Download
Mobile App

android apple
signal

May 27, 2025 3:32 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों से विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता छोड़कर वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा –  ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सशस्त्र बलों की ही नहीं, बल्कि हर भारतीय की जिम्मेदारी है।

  • प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के गांधीनगर में 5 हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान कार्यक्रम के क्रियान्वयन मॉडल को मंजूरी दी।

  • मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों के साथ देश के पश्चिमी तट पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में, गुलवीर सिंह ने दौड़ में स्वर्ण और सर्विन सेबेस्टियन ने रेस वॉक में कांस्य पदक जीता।

—–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा है कि हाल के घटनाक्रमों ने साबित किया है कि पाकिस्‍तान का भारत के विरूद्ध तथाकथित छद्म युद्ध वास्‍तव में एक सुनि‍योजित युद्ध रणनीति है। गुजरात में गांधी नगर के महात्‍मा मंदिर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्‍होंने कहा कि छह मई की घटनाओं के बाद भारत को आतंकी गतिविधियों का प्रमाण देने की अब आवश्‍यकता नहीं है।

 

छह मई के बाद जिनका कत्‍ल हुआ, उस जनाजे को स्‍टेट ऑनर दिया गया पाकिस्‍तान में। उनके कॉफेन्‍स पर पाकिस्‍तान के झंडे लगाए गए। उनकी सेना ने उनको सेल्‍यूट दी। ये सिद्ध करता है कि आतंकवादी गतिविधि ये प्रोक्‍सीवॉर नहीं है, ये आपकी सोची-समझी युद्ध की रणनी‍ति है। आप वॉर ही कर रहे हैं। उसका जवाब भी वैसे ही मिलेगा।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इससे स्पष्ट है कि ये कोई अलग-थलग आतंकवादी कृत्य नहीं हैं, बल्कि एक समन्वित सैन्य रणनीति का हिस्सा है।

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत किसी से दुश्‍मनी नहीं चाहता है। भारत शांति से रहना चाहता है। उन्‍होंने कहा कि देश इस तरीके से प्रगति करने की आकांक्षा रखता है जो विश्‍व के कल्‍याण में योगदान दे सके। सरकार करोडों भारतीयों के उत्‍थान के लिए समर्पण के साथ कार्य कर रही है। पिछली गलत नीतियों का उल्‍लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने युवा पीढी को राष्‍ट्रीय हितों को नुकसान पहुंचाने वाले ऐतिहासिक फैसलों का अध्‍ययन करने को कहा। 1960 की सिंधु जल संधि का हवाला देते हुए उन्‍होंने कहा कि जम्‍मू कश्‍मीर के बांधों की सफाई या गाद नहीं निकालने पर सहमति बनी थी।

 

जम्‍मू-कश्‍मीर की आम नदियों पर डैम बने हैं। उन डैम का सफाई का काम नहीं किया जाएगा। डिसिल्टिंग नहीं किया जाएगा। सफाई के लिए जो नीचे की तरफ जो गेट हैं वो नहीं खोले जाएंगे। साठ साल तक ये गेट नहीं खोले गए और और जिसमें शत-प्रतिशत पानी भरना चाहिए था, धीरे-धीरे इसकी कैपेसिटी कम हो गई। क्‍या मेरे दशवासियों को पानी पर अधिकार नहीं है क्‍या।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा कि स्‍वाधीनता के सौ वर्ष पूरे होने पर विकसित भारत के दृष्टिको‍ण को प्राप्‍त करने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस सपने को साकार करने में प्रत्‍येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्‍होंने कहा कि विश्‍व की तीन सबसे बडी अर्थव्‍यवस्‍थाओं में भारत को शामिल करने के लिए टियर-टू और टि‍यर-थ्री शहरों का आर्थिक विकास बेहद महत्‍वपूर्ण है।

 

2014 में भारत की इकोनॉमी दुनिया में ग्‍यारह नम्‍बर पर थे। हमने कोरोना से लडा़ई लड़ी। हमने पड़ौसियों से भी मुसीबतें झेली। हमने प्राकृतिक आपदा भी झेली। इन सबके बावजूद भी इतने कम समय में हम ग्‍यारह नम्‍बर की इकोनॉमी से चार नम्‍बर की इकोनॉमी पहुंच गए।

