Download
Mobile App

android apple
signal

May 17, 2025 3:40 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • सरकार ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का रुख प्रस्तुत करने के लिए प्रमुख साझेदार देशों में सात बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडल भेजेगी।

  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने पुणे आई ई डी मामले में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के स्‍लीपर मॉड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।

  • संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार भारत 2025 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।

  • मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक पूर्वोत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिणी भारत में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

  • आज विश्व उच्च रक्तचाप दिवस है।

  • आई पी एल क्रिकेट एक सप्ताह के बाद आज फिर से शुरू हो रहा है। बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

 

———

 

सरकार पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का दृष्टिकोण प्रस्तुत करने के उद्देश्य से सात बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल विभिन्न देशों में भेज रही है। ये प्रतिनिधिमंडल इस महीने के अंत में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सदस्यों समेत प्रमुख साझेदार देशों का दौरा करेंगे। इन प्रतिनिधिमंडलों में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद, प्रमुख राजनीतिक व्यक्तित्व और प्रतिष्ठित राजनयिक शामिल होंगे।

 

इस बहुदलीय शिष्टमंडल का उद्देश्य भारत की राष्ट्रीय सहमति और आतंकवाद से लड़ने के प्रति स्पष्ट दृष्टिकोण को विश्व के सामने रखना है। वे दुनिया को भारत का सख्त संदेश देंगे कि भारत आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त न करने की नीति रखता है। इन सात शिष्टमंडलों का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के रविशंकर प्रसाद और बैजयंत पांडा, कांग्रेस के शशि थरूर, जनता दल यूनाइटेड के संजय कुमार झा, द्रविड़ मुनेत्र कषगम की कनिमोझी करूणानिधि, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सुप्रिया सुले और शिव सेवा के श्रीकांत एकनाथ शिंदे करेंगे। इस बीच, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने बहुदलीय शिष्टमंडल के बारे में कहा है कि भारत के साझा संदेश को लेकर चलेंगे। जिसमें आतंकवाद के खिलाफ कतई बर्दाश्त न करने की नीति का संदेश होगा। उन्होंने कहा कि यह राजनीतिक मतभेदों से परे  राष्ट्र एकता का एक शक्तिशाली प्रतीक है। श्री रिजिजू ने कहा कि ऐसे क्षणों में सबसे ज्यादा मायने रखता है कि भारत एकजुट खड़ा होता है। वही कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने पांच प्रमुख राजधानियों में बहुदलीय शिष्टमंडल का नेतृत्व करने के लिए केंद्र द्वारा आमंत्रित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि जब भी राष्ट्रहित की बात होगी और उनकी सेवाओं की आवश्यकता होगी वह हमेशा उपलब्ध रहेंगे। अमन यादव, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

 

इसी बीच, मीडिया से बातचीत में भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दूरदर्शी सोच को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि भारत का सामूहिक संकल्प दुनिया को आतंकवाद के खिलाफ एकजुट रहने के महत्व को रेखांकित करेगा।

 

 

इसके साथ ही, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सांसद सुप्रिया सुले ने जिम्मेदारी स्वीकार करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू और विदेश मंत्री डॉ. सुब्रमण्यम जयशंकर का आभार व्यक्त किया। सोशल मीडिया पोस्ट में, सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि भारत आतंकवाद से लड़ने के अपने संकल्प में एक मजबूत और अडिग देश है।

 

——-

 

सेवानिवृत्त वरिष्ठ लेफ्टिनेंट जनरल कनवल जीत सिंह ढिल्लों ने सशस्त्र बलों को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के लिए बधाई देते हुए कहा है कि भारतीय सशस्त्रबलों ने पाकिस्तान को कड़ा जवाब दिया है। हमारे संवाददाता ने उनसे खास बातचीत की।

 

 

लेफ्टिनेंट जनरल ढिल्लों ने कहा कि हालांकि भारत ने केवल पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया था। लेकिन यह पाकिस्तान ही था जिसने हमारे खिलाफ अपनी सेना का इस्तेमाल किया। जनरल ढिल्लों ने सभी देशवासियों से हमेशा और हर समय राष्ट्र को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

