Download
Mobile App

android apple
signal

June 10, 2025 4:16 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रक्षा उत्पादन में आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करते हुए भारत के रक्षा क्षेत्र में उल्‍लेखनीय परिवर्तन की सराहना की।

  • विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा – चीन आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड नहीं अपना सकता।

  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विज्ञान को विकसित भारत और मानव-केंद्रित विकास के दृष्टिकोण के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी, कई स्थानों पर तापमान 44  डिग्री के पार, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया और लोगों को सतर्क रहने की चेतावनी दी।

  • 2027 एएफसी एशियन कप फुटबॉल के फाइनल क्वालीफायर में आज शाम भारत का मुकाबला हांगकांग से होगा।

———-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पिछले ग्यारह वर्ष में भारत के रक्षा क्षेत्र में हुए उल्लेखनीय परिवर्तन पर प्रकाश डाला है। सोशल मीडिया पोस्ट में प्रधानमंत्री ने कहा कि रक्षा उत्पादन में आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह देखना उत्साहजनक है कि कैसे भारत के लोग राष्ट्र को मजबूत करने के साझा संकल्प के साथ एकजुट हुए हैं।

 

———-

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत के रक्षा क्षेत्र में पिछले ग्यारह वर्ष में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में मजबूत सीमाएं, आधुनिक सशस्त्र बल, स्वदेशी हथियार, रिकॉर्ड रक्षा निर्यात और वैश्विक विश्‍वास से यह क्षेत्र आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर हुआ है।

 

———-

 

सूचना और प्रसारण तथा संसदीय कार्य राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने कहा है कि भारत ने पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के नेतृत्‍व में महत्‍वपूर्ण विकास और सुशासन देखा है। पुद्दुचेरी में संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि भारत दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और 27 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आ गए हैं।

 

———-

 

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत उम्मीद की किरण बनकर उभरा है। मोदी सरकार के 11 साल पूरे होने पर आज चेन्नई में मीडिया को जानकारी देते हुए शेखावत ने कहा कि भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब लोगों के कल्याण पर ध्यान केंद्रित करते हुए अमृत काल की ओर विकास की एक नई यात्रा शुरू की है।

 

———-

 

देश में पिछले एक दशक के दौरान सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण नीतियों के तहत उल्लेखनीय प्रगति हुई है। आकाशवाणी समाचार पिछले 11 वर्ष में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों और उपलब्धियों पर विशेष श्रृंख्‍ला प्रसारित कर रहा है। इस कड़ी में आज हम आत्मनिर्भरता के माध्‍यम से रक्षा के क्षेत्र में भारत को वैश्विक शक्ति बनाने के प्रयासों पर जानकारी दे रहे हैं।

 

“पिछले एक दशक में, भारत ने अपनी सुरक्षा नीति को स्पष्टता, दृढ़ निश्चय और आत्मविश्वास के साथ परिभाषित किया है। 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक से लेकर, 2025 में, ऑपरेशन सिंदूर तक, संदेश स्पष्ट है। भारत अपनी राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरों को बर्दाश्त नहीं करेगा। ऑपरेशन सिंदूर, आतंकवाद विरोधी प्रतिक्रिया में एक महत्वपूर्ण क्षण था। एक सटीक, समन्वित मिशन, जिसमें देश के वीर जवानों ने सीमा पार नौ आतंकी शिविरों को बेअसर कर दिया जो पहलगाम आतंकी हमले का एक तत्पर और निर्णायक जवाब साबित हुआ। स्वदेशी विनिर्माण ने इसकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आईएनएस विक्रांत से लेकर लम्बी ऊंचाई वाले लाइट कॉम्बैट हेलीकॉप्टर एलसीएच प्रचंड तक, भारत आत्मविश्वास के साथ डिजाइन और तैनाती कर रहा है। वहीं, आईडीईएक्‍स जैसी पहल, स्टार्टअप और एमएसएमईज़ भारतीय सुरक्षा बलों के लिए अत्याधुनिक समाधान प्रदान कर उन्हें और अधिक सशक्त बना रहे हैं। इसके अतिरिक्त, रक्षा निर्यात बढ़कर रिकॉर्ड 23 हजार 622 करोड़ रुपये हो गया है, जो 2014 से 34 गुना की वृ‌द्धि है। 5 हजार से अधिक वस्तुएं अब सकारात्मक स्वदेशीकरण सूची में शामिल हैं और मौजूदा वित्त वर्ष में, रक्षा पूंजी अधिग्रहण का 75 प्रतिशत बजट, घरेलू उत्पादन के लिए निर्धारित किया गया है। अग्रिम मोर्चे से लेकर कारखानों तक, युद्ध के मैदानों से लेकर बोर्डरूम तक भारत एक नए युग की शुरुआत कर रहा है, जहां सुरक्षा ही ताकत है और आत्मनिर्भरता उसकी ढाल। विष्णु की रिपोर्ट के साथ, आदर्श, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।”

