Download
Mobile App

android apple
signal

May 14, 2025 3:52 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • भारत ने अरुणाचल प्रदेश के स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयासों को खारिज किया। कहा – इस तरह की कार्रवाई भारत की सुसंगत और सिद्धांतवादी रूख के सीधे विरोध में हैं।
  • तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रपति ने कहा- आतंकवाद के विरूद्ध भारत की कार्रवाई उल्लेखनीय सफलता है।
  • पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा हिरासत में लिए गए सीमा सुरक्षा बल के जवान पूर्णम कुमार शॉ भारत लौटे।
  • विश्व के रक्षा विशेषज्ञों ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए इसे निर्णायक सैन्य जीत बताया।
  • न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश बनें।
  • और भारत की आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा ने थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

 

———

 

भारत ने चीन द्वारा अरूणाचल प्रदेश के स्‍थानों को नये नाम देने के निराधार और हास्‍यास्‍पद प्रयासों को खारिज कर दिया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि ऐसे कदम पूरी तरह से अस्वीकार्य हैं और भारत की सुसंगत और सिद्धांतवादी रूख के सीधे विरोध में हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चाहे जितने भी नाम बदलने की कोशिश की जाए, वे उस स्‍पष्‍ट और निर्विवाद सच्‍चाई को नहीं बदल सकते कि अरुणाचल प्रदेश भारत का अभिन्न हिस्सा है, और रहेगा।

 

———

 

प्रमुख रक्षा अध्‍यक्ष जनरल अनिल चौहान, सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के त्रिपाठी ने आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात कर उन्‍हें ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। सोशल मीडिया पोस्ट में राष्ट्रपति ने आतंकवाद के विरुद्ध भारत की उल्लेखनीय सफल कार्रवाई के लिए भारतीय सशस्‍त्र बलों की वीरता और समर्पण की सराहना की।

 

———

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हाल में राष्‍ट्र के नाम संबोधन में आतंकवाद से निपटने का स्‍पष्‍ट और सुनिश्चित सिद्धांत रेखांकित किया है। ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद को कतई बर्दाश्‍त न करने और राष्‍ट्रीय सुरक्षा के साथ कोई समझौता न करने की केंद्र की नीति का स्‍पष्‍ट प्रमाण है।

 

———

 

प्रधानमंत्री ने पाकिस्‍तान को कड़ा संदेश देते हुए कहा है कि भारत के पास आतंकवादियों को उनके घर में घुसकर खत्म करने की क्षमता है। श्री मोदी ने पंजाब के आदमपुर वायुसेना अड्डे पर सैनिकों को संबोधित करते हुए कल यह बात कही।

 

पाकिस्तान में ऐसा कोई ठिकाना नहीं है। जहां बैठकर आतंकवादी चैन की सांस ले सकें। हम घर में घुसकर मारेंगे और बचने का एक मौका तक नहीं देंगे और हमारे ड्रोन्स, हमारी मिसाइलें उनके बारे में तो सोच कर पाकिस्तान को कई दिन तक नींद नहीं आएगी।

 

———

 

भारत के ऑपरेशन सिंदूर का अंतरराष्‍ट्रीय रक्षा विशेषज्ञों ने एक निर्णायक सैन्‍य जीत के रूप में स्‍वागत किया है। इनमें अमरीका के प्रमुख सैन्‍य दिग्‍गज और न्‍यूयॉर्क के आधुनिक युद्ध संस्‍थान के शहरी युद्ध अध्‍ययन के प्रमुख जॉन स्‍पेन्‍सर शामिल हैं। एक रिपोर्ट…

 