जय हिंद देशवासियों, आज जब भारतवर्ष में यह प्रण किया कि हम अपनी भूमि पर आतंकवाद को बर्दाश्त नहीं करेंगे और ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया और फिर पाकिस्तान द्वारा लड़ाई को बढ़ावा देने के बाद उनके एयर बेसिस को बर्बाद किया। इस वक्त मैं वर्दी में नहीं हूं, लेकिन दिल से मैं आज भी भारतवर्ष का एक सच्चा सिपाही हूं। क्या आप भारतवर्ष के सिपाही हैं? अब कुछ भी कार्य कर रहे हों, आप कहीं पर भी हों, देश का सैनिक होने के लिए वर्दी पहनना जरूरी नहीं है। दिल से देश के उज्ज्वल भविष्य की कामना होनी चाहिए। चलें हम यह प्रण लेते हैं कि अपने तन-मन-धन और वफादारी, इमानदारी, जिम्मेदारी से हम देश और देश की सेनाओं के साथ हम सुदृढ़ खड़े रहेंगे। जय हिंद

 

जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना के 15 कोर की सेवा कमांडर के रूप में उनके कार्यकाल के दौरान भी पुलवामा कांड की अपराधियों को पहले 100 घंटे के भीतर निशाना बनाया गया था। जब जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद-370 को निरस्त किया गया था। तब भी वहां से सेना की कमान इनके हाथ ही थी। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

 

——-

 

भारतीय सेना के प्रति सम्‍मान और एकजुटता दिखाने के लिए पुद्दुचेरी विश्‍वविद्यालय ने आज परिसर में तिरंगा विजय यात्रा का आयोजन किया। उपराज्‍यपाल के कैलाशनाथन ने यात्रा को झंडी दिखाई।

 

——

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि प्रत्येक व्यक्ति को राष्ट्र की सुरक्षा में सहायता करने का अधिकार है। वे आज नई दिल्ली में जयपुरिया इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट के वार्षिक दीक्षांत समारोह को संबोधित कर रहे थे।

 

 

उपराष्‍ट्रपति ने ऑपरेशन सिंदूर की उल्लेखनीय सफलता के लिए सभी सशस्त्र बलों और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी को बधाई दी।

 

——-

 

आतंकवाद के विरूद्ध भारतीय सशस्त्र बलों के ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बीच समूचा राष्‍ट्र, देश के जवानों के शौर्य और साहस को नमन कर रहा है।

 

आकाशवाणी समाचार सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि देने के लिए एक विशेष श्रंखला प्रस्तुत कर रहा है। आज हम परमवीर चक्र विजेता राइफलमैन संजय कुमार का स्‍मरण कर रहे हैं। उन्होंने करगिल युद्ध में अनुकरणीय बहादुरी का परिचय दिया था।

 

 

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के निवासी राइफलमैन संजय कुमार 1996 में जम्मू और कश्मीर राइफल्स की 13वीं बटालियन में शामिल हुए। 4 जुलाई 1999 कारगिल युद्ध के दौरान रायफल मैन संजय कुमार मुषको घाटी में पॉइंट 4875 के एरिया फ्लैट टॉप पर कब्जा करने वाली टीम के प्रमुख स्काउट थे। जब हमले के लिए टीम आगे बढ़ रही थी तो एक जगह से दुश्मन ने ऑटोमेटिक गन से जबरदस्त गोलीबारी शुरू कर दी और टुकड़ी का आगे बढ़ाना कठिन हो गया। ऐसी स्थिति में गंभीरता को देखते हुए राइफलमैन संजय कुमार ने तय किया कि उस ठिकाने को अचानक हमला किया जाए। उन्होंने आमने-सामने की मुठभेड़ में तीन पाकिस्तानियों को मार गिराया और दूसरे ठिकाने की और बढे़। अचानक हुए हमले से दुश्मन बौखला कर भाग खड़ा हुआ और इसी भगदड़ में दुश्मन अपनी यूनिवर्सल मशीन गन भी छोड़ गए संजय कुमार इस यूनिवर्सल मशीन गन से दुश्मन का ही सफाई शुरू कर दिया और फ्लैट टॉप  क्षेत्र को दुश्मन के हाथों से छीन लिया। जख्मी होने के बावजूद राइफलमैन संजय कुमार दुश्मन से जूझते रहे और वीरता साहस और आसाधारण उच्च कोटि की कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। जिसके लिए उन्हें परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया, राष्ट्र उन्हें सलाम करता है। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

