मुख्य समाचार:
- ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर सरकार द्वारा संसद में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक संपन्न। सभी दलों ने सरकार का समर्थन किया।
- पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर फिर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया, भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया।
- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आज सवेरे एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई।
- मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वी, पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- और आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम धर्मशाला में पंजाब किंग्स का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
————————————
ऑपरेशन सिंदूर पर आज बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सभी राजनीतिक दलों ने आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई की प्रशंसा की है और एकमत से अपना समर्थन व्यक्त किया है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में संसद में हुई इस बैठक में विभिन्न दलों के कई नेता शामिल हुए। श्री सिंह ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर भारत के हमले के बारे में उन्हें जानकारी दी। संवाददाताओं से बातचीत करते हुए संसदीय कार्यमंत्री किरेन रिजिजू ने बैठक को रचनात्मक बताया।
ऐसा वक्त में जब देश एक बहुत बड़ी चुनौती को हाथ में लेकर के काम कर रहे हैं तो इसमें राजनीति का कोई जगह नहीं है यह हमारे पूरे पॉलीटिकल पार्टीज़ ने दर्शाया है और सब लीडर्स ने एक मत से हमारे सेनाओं ने जो कार्रवाई की है ऑपरेशन सिंदूर को लेकर के पूरे बधाई भी दिया और गौरव का एहसास सबको हुआ है।
कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उन्होंने सरकार को अपना पूरा समर्थन दिया है।
हम सभी जितने भी पार्टी के लोग थे। सभी ने बताया इस संकट के घड़ी में हम सब आपके साथ हैं और आप जो काम कर रहे हैं करते रहिए और देश के हित में हम आपके साथ रहेंगे।
एआईएमआईएम नेता अस्सदुद्दीन औवेसी ने भी ऑपरेशन सिंदूर के लिए सरकार और सशस्त्र सेनाओं की सराहना की है। उन्होंने सुझाव दिया कि द रेसिस्टेंट फोर्स-टीआरएफ के खिलाफ अंतर्राष्ट्रीय अभियान चलाया जाना चाहिए और संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद और अमरीका को इसे आतंकी संगठन घोषित किया जाना चाहिए।
गृहमंत्री अमित शाह, विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर, राज्यसभा में सदन के नेता और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई नेता बैठक में शामिल हुए।
और अब सीधे चलते हैं, हमारे संवाददाता दीपेन्द्र के पास, दीपेंद्र, ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के बाद आज सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई।
————————————
राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात की। यह बैठक पाकिस्तान और पाकिस्तान के अवैध कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में आतंकवादी ठिकानों पर भारत की कार्रवाई के एक दिन बाद हुई है। इससे पहले, श्री डोभाल ने पहलगाम में आतंकी हमले के खिलाफ की गई कार्रवाई के बारे में तमाम देशों के सुरक्षा सलाहकारों से भी बातचीत की थी। उन्होंने कहा था कि भारत का स्थिति को और बिगाड़ने का कोई इरादा नहीं है, लेकिन यदि पाकिस्तान उकसावे वाली कोई कार्रवाई करता है तो भारत उसे जवाब देने के लिए पूरी तरह से तैयार है।
————————————
सऊदी अरब के विदेश मंत्री आदिल अल जुबैर ने आज नई दिल्ली में विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर से मुलाकात की। डॉ. जयशंकर ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि उन्होंने आतंकवाद का दृढ़तापूर्वक मुकाबला करने के संबंध में भारत के दृष्टिकोण के प्रति अपनी सहमति साझा की।
————————————
केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा है कि भारत ने ऑपरेशन सिंधूर के माध्यम से आतंकवाद के प्रति अपनी जीरो टोलरेन्स नीति दिखाई है। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि भारत ने उन आतंकियों और उनकी ढांचागत सुविधाओं को नष्ट कर दिया है, जिन्होंने पहलगाम आतंकी हमले को अंजाम दिया था। श्री चौहान ने ये टिप्पणी नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय कृषि-खरीफ अभियान 2025 की कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कही।
————————————
जम्मू और कश्मीर में, पाकिस्तानी सेना ने कल रात भी बिना किसी उकसावे के नियंत्रण रेखा से लगे चार सेक्टरों-अखनूर, कुपवाडा, बारामुला और उड़ी में गोलाबारी जारी रखी। भारतीय सेना ने इसका समुचित उत्तर दिया। इसमें किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, जबकि कल हुई भारी गोलीबारी में सबसे अधिक प्रभावित पुंछ सेक्टर में 13 लोग हताहत हुए थे। एक रिपोर्ट….
