मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में कहा–वैश्विक मानकों के अनुरूप राज्य कम से कम एक पर्यटन स्थल विकसित करें।
- भारत ने दशकों से जारी सीमापार आतंकवाद को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और आत्मरक्षा के अधिकार के लिए जर्मनी के समर्थन पर आभार व्यक्त किया।
- मानसून निर्धारित समय से आठ दिन पहले केरल पहुंचा।
- क्वालालम्पुर में, किदांबी श्रीकांत मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स फाइनल में पहुंचे।
- और, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल की कप्तानी में टेस्ट क्रिकेट टीम की घोषणा की।
———————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यों से कहा है कि वे वैश्विक मानकों के अनुरूप प्रत्येक राज्य में कम से कम एक पर्यटन स्थल विकसित करें और एक राज्य: एक वैश्विक गंतव्य के अंतर्गत सभी सुविधाएं और बुनियादी ढांचा प्रदान करें। आज नई दिल्ली में नीति आयोग की दसवीं शासी परिषद की बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि इस फैसले से पड़ोसी शहरों का भी पर्यटन स्थल के रूप में विकास होगा। श्री मोदी ने कहा कि यदि केंद्र और सभी राज्य एक साथ आएं और टीम इंडिया की तरह मिलकर काम करें, तो कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुखू सहित अन्य लोग बैठक में भाग ले रहे हैं। केंद्रशासित प्रदेशों के उपराज्यपाल, केंद्रीय मंत्री और नीति आयोग के उपाध्यक्ष, सदस्य और सी.ई.ओ. भी मौजूद हैं। इस वर्ष का विषय है-2047 तक विकसित भारत के लिए विकसित राज्य। गवर्निंग काउंसिल 2047 के लिए विकसित भारत के लिए विकसित राज्य के दृष्टिकोण पर चर्चा कर रही है।
———————————–
भारत ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में आतंकवाद को लेकर पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की है और कहा है कि उसने दशकों से सीमापार पाकिस्तान प्रायोजित आतंकी हमलों का सामना किया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि पर्वतनेनी हरीश ने सशस्त्र संघर्षों में नागरिकों की सुरक्षा पर एक खुली बहस में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने आतंकवाद को बढ़ावा देने के लिए बार-बार नागरिकों को ढाल बनाया है। श्री हरीश ने कहा कि दुनिया ने हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए कुख्यात आतंकियों के अंतिम संस्कार में वरिष्ठ सरकारी, पुलिस और सैन्य अधिकारियों को शामिल होते हुए देखा है।
———————————–
विदेश मंत्री सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत की लड़ाई और आत्मरक्षा के अधिकार के लिए जर्मनी के समर्थन पर आभार व्यक्त किया है। जर्मनी के बर्लिन में जर्मन काउंसिल ऑन फॉरेन रिलेशंस में एक संवाद में डॉ. जयशंकर ने कहा कि जर्मनी की आतंकवादी हमले पर की गई निंदा से भारत उत्साहित है। डॉ. जयशंकर ने कहा कि पाकिस्तान ने कई वर्षों तक आतंकवाद को एक हथियार के रूप में इस्तेमाल किया है और आतंकवादियों को पनाह दी है।
डॉ. जयशंकर ने पहलगाम आतंकी हमले की निंदा करते हुए कहा कि यह एक पैटर्न है, जिसने न केवल जम्मू-कश्मीर बल्कि भारत के अन्य हिस्सों को भी निशाना बनाया है। विदेश मंत्री ने भारत-जर्मनी संबंध के बारे में कहा कि दोनों देशों के बीच रक्षा और सुरक्षा क्षेत्र में आपसी संबंध बहुत मजबूत होंगे।
———————————–
भारतीय जनता पार्टी के सांसद बैजयंत पांडा के नेतृत्व में सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज बहरीन पहुंचा, ताकि आतंकवाद के सभी रूपों के प्रति भारत के शून्य सहिष्णुता के दृढ़ संदेश को लोगों के सामने रखा जा सके। अपने कार्यक्रमों के दौरान, प्रतिनिधिमंडल सीमापार आतंकवाद के खिलाफ भारत के अडिग रुख को उजागर करेगा। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