——–

 

जम्मू-कश्मीर में राज्य जांच एजेंसी ने उत्तरी और मध्य कश्मीर के कई स्थानों पर छापेमारी की है। तलाशी अभियान आज सुबह से उत्तरी कश्मीर के सोपोर, बारामूला और हंदवाड़ा तथा मध्य कश्मीर के गांदरबल और श्रीनगर में चलाया जा रहा है। अभी तक किसी गिरफ्तारी और बरामदगी की सूचना नहीं मिली है। यह अभियान संदिग्ध आतंकी गतिविधियों पर की जा रही कड़ी कार्रवाई का हिस्सा है।

 

——–

 

राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन-आईएसआईएस के स्लिपर मॉड्यूल के दो सदस्‍यों को गिरफ्तार किया है। ये गिरफ्तारी 2023 में महाराष्ट्र के पुणे में आईईडी के निर्माण और परीक्षण से संबंधित मामले में की गई है।

दोनों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया गया है। मामले की जांच जारी है।

 

——-

 

संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार भारत 2025 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था चालू वित्‍त वर्ष में चीन, अमरीका और यूरोपीय संघ को पीछे छोड़ते हुए सकल घरेलू उत्‍पाद में छह दशमलव तीन प्रतिशत की वृद्धि के साथ आगे बढ़ेगी।

 

 

विश्व आर्थिक स्थिति और संभावनाओं पर संयुक्त राष्ट्र की ताजा रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत के घरेलू व्‍यय, मजबूत सरकारी निवेश और सेवा निर्यात में बढ़ोतरी के कारण भारत की सकल घरेलू उत्‍पाद में वृद्धि दर्ज हुई है। एक तरफ जहां वैश्विक अर्थव्‍यवस्‍था में कमी आई है, वहीं, भारतीय अर्थव्‍यवस्‍था आगे बढ़ रही है। हालांकि, जनवरी में वृद्धि दर में छह दशमलव छह प्रतिशत के अनुमान में थोड़ा संशोधन हुआ है, लेकिन यह चीन, अमरीका और यूरोपीय संघ जैसी प्रमुख अर्थव्‍यवस्‍थाओं से अब भी आगे है। अगले वर्ष भारत की अर्थव्‍यवस्‍था छह दशमलव चार प्रतिशत तक बढ़ सकती है। संयुक्‍त राष्‍ट्र ने कहा है कि वैश्चिक अर्थव्‍यवस्‍था व्‍यापार तनाव और नीतियों में अनिश्चितता को लेकर नाजुक दौर से गुजर रही है। कई देशों में पूर्वानुमानों की तुलना में कम वृद्धि होने की उम्‍मीद है। समाचार कक्ष से निखिल कुमार।

 

——

 

विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कहा है कि अमरीका के साथ जारी व्‍यापार वार्ता जटिल है और अंतिम निर्णय से बहुत दूर है। श्री जयशंकर ने अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प के उस दावे पर टिप्‍पणी करते हुए ये बात कही, जिसमें श्री ट्रम्‍प ने कहा था कि भारत ने अमरीकी वस्‍तुओं पर सभी शुल्‍क हटाने की पेशकश की है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए श्री जयशंकर ने कहा कि भारत और अमरीका के बीच व्यापार वार्ता चल रही है और कोई भी व्यापार समझौता दोनों देशों के लिए लाभकारी और हित में होना चाहिए।

 

 

इससे पहले, श्री ट्रम्‍प ने कहा था कि वह अभी किसी व्‍यापार समझौते को अंतिम रूप देने में कोई जल्‍दबाजी नहीं करेंगे।

 

——

 

सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने विश्‍व में फैले भारतीय प्रवासियों को एक टिकाऊ तथा समृद्ध भविष्य के निर्माण में खोज, निवेश और साझेदारी के लिए आमंत्रित किया है। श्री गडकरी ब्राजील के साओ पाउलो में प्रवासी भारतीय समुदाय को संबोधित कर रहे थे।

