मुख्य समाचार :
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ तेजी से बडे पैमाने पर और संवेदनशीलता के साथ आधारभूत बदलाव ला रही है।
- भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा–प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कार्य प्रदर्शन की राजनीति और जबावदेही सरकार लाकर राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है।
- रिजर्व बैंक की ब्याज दरों में 50 आधार अंकों की कटौती से शेयर बाजारों में आज दोपहर के कारोबार में आधा प्रतिशत की तेजी।
- मौसम विभाग ने लद्दाख और जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत के अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया।
- इस्राइल ने गाजा जाने वाले सहायता जहाज को रोका, ग्रेटा थनबर्ग और अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
- और, अमरीका के लॉस एंजिल्स में नेशनल गार्ड के सैनिकों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीसरे दिन भी झड़प जारी।
———————————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि एक सौ 40 करोड़ भारतीयों के आशीर्वाद और सामूहिक भागीदारी से देश ने पिछले 11 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से बदलाव देखे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास के सिद्धांत से प्रेरित होकर एनडीए सरकार ने तेजी से बडे पैमाने पर और संवेदनशीलता के साथ महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। प्रधानमंत्री ने लोगों को भारत की विकास यात्रा को जानने के लिए नमो एप पर उपलब्ध वीडियो, इंफोग्राफिक्स और आलेखों जैसी विधाओं के माध्यम से जुड़ने के लिए आमंत्रित किया है।
———————————-
केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कार्य प्रदर्शन की राजनीति लाकर तथा जिम्मेदार और जवाबदेही की सरकार देकर देश की राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है। मोदी सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर नई दिल्ली में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि सरकार ने देश के राजनीतिक परिदृश्य को बदलकर एक नया मानदंड स्थापित किया है। उन्होंने कहा कि अतीत में राजनीति अक्सर सत्ता को बचाए रखने के उद्देश्य से तुष्टीकरण की रणनीतियों से प्रेरित होती थी। श्री नड्डा ने केंद्र की एनडीए सरकार को एक प्रभावी सरकार बताया जो साहसिक निर्णय लेने में सक्षम है। श्री नड्डा ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने विकसित भारत की नींव रखी है।
ये सरकार पिछले ग्यारह सालों में ट्रांसपेरेंसी की नई मिसाल पेश की और ये फ्यूचरिस्टिक गवर्मेंट है और इसलिए वी टॉक अबाउट विकसित भारत और विकसित भारत का ये अमृतकाल और ये दस साल, 11 साल में विकसित भारत का बेस बनाया है। दिस वी हेव टू एड्रेस देम और इस बेस को बनाने के लिए जो भी फैसले लेने थे वो सारे फैसले लिए गए।
श्री नड्डा ने कहा कि 2014 से पहले की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी, लेकिन 2014 के बाद इसमें तेजी से बदलाव आया है।
That government before 2014 was full of corruption. एक नेगेटिविज्म का वातावरण था लेकिन 2014 के बाद हमने ऑप्टिमिज्म देखा। When I talk about political culture I talk about the shift from negativism to positvism. आज भारत का आम नागरिक कहता है मोदी है तो मुमकिन है और इसीलिए हम यह भी कह सकते हैं कि ऑप्टिमिज्म में विकास, अवष्किार और नवाचार ये तीनों चीजें जुड़ी हैं। आज हम डेवलेपमेंट भी कर रहे हैं और उसके साथ–साथ हम बेस्ट प्रेक्टिसिस भी ला रहे हैं, नवाचार भी हो रहा है और इस तरीके से विकास के काम को आगे बढ़ाया।
श्री नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने हर चुनौती का डटकर सामना किया। उरी और पुलवामा आतंकी हमले का जिक्र करते हुए श्री नड्डा ने कहा कि हमलों के तुरंत बाद प्रधानमंत्री ने दुश्मनों को स्पष्ट और कड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री ने कहा था कि आतंकवादियों को उनकी कल्पना से परे सजा दी जाएगी और ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से उस वादे को पूरा किया गया।
———————————-
भारत ने सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। आकाशवाणी समाचार पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष श्रृंखला लेकर आया है। आज हम पूर्वोत्तर भारत की विकास यात्रा के बारे में बता रहे हैं – एक ऐसा क्षेत्र जिसे कभी दूर-दराज के इलाके के रूप में देखा जाता था, अब यह सम्पर्क और प्रगति के प्रतीक के रूप में विकसित हो रहा है।