हवाई अड्डे पर श्री पांडा और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत भारतीय राजदूत विनोद के.जैकब ने किया। कांग्रेस सांसद शशि थरूर के नेतृत्व में एक और उच्च स्तरीय सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल आज तड़के दिल्ली से पांच देशों की राजनयिक यात्रा के लिए रवाना हुआ। अपने प्रस्थान से पहले, श्री थरूर ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो संदेश साझा किया, जिसमें आतंकवाद के खिलाफ भारत के रुख को दोहराया गया।
इस बीच, जेडीयू सांसद संजय झा के नेतृत्व में भारत से जापान गए सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल ने दूतावास में प्रवासी भारतीयों के सदस्यों से बातचीत की।
जब हम लोगों ने फोटोग्राफ्स दिखाया, हम लोगों ने डिटेल शेयर किया है इनको, ये समझ में जो गवर्मेंट के लोग हैं उनको आ रहा है कि कहीं न कहीं पाकिस्तान की सरकार का खासकर के उसकी आर्मी का इन्वोल्वमेंट है इस सारे टेररिस्ट और जो सीरीज ऑफ जो रहा है पास्ट का ट्रेक रिकॉर्ड, जो इंडिया में हुआ है तो उसमें बिल्कुल उनको ये लगता है कि उसमें इन्वोल्वमेंट है, इंडिया अपने सेल्फ डिफेंस के लिए जो एक्शन भी ले रहा है वो करेक्ट है।
प्रतिनिधिमंडल ने सीमा पार आतंकवाद का मुकाबला करने के लिए भारत की अटूट प्रतिबद्धता की पुष्टि की और भारतीय प्रवासियों से जापान के हर कोने में इस संदेश को फैलाने का आग्रह किया। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
———————————–
सीमा सुरक्षा बल-बीएसएफ ने कल रात गुजरात के बनासकांठा जिले में भारतीय क्षेत्र में घुसने की कोशिश कर रहे एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। बीएसएफ ने एक बयान में कहा कि उसके जवानों ने एक संदिग्ध व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करके सीमा बाड़ की ओर देखा। बीएसएफ कर्मियों ने घुसपैठिए को चुनौती दी, लेकिन वह आगे बढ़ता रहा, जिससे उन्हें गोली चलानी पड़ी। घुसपैठिए की मौके पर ही मौत हो गई।
वहीं, झारखंड में कल रात लातेहार जिले के सलैया जंगल के पास पुलिस के साथ मुठभेड़ में माओवादी पप्पू लोहारा सहित तीन नक्सली मारे गए हैं। लोहारा नक्सली गुट झारखंड जनमुक्ति परिषद – जे.जे.एम.पी. का सरगना था। सरकार ने उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
———————————–
दक्षिण-पश्चिम मॉनसून पिछले 16 वर्ष में पहली बार आज केरल में अपनी निर्धारित तिथि से आठ दिन पहले पहुंच गया है। केरल में मॉनसून सामान्य रूप से पहली जून तक पहुंचता है। मौसम विभाग ने कहा है कि इससे पहले केरल में साल 2009 में मॉनसून समय से पहले आया था। एक रिपोर्ट-
केरल में भारी बारिश जारी रहने के कारण आज कन्नूर और कासरगोड जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 3 जिलों तथा लक्षद्वीप में येलो अलर्ट जारी किया गया है। भारी बारिश की चेतावनी के मद्देनजर राज्य के पर्यटन क्षेत्र में प्रतिबंध लगा दिए गए हैं। कई क्षेत्रों में यातायात और बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई है। बारिश के कारण दो लोगों की मौत भी हो गई है। पहाड़ी क्षेत्र, नदी तट, भूस्खलन संभावित क्षेत्र और तटीय क्षेत्र हाई अलर्ट पर हैं। केरल, कर्नाटक, लक्षद्वीप तटों पर मछुआरों को समुद्र में जाने से सावधान किया गया है। इस बीच, स्थिति का जायजा लेने के लिए आज शाम तिरुवनंतपुरम में राज्य के मंत्रियों, विधायकों और जनप्रतिनिधियों की एक उच्च स्तरीय बैठक होगी। तिरुवनंतपुरम से मयूषा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