22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले का हवाला देते हुए श्री स्‍पेन्‍सर ने कहा कि पिछली घटनाओं के उलट भारत ने बिना देरी किए प्रतिक्रिया दिखाई। श्री स्‍पेन्‍सर ने इस अभियान को तीव्र और सुनियोजित बताया। उन्‍होंने परमाणु ब्‍लैक मेल के विरुद्ध प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी के दृढ़ रवैये की सराहना की है। उन्‍होंने इस संदेश का उल्‍लेख किया कि भारत इस प्रकार के खतरों को सहन नहीं करेगा और दृढ़तापूर्वक इसका जवाब देगा। श्री स्‍पेन्‍सर ने कहा कि भारत बदले की भावना से नहीं लड़ रहा था। भारत का संयम कमजोरी नहीं बल्कि इसकी परिपक्‍वता है। इसने सीमाओं को पुन: परिभाषित किया और नियंत्रण बनाए रखा। भारत ने सिर्फ एक हमले का जवाब नहीं दिया, बल्कि इसने रणनीतिक समीकरण बदला हैसोशल मीडिया के अपने लोकप्रिय पॉडकॉस्‍ट में श्री स्‍पेन्‍सर ने कहा कि सिर्फ चार दिन की सुनियोजित सैन्‍य कार्रवाई करके भारत ने एक व्‍यापक जीत हासिल की है। ऑस्ट्रिया के लड़ाकू विमानन विश्‍लेषण और लेखक टॉम कूपर ने भी भारत की कार्रवाई का एक स्‍पष्‍ट जीत के रूप में उल्‍लेख किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री कूपर ने कहा कि संघर्ष विराम की दिशा में आगे बढ़ने संबंधी पाकिस्‍तान का निर्णय भारत की श्रेष्‍ठ सैन्‍य कार्रवाई का प्रत्‍यक्ष प्रमाण था। दोनों विशेषज्ञों ने ऑपरेशन सिंदूर को सीमा पार आंतकवाद और राष्‍ट्रीय रक्षा के प्रति भारत के रवैये में आया एक महत्‍वपूर्ण परिवर्तन बताया है। इस ऑपरेशन ने क्षेत्र में एक नई मिसाल कायम की है। आकाशवाणी समाचार के लिए कनकलता।

 

———

 

आकाशतीर वायु रक्षा प्रणाली भारत की आत्मरक्षा क्षमता का एक सशक्त स्तंभ है। इसका निर्माण बिना किसी विदेशी उपकरण और उपग्रह निर्भरता के पूरी तरह स्वदेश में हुआ है। यह भारत की पहली आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस संचालित रक्षा प्रणाली है। आकाशतीर ने समयबद्ध योजना के अनुसार, लक्ष्‍यों को निशाना बनाया और ड्रोन संघर्ष में पूरी तरह सफल रहा। एक रिपोर्ट –

 

भारत ने पाकिस्तान के रणनीतिक आठ हवाई ठिकानों स्थानों सहित 13 लक्ष्यों को इतनी सटीकता के साथ कैसे नेस्‍तनाबूद किया और इस्लामाबाद की रक्षा प्रणाली कैसे विफल रही? इन सवालों ने वैश्विक सैन्य विशेषज्ञों को हैरान कर दिया है। इसका जवाब हैआकाशतीर। देश की अगली पीढ़ी की वायु रक्षा प्रणाली। इस महीने की 9 और 10 तारीख की रात को, जब पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य और नागरिक ठिकानों पर अपना सबसे आक्रामक और घातक हमला किया, तो उसका सामना एक अभ्‍येदय ढालआकाशतीर से हुआ। इस अत्याधुनिक प्रणाली ने ड्रोन, मिसाइलों, माइक्रो यूएवी और लॉयटरिंग मुनिशन्‍स सहित आने वाले हवाई खतरों को सफलतापूर्वक बेअसर कर दिया और उन्हें भारतीय हवाई क्षेत्र का लांघन से रोक दिया। आकाशतीर भारत का पहला ऑपरेशनल, स्वदेशी रूप से निर्मित AI वॉरक्लाउड है। ये वास्‍तविक समय में हवाई हमले की तस्‍वीरें उपलब्‍ध कराता है और दुश्‍मन के विमानों और ड्रोनों का पता लगाने के साथसाथ उन्‍हें निष्‍फल भी करता है। आकाशतीर की तुलना में, HQ-9 और HQ-16 प्लेटफॉर्म पर आधारित पाकिस्तान की वायु रक्षा प्रणाली भारत के प्रोजेक्टाइल का पता लगाने और उसे रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुई, जिसके कारण पाकिस्‍तान को भारी नुकसान पहुंचा। आकाशतीर ने देश की रणनीतिक क्षमताओं में एक नया अध्याय जोड़ा है, जहां आतंकी खतरों के खिलाफ रक्षात्मक रुख नहीं, बल्कि अक्रामक रवैया तैयार किया जा रहा है। दिवाकर, भूपेंद्र सिंह, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।

 

———

 

