मुख्य समाचार:
- पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत ने चिनाब नदी के बगलिहार बांध से पाकिस्तान को पानी का प्रवाह रोका।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रक्षा सचिव ने नई दिल्ली में मुलाकात की।
- भारत और जापान ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तेलंगाना में तीन हजार नौ सौ करोड़ रुपये की लागत की कई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- सर्वोच्च न्यायालय आज वक्फ-संशोधन अधिनियम-2025 की संवैधानिक वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं की सुनवाई करेगा।
- इस्राइल के मंत्रिमंडल ने गाजा में हमास के खिलाफ अभियान के विस्तार को मंजूरी दी।
- मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए पश्चिमोत्तर भारत में आंधी और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा।
—–
पहलगाम आंतकी हमले के परिदृश्य में एक अन्य कडा कदम उठाते हुए भारत ने चिनाब नदी के बगलिहार बांध से पाकिस्तान को पानी का प्रवाह को रोक दिया है। हमारे जम्मू संवाददाता ने बताया कि सिंधु नदियों से पानी के प्रवाह को रोकने संबंधी निर्णय के बाद बगलिहार बांध से पाकिस्तान को जाने वाले पानी के प्रवाह को भारत ने रोक दिया है। भारत अब झेलम नदी के किशनगंगा बांध पर भी इसी प्रकार का कदम उठाने की योजना बना रहा है। उत्तर कश्मीर के किशनगंगा बांध और जम्मू संभाग के रामबन जिले में जल विद्युत बांध बगलिहार भारत को जल प्रवाह के समय को नियंत्रित करने की क्षमता प्रदान करते हैं। पहलगाम के बैसरन घाटी में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले में 26 पर्यटकों और नागरिकों के मारे जाने के बाद भारत ने दशकों पुरानी सिंधु जल संधि को रद्द करने का निर्णय लिया है।
—–
रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से नई दिल्ली में उनके आवास पर मुलाकात की। कल वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने श्री मोदी से मुलाकात की थी। प्रधानमंत्री और नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के० त्रिपाठी तथा सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी के बीच भी अलग-अलग बैठकें हुईं। ये बैठकें पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर हुई हैं।
—–
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नई दिल्ली में जापान के रक्षामंत्री जनरल नाकातानी के साथ बैठक कर रहे हैं। अपने प्रारम्भिक भाषण में श्री सिंह ने पहलगाम आतंकी हमले के खिलाफ भारत के साथ एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए जापान के प्रति आभार प्रकट किया। उन्होंने भारत-जापान रक्षा संबंधों को प्रगाढ करने के लिए जनरल नाकातानी के योगदान की सराहना की।
दोनों देशों ने वर्तमान क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। बैठक के पहले जनरल नाकातानी को तीनों सेनाओं का गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
—–
भारतीय जनता पार्टी ने आज कांग्रेस नेता अजय राय द्वारा पहलगाम आतंकी हमले पर सरकार के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद कांग्रेस पर निशाना साधा। नई दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए पार्टी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि विपक्षी नेता कह रहे हैं कि वे सरकार के साथ हैं, लेकिन कांग्रेस के कुछ नेता देश के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं।
अगर पाकिस्तान की सेना को लगता है कि उनके इन प्रयासों से भारत की सेना डीमोरलाइज हो सकती है तो मुझे लगता है ठीक उसी भाव से इंडी गठबंधन और कांग्रेस के तमाम नेता अपने बयानों के गोलें बरसाते हैं जो भारत की सेना के मनोबल को कम करने के लिए लक्षित होते हैं।
श्री त्रिवेदी ने इस बात पर बल दिया कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों को सजा अवश्य दी जाएगी।
—–
जम्मू कश्मीर में कल रात नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना की ओर से हुई गोलीबारी का भारतीय सेना ने करारा जवाब दिया। रक्षा सूत्रों ने बताया कि जम्मू कश्मीर के कुपवाड़ा, बारामुला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुन्दरबनी और अख्नूर क्षेत्र में बिना किसी भड़कावे के सीमापार से छोटे हथियारों से गोलीबारी की गई। भाारतीय सैनिकों ने इसका तत्काल समुचित उत्तर दिया। किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
—–