 

इससे पहले प्रधानमंत्री ने गांधी नगर के महात्‍मा मंदिर में पांच हजार पांच सौ छत्‍तीस करोड की लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। इन परियोजनाओं में शहरी विकास, बुनियादी ढांचा, जल संसाधन प्रबंधन, स्‍वास्‍थ्‍य सेवा और राजस्‍व सेवाओं सहित कई महत्‍वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।

—–

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने कहा है कि आतंकवादी संगठन पाकिस्‍तान से खुलेआम अपनी गतिविधियां चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान में आतंकवाद एक खुला कारोबार है जिसका समर्थन, वित्त पोषण और इस्तेमाल पाकिस्तानी सेना और सरकार कर रही है। एक जर्मन अखबार को दिए साक्षात्कार में डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत ने आतंकवादियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि आतंकी हमलों के लिए उन्हें इसकी कीमत चुकानी पडे़गी।

—–

भारत विभिन्‍न देशों में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल भेजकर विश्‍व में आतंकवाद को पाकिस्‍तान द्वारा समर्थन दिये जाने का पर्दाफाश कर रहा है। इसके साथ भारत आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त नहीं करने की अपनी नीति का भी प्रसार कर रहा है।

 

कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्‍व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण अमरीकी देश गयाना का दौरा किया। संवाददाताओं से बातचीत में श्री थरूर ने कहा कि गयाना ने आतंकी हमले से खुद की रक्षा करने और प्रभावशाली तरीके से कार्रवाई करने के भारत के अधिकार का समर्थन किया। श्री थरूर ने कहा कि भारत को गयाना की सरकार से बिना शर्त की सहानुभूति और समर्थन प्राप्‍त हुआ है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने गयाना के राष्‍ट्रपति मोहम्‍मद इरफान अली से भी मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद गयाना के राष्‍ट्रपति ने कहा कि आतंकवाद और चरमपंथवाद मानव के सम्‍मान के हर पहलु के विरूद्ध है।

 

जनता दल युनाइटेड के सांसद संजय कुमार झा के नेतृत्‍व में सर्वदलीय प्रतिन‍िधिमंडल ने सिंगापुर के वरिष्‍ठ विदेश और गृहमंत्री के साथ बैठक की। बैठक के बाद संजय कुमार झा ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने वित्‍तीय कार्रवाई कार्यबल से पाकिस्‍तान को ब्‍लैक लिस्‍ट में शामिल करने का आग्रह किया।

 

हम लोगों ने यही रिक्वेस्‍ट किया कि भई पाकिस्‍तान को ब्‍लैक लिस्‍ट में लाना चाहिए क्‍योंकि जो भी फाइनेंशियल सपोर्ट उसको मिलता है, वो लार्जली वो अपनी डिफेंस या ये जो आतंकवाद है, टेररिज्म है, उसी पर उसका एक्‍सपेंस होता है। डेवलपमेंट वर्क का तो कोई है नहीं। पास्‍ट में भी ग्रे लिस्‍ट में जा चुका है।

 

प्रतिनिधिमंडल ने उन्‍हें ऑपरेशन सिंदूर और भारत की आतंकवाद से निपटने की नीति में उभरते न्‍यू नॉर्मल की जानकारी दी।

 

सांसद सुप्रिया सुले के नेतृत्‍व वाले सर्वदलीय प्रतिन‍िधिमंडल ने कतर की अपनी आधिकारिक यात्रा सम्‍पन्‍न की। दो दिवसीय यात्रा के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कतर के वरिष्‍ठ अधिकारियों, कतर के शैक्षणिक समुदाय के सदस्‍यों और‍ वहां के थिंक टैंक के साथ चर्चा की। 

—–

भारतीय सेना ने हाल ही में एक विशेष कार्यक्रम में एकता शक्ति का आयोजन करके पंजाब के फिरोजपुर के  स्‍थानीय प्रशासन और नागरिकों के साथ ऑपरेशन सिंदूर की सफलता को साझा किया।