भारत ने ग्‍लोबल टाइम्‍स, शिन्‍हुआ न्‍यूज एजेंसी और टी.आर.टी. वर्ल्‍ड के एक्‍स अकांउट को देश में प्रतिबंधित कर दिया है। सूत्रों के अनुसार, भारत में कथित रूप से पाकिस्‍तान के लिए झूठा प्रचार करने को लेकर उनके विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है। पीपुल्स डेली के तहत संचालित ग्लोबल टाइम्स एक अंग्रेजी दैनिक है, जिसका स्वामित्व चीनी कम्युनिस्ट पार्टी के पास है। शिन्‍हुआ न्‍यूज एजेंसी पीपुल्‍स रिपब्लिक ऑफ चाइना की आधिकारिक न्‍यूज एजेंसी के रूप में कार्य करती है, जबकि टी.आर.टी. वर्ल्‍ड तुर्किए का लोक सेवा प्रसारक है।  

 

———

 

इस बीच सीमा सुरक्षा बल का एक जवान पूर्णम कुमार शॉ आज सुबह भारत लौटे। 23 अप्रैल को पंजाब के फिरोजपुर सेक्‍टर में अंतरराष्‍ट्रीय सीमा पार करने के बाद पूर्णम कुमार शॉ को पाकिस्‍तानी रेंजरों ने गिरफ्तार कर लिया था। सीमा सुरक्षा बल के सूत्रों ने उनकी वापसी की पुष्टि हमारे जालंधर संवाददाता को दी।

 

गिरफ्तार किए जाने के दौरान वे सीमा बाड़ के निकट काम कर रहे किसानों की रक्षा करने वाली टीम का हिस्‍सा थे।

 

———

 

न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई ने आज भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ग्रहण की। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने आज सुबह राष्ट्रपति भवन में एक विशेष समारोह में न्यायमूर्ति बी. आर. गवई को पद की शपथ दिलाई।

 

मैं भूषण राम कृष्‍ण गवई, जो भारत के उच्‍चतम न्‍यायालय का मुख्‍य न्‍यायमूर्ति नियुक्‍त हुआ है। सत्‍यनिष्‍ठा से प्रतिज्ञा करता हूं कि मैं विधि द्वारा सत्‍यापित भारत के संविधान के प्रति सच्‍ची श्रद्धा और निष्‍ठा रखूगां। मैं भारत की प्रभुता और अखंडता शून्‍य रखूगां।

 

———

 

पंजाब में जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या बढ़कर 23 हो गई है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि अस्पताल में भर्ती 13 लोगों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

 

अमृतसर के मजीठा विधानसभा क्षेत्र में सात गांवों के लोगों द्वारा इथेनॉल से बनी नकली शराब पीने के मामले के सरगना समेत दस लोगों को कल गिरफ्तार कर लिया गया था। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात के वक़्त माना था कि शराब की नकली बिक्री के ऐसे मामले बिना राजनीतिक संलिप्तता के नहीं हो सकते। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है। सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की भी घोषणा की गई है। इस बीच, कल पटियाला में पकड़ा गया 600 लीटर मेथेनॉल ले जा रहा एक ट्रक अमृतसर ही ले जाया जा रहा था। पटियाला के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वरुण शर्मा ने पुष्टि की है कि दिल्ली से आ रही यह खेप और नकली शराब बनाने के लिए थी। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आगे की जांच जारी है। राजेश बाली, आकाशवाणी समाचार, जालंधर।

 

———

 

केरल के करीपुर में कालीकट अंतरराष्‍ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्‍क अधिकारियों ने 34 किलो हाइब्रिड गांजा की तस्‍करी की कोशिश करने वाली तीन महिला यात्रियों को कल रात गिरफ्तार किया।

 

एक अन्‍य घटनाक्रम में कन्‍नूर के रहने वाले दो लोगों को लगभग 9 करोड़ रुपये कीमत के 18 किलोग्राम हाइब्रिड गांजा की तस्‍करी के मामले में गिरफ्तार किया गया है।

 

———

 

भारत की आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा ने बैंकॉक में थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। आकर्षि कश्यप ने जापान की काओरू सुगियामा को 21-16, 20-22, 22-20 से हराया, ​​जबकि उन्नति हुड्डा ने थाईलैंड की थामोनवान निथिटिकराय को 21-14, 18-21, 23-21 से पराजित किया। महिला डबल्‍स में आज गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली का मुकाबला मलेशिया की कारमेन टिंग और ओंग शिन यी  से  होगा।