——

 

 

चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने बिहार में विधानसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा के लिए आज पूर्वी चम्‍पारण जिले का दौरा किया।

चुनाव आयुक्त ने मोतिहारी में ईवीएम की प्रथम स्तरीय जांच प्रक्रिया का अवलोकन किया।

 

—–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी 22 मई को राजस्‍थान में बीकानेर के देशनोक से 103 अमृत भारत रेलवे स्‍टेशनों का उद्घाटन करेंगे। आकाशवाणी समाचार के साथ विशेष बातचीत में सूचना और प्रचार विभाग, रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक दिलीप कुमार ने कहा है कि इन स्‍टेशनों को सिटी सेंटर की तर्ज पर पुनर्विकसित किया गया है, जो क्षेत्रीय संस्‍कृति और विरासत को दर्शाते हैं।

 

 

 

जो अमृत स्टेशन बनाए गए हैं, उसको स्टेशनों के सिटी सेंटर के रूप में हम लोगों ने डेवलप किया है। जिसमें स्थानीय संस्कृति के साथ-साथ उस क्षेत्र विशेष की जो विरासत है उसको ध्यान में रखा गया है। सभी स्टेशनों पर हम लोगों ने कनेक्टिविटी को सुगम बनाने का प्रयास किया है। इसके अलावा स्टेशन का एप्रोच रोड जो है, वह बेहतर किया गया है बेहतरीन अंडरपास बनाए गए हैं। कई स्टेशनों पर फुट ओवर ब्रिज और मार्डन एमेनिटीज के साथ वेटिंग एरिया तैयार किए गए हैं।

 

 

——

 

दुनियाभर में आज विश्‍व उच्‍च रक्‍तचाप दिवस मनाया जा रहा है। इसका उद्देश्‍य उच्‍च रक्‍तचाप से संबंधित खतरों के बारे में जागरूकता बढाना और इससे बचने के उपायों का प्रचार करना है। इस वर्ष का विषय है – अपने रक्‍तचाप को सही तरीके से मापे, नियंत्रित करें और जीएं लंबा जीवन।।

 

 

——-

 

मौसम विभाग ने अगले सात दिनों के दौरान उत्तरपूर्व, पूर्व, मध्य और दक्षिण भारत में गरज के साथ तूफान, आंधी और बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। मौसम विभाग ने पश्चिमी भारत में कोकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी इसी तरह की परिस्थितियों का पूर्वानुमान व्‍यक्‍त है, जो अगले चार से पांच दिनों तक बनी रहने की संभावना है।

 

——

 

आईपीएल क्रिकेट एक सप्ताह के बाद आज से फिर शुरू हो रहा है। आज बेंगलुरु में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का सामना कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा। यह मैच शाम सात बजकर तीस मिनट से खेला जायेगा।

इससे पहले, भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के कारण 9 मई को आईपीएल प्रतियोगिता निलंबित कर दी गई थी।

 

—–

 

भारत के नीरज चोपड़ा दोहा डायमंड लीग में पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में दूसरे स्थान पर रहे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में नीरज चौपडा को बधाई देते हुए कहा कि इस उपलब्धि पर देश को उनपर गर्व है।

 

——

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

  • सरकार ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ भारत का पक्ष प्रस्तुत करने के लिए प्रमुख साझेदार देशों में सात बहुपक्षीय प्रतिनिधिमंडल भेजेगी।

  • राष्‍ट्रीय अन्‍वेषण अभिकरण ने पुणे आई ई डी मामले में प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन के स्‍लीपर मॉड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया।

  • संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट के अनुसार भारत 2025 में सबसे तेजी से बढ़ने वाली प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहेगा।

  • मौसम विभाग ने अगले सात दिन तक पूर्वोत्तर, पूर्व, मध्य और दक्षिणी भारत में गरज के साथ बारिश, तेज हवाएं और बिजली गिरने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है।

  • आज विश्व उच्च रक्तचाप दिवस है।

  • आई पी एल क्रिकेट एक सप्ताह के बाद आज फिर से शुरू हो रहा है। बेंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला कोलकाता नाइट राइडर्स से होगा।

*****