Download
Mobile App

android apple
signal

June 3, 2025 3:57 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर असम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से बात की। राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

     

  • असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर। इक्‍कीस जिलों में पांच लाख से अधिक लोग प्रभावित। भारतीय वायु सेना ने उत्तरी सिक्किम के चातेन में फंसे नागरिकों के पहले जत्थे को बचाया।

     

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न पुलिस सेवाओं में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की।

     

  • भारत ने ब्राजील में 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक में समावेशी, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल विकास के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

     

  • आईपीएल क्रिकेट में आज शाम अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीम पहली बार खिताब जीतने के लिए मुकाबला करेगी।

 

—-

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पूर्वोत्तर में तेज बारिश और बाढ़ के कारण उत्पन्न स्थिति पर असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग से बात की। श्री मोदी ने प्रभावित राज्यों को हरसंभव सहायता और समर्थन देने का आश्वासन दिया।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि प्रधानमंत्री ने असम में मौजूदा बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी लेने के लिए उन्हें फोन किया। श्री सरमा ने प्रधानमंत्री को बताया कि कैसे असम और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ की स्थिति उत्‍पन्‍न हो गई है और इससे जनजीवन प्रभावित हुआ है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान से भी प्रधानमंत्री को अवगत कराया। श्री सरमा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया है। इस बीच, सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सिक्किम में भूस्खलन और बाढ़ की स्थिति के बारे में प्रधानमंत्री के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। उन्‍होंने कहा कि राज्य प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने और प्रभावित लोगों को सभी आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। आदर्श की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

 

असम में पिछले चौबीस घंटों में बाढ़ की स्थिति और भी खराब हो गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि एक हजार 250 से अधिक गांव प्रभावित हुए हैं और राज्य भर में 12 हजार 600 हेक्टेयर से अधिक फसल क्षेत्र को नुकसान पहुंचा है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा से बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को बताया कि किस तरह असम और आसपास के राज्यों में लगातार बारिश के कारण बाढ़ आई है और कई लोगों की जिंदगी प्रभावित हुई है। उन्होंने प्रधानमंत्री को राज्य सरकार द्वारा चलाए जा रहे राहत अभियान से भी अवगत कराया। मुख्यमंत्री आज सुबह बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित बराक घाटी क्षेत्र में स्थिति का जायजा लेने और उसका आकलन करने के लिए कछार जिले पहुंचे। उन्होंने कई राहत शिविरों का दौरा किया और लोगों से बातचीत की। असम से अमीनुल ज़द्दार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

राज्‍य में 21 जिलों में 5 लाख से ज्‍यादा लोग प्रभावित हैं।

—–

भारतीय वायुसेना ने मूसलाधार बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ से प्रभावित सिक्किम में बचाव और राहत अभियान शुरू कर दिया है। भारतीय वायुसेना ने उत्तरी सिक्किम के चातेन में फंसे नागरिकों को बचाया। मांगन में स्थिति का आकलन करने के लिए सिक्किम के मुख्य सचिव आर. तेलंग ने गंगटोक में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की और सभी एजेंसियों को राहत कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का निर्देश दिया।

इस बीच, लाचुंग में फंसे सभी पर्यटकों को कल जिला प्रशासन ने सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण मांगन जिले में सड़क संपर्क बुरी तरह से बाधित हो गया है।

 

सिक्किम सरकार और केन्‍द्र सरकार की विभिन्‍न एजेंसियां मांगन जिले के लासेन में फंसे पर्यटकों को निकालने के साथ-साथ यातायात व्‍यवस्‍था बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। आज एनडीआरएफ के बलों को राहत अभियान में लगाया गया है। आज सुबह 35 लोगों को लेकर दो हेलीकॉप्‍टर पाक्योंग हवाई अड्डे में उतारा गया है। अब मांगन जिले के लासेन में फंसे हुए सभी पर्यटकों को बचाने का प्रयास जारी है। इस बीच, कल जिला प्रशासन ने मंगन जिले के लासेन में फंसे एक हजार छह सौ से अधिक पर्यटकों को सुरक्षित निकाला है और उन्‍हें गंगटोक लाया गया है। मानस प्रतिम सरमा आकाशवाणी समाचार, गंगटोक।