सडक परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आज तेलंगाना के सिरपुर कागजनगर में तीन हजार 900 करोड रूपये की लागत की कई सडक परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित किया। इस अवसर पर श्री गडकरी ने राज्य में सडक बुनियादी ढांचे $4809CB84-AACE-4C64-B242-755ABEBD47A1$को सशक्त बनाने की केन्द्र की वचनबद्धता की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि आने वाले तीन-चार वर्षो में तेलंगाना में दो लाख करोड रूपये की लागत की राजमार्ग परियोजनाएं शुरू की जाएंगी। इन परियोजनाओं से कोठागुडेम और मुलुगू जैसे दूरदराज के जिलों से हैदराबाद तक तीव्र संपर्क स्थापित हो सकेगा।
राज्य का ट्राइबल जिला मुलुगू हो या कोठागुडेम चाहे जिला आदिलाबाद हो या गढ़वाल राज्य के किसी कोने से हैदराबाद आना और जाना अब बहुत जल्दी आसान हो जाएगा। हमारी सरकार ने पूरी तेलंगाना में राष्ट्रीय राजमार्गों को काफी बढ़िया प्लानिंग करके जाल बिछाने की कोशिश की है।
श्री गडकरी ने कहा कि न्यू ग्रीन एक्सप्रेस राजमार्ग के इंदौर-हैदराबाद गलियारे के काम को अगले वर्ष मार्च महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। इस अवसर पर केन्द्रीय कोयला और खान मंत्री जी० किशन रेड्डी ने कहा कि तेलंगाना में कनेक्टिविटी में सुधार के लिए केंद्र द्वारा किए जा रहे निरंतर प्रयासों के कारण राज्य के 33 में से 32 जिले राजमार्गो के जरिए राज्य की राजधानी से अब जुडे हुए हैं। श्री गडकरी आज शाम को हैदराबाद में एक हजार 600 करोड रूपये की लागत की अतिरिक्त परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे।
—–
सर्वोच्च न्यायालय ने वक्फ (संशोधन) अधिनियम 2025 की संवैधानिक वैधता से संबंधित मामले को इस महीने की 15 तारीख के लिए सूचीबद्ध किया है। पिछली सुनवाई में केन्द्र सरकार ने न्यायालय द्वारा कुछ चिंताए व्यक्त किए जाने के बाद संशोधन अधिनियम के कुछ विवादास्पद प्रावधानों पर रोक लगाने का निर्णय लिया।
—–
पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा है कि भारत का मीटिंग, इन्सेटिव्स, कान्फ्रेंस और एग्जीबिशन- एम आई सी ई उद्योग एक प्रमुख आर्थिक चालक बनने के लिए तैयार है और यह उच्च गुणवत्ता वाली नौकरियां सृजित करेगा। राजस्थान के जयपुर में मीट इन इंडिया कॉन्क्लेव को संबोधित करते हुए श्री शेखावत ने कहा कि भारत का एम आई सी ई उद्योग तेजी से एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभर रहा है, जो मजबूत आर्थिक विकास, विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे और मजबूत सरकारी समर्थन से प्रेरित है।
—–
राष्ट्रीय महिला आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी में पांच दिवसीय महिला महा जनसुनवाई शिविर की शुरुआत की है। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया के. रहाटकर ने इस शिविर का उद्घाटन किया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने उम्मीद जताई कि सभी पीडि़त महिलाओं को त्वरित न्याय मिलेगा।
बहुत ही अच्छी शुरुआत है, राष्ट्रीय महिला आयोग ने दिल्ली के जितने भी केसेज पेंडिंग थे उन सब को त्वरित कार्रवाई देते हुए 5 दिन का शिविर यहां लगाया है 1500 के लगभग केसेज हैं और पूरा महिला आयोग की पूरी टीम हमारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जो महिला आयोग की हैं वह स्वयं यहां उपस्थित हो के पूरा पुलिस प्रशासन यहां रहेगा और लगातार सुनवाई देते हुए मैक्सिमम केसों को रिजॉल्व करने का काम यहां से किया जाएगा।
इस अवसर पर राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष श्रीमती रहाटकर ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य महिलाओं की शिकायतों का त्वरित और प्रभावी समाधान प्रदान करना है।
—–
इस्राइल के सुरक्षा मंत्रिमंडल ने गाजा पट्टी में हमास के विरूद्ध अपने सैन्य हमलों में महत्वपूर्ण वृद्धि करने संबंधी योजना को एकमत से स्वीकृति दी है। स्वीकृत रणनीति में कथित तौर पर “गाजा पर विजय प्राप्त करना और क्षेत्रों पर कब्ज़ा करना” शामिल है।
विस्तारित अभियान में इस्राइली सेना गाजा पर नियंत्रण स्थापित करेगी और नागरिक आबादी को दक्षिण की ओर स्थानांतरित करेगी। इस अभियान में हमास पर हमले करना तथा आतंकवादी गुट को मानवीय सहायता वितरण पर नियंत्रण करने से रोकना शामिल है। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अगले सप्ताह आगामी क्षेत्रीय यात्रा के बाद इस योजना का कार्यान्वयन शुरू होने की उम्मीद है। हिब्रू मीडिया की खबरों के अनुसार अब तक हमास के संघर्षविराम और बंधकों की रिहाई पर वार्ता जारी रहेगी। सुरक्षा मंत्रिमंडल ने गाजा की मानवीय सहायता वितरण प्रणाली में सुधार के लिए एक अलग प्रस्ताव की भी स्वीकृति दी है ताकि हमास की आपूर्ति को अन्यत्र मोड़ने की क्षमता को कम किया जा सके। मंत्रिमंडल का यह निर्णय यमन में ईरान के समर्थित हौजी विद्रोहियों द्वारा दागी गई मिसाइल के इस्राइल के मुख्य अंतरराष्ट्रीय प्रवेशद्वार बेन गुरियन हवाई अड्डे के निकट गिरने के कुछ घंटों बाद आया है।
—–
