएगा।

—–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि अगली पीढ़ी के बुनियादी ढांचे के लिए भारत का प्रयास सतत और दीर्घकालिक दृष्टि से प्रेरित है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि यह आत्मनिर्भर भारत की नींव रख रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे में क्रांति के ग्यारह साल हो गए हैं। इस दौरान बेहतरीन बुनियादी ढांचे बनाए गए हैं। इससे भारत की विकास में गति आई है। उन्होंने कहा कि रेलवे से लेकर राजमार्ग और बंदरगाह से हवाई अड्डा तक भारत का तेजी से फैल रहा बुनियादी ढांचा नेटवर्क जीवन को आसान बना रहा है और समृद्धि को बढ़ा रहा है।

—–

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा है कि मोदी सरकार ने ग्यारह वर्षों में देश के बुनियादी ढांचे में क्रांति लाकर भारत का पुनर्निर्माण किया है। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री शाह ने कहा कि नवनिर्मित अत्याधुनिक बुनियादी ढांचा परियोजनाओं ने लोगों को करीब लाकर राष्ट्र की एकता को मजबूत किया है।

—–

भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक तक उल्लेखनीय परिवर्तन किया है। आकाशवाणी समाचार आपके लिए पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला प्रसारित कर रहा है। इसी कड़ी में आज, हम भारत के परिवहन बुनियादी ढांचे के परिवर्तन पर ध्यान केन्द्रित करते हुए जानकारी दे रहे हैं।

 

पिछले दशक में भारत ने समग्र और एकीकृत दृष्टिकोण से अभूतपूर्व पैमाने पर बुनियादी ढांचों का विकास देखा है। राजमार्ग निर्माण का दैनिक औसत बढ़कर अब तक के उच्चतम स्तर 34 किलोमीटर प्रतिदिन पर पहुंच चुका है, जो 2014 की तुलना में लगभग तीन गुना है। भारतमाला परियोजना के अंतर्गत, आर्थिक गलियारे विकसित करने और रसद लागत को कम करने के लिए 20 हजार किलोमीटर से अधिक राजमार्गों का निर्माण किया गया है। वहीं, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 2014 से अब तक 7 लाख 80 हज़ार किलोमीटर से अधिक की लम्बाई की सड़कों के निर्माण के द्वारा ग्रामीण संपर्क 99 प्रतिशत पहुंच गया है। जबकि पीएम गतिशक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान ने एकीकृत बुनियादी ढांचे के विकास के लिए 44 मंत्रालयों और 36 राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेशों को GIS-आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म पर एकीकृत किया है। रेलवे की क्षमता में भी व्यापक वृद्धि हुई है। 45 हजार किलोमीटर से अधिक रेल मार्ग का विद्युतीकरण किया गया है तथा तीन सौ 33 जिलों को जोड़ने वाली 68 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनें चलाई जा रही हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 1 हज़ार तीन सौ से अधिक रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। विमानन क्षेत्र में उडान योजना उड़े देश का आम नागरिक  के तहत 88 हवाई अड्डों को कार्यरत किया गया है। मेट्रो रेल कनेक्टिविटी अब 23 शहरों तक फैली हुई है, जिसके साथ भारत दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क बन गया है। सागरमाला कार्यक्रम के अंतर्गत बंदरगाहों और अंतर्देशीय जलमार्गों से जुड़ी 277 परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। दुनिया की सबसे ऊँची चिनाब रेलवे ब्रिज, दुनिया की सबसे लंबी राजमार्ग सुरंग अटल और दुनिया की सबसे बड़ी मूर्ती स्टैच्यू ऑफ़ यूनिटी, भारत के इंजीनियरिंग करिश्माओं के अविश्वनीय प्रतीक हैं। ये सभी मील के पत्थर उत्पादकता को बढ़ावा देने के साथसाथ संयोजकता में सुधार और 2047 तक विकसित भारत की नींव रख रहे हैं। विष्णु की रिपोर्ट के साथ, समाचार कक्ष से जया भारती।

—–

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों ने विभिन्न देशों में जिस प्रकार पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद आतंकवाद का सफाया करने की आवश्यकता के संबंध में भारत के विचारों को प्रस्तुत किया, उस पर उन्हें गर्व है। प्रधानमंत्री ने पिछले कुछ हफ्तों में विश्व के 33 देशों की यात्रा करने वाले बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों के सदस्यों से कल मुलाकात की, जिसमें सांसद और पूर्व राजनयिक शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात में अपने अनुभव साझा किए। अमरीका में प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने राष्ट्र की सेवा का अवसर देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी की प्रशंसा की।

 

पांच देशों के सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने वाले जनता दल युनाइटेड के सांसद संजय झा ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठक के दौरान विभिन्न देशों का दौरा करने वाले प्रतिनिधिमंडलों ने उन्हें यात्रा के दौरान प्राप्त प्रतिक्रियाओं की जानकारी दी।

 