अरुणाचल प्रदेश में लगातार भारी बारिश ने पूरे राज्य में सामान्य जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि राज्य आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, कल शाम तक बारिश से जुड़ी घटनाओं में 12 लोगों की मौत हो चुकी है।

 

 

मौसम विज्ञान केन्‍द्र इटानगर ने अरुणाचल प्रदेश के लगभग सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई है। राज्य के आपदा प्रबंधन विभाग ने जानकारी दी है कि अब तक तीन राहत शिविर केन्‍द्र स्थापित किए गए हैं। राज्‍य में 162 गांव बाढ़ और भूस्‍खलन से प्रभावित हुए हैं। अपर सुबनसिरी जिले में सिप्पी से निलिंग तक पीएमजीएसवाई सड़क भारी बारिश से फ्लैश फ्लड और भूस्‍खल के कारण कई स्थानों पर बाधित हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, इस कारण 17 से 18 गाँव बाहरी सम्‍पर्क से कट गए हैं। राकेश डोले आकाशवाणी समाचार, ईटानगर।

—-

बिहार में मौसम की मिली-जुली स्थिति है। जहां राज्य के पश्चिमी और उत्तर पूर्वी इलाकों में बारिश और तेज हवाओं से जनजीवन प्रभावित है। वहीं दक्षिण बिहार में भीषण गर्मी और लू की स्थिति है।

 

मौसम विभाग ने पूर्वोत्तर भारत में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉ. आर के जेनामणि ने कहा कि अगले दो दिनों तक पूर्वोत्तर राज्यों में मूसलाधार बारिश जारी रहेगी।

 

 

मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मिज़ोरम, मणिपुर में वॉर्निंग दिया गया है। ऑरेंज वॉर्निंग और पिछले चौबीस घंटे की बात करें तो जो हाईएस्‍ट रेनफॉल है वो चेरापुंजी में 11 सेंटीमीटर है। अरुणाचल प्रदेश में….11 सेंटीमीटर है और त्रिपुरा में और उधमसिंह नगर, वेस्‍ट त्रिपुरा और अगरतला एयरपोर्ट ये सब जगह में जो है सेवन सेंटीमीटर हुआ है। पश्चिम भारत की अगर बात करें तो मैनली जो उत्‍तर-पश्चिम भारत में जो थंडरस्‍ट्रॉर्म और डस्‍टस्‍ट्रॉर्म हो रहा है। और मैनली राजस्‍थान में जो डस्‍टस्‍ट्रॉर्म हो रहा है, वहीं आज और कल रहेगा। इसलिए ऑरेंज वॉर्निंग थंडरस्‍ट्रॉर्म लाइटनिंग किया गया है।

—-

उत्तर प्रदेश सरकार ने पुलिस कांस्टेबल, प्रांतीय सशस्त्र बल (पीएसी), घुड़सवार पुलिस और फायरमैन के पदों पर सीधी भर्ती में पूर्व अग्निवीरों के लिए 20 प्रतिशत आरक्षण को मंजूरी दे दी है। अग्निपथ योजना के अन्‍तर्गत सेवा देने वाले युवाओं को सेवा के बाद रोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में आज हुई कैबिनेट बैठक में यह निर्णय लिया गया। कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सशस्त्र बलों से सेवानिवृत्त हुए अग्निवीरों के लिए राज्य पुलिस और पीएसी में 20 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया जाएगा।

 

 