अमरीका के राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रम्प ने अमरीका के बाहर निर्मित सभी फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। राष्ट्रपति ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर बताया है कि उन्होंने वाणिज्य विभाग और देश के व्यापार प्रतिनिधि को विदेशों में निर्मित सभी फिल्मों पर 100 प्रतिशत शुल्क लगाने की प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा है।
—–
बिहार में खेलो इंडिया यूथ गेम्स के दूसरे दिन आज खिलाड़ी कबड्डी और सेपक टकराव में भाग ले रहे हैं।
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में बालिकाओं के मुकाबले में कबड्डी स्पर्धा में उत्तर प्रदेश की टीम ने तमिलनाडु को पराजित किया। राजगीर खेल परिसर में आज कई रोचक मुकाबले खेले गए। आज और कल के शुरुआती मुकाबलों में कुछ खेलों में हार के बाद बिहार को कबड्डी में पहली जीत का स्वाद चखने को मिला। जब बिहार की बालक टीम ने गोवा को हराकर कबड्डी में पहली जीत दिलाई। लड़कों की श्रेणी में पटना में खेले गए वॉलीबॉल के मुकाबले में राजस्थान ने मणिपुर को पराजित किया। आज फुटबॉल के साथ–साथ मार्शल आर्ट की श्रेणी में गतका के मुकाबले भी शुरू हो रहे हैं।
—–
खेलो इंडिया यूथ गेम्स में नई दिल्ली के डॉ. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में निशानेबाजी प्रतियोगिता का एक मुकाबला राजस्थान ने जीत लिया है।
—–
आईपीएल क्रिकेट में आज सनराइराजर्स हैदराबाद का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा। यह मैच हैदराबाद में शाम साढे सात बजे शुरू होगा। सनराइराजर्स अंक तालिका मे नौंवे स्थान पर है जबकि डेल्ही कैपिटल्स पांचवें स्थान पर है।
—–
घरेलू शेयर बाजार के सेंसेक्स और निफ्टी आज शून्य दशमलव तीन-सात प्रतिशत की बढ़त के साथ खुले। सेंसेक्स 299 अंकों की बढ़त के साथ अस्सी हजार 801 और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 115 अंक बढ़कर 24 हजार 461 पर पहुंच गया।
—–
मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिन के लिए उत्तर-पश्चिम भारत में गरज के साथ बारिश और तेज़ हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के. जेनामणि ने कहा कि दिल्ली में बुधवार तक हल्की बारिश हो सकती है और तापमान सामान्य से 40 डिग्री सेल्सियस नीचे रहने की उम्मीद है।
भारत का जो ज्यादातर हिस्सा आता है उत्तर भारत हो, पश्चिम भारत हो या पूर्व भारत हो, सारा जगह में थंडरस्ट्रोम गतिविधि चल रहा था, लास्ट 24 आवर्स में। और अगर उत्तर भारत का बात करें तो राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली को कवर करते हुए राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश इसी में हम लोग का जो है डस्ट–विंड का वार्निंग है और सबसे ज्यादा जो ऑरेंज कलर का वार्निंग है वो राजस्थान गुजरात और पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश है जिसमें विंड भी ज्यादा होगा।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में अगले तीन दिन के दौरान बारिश, ओलावृष्टि और आंधी की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने लोगों से गैर-जरूरी यात्रा से बचने और सुरक्षा दिशा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
—–
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “अत्यधिक गर्मी के दौरान सुरक्षित रहने” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। मौसम विभाग के वैज्ञानिक डॉक्टर आर.के. जेनामणि और लेडी हार्डिंग मेडिकल कॉलेज के मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. अनुपम प्रकाश इस परिचर्चा में भाग लेंगे। श्रोता कार्यक्रम के दौरान सवाल पूछ सकते हैं। टेलीफोन नंबर है- 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4.
—–
मुख्य समाचार एक बार फिर
- पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत ने चिनाब नदी के बगलिहार बांध से पाकिस्तान को पानी का प्रवाह रोका।
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से रक्षा सचिव ने नई दिल्ली में मुलाकात की।
- भारत और जापान ने क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की।
- केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने तेलंगाना में तीन हजार नौ सौ करोड़ रुपये की लागत की कई सड़क परियोजनाओं का शुभारंभ किया।
- सर्वोच्च न्यायालय ने वक्फ-संशोधन अधिनियम-2025 की संवैधानिक वैधता से संबंधित मामले को इस महीने की 15 तारीख के लिए सूचीबद्ध किया है।
- इस्राइल के मंत्रिमंडल ने गाजा में हमास के खिलाफ अभियान के विस्तार को मंजूरी दी।
- मौसम विभाग ने अगले तीन दिन के लिए उत्तर-पश्चिम भारत में आंधी और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
- आई.पी.एल. क्रिकेट में, आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा।