Download
Mobile App

android apple
signal

May 4, 2025 3:27 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लोरेंसो ने कहा कि भारत उसका प्रमुख व्यापार साझेदार है और दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

  • रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने भारत की पृथ्वी अवलोकन और निगरानी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए स्ट्रेटोस्फेरिक एयरशिप प्लेटफॉर्म सिस्टम का पहला सफल परीक्षण किया।

 

  • पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में अमृतसर में दो लोगों को गिरफ्तार किया।

 

  • निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव संबंधी सभी गतिविधियों के लिए सिंगल-प्लेटफॉर्म एप ईसीआईएनईटी लॉन्च करेगा।

 

  • पहला विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन वेव्स 2025 आज मुंबई में संपन्न होगा।

 

  • खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 आज शाम बिहार के पटना में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होंगे।

 

*****

 

अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ मनुअल गोंजाल्‍वेस लोरेंसो ने कहा है कि भारत और अंगोला आपसी संबंधों को और प्रगाढ़ करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नई दिल्ली में आज भारत-अंगोला व्यापार मंच में उन्होंने कहा कि जेनेरिक दवाओं में विशेषज्ञता प्राप्‍त भारत एक प्रमुख साझेदार है।

 

विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि भारत-अंगोला द्विपक्षीय संबंध जीवंत ऊर्जा साझेदारी पर आधारित हैं। उन्‍होंने कहा कि वर्ष 2023-24 में दोनों देशों के बीच व्यापार चार अरब बीस करोड़ डॉलर तक पहुंच गया था।

 

श्री कीर्ति वर्धन ने कहा कि भारत ने रक्षा तथा सुरक्षा सहयोग और मजबूत करने के लिए अंगोला को 20 करोड़ डॉलर की ऋण सहायता की स्‍वीकृति दी है।

 

*****

 

इससे पहले, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि भारत सभी अफ्रीकी देशों के साथ परस्पर लाभकारी और स्थायी साझेदारी के लिए प्रतिबद्ध है। राष्ट्रपति ने राष्ट्रपति भवन में अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लॉरेंको से मुलाकात की और उनके सम्मान में भोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति ने कहा कि अंगोला सहित सभी अफ्रीकी देशों के साथ भारत के घनिष्ठ संबध है। राष्ट्रपति ने जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले पर राष्ट्रपति लॉरेंको के सहानुभूति और आतंकवाद के विरुद्ध समर्थन की भी सराहना की।

 

भारत अफ्रीकी महाद्वीप में शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने की आपकी प्रतिबद्धता पर अडिग है। जम्मू कश्मीर के पहलगाम में हुई नृशंस आतंकवादी हमले के बाद आपके समर्थन और एकजुटता की प्रबल अभिव्यक्ति के लिए भारत सरकार और भारत की जनता की ओर से आपको धन्यवाद। इस घटना ने एक बार फिर दर्शाया है कि अंतरराष्ट्रीय समुदाय आतंकवाद और उसे बढ़ावा देने वालों को रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की आवश्‍यकता है।

 

*****

 

विदेश मंत्री सुब्रह्मण्‍यम जयशंकर ने कहा है कि आर्कटिक क्षेत्र का अपने आप में वैश्विक महत्व है और भारत की आर्कटिक के साथ भागीदारी लगातार बढ़ रही है। नई दिल्ली में आर्कटिक सर्कल इंडिया फोरम 2025 में उन्होंने कहा कि आर्कटिक में होने वाली प्रत्‍येक घटना का भारत के लिए अत्यधिक महत्व है। विदेश मंत्री ने कहा कि इसके परिणाम केवल भारत ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया महसूस करती है।

 

यूरोप के बारे में श्री जयशंकर ने कहा कि यूरोप परिवर्तन के दबाव में है और इस पर बहुध्रुवीय प्रभाव है।

 

*****

 

रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने कल मध्य प्रदेश के श्योपुर परीक्षण स्थल से स्ट्रेटोस्फेरिक एयरशिप प्लेटफॉर्म का पहला सफल परीक्षण किया। एयरशिप को लगभग 17 किलोमीटर की ऊंचाई पर एक इंस्ट्रूमेंटल पेलोड के साथ छोड़ा गया। इसे उत्तर प्रदेश के आगरा में हवाई वितरण अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान ने तैयार किया है।

 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रणाली के पहले सफल परीक्षण के लिए संगठन को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि यह प्रणाली भारत की पृथ्वी अवलोकन और खुफिया, निगरानी तथा टोही क्षमताओं को कई गुणा बढ़ाएगा।

 

*****

 

अमरीका ने भारत की सुरक्षा प्रणाली को और मज़बूत करने के लिए हॉकआई 360 तकनीक की बिक्री को स्‍वीकृति दे दी है। इससे हिंद-प्रशांत क्षेत्र में भारत की स्थिति सुदृढ होगी। अमरीका की प्रतिरक्षा सुरक्षा सहयोग एजेंसी ने कहा कि हॉकआई 360 तकनीक से भारत मौजूदा और भावी चुनौतियों का बेहतर तरीक़े से मुक़ाबला कर सकेगा। एक रिपोर्ट-