सीमावर्ती ईलाकों से सैंकड़ों लोग पहले ही सुरक्षित स्थानों पर जा चुके हैं। पाकिस्तान की अंधाधुंध गोलीबारी में मकान, गाड़ियां और गुरूद्वारा सहित कई इमारतों को नुकसान पहुंचा है। कुछ लोगों को भूमिगत बंकरों में शरण लेनी पड़ी है। भारतीय सेना की जवाबी कार्रवाई में पाकिस्तान की कई फायरिंग चौकियां नष्ट होने की खबर है। बढ़ते तनाव के बीच अधिकारियों ने जम्मू क्षेत्र के पांच सीमावर्ती जिलों- जम्मू, कठुआ, सांबा, राजौरी और पुंछ में सभी शिक्षण संस्थान आज भी बंद रखने के निर्देश दिये हैं। जम्मू संभाग प्रशासन ने क्षेत्र के सभी 10 जिलों में 24 घंटे चलने वाला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया है। पहलगाम हमले के बाद बढे तनाव के बीच जम्मू-कश्मीर की सीमा पर आज 14वें दिन भी गोलीबारी जारी रही। जम्मू से गुलशन रैना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से निखिल कुमार।
————————————
विदेश मंत्री डॉ. सुब्रह्मण्यम जयशंकर ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले ने भारत को सीमा पार आतंकवादी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए विवश किया था। उन्होंने कहा कि भारत की प्रतिक्रिया लक्षित तथा नपी-तुली थी और हमारा इरादा स्थिति को बिगाड़ने का नहीं था। डॉ. जयशंकर ने कहा कि यदि भारत पर कोई सैन्य हमला होता है, तो इसमें कोई संदेह नहीं होना चाहिए कि बहुत ही सख्ती के साथ उसका जवाब दिया जाएगा। उन्होंने ईरान के विदेशमंत्री डॉ सईद अब्बास अरागची के साथ भारत-ईरान 20वीं संयुक्त आयोग बैठक की सह-अध्यक्षता करते हुए यह बात कही।
————————————
सीमा सुरक्षा बल ने आज तड़के फिरोजपुर सेक्टर में एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को मार गिराया। सीमा सुरक्षा बल के सूत्रों के अनुसार अंधेरे का फायदा उठाकर वह सीमा सुरक्षा बाड की ओर जान-बूझकर बढ़ रहा था, जब सतर्क जवानों ने उसे ढेर कर दिया। उसका शव पुलिस को सौंप दिया गया है। इसी बीच, अटारी सीमा को आम जनता के लिए अगले आदेश तक बंद रखा गया है।
————————————
बलूचिस्तान में दो अलग अलग हमलों में पाकिस्तानी सेना के 14 कर्मियों की मौत हो गई। बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के प्रवक्ता जीयंद बलूच ने दोनों हमलों की जिम्मेदारी ली है।
————————————
पाकिस्तान और पाक अधिकृत जम्मू और कश्मीर में आतंकी ठिकानों पर भारत के हमले ने पाकिस्तान को हताश कर दिया है और वह झूठी खबरें तथा गलत सूचनाएँ फैलाने का सहारा ले रहा है। पाकिस्तान की तरफ से शानदार सैन्य जीत और वीरतापूर्ण जवाबी कार्रवाई की मनगढ़ंत कहानियाँ चलाई जा रही हैं। यह मीडिया को गुमराह करने, तथ्यों को तोड-मरोड कर पेश करने और जनता की धारणा में हेरफेर करने के पाकिस्तान के जानबूझकर किए जा रहे प्रयासों को दर्शाता है। एक रिपोर्ट..