जो हम लोगों का फीडबैक था, एक रिपोर्ट भी दिया है प्रधानमंत्री जी के यहां और साथ में जितने हमारे साथी थे, सब लोगों ने अपनाअपना अनुभव शेयर किया कि हम लोगों ने जो बात रखा, वहां से जो रिस्‍पॉन्‍स था, किस तरह लोग दुनिया में चीजों को देखते हैं या भारत फोर्थ लार्जेस्‍ट इकोनॉमी दुनिया की होगी तो दुनिया के नजर में कितनी बड़ी बात है या आगे और क्‍या कर सकते हैं। प्रधानमंत्री ने पूछा भी सबसे कि आगे और इसमें आप लोगों का क्‍या सुझाव है, तो सारी बातें उन्‍होंने सुनी और सबके काम को एप्रिशिएट भी किया।  

—–

भारत की सूचीबद्ध कंपनियां मार्च 2025 की शुरुआत से बाजार पूंजीकरण में लगभग एक ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गई है। यह अक्टूबर 2024 और फरवरी 2025 के बीच पांच महीने के सुधार के बाद निरंतर तेजी से बढ रहा है। यह दुनिया के शीर्ष 10 इक्विटी बाजारों में सबसे अधिक वृद्धि है। भारत वर्तमान में अमरीका, चीन, जापान और हांगकांग के बाद वैश्विक स्तर पर पाँचवाँ सबसे बड़ा बाजार है।

 

उधर, कोलियर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, भारत जमीन और विकास स्थलों के लिए शीर्ष 10 वैश्विक सीमा-पार निवेश स्थलों में बना हुआ है। मजबूत बुनियादी ढांचे, परिपक्व होते रियल एस्टेट बाजार और भूमि तथा विकास परिसंपत्तियों में बढ़ती रुचि के कारण भारत एशिया प्रशांत क्षेत्र में एक प्रमुख निवेश स्थल के रूप में उभर रहा है।

—–

घरेलू शेयर बाजार, आज दोपहर के सत्र में मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स 208 अंक बढकर 82 हजार 599 पर और निफ्टी 65 अंक बढकर 25 हजार 169 पर आ गया।

—–

भारत का सामाजिक सुरक्षा दायरा 2015 में 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64 दशमलव तीन प्रतिशत हो गया है। अंतर्राष्ट्रीय श्रम संगठन के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, इस दायरे  में पिछले एक दशक में 45 प्रतिशत अंकों की वृद्धि देखी गई है। संगठन के महानिदेशक गिल्बर्ट एफ. हुंगबो ने प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की गरीब और मजदूर वर्ग के कल्‍याण पर केंद्रित नीतियों की प्रशंसा की।

—–

ताइवान ने समुद्री बचाव अभियान के लिए भारत को धन्यवाद दिया है। ताइवान ने सिंगापुर के मालवाहक जहाज वान हाई 503 के 18 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने के लिए भारत को धन्यवाद दिया। हाल ही में मालवाहक जहाज में केरल तट से लगभग 70 समुद्री मील दूर आग लग गई थी। जहाज के अग्निशमन और सुरक्षा विभाग से जुड़े चार अन्य चालक दल के सदस्यों के ठिकानों का पता लगाया जा रहा है।

—–

विज्ञान और प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह ने कहा है कि भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला को अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन ले जाने वाले एक्सिओम मिशन-4 का प्रक्षेपण स्थगित कर दिया है। डॉ. सिंह ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि फाल्कन 9 रॉकेट के परीक्षण के दौरान पाये गये तरल ऑक्‍सीजन के रिसाव को ठीक करने के लिए स्‍पेसएक्‍स की टीम को अतिरिक्‍त समय दिये जाने के कारण इसे स्‍थगित करना पडा।

—–

केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने एक साइबर अपराध गिरोह का पर्दाफाश कर 2 दशमलव 8 करोड़ रुपये की क्रिप्टोकरेंसी बरामद की है। सीबीआई के अनुसार भारत से संचालित एक साइबर अपराध गिरोह के बारे में विश्वसनीय जानकारी के आधार पर यह मामला दर्ज किया गया।

—–

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज महान कवि और समाज सुधारक संत कबीर दास को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि उनके दोहों में शब्दों की सरलता और भावनाओं की गहराई है।

 

संत कबीरदास जी ने अपनी साखियों और दोहों के माध्‍यम सामाजिक समानता, शांति और भाईचारे पर बल दिया। उन्‍होंने कहा जाति न पूछो साधू की, पूछ लीजिए ज्ञान और लोगों से अपील की वे धर्म और जाति से ऊपर उठकर लोगों को ज्ञान के आधार पर मानें उनका सम्‍मान करें। उनकी बातें आज सदियों बाद भी उतनी ही प्रभावी है।

—–

21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 पर, आज नई दिल्ली में आकाशवाणी के रंग भवन में “कार्यस्थल पर योग” कार्यशाला का आयोजन किया गया। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए, डॉ. चतुर्वेदी ने योग को एक ऐसा संकल्प बताया जिसका कोई दूसरा विकल्प नहीं है

 