 

उधर, पुरुष सिंगल्‍स में प्रियांशु राजावत और लक्ष्य सेन अपने-अपने मुकाबले हार गये हैं।

 

———

 

बिहार में, खेलो इंडिया यूथ गेम्स का समापन कल हो जाएगा। चार मई से शुरू हुए इन खेलों का आज ग्यारहवां दिन है।

 

हमारे संवाददाता ने बताया है कि आज एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, जिम्नास्टिक, तलवारबाजी और कुश्ती सहित विभिन्न खेलों में 45 स्वर्ण पदक दांव पर हैं।

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्स में आज कई खेल श्रेणियों में बड़ी संख्या में गोल्ड सहित अन्य पदक दांव पर है। एक ओर जहां ट्रैक एंड फील्ड के मुकाबले चल रहे हैं वहीं बालक वर्ग में शाम में यमुना भगत स्टेडियम बेगूसराय में आज झारखंड और ओड़िशा के बीच फुटबॉल का जोरदार फाइनल मुकाबला होने की उम्मीद है।मार्शल आर्ट की थांगता में आज बिहार की प्रेरणा ने अपने राज्य के लिए स्वर्ण पदक जीता वहीं बालकों में लकी कुमार ने कांस्य जीता। धर्मेंद्र कुमार राय, आकाशवाणी समाचार, पटना।

 

महाराष्ट्र ने आज सवेरे एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता और वह 47 स्वर्ण और 39 रजत सहित 122 पदकों के साथ तालिका में शीर्ष स्थान पर है। 

 

———

 

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स में आज एथलीटों ने आर्टिस्टिक जिम्नास्टिक में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।

 

पुरुषों के फ्लोर फाइनल में उत्तर प्रदेश के हर्षित डी. ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि केरल के मिन्हाज एस. साज को रजत पदक मिला, जबकि तुलिन तिवारी ने कांस्य पदक हासिल किया।

 

———

 

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग-एनएचआरसी ने दो सप्ताह का ऑनलाइन अल्पकालिक इंटर्नशिप कार्यक्रम शुरू कर दिया है। इस कार्यक्रम में भाग लेने के लिए 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के विश्वविद्यालय स्तर के विभिन्न शैक्षणिक विषयों के 80 छात्रों को एक हजार सात सौ 95 आवेदकों में से चुना गया है।

 

———

 

अमरीका और खाड़ी सहयोग परिषद के बीच आज शिखर सम्‍मेलन के आधिकारिक रूप से शुरु होने के मद्देनजर अमरीका के राष्‍ट्रपति डॉनल्‍ड ट्रम्‍प रियाद में खाड़ी के नेताओं के साथ शामिल हुए।

 

———

 

मौसम विभाग ने अगले 3 दिनों के दौरान अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अलग-अलग स्थानों पर तेज वर्षा तथा असम और मेघालय में बहुत तेज वर्षा का पूर्वानुमान लगाया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत करते हुए मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव ने कहा कि अगले 3 दिनों के दौरान कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है।

 

———

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारत ने अरुणाचल प्रदेश के स्थानों का नाम बदलने के चीन के प्रयास को खारिज किया। कहा – इस तरह की कार्रवाई भारत की सुसंगत और सिद्धांतवादी रूख के सीधे विरोध में हैं।
  • तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को ऑपरेशन सिंदूर के बारे में जानकारी दी। राष्ट्रपति ने कहा- आतंकवाद के विरूद्ध भारत की कार्रवाई उल्लेखनीय सफलता है।
  • पाकिस्तानी रेंजर्स द्वारा हिरासत में लिए गए सीमा सुरक्षा बल के जवान पूर्णम कुमार शॉ भारत लौटे।
  • विश्व के रक्षा विशेषज्ञों ने ऑपरेशन सिंदूर की सराहना करते हुए इसे निर्णायक सैन्य जीत बताया।
  • न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई भारत के 52वें मुख्य न्यायाधीश बनें।
  • और भारत की आकर्षि कश्यप और उन्नति हुड्डा ने थाईलैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला सिंगल्‍स के प्री-क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।

 

———