 

———-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि भारत में खेलों के बुनियादी ढांचे का विस्तार देश को वैश्विक खेल महाशक्ति बनने की ओर अग्रसर कर रहा है। केंद्रीय युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया का एक लेख साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि युवाओं को केन्‍द्र में रखकर देश में खेलों के बुनियादी ढांचे का विकास किया जा रहा है।

 

लेख में श्री मांडविया ने कहा है कि पिछले 11 वर्षों में भारत के खेल बुनियादी ढांचे में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले एक दशक में युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय का बजट तीन गुना से अधिक हो गया है।

 

———-

 

प्रधानमंत्री ने कहा है कि राष्ट्रीय तकनीकी वस्त्र मिशन और उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन पी.एल.आई. योजना जैसी प्रमुख पहलों से देश का तकनीकी वस्त्र क्षेत्र तेजी से विकास कर रहा है। कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह द्वारा सोशल मीडिया पर साझा की गई एक पोस्ट का जवाब देते हुए, श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि ये प्रयास घरेलू विनिर्माण को महत्वपूर्ण रूप से बढ़ा रहे हैं और नवाचार को बढ़ावा मिल रहा है।

 

———-

 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा है कि चीन पाकिस्तान के साथ अपनी दोस्‍ती निभाने के लिए आतंक के खिलाफ दोहरे मापदण्‍ड नहीं अपना सकता। उन्होंने कहा कि आतंकवाद एक ऐसी समस्या है जो सभी को चिंतित करती है। अपनी फ्रांस की यात्रा के दौरान एक फ्रांसीसी अखबार के साथ एक साक्षात्कार में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत का संघर्ष आतंकवाद के खिलाफ है न कि किसी देश के खिलाफ। उन्‍होंने बताया कि भारत आतंकवाद को कतई न बर्दाश्‍त करने की नीति बनाए रखता है जबकि पाकिस्तान आतंकवादियों को समर्थन देना जारी रखता है। उन्होंने कहा कि अगर आतंकवादी भारत पर फिर से हमला करते हैं, तो उन्हें जहां भी पाकिस्तान में संरक्षण दिया जाएगा वहां मुहतोड जबाव दिया जायेगा।

 

डॉ. जयशंकर ने कहा कि ऑपरेशन सिन्‍दूर के दौरान पाकिस्‍तान के कई आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया।

 

———-

 

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा है कि भारत किसी भी तरह की आतंकी गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं करेगा और आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए ठोस कदम उठाता रहेगा। श्री राय ने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद देश ने ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान को मुंहतोड़ जवाब दिया है। श्री राय ने आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड के 23वें अंतरराष्ट्रीय सेमिनार का उद्घाटन करते हुए यह बात कही।

 

———-

 

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि वैज्ञानिकों, नवोन्‍मेषकों और नीति निर्माताओं के लिए यह सबसे उपयुक्‍त समय है, जिसके अंतर्गत समावेशी पारिस्थितिकी तंत्र और समाधानों का निर्माण करने के लिए लोगों को सशक्त बनाया जा रहा है।

 

हैदराबाद में युवा वैज्ञानिकों के अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और ग्लोबल यंग अकादमी की वार्षिक बैठक को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने वैज्ञानिकों से विकसित भारत और मानव-केंद्रित विकास की दृष्टि के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

 

———-

 

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कल स्विट्जरलैंड के बर्न में वहां के उद्योगपतियों   के साथ बैठकें कीं। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि बैठकों का मुख्य उद्देश्य आर्थिक सहयोग मजबूत करना और भारत तथा यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ-ईएफटीए के बीच हाल ही में हुए व्यापार और आर्थिक भागीदारी समझौते-टीईपीए के तहत नए रास्ते तलाशना है।

 

मीडिया से बातचीत में श्री गोयल ने कहा कि भारत आज निवेश के लिए सर्वाधिक आकर्षक गंतव्‍य स्‍थान है। श्री गोयल ने इस बात पर जोर दिया कि पिछले 11 वर्षों में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश को दुनिया की पांच शीर्ष अर्थव्‍यवस्‍थाओं में स्‍थान दिलाया है।

 

———-

 

“भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्‍यक्ष वी. नारायणन ने बताया कि अब एक्सियम-4 मिशन भारतीय समयानुसार कल शाम साढ़े पांच बजे केप कैनेवरल के कैनेडी स्पेस सेंटर से भेजा जाएगा। अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर स्पेस एक्स ड्रैगन, कैनेडी स्पेस सेंटर के लॉंच पैड 39 से रवाना होगा। इस ऐतिहासिक मिशन में भारत के शुभांशु शुक्ला के अतिरिक्त अमरीका, पोलैंड और हंगरी के अंतरिक्ष यात्री 14 दिन तक अंतरराष्‍ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र में रहेंगे। शुभांशु शुक्ला ने वीडियो संदेश में कहा कि वे इस मिशन में शामिल होकर बहुत ही गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। चेन्‍नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से मैं आशा निवेदी।”

 

———-

 

कर्नाटक उच्च न्यायालय ने पिछले सप्ताह चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई बेंगलुरु भगदड़ के संबंध में स्वतः संज्ञान लेते हुए राज्‍य सरकार को सीलबंद लिफाफे में जवाब दाखिल करने की अनुमति दे दी है। स्वतः संज्ञान याचिका पर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश वी कामेश्वर राव और न्यायमूर्ति सी एम जोशी ने सुनवाई की। अब यह मामला गुरुवार को सुनवाई के सूचीबद्ध किया गया है।

 

———-

 

उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी पड़ रही है। अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस को पार कर गया है। मौसम विभाग  ने कल तक के लिए लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने कहा कि अगले दो दिनों तक जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और उत्तरी मध्य प्रदेश में लू चलने की संभावना है।

 

———-

 

राजस्थान के कई जिले भीषण गर्मी और लू की चपेट में हैं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि कई जिलों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।

 

“बीते 24 घंटे में श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 47 दशमलव 4 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीकानेर में 46 डिग्री से ऊपर, वहीं बाडमेर, चूरू और कोटा में पारा 45 डिग्री सैल्सियस से अधिक मापा गया। मौसम केंद्र जयपुर ने अगले दो, तीन दिन राज्य के कई जिलों में भीषण लू का दौर जारी रहने की संभावना जताई है। साथ ही श्रीगंगानगर और हनुमानगढ़ जिलों में पारा 47 से 48 डिग्री दर्ज किये जाने की आशंका है। विभाग ने लोगों को दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने, भरपूर पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। जितेन्द्र द्विवेदी, आकाशवाणी समाचार, जयपुर।”

 

———-

 

जम्मू-कश्मीर में भी लू की स्थिति बनी हुई है।

 

“जम्मू क्षेत्र में पिछले चार दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। सोमवार को क्षेत्र के पांच जिलों में तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने पांच दिनों तक लू चलने का अनुमान लगाया है, मौसम में अत्यधिक बदलाव के साथ, आईएमडी और स्वास्थ्य अधिकारियों ने निवासियों, खासकर बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं जैसे कमजोर समूहों से अतिरिक्त सावधानी बरतने का आग्रह किया है। आकाशवाणी समाचार के लिए जम्‍मू से मैं एम. गुलशन रैना। “

 

———-

 

हांगकांग में 2027-एएफसी एशियन कप फुटबॉल के फाइनल क्‍वालीफायर राउंड मैच में आज भारतीय टीम का सामना हांगकांग से होगा। मैच भारतीय समयानुसार शाम साढे़ पांच बजे से शुरू होगा।

 

इससे पहले, 16 वर्ष पूर्व 2009 में भारत और हांगकांग ने दोस्‍ताना मैच खेला था। 

 

———-

 

घरेलू शेयर बाजार में आज दोपहर के कारोबार में सेंसेक्‍स स्थिर रहा जबकि निफ्टी में मामूली बढ़त दर्ज की गई। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्स 14 अंक बढ़कर 82 हजार 459 पर और नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 25 अंक बढ़कर 25 हजार 128 पर पहुँच गया।

 

———-

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-  

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रक्षा उत्पादन में आधुनिकीकरण और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करते हुए भारत के रक्षा क्षेत्र में उल्‍लेखनीय परिवर्तन की सराहना की।

  • विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा – चीन आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में दोहरे मापदंड नहीं अपना सकता।

  • शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने विज्ञान को विकसित भारत और मानव-केंद्रित विकास के दृष्टिकोण के साथ जोड़ने की आवश्यकता पर बल दिया।

  • उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी से कई स्थानों पर तापमान 44  डिग्री के पार, मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया और लोगों को सतर्क रहने को कहा।

  • 2027 एएफसी एशियन कप फुटबॉल के फाइनल क्वालीफायर में आज शाम भारत का मुकाबला हांगकांग से होगा।

**********