Download
Mobile App

android apple
signal

June 7, 2025 3:26 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर किसान कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

  • विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार- भारत में पिछले 11 साल में करीब 27 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले।

 

  • केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भ्रामक और अनुचित व्यापार में शामिल नहीं होने की सलाह।

 

  • मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर क्षेत्र में बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की।

 

  • बलिदान का त्योहार ईद-उल-अज़हा देश भर में धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

 

  • नॉर्वे शतरंज में विश्व के शीर्ष खिलाडी मैग्नस कार्लसन ने खिताब जीता। विश्व चैंपियन डी. गुकेश तीसरे स्थान पर रहे।

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने देश के किसानों के कल्‍याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई है। एनडीए सरकार के केन्‍द्र में ग्‍यारह वर्ष पूरे होने के संदर्भ में श्री मोदी ने कहा कि यह सरकार के लिए गौरव की बात है कि उसने इस कार्यकाल में देश के परिश्रमी किसानों की सेवा की। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने मृदा स्‍वास्‍थ्‍य और सिंचाई जैसे मुद्दों पर विशेष ध्‍यान दिया जो बहुत लाभकारी सिद्ध हुआ।

 

****

 

देश में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांतों से प्रेरित होकर एक दशक में उल्लेखनीय परिवर्तन हुआ है। आकाशवाणी समाचार पिछले 11 वर्षों में प्रमुख क्षेत्रों में सरकार के प्रयासों पर एक विशेष प्रसारण लेकर आया है। इस श्रृंखला में आज प्रस्‍तुत है भारतीय किसानों के सशक्तिकरण पर यह विशेष रिपोर्ट-

 

पिछले ग्यारह वर्षों में, देश का कृषि क्षेत्र एक मौन क्रांति का गवाह रहा है। इसके पीछे “बीज से बाजार तक” के दृष्टिकोण की प्रेरणा रही है। कृषि में सरकार का बजट आवंटन लगभग पांच गुना बढ़ा है। 2013-14 में यह 28 हज़ार करोड़ रुपये था जो 2024-25 में एक लाख 37 हजार करोड़ रुपये का हो गया है। प्रधानमंत्री किसान योजना के अंतर्गत तीन लाख 70 हजार करोड़ रूपये से अधिक की धनराशि 11 करोड़ किसानों तक सीधे पहुंचाई गई हैं। किसानों के लिए वित्तीय सुरक्षा में भी सुधार हुआ। किसान क्रेडिट कार्ड योजना ने 10 लाख करोड़ रुपये का ऋण दिया, वहीं, फ़सल बीमा योजना से लगभग 20 करोड़ किसानों को लाभ हुआ है, जिनके एक लाख 75 हजार करोड़ रुपये के फ़सल बीमा दावों का निपटान किया गया। गेहूं, धान, दलहन और तिलहन जैसी प्रमुख फ़सलों के लिए न्‍यूनतम समर्थन मूल्‍य में भारी बढ़ोतरी हुई है। सोलर पंपों के लिए पीएम-कुसुम और प्राकृतिक खेती मिशन जैसी योजनाओं से कृषि क्षेत्र में मजबूती और स्थिरता को बढ़ावा मिला। पीएम कृषि सिंचाई योजना और मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना ने सिंचाई और मृदा उत्पादकता को मजबूत किया है। किसानों को आधुनिक उपकरणों और वैज्ञानिक जानकारी के साथ सशक्त बनाया है। सरकार ने संबद्ध क्षेत्रों पर भी ध्यान केंद्रित किया है। दूध उत्पादन में 63 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। इससे भारत दुनिया का शीर्ष डेयरी उत्पादक बन गया है और दुग्‍ध उत्‍पादन से जुडें 8 करोड़ से अधिक किसानों को लाभ हुआ है। मछली पालन में, भारत का उत्पादन दस वर्षों में लगभग दोगुना हो गया है। इससे ग्रामीण आजीविका और तटीय समृद्धि को बढ़ावा मिला। आज, भारतीय किसान केवल एक कृषक नहीं है, अब वह राष्ट्रीय विकास में महत्‍वपूर्ण योगदान भी दे रहा है। शशांक कुमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

****

 

भारत में बेहद गरीबी की हालत में रहने वालों की संख्‍या कम करने की दिशा में उल्‍लेखनीय सफलता मिली है। 2011-12 से 2022-23 के बीच 26 करोड़ 90 लाख लोगों को इससे बाहर निकाला गया।

 