भारत के ऑपरेशन सिंदूर से घबराया हुआ पाकिस्तान डिजिटल प्लेटफॉर्मस् पर झूठी और भ्रामक खबरें फैलाकर आतंकवादियों को बचाने और खुद के नापाक मंसूबों से विश्व का ध्यान भटकाने की पूरी कोशिश कर रहा है। पाकिस्तान समर्थक सोशल मीडिया हैंडल और यहां तक की प्रभावशाली राजनीतिक हस्तियां भी फर्जी जानकारी फैला रहे हैं। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने निराधार दावा किया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सैनिकों को पकड़ा गया बाद में उन्होंने अपने बयान को वापस भी ले लिया और स्वीकार किया कि किसी भी भारतीय सैनिक को हिरासत में नहीं लिया गया था। इस्लामाबाद को यह बेहतर पता है कि उसके इस तरह के प्रयासों से पाकिस्तान और उसके आतंकवादियों को कोई मदद नहीं मिलने वाली इसके बावजूद वह मनगढ़ंत दावों को फैला रहा है। पल्लवी परमार, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
वहीं, पाकिस्तान द्वारा सोशल मीडिया पर किये जा रहे दुष्प्रचार की इस घडी में श्रोताओं के लिए यह जरूरी है कि वे हर सूचना की सावधानीपूर्वक जांच करें। अगर आपको भारतीय सशस्त्र बलों से संबंधित या मौजूदा स्थिति से जुड़ी कोई संदिग्ध जानकारी मिलती है तो आप इसकी सूचना पीआईबी फैक्ट चेक को दें। आप ऐसी सामग्री को व्हाट्सएप नंबर 8799711259 और ईमेल आईडी – socialmedia@pib.gov.in पर भी साझा कर सकते हैं। नंबर एक बार फिर सुन लें-8799711259
————————————
तेलंगाना के मुलुगु जिले में आज सुबह माओवादियों द्वारा किये गये बारूदी सुरंग विस्फोट में तेलंगाना पुलिस की विशेष बल इकाई–ग्रेहाउंड के तीन जूनियर कमांडो मारे गए। प्रारंभिक रिपोर्टों से पता चलता है कि मुलुगु जिले के वजीदु-पेरुरू वन क्षेत्र में कमांडों के नियमित अभ्यास के दौरान यह विस्फोट हुआ।
————————————
केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कहा है कि भारत अब दुनिया में तीसरा सबसे बड़ा वाहन निर्माता देश है। श्री गडकरी ने यह बात आज नई दिल्ली में आयोजित चौथे अंतरराष्ट्रीय बी बी बी सम्मेलन और बायोएनेर्जी वैल्यू चेन एक्सपो को संबोधित करते हुए कही। श्री गडकरी ने आयात को कम करने और निर्यात को बढ़ाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
————————————
उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गंगनानी इलाके में आज सुबह करीब पौने नौ बजे एक निजी कंपनी का हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस दुर्घटना में हेलीकॉप्टर के चालक सहित छह लोगों की मृत्यु हो गई और एक व्यक्ति घायल हो गया।
उत्तरकाशी जिले की पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस, एसडीआरएफ, अग्निशमन, चिकित्सा और अन्य आपदा राहत दल घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में जुटे हैं। पुलिस के अनुसार हेलीकॉप्टर में पायलट समेत 07 लोग सवार थे, जिसमें 04 यात्री मुम्बई तथा 2 आन्ध्रप्रदेश के बताए जा रहे हैं। ये हेलीकॉप्टर देहरादून के सहस्त्रधारा हेलीपैड से उत्तरकाशी के खरसाली हेलीपैड के लिए उड़ान पर था। इस हादसे में हताहत हुए लोगों के प्रति उत्तराखंड के राज्यपाल गुरमीत सिंह और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना में उपचाराधीन घायल के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है। श्री धामी ने अधिकारियों को हादसे की जांच के भी निर्देश दिए हैं। साक्षी सिंह आकाशवाणी समाचार, देहरादून।
————————————
आईपीएल क्रिकेट में आज धर्मशाला में पंजाब किंग्स का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा। ये मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। प्रतियोगिता में कल रात ईडन गार्डन्स में चेन्नई सुपर किंग्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स को दो विकेट से हरा दिया।
————————————
बिहार में हो रहे खेलो इंडिया यूथ गेम्स में महाराष्ट्र 17 स्वर्ण सहित 47 पदक जीतकर तालिका में शीर्ष पर है। मध्य प्रदेश के पास नौ स्वर्ण, तीन रजत और चार कांस्य हैं और वह राजस्थान के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है। इधर, नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में महाराष्ट्र की शम्भवी श्रवण क्षीरसागर ने 10 मीटर एयर राइफल के फाइनल में 251 दशमलव 3 अंकों के साथ स्वर्ण पदक जीता। पंजाब की लावण्या रावत ने रजत पदक और कर्नाटक की हृदय श्री कोंडूर ने कांस्य पदक हासिल किया।
————————————
जम्मू और कश्मीर में जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग-एनएच-44 बारिश से हुए भूस्खलन के कारण आज सुबह बंद कर दिया गया।
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में बारिश के साथ गरज के साथ तूफान और बिजली गिरने का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग ने कहा है कि इन क्षेत्रों में आज भारी ओलावृष्टि और तेज़ हवाएँ भी चल सकती हैं।
————————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- ऑपरेशन सिंदूर के मद्देनजर सरकार द्वारा संसद में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक संपन्न। बैठक में सभी दलों ने सरकार का समर्थन किया।
- पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर फिर से संघर्षविराम का उल्लंघन किया, भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया।
- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में आज सवेरे एक हेलीकॉप्टर दुर्घटना में छह तीर्थयात्रियों की मौत हो गई।
- मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान पूर्वी, पश्चिमी, मध्य और पूर्वोत्तर क्षेत्रों में बारिश का अनुमान व्यक्त किया।
- और आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम धर्मशाला में पंजाब किंग्स का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
————————————