पिछले दशक में उत्तर पूर्वी भारत में एक आद्वितीय बदलाव देखा गया है। इस दौरान यह क्षेत्र अलगाव से एकजुटता की ओर बढ़ा है। इन प्रयासों ने क्षेत्र में सशस्त्र बल विशेष अधिकार अधिनियम कवरेज को कम करने का मार्ग भी प्रशस्त किया है, हाल ही में असम और अरुणाचल प्रदेश ने दशकों पुरानी सीमा विवाद को सुलझाने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर भी किए हैं। इस क्षेत्र की कनेक्टिविटी पहले से कहीं अधिक बेहतर हुई है। 10 नए ग्रीन फील्ड हवाई अड्डे, मिजोरम जैसे राज्य में नई रेलवे लिंक और ब्रह्मपुत्र पर रो–रो फैरी सेवाओं ने यात्रा को पहले से कहीं ज्यादा सुलभ बना दिया है। भोगीबील ब्रिज जैसे प्रमुख परियोजनाओं ने दूर दराज के इलाकों को भी आपस में जोड़ा है। पीएम डिवाइन और उन्नति 2024 जैसी योजनाएं नये आर्थिक अवसर खोल रही हैं। क्षेत्र को 135000 करोड रुपए से अधिक के बाहरी सहायता प्राप्त परियोजनाओं का समर्थन मिला है। जो बुनियादी ढांचे और आजीविका हो बढ़ावा देने के लिए है। यह क्षेत्र अब 15000 मेगावाट स्वच्छ ऊर्जा उत्पन्न करने के लिए जल विद्युत परियोजनाओं के क्षेत्र में एक प्रमुख कदम उठा रहा है। आज उत्तर पूर्वी भारत सिर्फ एक सीमा नहीं है बल्कि भारत के विकास यात्रा का एक उभरता हुआ इंजन बन चुका है। अक्षत वैद्यान, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———————————-
एन डी ए सरकार के 11 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में जाने-माने पैरा एथलीट और भारतीय पैरालम्पिक समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र झाझरिया ने सरकार के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि खेल क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। उन्होंने बताया कि टॉप्स योजना में देश के एथलीट विश्व स्तरीय प्रशिक्षण सुविधाएं ले रहे है जिससे उनका प्रदर्शन काफी सुधरा है।
जो खेलों में काम हुआ है वो ऐतिहासिक काम हुआ है। कई स्कीमें मोदी सरकार ने ऐसी लेकर के आए जैसे टारगेट ओलिम्पिक पोडियम स्कीम। इस स्कीम का इतना बड़ा बेनिफिट हुआ है कि जो हमारे वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन गेम, कॉमनवेल्थ, ओलंपिक। इन बड़े गेमों में जो परफार्मेंस आई वो लगभग टॉप्स स्कीम के ही खिलाड़ी थे। भारत सरकार ने जो हमारी मदद की पेरिस पैरा ओलंपिक में उनकी बदौलत ही हमने 29 मेडल जीते और मेडल टेली में हम 18वें नंबर पर रहे।
———————————-
भारतीय अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला कल शाम स्पेसएक्स के एक्सिअम फोर से अपनी अंतरिक्ष यात्रा शुरू करेंगे। वे दो सप्ताह तक अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र में रहेंगे। उनकी यह यात्रा भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम में एक और मील का पत्थर होगी। शुभांशु शुक्ला की यात्रा अमरीका के फ्लोरिडा में केनेडी अंतरिक्ष केन्द्र से कल भारतीय समय अनुसार शाम पांच बजकर 52 मिनट से शुरू होगी। श्री शुक्ला को 2020 में इस मिशन के लिए चुना गया था जिसके बाद उन्होंने विभिन्न अंतरिक्ष केन्द्रों में कठिन प्रशिक्षण लिये। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष केन्द्र की यात्रा के लिए वह पहले भारतीय अंतरिक्ष यात्री होंगे। एक रिपोर्ट –
भारत दूसरी बार इतिहास रचने को तैयार है, इससे पहले 3 अप्रैल, 1984 को भारतीय अंतरिक्ष यात्री और भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर राकेश शर्मा सोयूज टी 11 के ज़रिए अंतरिक्ष में गए थे। हालांकि यह अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन की स्थापना से पहले की बात है। शुभांशु के साथ, अमरीका के शोधकर्ता डॉ. पैगी व्हाट्सन, पोलैंड से वैज्ञानिक, इंजीनियर स्लावोज़ उज़्नान्स्की और हंगरी से मैकेनिकल इंजीनियर टिबोर कपू पृथ्वी की निचली कक्षा के मार्ग को फिर से परिभाषित करने वाले इस ऐतिहासिक मिशन पर अंतरिक्ष की यात्रा कर रहे हैं। वे अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में अपनी 15 दिनों की यात्रा के दौरान मानव अनुसंधान, पृथ्वी अवलोकन और जीवन, जैविक और भौतिक विज्ञान पर केंद्रित वैज्ञानिक प्रयोग और प्रदर्शन करेंगे” चेन्नई से जॉय की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
———————————-
आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में भारत के पहले अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा ने शुभांशु शुक्ला को उनके आगामी अंतरिक्ष मिशन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि वे आगे की यात्रा के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने भारत के अंतरिक्ष मिशनों पर पूरा भरोसा भी जताया।
श्री राकेश शर्मा ने अंतरिक्ष की अपनी असाधारण यात्रा के बारे में भी बताया।
———————————-
छत्तीसगढ़ में माओवादियों द्वारा किए गए आई.ई.डी. विस्फोट में अपर पुलिस अधीक्षक शहीद हो गए हैं। यह घटना सुकमा जिले में आज सुबह तब हुई जब पुलिस कर्मियों की एक टीम 10 जून को नक्सलियों द्वारा बुलाए गए बंद के मद्देनजर गश्त पर थी।