विश्‍व बैंक के ताजा आंकड़ों के अनुसार गरीबी के ये दर 2011-12 में 27 दशमलव एक प्रतिशत थी। 2022-23 में यह घटकर केवल पांच दशमलव तीन प्रतिशत रह गई। देश में 2011-12 में 34 करोड़ 44 लाख से ज्‍यादा लोग बेहद गरीबी की हालत में थे और 2022-23 में इनकी संख्‍या तेजी से घटकर सात करोड़ 52 लाख के करीब रह गई। एनडीए सरकार के 11 वर्ष के कार्यकाल में लागू की गई पीएम आवास योजना, पीएम उज्‍ज्‍वला योजना, जनधन योजना और आयुष्‍मान भारत योजना की मदद से गरीबी की दर घटाने में यह बड़ी सफलता मिली है। इस दिशा में विशेष प्रगति उत्तर प्रदेश, महाराष्‍ट्र, बिहार, पश्चिम बंगाल और मध्‍य प्रदेश में दर्ज की गई। समाचार कक्ष से मनीषा खन्‍ना।

 

****

 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भारत और ब्रिटेन के बीच हाल में संपन्‍न हुए मुक्‍त व्‍यापार समझौते तथा दोहरी योगदान संधि को बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्‍होंने नई दिल्‍ली में ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड लैमी के साथ बैठक में कहा कि  इस समझौते से दोनों देशों के आपसी व्‍यापार और निवेश में तो तेजी आएगी  साथ ही आपसी संबंधों और अन्‍य महत्‍वपूर्ण पहलुओं पर भी सकारात्‍मक प्रभाव पड़ेगा।

 

डॉक्‍टर जयशंकर ने पहलगाम आतंकी हमले की कड़ी निंदा करने और आतंकवाद के खिलाफ भारत के संघर्ष में सहयोग के लिए ब्रिटेन सरकार का आभार व्‍यक्‍त किया।

 

****

 

लोकसभा अध्‍यक्ष ओम बिरला ने कहा है कि भारत ने कानून के शासन, वैश्विक सहयोग और विश्‍व मंच पर वार्ता की जरूरत का हमेशा समर्थन किया है। ब्राजील के ब्रासिलिया में ब्रिक्‍स संसदीय मंच की बैठक के बाद श्री बिरला ने बताया कि ब्रिक्‍स देशों के बीच संसदीय सहयोग मजबूत करने की साझा प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की गई। उन्‍होंने कहा कि ब्रिक्‍स देशों ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की निंदा की।

 

ब्रिक्स सम्मेलन की समिट का आज अंतिम डिक्लेरेशन हुआ और अंतिम डिक्लेरेशन में ब्रिक्‍स देशों ने माना कि आतंकवाद के खिलाफ हमें सामूहिक लड़ाई लड़नी होगी। उन्होंने भारत में 22 अप्रैल को पहलगाम कश्मीर में हुई आतंकवादी घटना की निंदा की और साझे प्रयासों से मिलकर आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति बनानी चाहिए। भारत के प्रधानमंत्री जी ने भी विश्व के देशों का आह्वान किया था कि सभी विश्व के देशों को आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति बनानी चाहिए।

 

श्री बिरला ने बताया कि अगला ब्रिक्‍स शिखर सम्‍मेलन भारत में आयोजित होगा। 

 

****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कनाडा में कनानास्किस में जी-7 शिखर सम्‍मेलन में भाग लेंगे। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कल श्री मोदी को फोन कर इस सम्‍मेलन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। प्रधानमंत्री ने श्री कार्नी को हाल के चुनाव में जीत हासिल करने पर बधाई दी और निमंत्रण देने के लिए आभार व्‍यक्‍त किया। ओटावा में श्री कार्नी ने कहा कि कनाडा भारत के साथ द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाना चाहता है। 

 

जी-7 शिखर सम्‍मेलन 15 से 17 जून तक कनाडा में अल्‍बर्टा प्रांत के कनानास्किस में होगा।

 

****

 

फ्रांस की एयरोस्पेस कंपनी दसां एविएशन और भारत की टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स लिमिटेड ने भारत में राफेल लड़ाकू विमान के ढांचे का संयुक्त रूप से निर्माण करने से संबंधित चार समझौतों पर हस्ताक्षर किए हैं। एक रिपोर्ट –

 

