Download
Mobile App

android apple
signal

June 1, 2025 3:37 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • तेज बारिश के बाद चट्टाने खिसकने और मकान ढहने से, पूर्वोत्तर के छह राज्यों में कल से 27 लोगों की मौत; मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक क्षेत्र में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

 

  • सीमा पार आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका उजागर करने के लिए विभिन्न देशों का दौरा करने वाले सात, सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल, उच्च स्तरीय चर्चाओं में व्‍यस्‍त।

 

  • वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में आज से 24 रुपये की कमी की गई।

 

  • भारत और मंगोलिया ने उलानबटार में संयुक्त सैन्य अभ्यास के 17वें संस्करण की शुरुआत की।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आज शाम अहमदाबाद में दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स से खेलेगी।

 

*******

 

पूर्वोत्तर के छह राज्यों में मध्यम से तेज बारिश ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि तेज वर्षा के कारण भूस्खलन, घर ढहने और डूबने की घटनाओं में कल से 27 लोगों की मौत हो गई है। बंगाल की खाड़ी में दबाव के कारण तेज बारिश हुई।

 

27 पीड़ितों में से नौ की मौत अरुणाचल प्रदेश में, छह की मेघालय में, असम और मिजोरम में पांच-पांच और त्रिपुरा तथा नागालैंड में एक-एक व्‍यक्ति की मृत्‍यु हुई। वर्षा और भूस्खलन के कारण क्षेत्र के कई जिलों में सड़क संचार बुरी तरह प्रभावित है।

 

गृह मंत्रालय की ओर से जारी परामर्श में कहा गया है कि उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरे दबाव का क्षेत्र उत्तर की ओर बढ़ गया है और पश्चिम बंगाल-बांग्लादेश तटों को पार कर गया है, जिससे अधिकांश पूर्वोत्तर राज्यों में भारी वर्षा हो रही है।

 

*******

 

मिजोरम में पिछले 3 दिनों में अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन की कई घटनाओं में पांच लोगों की मौत हुई। चंफई जिले में, आज सुबह भारत-म्यांमार सीमा के पास वाफई गांव में हुए भूस्खलन में कम से कम 3 लोगों की मौत हो गई।

 

*******

 

मौसम विभाग ने अगले 7 दिनों के दौरान देश के पूर्वोत्तर हिस्‍से में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। साथ ही बुधवार तक केरल, माहे और कर्नाटक में दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत में गरज, तेज़ हवाओं और बिजली के साथ तेज बारिश की आशंका व्‍यक्‍त की गई है। जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली में भी बुधवार तक इसी तरह की स्थिति का अनुमान व्‍यक्‍त किया गया है। उत्तर-पश्चिम भारत में, कोंकण और गोवा में मंगलवार तक तेज बारिश का अनुमान है।

 

विभाग ने अगले तीन दिनों तक पश्चिमी राजस्थान में धूल भरी आंधी आने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

 

*******

 

ऑपरेशन सिंदूर के अंतर्गत आतंकवाद के खिलाफ भारत का सैद्धांतिक और दृढ़ रुख स्‍पष्‍ट करने के लिए, संसद सदस्यों के सात सर्वदलीय शिष्‍टमंडल विभिन्न देशों के दौरे पर हैं। शिष्‍टमंडल किसी भी प्रकार के आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने के भारत के संकल्‍प का कड़ा संदेश दे रहे हैं। शशि थरूर के नेतृत्व में शिष्‍टमंडल आज ब्राजील की आधिकारिक यात्रा के लिए ब्रासीलिया पहुंचा। श्री थरूर ने कहा कि वे ब्राजील में ठोस रचनात्मक चर्चा करने के लिए उत्सुक हैं।

 

शिवसेना सांसद श्रीकांत शिंदे के नेतृत्व में सर्वदलीय शिष्‍टमंडल लाइबेरिया में है। मीडिया से बातचीत में श्री शिंदे ने कहा कि भारत और लाइबेरिया के बीच अच्छे द्विपक्षीय संबंध हैं।

 

जनता दल यूनाइडेट सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्व में सर्वदलीय शिष्‍टमंडल इंडोनेशिया की सफल यात्रा के समापन के बाद आज मलेशिया के कुआलालम्‍पुर पहुंचा। भारतीय प्रतिनिधिमंडल के सदस्‍य माकपा नेता जॉन ब्रिटास ने कहा कि हम यहां आतंकवाद के खिलाफ भारत के संदेश को देने का काम करेंगे।

 

