Download
Mobile App

android apple
signal

June 4, 2025 4:15 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
  • असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 21 जिलों में 6 लाख 30 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए।
  • भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो दर में कटौती पर निर्णय लेने के लिए तीन दिवसीय बैठक शुरू की।
  • लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ली जे-म्यांग ने दक्षिण कोरिया के 21वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई दी।
  • सऊदी अरब में हजयात्रा शुरू, दुनिया भर से लगभग 18 लाख हजयात्री मीना में एकत्र हुए।
  • और, स्टावेंजर शहर में नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के आठवें राउंड में ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने अमरीकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना को हराया।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान के खिलाफ भारत द्वारा की गई जवाबी कार्रवाई के बाद यह पहली ऐसी बैठक होगी।

 

———————————–

 

आतंकवाद के खिलाफ भारत के दृढ़ रुख का संदेश लेकर दुनियाभर के देशों में गए सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडलों में से चार सफल यात्रा के बाद स्‍वदेश लौट आए हैं। शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल संयुक्त अरब अमीरात, लाइबेरिया, कांगो गणराज्‍य और सिएरा लियोन के दौरे के बाद आज सुबह भारत लौटा। जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय झा ने कहा कि सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का संदेश यह था कि पूरा देश आतंकवाद के मुद्दे पर एकजुट है।

 

ऑल पार्टी डेलिगेशन जाने से सरकार का बड़ा मेसैज सब जगह ये लोगों को ये जरूर मैं खासकर बताउंगा कि पूरा देश इस मिशन पर एक साथ है, टेरिरिज्‍म के खिलाफ है और सारी पार्टी के लोग एक वॉइस में बात कर रहे हैं।

 

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पाटी-शरद पवार गुट की सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में गया प्रतिनिधिमंडल कतर, दक्षिण अफ्रीका, इथियोपिया और मिस्र के दौरे के बाद आज दोपहर स्‍वदेश लौटेगा। इससे पहले, उन्‍होंने कहा कि भारत ने हमेशा पड़ोसियों की मदद की है, लेकिन पाकिस्तान की हरकतें दुखदायी हैं।

 

इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल वाशिंगटन डीसी में अमरीकी कांग्रेस तथा प्रशासन के सदस्यों, विचारकों, मीडिया और नीति निर्माताओं से मिलकर उन्हें ऑपरेशन सिंदूर तथा आतंकवाद के विरुद्ध भारत के कड़े रुख के बारे में जानकारी देगा। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल वर्तमान में बेल्जियम के ब्रसेल्स में यूरोपीय संघ मुख्यालय के दौरे पर है।

 

———————————–

 

भारतीय जनता पार्टी ने ऑपरेशन सिंदूर की कथित आलोचना को लेकर कांग्रेस पार्टी और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पर हमला बोला। नई दिल्ली में आज संवाददाता सम्‍मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि जिस तरह से राहुल गांधी ने सेना की सफलता को सरेंडर के समान बताया वह सेना की बहादुरी और बलिदान का स्पष्ट अपमान है।

 

राहुल गांधी जी ने जिस प्रकार से हमारी सेना के द्वारा दिखाए गए अप्रतिम शौर्य और सेना के अधिकारियों द्वारा जिसमे डायरेक्‍टर जनरल मिलिट्री ऑपरेशन, डायरेक्‍टर जनरल एयर ऑपरेशन, डायरेक्‍टर जनरल नेवी ऑपरेशन उन्‍होंने जिस तरीके से ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का विवरण दिया है उसको सरेंडर से तुलना करना ये दर्शाता है कि ये मानसिकता कितनी रोगी और कितनी खतरनाक है।

 

भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस पार्टी पर सवाल उठाते हुए कहा कि 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ निर्णायक सैन्य जीत के बाद उसने पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर का आत्मसमर्पण क्‍यों किया।

 

———————————–

 

नई दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्लेस के बीच आज बैठक हुई। बैठक के दौरान, ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री ने आतंकवाद के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता व्यक्त की। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने ऑस्ट्रेलियाई समकक्ष को पश्चिमी मोर्चे पर देश को सामना कर रही चुनौतियों के बारे में अवगत कराया। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि कश्मीर के पहलगाम में जघन्य आतंकवादी हमले के जवाब में भारत पश्चिमी मोर्चे पर अत्यधिक चुनौतियों का सामना कर रहा है। 

 

———————————–

 

भारत ने आतंकवाद से युद्ध में ब्रिटेन सरकार के सहयोग और समर्थन की सराहना की है। विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने कल विदेश, राष्ट्रमंडल और विकास कार्यालय में स्थायी अवर सचिव ओलिवर रॉबिंस के साथ बैठक के दौरान यह बात कही।

 

———————————–

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उत्‍सव के बीच राष्ट्र अपने सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के सम्‍मान में आकाशवाणी समाचार विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम परमवीर चक्र से सम्‍मानित नायक जदुनाथ सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्होंने 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।

 