यह देश की अंतरिक्ष और विमान निर्माण क्षमताओं को मजबूत करने और वैश्विक सप्लाई चैन में योगदान देने की दिशा में एक बड़ा कदम हैकंपनियों की ओर से जारी एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि यह प्लांट भारत की एयरोस्पेस संरचना में एक बड़ा निवेश है और यह हाई प्रेसीजन निर्माण के लिए एक अहम केंद्र बनेगा। इस साझेदारी के तहत टाटा एडवांस सिस्टम हैदराबाद में एक अत्याधुनिक फैक्ट्री बनाएगी, जहां राफेल लड़ाकू विमान के मुख्य ढांचे के अनुसार तैनात किए जाएंगे। इस समझौते के अनुसार 2028 में इस फैक्‍ट्री से पहले विमान का मुख्‍य ढांचा तैयार होकर बाहर आने की उम्‍मीद है। यह फैक्ट्री हर महीने दो पूरे विमान ढांचे बनाने में सक्षम होगी। भानु प्रताप सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्‍ली।

 

****

 

केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भ्रामक और अनुचित व्यापार में शामिल नहीं होने की सलाह दी गयी। प्राधिकरण ने एक परामर्श में कहा है कि ई-कॉमर्स प्‍लेटफॉर्मस 3 महीने के भीतर स्‍वयं निरीक्षण करें और अनुचित पद्धतियों का पता लगाए। प्राधिकरण ने कुछ मामलों में ई-कॉमर्स प्‍लेटफॉर्मस को अनुचित व्‍यापारिक तरीकों की रोकथाम के दिशा-निदेर्शों का उल्‍लंघन करने के मामले में नोटिस भी जारी किए हैं। दिशा निदेर्शों के उल्‍लघंन के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

 

****

 

मौसम विभाग ने आज मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में तेज बारिश का अनुमान लगाया है। पूर्वोत्तर क्षेत्र में अगले सात दिनों तक बारिश जारी रहने की संभावना है। तटीय आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, रायलसीमा और कर्नाटक में दक्षिणी प्रायद्वीपीय और विदर्भ, छत्तीसगढ़ और ओडिशा में 10 जून तक तेज़ हवाओं तथा बिजली के साथ बारिश का अनुमान है। पूर्वी राजस्थान में कल तक बारिश का अनुमान है। अगले दो दिनों में पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी हवाएं चलने की संभावना है।

 

****

 

प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी. के. मिश्र ने कहा है कि भारत गर्मी के खतरों से निपटने के लिए दूरदर्शितापूर्ण सोच अपना रहा है और समय रहते ही समुचित उपाय करने पर बल देता है। अत्‍यधिक गर्मी से होने वाले खतरों के प्रबंधन के बारे में जिनेवा में संयुक्‍त राष्‍ट्र सम्‍मेलन में उन्‍होंने कहा कि तेजी से बढ़ रही गर्मी के कारण जन स्‍वास्‍थ्‍य, आर्थिक स्थिरता और पर्यावरण के लिए खतरा बढ़ता है। इससे निपटने के लिए संयुक्‍त राष्‍ट्र आपदा जोखिम विमोचन कार्यालय की पहल का भारत स्‍वागत करता है।

 

****

 

देश में आज कुर्बानी का पर्व ईद-उल-अजहा धार्मिक आस्‍था और उत्‍साह से मनाया जा रहा है। लोगों ने आज सुबह ईदगाह और मस्जिदों में ईद की नमाज अदा की और एक दूसरे को बधाई दी। यह पर्व हजरत इब्राहिम द्वारा अल्‍लाह के आदेश पर अपने इकलौते पुत्र की कुर्बानी देने पर राजी होने की याद में मनाया जाता है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने इस त्यौहार को त्याग, आस्था और मानवीय मूल्यों का प्रतीक बताया। उपराष्‍ट्रपति ने कहा कि यह देश के लोकतांत्रिक तानेबाने और सामाजिक विविधता को मजबूत करने के मूल्‍यों को आत्‍मसात करने का अवसर है। प्रधानमंत्री ने कामना की कि इस अवसर पर लोग समाज में शांति और सद्भावना की प्रेरणा लेंगे।

 

****

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि मध्‍य प्रदेश में ईद धूमधाम से मनाई गई।

ईद-उल-अज़हा पर राज्य की सभी मस्जिदों में आज विशेष नमाज अता की जा रही है। ईद के मौके पर हजारों मुसलमानो ने मुल्क की सलामती और अमन चैन के लिए दुआ मांगी। राजधानी भोपाल की ताजुल मस्जिद, जामा मस्जिद, मोती मस्जिद और मस्जिद बिलकिस जहां में ईद की विशेष नमाज अता की गई। प्रदेश भर में आज सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी किए गए हैं। बकरीद पर कुर्बानी को लेकर प्रशासन के साथ-साथ मुस्लिम संगठनों ने भी गाइडलाइन भी जारी की गई है। भोपाल शहर काजी मुश्ताक अली नदवी ने बताया की कुर्बानी इस्लाम का एक अहम फर्ज है लेकिन इसे सलीके से अंजाम देना हर मुसलमान की जिम्मेदारी है। उन्होंने कुर्बानी के दौरान सफाई का विशेष ध्यान रखने और प्रशासनिक नियमों का पालन करने की भी अपील की है।  संजीव शर्मा, आकाशवाणी समाचार, भोपाल।