 

जिला प्रशासन के कई सरपंचों, पंचों, किसानों, अन्‍य नागरिकों और अधिकारियों को ऑपरेशन सिंदूर के दौरान आवश्‍यक सेवा और सुरक्षा सहायता प्रदान करने में उनके महत्‍वपूर्ण समर्थन और योगदान के लिए सेना ने सम्‍मानित किया।

—–

ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाते हुए पूरा राष्ट्र भारतीय सैनिकों की वीरता को नमन कर रहा है। आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि स्वरूप एक विशेष श्रृंखला प्रस्तुत कर रहा है। इस कडी में आज हम मेजर शैतान सिंह को याद कर रहे हैं, जिन्‍होंने 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया था। इसके लिए उन्‍हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

 

दिसम्‍बर 1924 में राजस्थान के जोधपुर में जन्मे मेजर शैतान सिंह साल 1949 में सेना की कुमाऊं रेजीमेंट में भर्ती हुए। 1962 में भारत-चीन युद्ध के दौरान मेजर शैतान सिंह ने 13 कुमाऊं रेजिमेंट की सी-कंपनी का नेतृत्व किया और पांच हजार मीटर की ऊंचाई पर स्थित रेजांगला में एक रणनीतिक स्थान पर कब्जा किया। 18 नवंबर की सुबह चीन ने इस स्थान पर बड़ा हमला किया, उस समय इस जगह पर कंपनी की पांच पलटनें मौजूद थीं। जब दुश्मन सैनिक पहाड़ी नालों से आगे बढ़े, तो भारतीय सैनिकों ने विनाशकारी गोलाबारी कर दुश्मन के छक्के छुड़ा दिए, जिससे उसे भारी नुकसान पहुंचा। अत्यंत ठंड और बड़ी संख्या में दुश्मन के सैनिकों की मौजूदगी के बावजूद कुमाऊं रेजीमेंट की सात, आठ और नौ नंबर की पलटन ने बेजोड़ साहस के साथ लड़ाई लड़ी और आखिर तक जमीन पर अपना कब्जा बनाए रखा। मेजर शैतान सिंह ने अपने व्यक्तिगत सुरक्षा की परवाह किए बिना, वह एक पलटन पोस्ट से, दूसरे पलटन पोस्ट पर अपने सैनिकों के साथ लड़ते रहे। घायल होने के बावजूद उन्हें जब निकाला जा रहा था, तो चीनियों ने उन पर मशीन गन से हमला कर दिया। मेजर शैतान सिंह ने जीवन के लिए खतरा महसूस करते हुए, अपने सैनिकों को उन्हें छोड़कर जाने का आदेश दिया। सैनिकों ने मेजर शैतान सिंह को एक पहाड़ी की ढलान पर एक चट्टान के पीछे रखा, जहां उन्‍होंने अपनी अंतिम सांस ली। मेजर शैतान सिंह को उनके सर्वोच्च साहस, नेतृत्व, कर्तव्य के प्रति समर्पण के लिए मरणोपरांत परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया। सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।   

—–

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान – एएमसीए कार्यक्रम निष्पादन मॉडल को मंजूरी दे दी है। इस मॉडल का उद्देश्य भारत की स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को बढ़ाना और एक मजबूत घरेलू एयरोस्पेस औद्योगिक पारिस्थितिकी तंत्र को विकसित करना है। रक्षा मंत्रालय ने कहा कि यह उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान प्रोटोटाइप विकसित करने के लिए स्वदेशी विशेषज्ञता, क्षमता और इसका उपयोग करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो एयरोस्पेस क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

—–

केन्‍द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आज पिछले 150 वर्षों से सामाजिक, शैक्षणिक, चिकित्‍सा और धार्मिक क्षेत्रों में माधवबाग के योगदान की सराहना की। मुंबई के माधवबाग में श्रीलक्ष्‍मी नारायण मंदिर के डेढ सौंवी वर्षगांठ समारोह में श्री शाह ने कहा कि ब्रिटिश शासन के दौरान स्‍थापित इस संस्‍था ने राष्‍ट्र के धार्मिक और सांस्‍कृतिक जीवन में  महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्‍होंने माधवबाग का एक ऐसे केन्‍द्र के रूप में उल्‍लेख किया जो बच्‍चों को अपनी मातृभाषा से जोडने का काम करती है।