शिष्‍टमंडल के सदस्यों ने, ब्रिकफील्ड्स में नेताजी सुभाष चंद्र बोस भारतीय संस्कृति केंद्र, में नेताजी सुभाष चंद्र बोस को श्रद्धांजलि अर्पित की।

 

अल्जीरिया में, भारतीय जनता पार्टी सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय शिष्‍टमंडल ने वहां के मीडिया, भारतीय प्रवासियों के एक वर्ग और अल्जीरिया में भारत के मित्रों को आतंकवाद के वैश्विक खतरे के बारे में जानकारी दी।

 

भारतीय जनता पार्टी सांसद रविशंकर प्रसाद के नेतृत्व में सांसदों का शिष्‍टमंडल लंदन पहुंच गया है। श्री प्रसाद ने कहा कि हम यहां भी आतंकवाद के मामले पर भारत का पक्ष मजबूती से रखेंगे।  

 

लंदन पहुंच गए हैं, तीन देशों की हमारी यात्रा अच्छी रही। फ्रांस, इटली और फिर डेनमार्क की। आतंकवाद के मामले पर भारत का पक्ष हम प्रभावी रूप से यहां भी रखेंगे और जैसा हमने बाकी जगह वहां के लोगों का समर्थन मिला है। वही समर्थन इंग्लैंड में भी मिलेगा। हमें पूरा विश्‍वास है।

 

डीएमके सांसद के. कनिमोई के नेतृत्व में सर्वदलीय शिष्‍टमंडल मैड्रिड पहुंच गया है।

 

राष्‍ट्रवादी कांग्रेस पार्टी सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्व में सर्वदलीय शिष्‍टमंडल इथियोपिया की यात्रा पर है।

 

*******

 

सरकार 78वें स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में आज से युवा प्रतिभाओं के लिए विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित कर रही है। पहली प्रतियोगिता का वि‍षय है- ‘ऑपरेशन सिंदूर – आतंकवाद के खिलाफ भारत की नीति को फिर से परिभाषित करना’। यह एक द्विभाषी निबंध प्रतियोगिता है। प्रतियोगिता के शीर्ष तीन विजेताओं को दस-दस हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाएगा। इच्छुक प्रतिभागी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए My Gov की वेबसाइट पर जा सकते हैं। प्रतियोगिता इस महीने की 30 तारीख तक खुली है।

 

दूसरी प्रतियोगिता में, सोशल मीडिया प्रभावशाली लोगों को भारतीय स्वतंत्रता के किसी भी स्मारक और स्थल पर सैर का वीडियो और रील बनाने के लिए आमंत्रित किया गया है। इच्छुक प्रतिभागियों को रील और वीडियो को अपने सोशल मीडिया पेज पर #NewIndia #EmpoweredIndia और #independenceday2025 हैशटैग के साथ पोस्ट करना होगा।

 

इस बीच, नया भारत सशक्त भारत थीम पर एक पेंटिंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई है। इसके बारे में अधिक जानकारी MyGov वेबसाइट पर भी उपलब्ध है।

 

*******

 

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए, राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को सलाम करता है। सशस्‍त्र बलों के प्रति सम्‍मान और कृतज्ञता की भावना से आकाशवाणी समाचार विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम परमवीर चक्र विजेता लांस नायक करम सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्होंने 1947-48 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था।

 

1915 में पंजाब में जन्मे लांस नायक करम सिंह 1941 में सिख रेजीमेंट में भर्ती हुए। 1948 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में टीथवाल की लंबी लड़ाई के दौरान लांस नायक करम सिंह ने अहम भूमिका निभाई। 13 अक्टूबर की रात लेंस करम सिंह की चौकी पर भारी गोलाबारी के साथ दुश्मन ने एक बड़ा हमला किया। संख्या में बहुत कम होने और गोला बारूद की कमी के बावजूद उन्होंने दुश्मन के कई हमलों को विफल कर दिया। अपने साथियों को दुश्मन को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करने और दुश्मन पर ग्रेनेड से हमले करने के लिए लांस नायक सिंह एक स्थान से दूसरे स्थान पर गए। दो बार घायल होने के बावजूद उन्होंने वहां से जाने से इनकार कर दिया और पहली पंक्ति की खाइयो पर बने रहे । दुश्मन के पांचवें हमले के दौरान दो दुश्मन सैनिक उनकी पोजीशन के बहुत करीब आ गए, गोलीबारी के खतरों से बचने के लिए करम सिंह अपनी खाई से बाहर निकले और संगीन से दोनों दुश्मन सैनिकों को मार डाला। अपनी असाधारण बहादुरी के लिए लांस नायक करम सिंह को परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया जो टीथवाल की लड़ाई में साहस का प्रतीक बन गए। सकलेन अख्तर आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