———————————-
मुंबई के ठाणे में आज सुबह एक ट्रेन दुर्घटना में चार यात्रियों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए। मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी स्वप्निल नीला के अनुसार यह घटना मुंब्रा और कलवा रेलवे स्टेशनों के बीच हुई।
———————————-
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार ने पर्यावरण को बेहतर बनाने के लिए इस मौसम में 70 लाख पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा है। एक पेड़ मां के नाम पहल के तहत मुख्यमंत्री ने आज शालीमार बाग के एक सरकारी स्कूल में अपनी मां की याद में सिंदूर का पौधा लगाया।
———————————-
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा ब्याज दरों में 50 आधार अंकों की कटौती की घोषणा से शेयर बाजारों में आज दोपहर के कारोबार में आधे प्रतिशत की बढत देखी गई। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में बढत देखी गई। सेंसेक्स 298 अंकों की बढत के साथ 82 हजार 487 अंकों तक पहुंचा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 106 अंकों की उछाल के साथ 25 हजार 109 पर आ गया।
———————————-
मौसम विभाग ने 11 जून तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। आज पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और बिहार में गर्म और उमस भरा मौसम रह सकता है।
———————————-
इस्राइली सेना ने गाजा के लिए सहायता सामग्री ले जा रहे एक समुद्री जहाज को रोक लिया है। इस जहाज में जलवायु कार्यकर्ता ग्रेटा थनबर्ग और अन्य प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय हस्तियां सवार थीं। इस्राइली सेना ने सभी यात्रियों को हिरासत में ले लिया और जहाज को इस्राइल ले गए।
———————————-
अमरीका के कैलिफोर्निया में प्रवासियों पर छापों के खिलाफ हाल ही में हुए प्रदर्शनों के दौरान लॉस एंजिल्स शहर में एक हजार से अधिक प्रदर्शनकारियों की नेशनल गार्ड के सैनिकों के साथ झड़प हुई। नेशनल गार्ड के सैनिकों ने आव्रजन और सीमा शुल्क प्रवर्तन तथा गृह विभाग के कर्मचारियों के साथ मिलकर भीड़ को तितर-बितर करने के लिए बार-बार आंसू गैस के गोले दागे। टकराव के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी और पत्रकार घायल हो गए।
———————————-
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के लिए योग विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। योग और आयुर्वेद की विशेषज्ञ अनिता कौशिक और कमल किशोर चर्चा में भाग लेंगे। कार्यक्रम के दौरान श्रोता योग अभ्यास और इसके लाभ के बारे में प्रश्न पूछ सकते है। टेलीफोन नंबर हैं – 0 1 1 – 2 3 4 2- 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4
———————————-
आज भगवान बिरसा मुंडा की 125वीं पुण्यतिथि है। उन्हें धरती आबा के नाम से जाना जाता है। बिरसा मुंडा ने शोषणकारी औपनिवेशिक व्यवस्था के खिलाफ़ आंदोलन का नेतृत्व किया और जनजातीय समुदायों के अधिकारों तथा सम्मान के लिए लड़ाई लड़ी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज स्वतंत्रता संग्राम के महान नायक भगवान बिरसा मुंडा को उनके शहीदी दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि दी है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपना जीवन आदिवासी भाई-बहनों के कल्याण और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए समर्पित कर दिया।
———————————-
पुर्तगाल ने यूईएफए फुटबाल नेशंस लीग के रोमांचक फाइनल में स्पेन को पेनल्टी शूट-आउट में 5-3 से हरा दिया है। पुर्तगाल दो बार यह खिताब जीतने वाली पहली टीम बन गई है।
———————————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा–एनडीए सरकार सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ तेजी से बडे पैमाने पर और संवेदनशीलता के साथ आधारभूत बदलाव ला रही है।
- भाजपा अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा–प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने कार्य प्रदर्शन की राजनीति और जबावदेही सरकार लाकर राजनीतिक संस्कृति को बदल दिया है।
- रिजर्व बैंक की ब्याज दरों में 50 आधार अंकों की कटौती से शेयर बाजारों में आज दोपहर के कारोबार में आधा प्रतिशत की तेजी।
- मौसम विभाग ने लद्दाख और जम्मू-कश्मीर सहित उत्तर भारत के अलग-अलग स्थानों पर गर्म हवाएं चलने का अनुमान व्यक्त किया।
- इस्राइल ने गाजा जाने वाले सहायता जहाज को रोका, ग्रेटा थनबर्ग और अन्य प्रमुख कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।
- और, अमरीका के लॉस एंजिल्स में नेशनल गार्ड के सैनिकों और प्रदर्शनकारियों के बीच तीसरे दिन भी झड़प जारी।
———————————-