कर्नाटक से हमारे संवाददाता ने बताया है कि मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मानसून, अब कर्नाटक के कारवार, शिवमोगा, हासन और मैसूरु तथा तमिलनाडु के धर्मपुरी और चेन्नई से होकर गुजर रहा है।
तटीय कर्नाटक और वेस्टर्न घाट वाले जिलों में 30 तारीख तक भारी बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने यहां रेड अलर्ट की घोषणा की है। राज्य के उत्तर भाग बेलगावी, धारवाड़ और हावेरी में ऑरेंज अलर्ट हैं और बेंगलुरु के आसपास येलो अलर्ट की घोषणा की गई हैं। तटीय कर्नाटका में घने काले बादल दिखाई दे रहे हैं। इस बार अच्छी बारिश होने की संभावना से किसान खुश हैं। जिला प्रशासन इन चुनौतियों का सामना करने की तैयारी में है। सुधींद्रा, आकाशवाणी समाचार बेंगलुरु।
———————————–
महाराष्ट्र के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज दो जिलों के लिए रेड अलर्ट और सात जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। ब्यौरा हमारी संवाददाता से-
आईएमडी ने रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के लिए मूसलाधार वर्षा की संभावना जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा, अहमदनगर, पुणे, रायगढ़, सातारा, कोल्हापूर और गढचिरोली और चंद्रपूर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जहां आज भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। राजधानी मुंबई में सुबह से ही घने बादल छाए हुए हैं और रुक–रुक कर हल्की बारिश हो रही है। पड़ोसी रायगढ जिले में मध्यरात्रि से लगातार बारिश और गरज के साथ बिजली गिरने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे नागरिकों के दैनिक जीवन पर असर पड़ा है। जालना जिले और सांगली जिले के कई हिस्सों में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। अंकिता आपटे, आकाशवाणी समाचार, मुंबई।
इधर, दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, पूर्वी उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़ और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर गरज के साथ छींटे पड़ने तथा तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने कहा कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्तिस्तान, मुजफ्फराबाद, पंजाब और राजस्थान के कुछ हिस्सों में भीषण लू चलने की आशंका है।
———————————–
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आगामी इंग्लैंड दौरे पर टेस्ट श्रृंखला के लिए टीम की घोषणा कर दी है। शुभमन गिल को टीम का कप्तान बनाया गया है, जबकि ऋषभ पंत उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। विराट कोहली और रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद भारतीय टीम पहली टेस्ट क्रिकेट श्रृंखला खेलेगी।
———————————–
खेल जगत की और खबरों के साथ हैं निखिल कुमार–
किदांबी श्रीकांत ने मलेशिया मास्टर्स बैडमिन्टन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स फाइनल में प्रवेश कर लिया है। उन्होंने सेमीफाइनल में जापान के युशी तनाका को 21-18, 24-22 से पराजित किया। इसके साथ ही किदांबी श्रीकांत इस वर्ष मलेशिया में आयोजित इस प्रतियोगिता के खिताबी मुकाबले में पहुंचने वाले पहले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी बन गए हैं।
आईपीएल क्रिकेट में आज पंजाब किंग्स का सामना डेल्ही कैपिटल्स से होगा। यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें प्लेऑफ की दौड़ से पहले ही बाहर हो चुकी हैं।
प्रतियोगिता में कल रात लखनऊ में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 42 रन से हराया था।