कैबिनेट के समक्ष जो प्रस्‍ताव आया है, एक्‍स अग्निवीर को समायोजित करने के लिए उत्‍तर प्रदेश पुलिस आरक्षी, पीएसी आरक्षी, घुड़सवार और फायरमैन की सीधी भर्ती में बीस प्रतिशत पदों पर आरक्षण देने के संबंध में उत्‍तर प्रदेश ने आज मंत्री परिषद में बीस प्रतिशत हॉरिजॉन्‍टल आरक्षण देने का आज फैसला किया है।

—-

ब्राजील में आयोजित 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक के दौरान भारत ने समावेशी, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल विकास के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की। संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने कल आयोजित बैठक के दौरान समावेशी और परिवर्तनकारी डिजिटल शासन के लिए वैश्विक बेंचमार्क के रूप में भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे-डीपीआई को प्रस्तुत किया।

—–

ऑपरेशन सिंदूर के तहत भारत के निरंतर प्रयासों और आतंकवाद के खिलाफ सैद्धांतिक और दृढ़ रुख के अनुरूप, सात सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल विश्‍व के कई देशों का दौरा कर रहे हैं। ये प्रतिनिधिमंडल अपने अंतरराष्ट्रीय संपर्क के अंतर्गत विदेशी नेताओं, वरिष्ठ अधिकारियों, प्रभावशाली नीति विचारकों, मीडिया और प्रवासी भारतीयों से संपर्क कर रहे हैं।

 

भारतीय जनता पार्टी के सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्‍व में एक प्रतिनिधिमंडल अल्‍जीरिया, सऊदी अरब, कुवैत और बहरीन की सफल यात्रा से आज सुबह स्‍वदेश लौटा। नई दिल्ली में मीडिया से बातचीत में बैजयंत पांडा ने इस दौरे को सफल बताया और कहा कि जिन देशों की उन्होंने यात्रा की है, उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ स्पष्ट कदम उठाए हैं।

हम अहिंसा के देश हैं। जिसमें भारत का न्‍यू नॉर्मल कि हम आतंकवादी हिंसा को जरूर रिटेलिएट करेंगे और मातकर बिल्‍कुल प्रिसाइज तरफ से रिटेलिएट करेंगे।

 

जनता दल यूनाइटेड के सांसद संजय कुमार के नेतृत्व में एक और प्रतिनिधिमंडल आज शाम वापस लौटने वाला है। इस बीच, कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वाशिंगटन में उनकी सरकारी अधिकारियों, विधायकों, मीडिया और सदन तथा सीनेट की विभिन्न समितियों के साथ बैठकें होंगी।

एनसीपी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में एक अन्य बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल ने काहिरा में मिस्र के विदेश मामलों की परिषद के साथ बैठक की। लाइबेरिया में शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने जिन देशों का दौरा किया, उन सभी ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई के प्रति समर्थन व्यक्त किया है। प्रिया की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से जाग‍ृति शर्मा।

—-

इंडिया गठबंधन के सहयोगी दलों ने पहलगाम हमले और ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत आतंकवाद के खिलाफ भारत की प्रतिक्रिया पर संसद का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है। इंडिया गठबंधन की आज नई दिल्ली में आयोजित बैठक के बाद कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया को बताया कि इस मामले को लेकर 16 राजनीतिक दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखा है।

—-

वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने आज नई दिल्ली में राजस्व खुफिया निदेशालय-डीआरआई  मुख्यालय की नई इमारत का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि राजस्व खुफिया निदेशालय राष्ट्रीय आर्थिक मोर्चे पर प्रमुख संरक्षक है।

—–

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने आज प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा  और हिज्ब-उल-मुजाहिदीन के साथ कथित संलिप्तता को लेकर तीन सरकारी कर्मचारियों को बर्खास्त कर दिया। यह कार्रवाई संविधान के अनुच्छेद 311 (2) (सी) के तहत पुलिस कांस्टेबल मलिक इश्फाक नसीर स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षक एजाज अहमद और सरकारी मेडिकल कॉलेज में जूनियर सहायक वसीम अहमद खान पर की गई है। यह अनुच्छेद राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में जांच के बिना बर्खास्तगी की अनुमति देता है। तीनों आरोपी जेल में बंद हैं।