*******

 

तेल कंपनियों ने आज से 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 24 रुपये की कटौती कर दी है। दिल्ली में अब इस सिलेंडर की संशोधित खुदरा कीमत एक हजार सात सौ 23 रुपये 50 पैसे हो गई है। घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम पहले जैसे ही रहेंगे। इससे पहले इसी साल अप्रैल में घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत में 41 रुपये की कटौती की गई थी।

 

*******

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि केंद्र सरकार आपराधिक न्याय प्रणाली में फोरेंसिक साक्ष्य-आधारित दृष्टिकोण को प्राथमिकता दे रही है। कोलकाता के राजेरहाट में नए केंद्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला भवन का उद्घाटन करते हुए श्री शाह ने कहा कि फोरेंसिक बुनियादी ढांचे का पुनरुद्धार इस प्रयास का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

 

भारत सरकार की ओर से हर जिले में एक फोरेंसिक मोबाइल वैन के लिए हर राज्य को सहायता ऑफर की है। हमने दूरदर्शिता के साथ कानून 24 में आया 20 में हम नेशनल फॉरेंसिक साइंस यूनिवर्सिटी की स्थापना कर चुके थे, 26 परिसर करीब करीब हर बड़े राज्य में एक एनएफएसयू की कॉलेज हम बनाएंगे। जिससे ट्रेन मैनपॉवर मिलेगी।

 

*******

 

भारत-मंगोलिया संयुक्त सैन्य अभ्यास-नोमैडिक एलीफेंट का 17वां संस्करण कल मंगोलिया की राजधानी उलानबतार स्थित विशेष सैन्‍य प्रशिक्षण केंद्र पर शुरू हुआ। यह 13 जून तक चलेगा। इस अभ्यास में कई तरह की गतिविधियां शामिल होंगी। यह अभ्‍यास भारत और मंगोलिया के बीच बढ़ते रक्षा सहयोग को दर्शाता हैं।

 

सैन्‍य अभ्‍यास के उद्घाटन समारोह में मंगोलिया में भारत के राजदूत अतुल मल्हारी गोत्सर्वे और मंगोलिया के मेजर जनरल लखगवासुरेन गनसेलम सहित प्रमुख गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। 

 

*******

 

आईपीएल क्रिकेट के दूसरे क्लावीफायर में, आज अहमदाबाद में पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस का सामना पंजाब किंग्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा। विजेता टीम मंगलवार को अहमदाबाद में होने वाले फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से खेलेगी।

 

*******

 

अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद जून में टेस्ट मैचों और जुलाई से अन्‍य मैचों के लिए तत्काल प्रभाव से नई खेल शर्तें लागू करेगी। एक महत्वपूर्ण बदलाव वनडे में दूसरी नई गेंद को चरणबद्ध तरीके से खत्म करना है। वर्तमान में, 50 ओवर के मैचों में प्रति पारी दो नई गेंदों का इस्तेमाल किया जाता है। संशोधित नियमों के अंतर्गत, 34वें ओवर तक दो गेंदों का इस्तेमाल किया जाएगा, जिसके बाद गेंदबाजी करने वाली टीम पारी खत्म करने के लिए एक गेंद का चयन करेगी। पहली पारी शुरू होने से पहले 25 ओवर या उससे कम के मैचों में, प्रत्येक टीम के लिए केवल एक नई गेंद का इस्तेमाल किया जाएगा।

 

*******

 

जम्मू-कश्मीर में खीर भवानी मेले में हिस्सा लेने के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सैकड़ों लोग, आज 60 बसों के काफिले में जम्मू से कश्मीर घाटी रवाना हुए। खीर भवानी मेला कश्मीरी पंडित समुदाय का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। घाटी और देश के अन्य हिस्सों से कश्मीरी पंडित भारी संख्या में तुलमुल्ला स्थित खीर भवानी मंदिर में एकत्र हुए। श्रद्धालु मंगलवार को मंदिरों में दर्शन करेंगे और एक दिन बाद जम्मू लौटेंगे।

 

*******

 

थाईलैंड की 22 वर्षीया ओपल सुचाता चुआंग्सरी ‘मिस वर्ल्ड’ बन गई हैं। हैदराबाद में 72वीं मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में, इथियोपिया की हासेट डेरेजे एडमासु पहली उप-विजेता और पोलैंड की माजा क्लाजदा दूसरी उप-विजेता रहीं। हमारे संवाददाता ने बताया है कि प्रतियोगिता में, दुनिया भर की सौ से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।