योग जो है वो एक संकल्‍प है और संकल्‍प का कोई विकल्‍प नहीं होता। इसलिए ऐसा नहीं कि 21 जून के दिन ही हम योग अभ्‍यास करें उसके बाद न करें। देखिए बुद्धू से बुद्धा बनने का जो एनलाइटमेंट हो रहा है, वो हमारा योग, ध्‍यान और मेडिटेशन के द्वारा हो रहा है। डाइट, स्लिप और एक्‍सरसाइज कितनी जरूरी है। फिलॉसफी ऑफ योगा तो इम्‍पोर्टेंट है, वो प्रेक्टिस ऑफ योगा के साथसाथ ही उस चीज को लेना चाहिए।

 

इस कार्यक्रम में आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ और अतिरिक्त महानिदेशक एल. मधु नाग ने हिस्‍सा लिया।

—–

आकाशवाणी के पूर्व उर्दू समाचार वाचक सलीम अख्तर का आज नई दिल्ली में संक्षिप्त बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 76 वर्ष के थे। सलीम अख्तर करीब 25 वर्षों तक आकाशवाणी के समाचार सेवा प्रभाग की उर्दू इकाई से जुड़े रहे।

—–

अमरीकी ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन छापों को लेकर चल रही अशांति के बीच लॉस एंजिल्स में कर्फ्यू लगाया है। अमरीका में ट्रम्प प्रशासन के आव्रजन छापों के खिलाफ प्रदर्शन तेज हो गए हैं। ये प्रदर्शन लॉस एंजिल्स से बाहर तक हो रहे हैं। हजारों लोग कम से कम दो दर्जन शहरों में जमा हैं। लॉस एंजिल्स और शिकागो में प्रदर्शनकारियों ने कुछ समय के लिए यातायात को अवरुद्ध कर दिया। न्यूयॉर्क में प्रदर्शनकारियों ने लोअर मैनहट्टन से मार्च किया, जबकि अटलांटा में प्रदर्शनकारियों का स्थानीय पुलिस के साथ गतिरोध हुआ।

—–

लंदन के लॉर्ड्स में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप क्रिकेट के फाइनल आज से शुरू हो रहा है। इसमें ऑस्ट्रेलिया का मुकाबला आज दोपहर बाद साढे तीन बजे दक्षिण अफ्रीका से होगा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया लगातार दूसरी बार पहुंचा है।

—–

मौसम विभाग ने शुक्रवार तक राजस्थान में भीषण गर्मी की स्थिति का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों के दौरान उत्तरी मध्य प्रदेश, पंजाब, जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी की स्थिति का अनुमान लगाया है।

 

राजस्थान में कई स्थानों पर झुलसाने वाली, वहीं अधिकतर स्थानों पर तेज गर्मी का असर है। श्रीगंगानगर, कोटा, चूरू, चित्तौडगढ और बीकानेर इन पांच शहरों में दिन का तापमान 45 डिग्री सैल्सियस से पार दर्ज किया गया।

 

दिन के साथसाथ इन दिनों रातें भी तप रही हैं। बीती रात आठ शहरों में पारा 30 डिग्री के पार मापा गया। मौसम केंद्र जयपुर के अनुसार पश्चिमी राजस्थान के अधिकांश भागों में अगले एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने और हीटवेव तथा तीव्र हीटवेव की संभावना है। विभाग ने गर्मी को लेकर श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़ और चूरू सहित कुछ स्थानों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। प्रचंड गर्मी के कारण सामान्य जनजीवन पर खासा असर पड़ा है। जितेन्‍द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर। 

—–

ओडिशा में देव स्नान पूर्णिमा के अवसर पर पवित्र शहर पुरी में भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र, देवी सुभद्रा और भगवान सुदर्शन के विभिन्न अनुष्ठान आज सुबह से चल रहे हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि ज्‍येष्‍ठ पूर्णिमा के दिन आयोजित होने वाला देव स्नान उत्सव वार्षिक रथ यात्रा की शुरुआत का प्रतीक है और यह त्यौहार ओडिशा के लोगों के लिए बहुत महत्व रखता है। 

—–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में बुनियादी ढांचे की क्रांति के 11 वर्षों पर प्रकाश डालते हुए कहा–बुनियादी ढांचे में जीवन तेजी से सुगम और समृद्ध हो रहा है।

  • भारत के बाजार पूंजीकरण में मार्च से एक ट्रिलियन डॉलर की वृद्धि, यह विश्‍व के शीर्ष 10 बाजारों में सर्वाधिक लाभ है।

  • भारत का सामाजिक सुरक्षा दायरा वर्ष 2015 के 19 प्रतिशत से बढ़कर 2025 में 64 प्रतिशत से अधिक हुआ।

  • उत्तर भारत भीषण लू की चपेट में, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तापमान 47 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

  • ताइवान ने सिंगापुर के मालवाहक जहाज के 18 चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित बचाने पर भारत को धन्यवाद किया।

  • अमरीकी ट्रंप प्रशासन ने आव्रजन छापों को लेकर चल रही अशांति के बीच लॉस एंजिल्स में कर्फ्यू लगाया।

  • लॉर्ड्स में-दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच विश्व टेस्ट क्रिकेट चैंपियनशिप फाइनल आज से खेला जाएगा।

*****