 

****

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में पारंपरिक हर्षोल्‍लास और धार्मिक आस्‍था के साथ ईद-उल-अजहा मनाया गया।

 

वजीरेआलाउमर अब्दुल्ला और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने दरगाह हजरतबल में ईद की नमाज अदा की। जम्मू-कश्मीर में ईद की नमाज पूरंगन तरीके से अदा की गई। किसी भी किस्‍म के नाखुशगवार वाक्‍ये से बचने के लिए सिक्‍योरिटी के सख्‍त इंतजाम किए गए थे। लेफ्टिनेंट गवर्नर मनोज सिन्हा ने ईद पैगाम में इतिहाद़ अहमांगी,  भाईचारे की बुनियादों को मजबूत करने और सभी की भलाई के लिए मोहब्‍बत और हमदर्दी के साथ काम करने का अजहम दोहराया। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार श्रीनगर।

 

****

 

नॉर्वे के ग्रैंड मास्टर मैग्नस कार्लसन ने स्‍टारवेंजर में नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट का अपना सातवां खिताब जीत लिया है। पांच बार के विश्व चैंपियन ने अंतिम दौर के बाद नाटकीय जीत हासिल की, जहां अमरीका के ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना ने भारतीय शतरंज स्टार डी. गुकेश को हराकर तीन अंक हासिल किए। कार्लसन ने भारतीय खिलाड़ी अर्जुन एरिगैसी के खिलाफ ड्रॉ खेलकर टूर्नामेंट में 16 अंक हासिल किए। कारूआना ने 15 दशमलव पांच अंक हासिल करते हुए दूसरा और डी. गुकेश ने 14 दशमलव पांच अंक के साथ तीसरा स्थान प्राप्‍त किया। छह खिलाड़ियों में से अर्जुन एरिगैसी पांचवें स्थान पर रहे, वे अमेरिका के हिकारू नाकामुरा से पीछे रहे लेकिन चीन के वेई यी से आगे रहे, जो अंतिम स्थान पर हैं। उधऱ, आर्मेनिया के जेरमुक में, भारतीय ग्रैंडमास्‍टर अरविंद चिदम्‍बरम ने छठा स्‍टीपन अवज्ञान मैमोरियल शतरंज टूर्नामेंट जीत लिया है। फ्रेंच ओपन टेनिस टूर्नामेंट में आज शाम छह बजे महिला सिंगल्‍स फाइनल में विश्‍व की नम्‍बर एक खिलाड़ी आर्याना सबालेंका का मुकाबला विश्‍व की नम्‍बर दो खिलाड़ी कोको गफ से होगा। सेमीफाइनल में सबालेंका ने इगा स्विएटेक को और गफ ने लोइस बायोसन को हराया था। समाचार कक्ष से सौरभ अग्रवाल।

 

****

 

महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में करोड़ रुपये से अधिक के सामूहिक इनाम वाले बारह नक्सलियों ने कल सुरक्षा बलों के समक्ष आत्‍मसमर्पण किया। पिछले 18 महीनों में राज्य में 28 माओवादी मारे गए, 31 गिरफ्तार हुए और 44 ने आत्म-समर्पण किया है।

 

****

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एनडीए सरकार के 11 वर्ष पूरे होने पर किसान कल्याण के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

 

  • विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार- भारत में पिछले 11 साल में करीब 27 करोड़ लोग अत्यधिक गरीबी से बाहर निकले।

 

  • केंद्रीय उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकरण की सभी ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म को भ्रामक और अनुचित व्यापार में शामिल नहीं होने की सलाह।

 

  • मौसम विभाग ने अगले सात दिनों तक पूर्वोत्तर क्षेत्र में बारिश की संभावना व्‍यक्‍त की।

 

  • बलिदान का त्योहार ईद-उल-अज़हा देश भर में धार्मिक उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया।

 

  • नॉर्वे शतरंज में विश्व के शीर्ष खिलाडी मैग्नस कार्लसन ने खिताब जीता। विश्व चैंपियन डी. गुकेश तीसरे स्थान पर रहे।

 

****