—-

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए पूरा राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। सशस्त्र बलों के प्रति आभार व्‍यक्‍त करने के उद्देश्‍य से आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। इसी कड़ी में आज हम परमवीर चक्र से सम्मानित सेकेंड लेफ्टिनेंट राम राघोबा राणे को याद कर रहे हैं, जिन्होंने वर्ष 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान अविश्वसनीय बहादुरी का प्रदर्शन किया था।

 

 

वर्ष 1918 में वर्तमान में कर्नाटक में जन्मे सेकंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणें, दिसंबर 1947 में सेना की इंजीनियर्स कोर में शामिल हुए। 21 वर्षों की अपनी सैन्य सेवा के दौरान उन्हें पांच बार मेंशन इन डिस्पैच सम्मान प्राप्त हुआ। वर्ष 1947-48 में भारत पाक युद्ध के दौरान भारतीय सेवा ने मार्च 1948 में जहांगीर क्षेत्र पर पुनः नियंत्रण प्राप्त करने के बाद वहां के नागरिकों को दुश्मन की क्रूरता से बचाने के लिए नौशेरा से राजौरी की ओर एक अग्रिम अभियान की योजना बनाई। 8 अप्रैल को चार डोगरा बटालियन ने अपना हमला शुरू किया, लेकिन उसका मार्ग बारुदी सुरंगों और सड़क अवरोधों से बाधित था। सेकंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणें, इस दौरान 37 एसॉल्ट फील्ड कंपनी की एक टुकड़ी का नेतृत्व कर रहे थे। सेकंड लेफ्टिनेंट राणें ने इस दौरान शत्रु के मोर्टार हमलों के बीच असाधारण साहस और नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया। 8 अप्रैल के दिन घायल होने के बावजूद भी, उन्होंने टैंकों के लिए मार्ग को साफ करने के लिए बारूदी सुरंगों और बाधाओं को हटाने का कार्य जारी रखा। उनके इन्हीं प्रयासों के कारण भारतीय सेना राजौरी तक पहुंचने में सफल हुई, जिससे दुश्मन को भारी नुकसान पहुंचा और असंख्‍य निर्दोष नागरिकों का जीवन बचाया जा सका। उनके अद्वितीय साहस दृढ़ निश्चय और सेवा भावना के लिए सेकंड लेफ्टिनेंट रामा राघोबा राणें को परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

—-

 

आईपीएल क्रिकेट में आज रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच खिताबी मुकाबला होगा। दोनों टीम अपना पहला आईपीएल खिताब जीतने के लिए मैदान पर उतरेंगी। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

—–

नीरज चोपड़ा क्लासिक भाला फेंक प्रतियोगिता का आयोजन पांच जुलाई को बेंगलुरु के श्री कांतीरवा स्टेडियम में होगा।

—–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाढ़ की मौजूदा स्थिति पर असम और सिक्किम के मुख्यमंत्रियों से बात की। राहत और पुनर्वास प्रयासों के लिए हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

     

  • असम में बाढ़ की स्थिति गंभीर। इक्‍कीस जिलों में पांच लाख से अधिक लोग प्रभावित। भारतीय वायु सेना ने उत्तरी सिक्किम के चातेन में फंसे नागरिकों के पहले जत्थे को बचाया।

     

  • उत्तर प्रदेश सरकार ने विभिन्न पुलिस सेवाओं में अग्निवीरों को 20 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की।

     

  • भारत ने ब्राजील में 11वीं ब्रिक्स संचार मंत्रियों की बैठक में समावेशी, टिकाऊ और भविष्य के लिए तैयार डिजिटल विकास के प्रति प्रतिबद्धता की पुष्टि की।

     

  • आईपीएल क्रिकेट में आज शाम अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स की टीम पहली बार खिताब जीतने के लिए मुकाबला करेगी।

*****