 

सुंदरता और शालीनता के अद्भुत संगम में, थाईलैंड की ओपल सुचाता चुआंगसरी को हैदराबाद में सितारों से सजे समारोह में मिस वर्ल्ड का ताज पहनाया गया। ओपल ने दुनिया भर की 107 सुंदरियों को हराकर ये खिताब जीता। इस सौंदर्य प्रतियोगिता में थाईलैंड की यह पहली जीत है। ग्रैंड फिनाले में चेक गणराज्य की पिछली मिस वर्ल्‍ड क्रिस्टीना पिस्ज़कोवा ने अपना ताज नई मिस वर्ल्‍ड ओपल को पहनाया। ओपल ने ग्रैंड फिनाले में इथियोपिया की हैसेट को हराया। फूलों की आकृति से सजे एक सफेद गाउन में सजी ओपल ने सफलता के मंत्र के रूप में मूल मूल्यों पर टिके रहने पर बल दिया। इससे पहले भारत की नंदिनी गुप्ता शीर्ष 8 फाइनलिस्ट में शामिल होने से चूक गई थीं। हैदराबाद से लक्ष्मी कि रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से अं‍जुम आलम।

 

*******

 

उत्तराखंड के चमोली जिले की ऊंची हिमालयी घाटियों में स्थित यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल, फूलों की घाटी राष्ट्रीय उद्यान आज से पर्यटकों और प्रकृति प्रेमियों के लिए खोल दिया गया है। ब्‍यौरा हमारी संवाददाता से –

 

फूलों की घाटी खुलने के पहले दिन आज 49 पर्यटक इस खूबसूरत घाटी में पहुंचे। घाटी में प्रवेश के लिए अब ऑफलाइन के साथ-साथ ऑनलाइन परमिट की भी सुविधा उपलब्ध है। पर्यटक, वैली ऑफ फ्लावर्स नेशनल पार्क की वेबसाइट पर जाकर अग्रिम बुकिंग कर सकते हैं। यूनेस्को द्वारा विश्व प्राकृतिक धरोहर घोषित यह घाटी हिमालयी जैव विविधता, दुर्लभ अल्पाइन पुष्पों और कीमती जड़ी-बूटियों के लिए जानी जाती है। इस घाटी में हर साल हजारों पर्यटक विभिन्न रंग-बिरंगे फूलों की बहार का आनंद लेने आते हैं। इसे ब्रिटिश पर्वतारोही और वनस्पति विज्ञानी फ्रैंक स्मिथ ने खोजा था। साक्षी सिंह, आकाशवाणी समाचार, देहरादून

 

*******

 

आज विश्व दुग्ध दिवस है। यह दिन आजीविका के प्रमुख स्रोत के रूप में दूध के महत्व को रेखांकित करने के लिए मनाया जाता है। वैश्विक स्तर पर, दूध उत्पादन प्रति वर्ष दो प्रतिशत की दर से बढ़ रहा है, लेकिन भारत में इसकी वृद्धि दर पांच दशमलव सात प्रतिशत है। आज दुनिया का एक-चौथाई दूध उत्पादन भारत में होता है।

 

*******

 

फुटबॉल में, फ्रांस के क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन (पीएसजी) ने यूएफा चैंपियंस लीग का खिताब जीत लिया है। कल रात वेम्बली में खेले गए फाइनल में उसने इटली के क्लब इंटर मिलान को 5-0 से हराकर पहली बार खिताब पर कब्जा किया। इस जीत के साथ पीएसजी की टीम ने लीग वन और फ्रेंच कप की जीत के बाद खिताबी हैट्रिक पूरी की।

 

*******

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • भारी बारिश के बाद चट्टाने खिसकने और मकान ढहने से, पूर्वोत्तर के छह राज्यों में कल से 27 लोगों की मौत; मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक क्षेत्र में तेज बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

 

  • सीमा पार आतंकवाद में पाकिस्तान की भूमिका उजागर करने के लिए विभिन्न देशों का दौरा करने वाले सात, सर्वदलीय संसदीय प्रतिनिधिमंडल, उच्च स्तरीय चर्चाओं में व्‍यस्‍त।

 

  • वाणिज्यिक एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में आज से 24 रुपये की कमी की गई।

 

  • भारत और मंगोलिया ने उलानबटार में संयुक्त सैन्य अभ्यास के 17वें संस्करण की शुरुआत की।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस आज शाम अहमदाबाद में दूसरे क्वालीफायर में पंजाब किंग्स से खेलेगी।

 

*******