1916 में उत्तर प्रदेश में जन्मे पहली बटालियन राजपूत रेजीमेंट के नायक जदुनाथ सिंह जम्मू और कश्मीर में नौशेरा के नजदीक तैनधार में चौकी कमांडर थे। 1947-48 के भारत पाक युद्ध के दौरान दिसंबर 1947 को झंगर पर कब्जे के बाद पाकिस्तानी हमलावरों ने नौसेना सेक्टर में रणनीति बढ़त हासिल की। आगे की हमलों की आशंका को ध्यान में रखते हुए भारतीय सेना ने तैनधार रिज सहित प्रमुख स्थानों पर अपने नियंत्रण को मजबूत किया जहां नायक जदुनाथ सिंह ने 9 लोगों की अग्रिम चौकी की कमान संभाली। 6 फरवरी 1948 की धुंध भरी सुबह में दुश्मन की सेना ने तैनधार पर बड़े पैमाने पर एक के बाद एक हमला करना शुरू किया। संख्या में कम होने के बावजूद नायक जदुनाथ सिंह ने दुश्मन के इस हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया। खुद घायल होने के बावजूद उन्होंने घायल गनर से ब्रेन गन ली और दुश्मन पर हमला किया, जिससे दुश्मन का दूसरा हमला रुक गया। तीसरे हमले के अंत तक चौकी पर मौजूद 27 जवानों में से 24 जवान शहीद या घायल हो चुके थे, गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद एक स्टैंड गन के साथ उन्होंने अकेले ही शत्रुओं का सामना किया, जिससे डर कर हमलावर भाग खड़े हुए। अदम्‍स साहस और अपनी व्यक्तिगत सुरक्षा की बिल्कुल परवाह न करते हुए वे वीरगति को प्राप्त हुए। इस उत्कृष्ट शौर्य और सर्वोच्च बलिदान के लिए नायक जदुनाथ सिंह को मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

———————————–

 

असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है। राज्‍य के 21 जिलों में 6 लाख 30 हजार से अधिक लोग प्रभावित हैं, जबकि 12 लोगों की मृत्‍यु हो गई है। हमारी संवाददाता ने बताया है कि राज्य सरकार ने बचाव कार्यों के लिए राष्‍ट्रीय आपदा मोचन बल और राज्‍य आपदा मोचन बल को तैनात किया है। 

 

असम में आज छठे दिन भी भीषण बाढ़ का प्रकोप जारी है। ब्रह्मपुत्र, बराक और अन्य नदियाँ खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार लगभग 40 हज़ार प्रभावित लोगों के लिए 223 राहित शिविरों में ठहरने की व्‍यवस्‍था की गई है। मौसम विभाग ने धुबरी, दक्षिण सलमारा मनकाचर, ग्‍वालपारा, दिमा हसाओ, पश्चिम कार्बी आंगलोंग, लखीमपुर, देमाजी, कछार, हैलाकांडी और कोकराझार जिलों में अलगअलग स्थानों पर मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। इस बीच, नागांव जिला प्रशासन ने कई प्रतिबंध लगाए हैं जिसमें से काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग 715 के पूरे हिस्से पर वाहनों के लिए 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति सीमा तय की है। गुवाहाटी से अमीनुल हक की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

———————————–

 

इस बीच, मौसम विभाग ने असम में आज मूसलाधार बारिश के कारण रेड अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार आज पूर्वोत्‍तर राज्‍यों में तेज़ बारिश की स्थिति बनी रहेगी और कल से इसमें कमी आएगी। मौसम विभाग ने ओडिशा में कल हीटवेव की स्थिति का पूर्वानुमान भी व्यक्त किया है।

 

———————————–

 

सिक्किम में, पैक्योंग हवाई अड्डे से एयर बचाव अभियान आज खराब मौसम के कारण स्थगित कर दिया गया। भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टरों ने मौसम की स्थिति के कारण इस सुबह संचालन नहीं किया। कल, भारतीय वायु सेना, सेना और एनडीआरएफ की टीमों ने 34 व्यक्तियों को सुरक्षित बचाया। इस बीच, भूस्खलन के कारण छटेंग में 6 लापता सेना कर्मियों की खोज जारी है।

 

———————————–

 

रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति की बैठक आज शुरू हुई। इसमें रेपो दर में कटौती पर निर्णय लिया जाएगा। शुक्रवार को बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ​​की अध्यक्षता में समिति के फैसले की घोषणा की जाएगी।

 

———————————–

 

लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ली जे-म्यांग ने आज दक्षिण कोरिया के 21वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली। उनका कार्यकाल पांच वर्ष का होगा। दक्षिण कोरिया के राष्ट्रीय चुनाव आयोग ने इन चुनावों में श्री ली की जीत की पुष्टि की। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने ली जे-म्यांग को दक्षिण कोरिया का राष्ट्रपति चुने जाने पर बधाई दी है।

 

———————————–

 

भारत सहित दुनियाभर से लगभग 18 लाख हजयात्री आज से शुरू हुई पांच दिवसीय वार्षिक हज यात्रा के लिए सऊदी अरब के मीना में एकत्रित हो रहे हैं। इन लोगों ने पवित्र शहर मक्का से अपनी यात्रा शुरू की। हजयात्री आज रात मीना में बिताएंगे और कल सुबह हज की मुख्य रस्म अदा करने के लिए अराफात के मैदान जाएंगे। भारतीय हजयात्री “हज सुविधा” मोबाइल एप्लिकेशन और समर्पित टोल-फ्री नंबरों के माध्यम से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज कहा कि भारत के ऊर्जा क्षेत्र में पिछले 11 वर्षों में संरचनात्मक परिवर्तन आया है, जिसमें सस्ती और स्वच्छ ऊर्जा को मजबूत करने पर जोर दिया गया है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी द्वारा एक समाचार दैनिक के लिए लिखे गए लेख को साझा करते हुए, श्री मोदी ने कहा कि इस कदम का उद्देश्‍य सुधार, हरित पहल और आत्मनिर्भरता पर ध्यान केंद्रित करना है।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री ने आज कहा कि भारत के नवीनीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र ने पिछले 11 वर्षों में परिवर्तनकारी सुधारों को देखा है। श्री मोदी ने यह बात एक दैनिक के लिए केंद्रीय नवीन एवं नवीनीकरण मंत्री प्रल्‍हाद जोशी द्वारा लिखित एक लेख साझा करते हुए कही। 

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी कल विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के भगवान महावीर वनस्थली पार्क में विशेष वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत करेंगे। प्रधानमंत्री एक पेड़ मां के नाम पहल के अंतर्गत बरगद का पौधा लगाएंगे। प्रधानमंत्री दिल्ली सरकार की सतत परिवहन पहल के तहत दो सौ इलेक्ट्रिक बसों को भी झंडी दिखाएंगे।

 

———————————–

 

प्रधानमंत्री शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर का दौरा करेंगे और 46 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

 

———————————–

 

नॉर्वे शतरंज प्रतियोगिता-2025 में भारतीय ग्रैंड मास्‍टर अर्जुन एरिगैसी ने कल रात आठवें दौर में अमरीकी ग्रैंड मास्‍टर फैबिआनो केरुआना को हराया। अर्जुन ने खेल के अंत में सधी बाजियों से यह जीत हासिल की।

 

इस बीच, विश्‍व के नम्‍बर एक शतरंज खिलाड़ी मैग्‍नस कार्लसन को भी चीन के ग्रैंड मास्‍टर वेई यी से अप्रत्‍याशित रूप से हार का सामना करना पड़ा। आखिरी दौर में कार्लसन की एक बड़ी गलती वेई यी के लिए जीत का कारण बनी।

 

———————————–

 

रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब जीत लिया है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में कल रात रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए बैंगलूरू ने निर्धारित 20 ओवरों में 9 विकेट पर 190 रन बनाए। जवाब में पंजाब किंग्स की टीम 184 रन ही बना सकी।

 

———————————–

 

स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने भावुक होते हुए कहा कि उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि ऐसा दिन आएगा जब आरसीबी आईपीएल का खिताब जीतेगी।

 

———————————–

 

फुटबॉल में फीफा के अंतरराष्ट्रीय दोस्‍ताना मुकाबले में आज भारत का सामना थाईलैंड से होगा। यह मैच थाईलैंड में भारतीय समय के अनुसार शाम 6 बजे से खेला जाएगा।

 

———————————–

 

लद्दाख के कारगिल में विश्व साइकिलिंग दिवस और विश्व पर्यावरण दिवस समारोह बड़े उत्साह के साथ मनाया गया। साइकिल रैली का आयोजन पर्यटक सुविधा केंद्र कारगिल से एनएचपीसी चुटक पावर स्टेशन और मिंजी तक किया गया।

 

———————————–

 

पेंशन और पेंशनर्स कल्याण विभाग नई दिल्ली के विज्ञान भवन में केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह की अध्यक्षता में 13वीं पेंशन अदालत का आयोजन कर रहा है। पेंशन अदालत का विषय परिवार पेंशन है, जिसका उद्देश्य 17 विभागों और मंत्रालयों से संबंधित परिवार पेंशन मामलों से संबंधित चार सौ 17 शिकायतों का समाधान करना है।

 

———————————–

 

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्‍ता, सांसदों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक की।

 

———————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्रिपरिषद की बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
  • असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर, 21 जिलों में 6 लाख 30 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए।
  • भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति ने रेपो दर में कटौती पर निर्णय लेने के लिए तीन दिवसीय बैठक शुरू की।
  • लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता ली जे-म्यांग ने दक्षिण कोरिया के 21वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ ली, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उन्हें बधाई दी।
  • सऊदी अरब में हज यात्रा शुरू, दुनिया भर से लगभग 18 लाख हज यात्री मीना में एकत्र हुए।
  • और, स्टावेंजर शहर में नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के आठवें राउंड में ग्रैंडमास्टर अर्जुन एरिगैसी ने अमरीकी ग्रैंडमास्टर फैबियानो कारूआना को हराया।
  •  

———————————–