—–

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 पारंपरिक मूल्यों को संरक्षित करते हुए देश में भविष्य की शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। नई दिल्ली में एक मीडिया नेटवर्क के शिक्षा सम्मेलन में श्री प्रधान ने जोर देकर कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति एक दूरदर्शी ढांचे के रूप में उभरी है, जो भारत में सीखने के भविष्य को आकार दे रही है।

 

राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति 2020 लगभग तीन दशकों के बाद पहली बार भारतीयता के आधार पर एक दार्शनिक मसौदा फिलोसोफिकल डॉक्‍यूमेंट बनी, जिसमें भारत आने वाले सदियों में 21 सेन्‍चुरी में अपनी आवश्‍यकता को कैसे पूरा करे, प्राथमिकता किस पर रहेगी। न केवल भारत, विश्‍व के वंचित वर्गों के सामान्‍य लोगों की भी अपेक्षाओं को कैसे हम ग्‍लोबल सिटिजन बना कर पूरा कर पाएं। इस प्रकार की दृष्टि, इस प्रकार की विज़न प्रधानमंत्री जी ने राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में दिया है। 

—–

पराग्‍वे के राष्‍ट्रपति सैंटियागो पेना पालासिओस दो से चार जून तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ कई मंत्री, वरिष्‍ठ अधिकारी और व्‍यवसायिक प्रतिनिधि सहित उच्‍चस्‍तरीय प्रतिनिधिमंडल होगा। एक बयान में विदेश मंत्रालय ने बताया कि दो जून को राष्‍ट्रपति पेना प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के साथ वार्ता करेंगे।

—–

भारतीय मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों के साथ भारत के पश्चिमी तट पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर.के. जेनामणि ने कहा कि केरल और कर्नाटक के लिए रेड अलर्ट और पूर्वोत्तर भारत के लिए मूसलाधार वर्षा की चेतावनी जारी की गई है।

—–

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में दूसरे नागरिक अलंकरण समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। देश के सर्वोच्च नागरिक पुरस्कारों में से एक- पद्म पुरस्कार, तीन श्रेणियों में प्रदान किए जाते हैं – पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्म श्री।

—–

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी है।

—–

भारत के गुलवीर सिंह ने दक्षिण कोरिया के गुमी में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में पुरुषों की दस हजार मीटर दौड़ में स्वर्ण पदक जीत लिया है। गुलवीर ने 28 मिनट 38 दशमलव छह-तीन सेकंड का समय लेकर शीर्ष स्थान प्राप्‍त किया। इससे पहले, सर्विन सेबेस्टियन ने चैंपियनशिप में कांस्‍य पदक जीतकर पदक तालिका में भारत का खाता खोला था।

—–

सिंगापुर ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय शीर्ष खिलाडी पी वी सिंधु, महिला सिंगल्‍स के दूसरे दौर में पहुंच गई हैं। सिंधु ने कनाडा की वेन यू झांग को 21-14, 21-9 से हराया।

—–

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने 140 करोड़ देशवासियों से विदेशी वस्तुओं पर निर्भरता छोड़कर वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का आग्रह किया। उन्‍होंने कहा –  ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सशस्त्र बलों की ही नहीं, बल्कि हर भारतीय की जिम्मेदारी है।

  • प्रधानमंत्री मोदी ने गुजरात के गांधीनगर में 5 हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्‍न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया।

  • रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्नत मध्यम लड़ाकू विमान कार्यक्रम के क्रियान्वयन मॉडल को मंजूरी दी।

  • मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक और महाराष्ट्र के तटीय क्षेत्रों के साथ देश के पश्चिमी तट पर मूसलाधार बारिश का अनुमान व्‍यक्‍त किया।

  • दक्षिण कोरिया के गुमी में आयोजित एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप में, गुलवीर सिंह ने दौड़ में स्वर्ण और सर्विन सेबेस्टियन ने रेस वॉक में कांस्य पदक जीता।

*****