उधर, भारत के भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा ने पौलेंड के चोरजाऊ में रजत पदक हासिल किया है। दो बार के ओलंपिक पदक विजेता नीरज ने अपने छठें और अंतिम प्रयास में 84 दशमलव एक–चार मीटर दूरी तक भाला फेंका। वहीं, जर्मनी के जूलियन वेबर ने इस स्पर्धा में 86 दशमलव एक–दो मीटर भाला फेंककर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। नीरज चोपड़ा का अगला मुकाबला 24 जून को चैक गणराज्य के ओस्ट्रावा गोल्डन स्पाइक टूर्नामेंट में होगा।
———————————–
हार्वर्ड विश्वविद्यालय ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के प्रशासन पर दूसरी बार मुकदमा दायर किया है। इससे पहले, होमलैंड सिक्योरिटी डिपार्टमेंट ने कहा था कि वह हार्वर्ड विश्वविद्यालय को अंतरराष्ट्रीय छात्रों को दाखिला देने से रोक देगा। हार्वर्ड के अध्यक्ष ने कहा कि हार्वर्ड अपने छात्रों और अनुसंधानकर्ताओं की सहायता करने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
———————————–
यूरोपीय संघ के व्यापार प्रमुख मारोस सेफकोविक ने कहा है कि अमरीका और यूरोपीय संघ के बीच व्यापार वार्ता के लिए आपसी सम्मान की आवश्यकता है, न कि धमकियों की। उनकी यह टिप्पणी अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प द्वारा ईयू से अमरीका को भेजे जाने वाले सभी सामानों पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने की धमकी के बाद आई है। उन्होंने कहा कि यूरोप पूरी तरह से प्रतिबद्ध है और दोनों पक्षों के लिए कारगर सौदा सुनिश्चित करना चाहता है।
———————————–
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल सुबह 11 बजे आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में अपने विचार साझा करेंगे। यह इस मासिक रेडियो कार्यक्रम की 122वीं कड़ी होगी। आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार की वेबसाइट और न्यूज ऑन मोबाइल ऐप पर यह कार्यक्रम सीधे प्रसारित होगा।
———————————–
मणिपुर में, राज्य स्तरीय शिरुई लिली महोत्सव 2025 में आज सांस्कृतिक और मनोरंजन कार्यक्रम, फिल्म स्क्रीनिंग, एक फुटबॉल फाइनल मैच और कई अन्य कार्यक्रम होंगे। 20 मई को शुरू हुआ महोत्सव आज शाम उखरुल जिले के बक्शी ग्राउंड में संपन्न होगा।
———————————–
कौशल विकास और उद्यमिता राज्यमंत्री जयंत चौधरी ने आज कहा कि पूरे भारत में लगभग एक लाख छात्रों को निःशुल्क एआई प्रशिक्षण दिया जाएगा। नई दिल्ली में राइजिंग नॉर्थईस्ट इन्वेस्टर्स समिट को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि आगामी स्किलिंग फॉर रेडीनेस एआई कार्यक्रम के अंतर्गत मॉड्यूल बनाए गए हैं और जल्द ही कक्षा 6 से 12 के छात्रों के लिए शुरू किए जाएंगे।
———————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली में नीति आयोग की शासी परिषद की बैठक में कहा-राज्य वैश्विक मानकों के अनुरूप कम से कम एक-एक पर्यटन स्थल विकसित करें।
- भारत ने दशकों से जारी सीमापार आतंकवाद को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की।
- विदेश मंत्री डॉ. सुब्रहमण्यम जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ भारत की लड़ाई और आत्मरक्षा के अधिकार के लिए जर्मनी के समर्थन पर आभार व्यक्त किया।
- मानसून निर्धारित समय से आठ दिन पहले केरल पहुंचा।
- क्वालालम्पुर में, किदांबी श्रीकांत मलेशिया मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्स के फाइनल में पहुंचे।
- और, भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंग्लैंड दौरे के लिए शुभमन गिल की कप्तानी में टेस्ट क्रिकेट टीम की घोषणा की।
———————————–