 

हॉकआई 360 में पृथ्वी की निचली कक्षा में स्थित उपग्रह का उपयोग किया जाता है। यह तकनीक गैर-कानूनी गतिविधियों का पता लगाने और विशेष आर्थिक ज़ोन पर नज़र रखने में उपयोगी होगी। 13 करोड़ रूपए से अधिक लागत वाली यह तकनीक रेडियो फ्रीक्वेंसी सिग्नल का पता लगाने में सहायक है जो विवादित क्षेत्र में छिपकर काम करने वाले पोतों का पता लगाने में मददगार होगी। यह तकनीक अवैध तरीक़े से मछली पकड़ने और तस्करी के मामलों पर भी नज़र रखने में भी सहायक होगी। अब तक भारतीय नौसेना इन कार्यों के लिए पी8-आई विमान का उपयोग करती थी। समाचार कक्ष से अलका सिंह।

 

*****

 

वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने आज नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी से भेंट की। पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर यह मुलाकात महत्‍वपूर्ण है।

 

*****

 

पंजाब पुलिस ने पाकिस्‍तान के लिए जासूसी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए पलक शेर मसीह और सूरज मसीह पर कथित रूप से अमृतसर में सेना छावनी और एयरबेस के फोटो और संवेदनशील जानकारी की जासूसी का आरोप है। आरंभिक जांच में उनका संबंध पाकिस्‍तानी जासूसों से होने का पता चला है।

 

*****

 

वेव्‍स सम्‍मेलन से जुड़ी खबरें

 

मुंबई में चल रहे वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट समिटवेव्‍स 2025 आज संपन्न हो रहा है। अंतिम दिन फिल्म निर्माण पर कुछ सत्र होंगे और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। चार दिन के इस सम्मेलन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बृहस्‍पतिवार को किया था।

 

‘कनेक्टिंग क्रिएटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज’ टैगलाइन वाला यह शिखर सम्मेलन भारत को मीडिया, मनोरंजन और डिजिटल नवाचार के लिए वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने का एक प्रयास था। आयोजन में 90 से अधिक देशों के दस हजार से अधिक प्रतिनिधि शामिल हुए।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग एक सिंगल-प्लेटफॉर्म एप ईसीआईएनईटी की शुरूआत करेगा, जो चुनाव संबंधी सभी सेवाओं को एक जगह पर उपलब्ध कराएगा। यह ऐप निर्वाचन आयोग की मौजूदा 40 से अधिक मोबाइल और वेब एप्लिकेशनों को एक साथ लायेगा। यह मतदाताओं, चुनाव अधिकारियों, राजनीतिक दलों और अन्य हितधारकों के लिए एक नया डिजिटल इंटरफ़ेस होगा। इससे उपयोगकर्ताओं को ढेर सारे ऐप डाउनलोड करने से राहत मिलेगी। यह ऐप डेस्कटॉप या स्मार्टफोन पर चुनाव संबधित जरुरी जानकारी उपलब्ध कराएगा।

 

*****

 

देश भर में आज मेडिकल प्रवेश परीक्षा- नीट यूजी आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा देश में पांच हज़ार से ज़्यादा केंद्रों पर और विदेश में 13 शहरों में आयोजित हो रही है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शुरु हो गई है जो शाम 5 बजे तक चलेगी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए के अनुसार, परीक्षा के लिए 22 लाख से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया है।

 

*****

 

कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने आज नई दिल्ली में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद द्वारा विकसित भारत की पहली दो जीनोम संपादित चावल किस्मों को जारी किया। कृषि मंत्री ने कहा कि आज का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक है। उन्होंने कहा कि इन दो किस्मों से उत्पादन लागत में कमी आएगी और देश में चावल की पैदावार बढ़ेगी।

 

*****

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ आज मध्य प्रदेश में ग्वालियर जाएंगे। श्री धनखड़ आज शाम राजमाता विजयाराजे सिंधिया कृषि विश्वविद्यालय में प्रोफेसरों और विद्यार्थियों के लिए एक संवाद कार्यक्रम में भाग लेंगे। उपराष्ट्रपति शहर में स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे।

 

*****

 

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार ने कहा है कि माओवादियों से कोई बातचीत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि जो लोग निर्दोष लोगों की हत्या करते हैं, उनसे कोई बातचीत नहीं हो सकती। तेलंगाना के करीमनगर जिले में एक कार्यक्रम में गृहराज्य मंत्री ने कहा कि जब तक माओवादी हथियार नहीं डालते, तब तक उनसे कोई बातचीत नहीं होगी।

 

*****

 

उत्तराखंड के चमोली जिले में बद्रीनाथ धाम के कपाट आज सुबह छह बजे पारंपरिक पूजा अर्चना के साथ खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही, अब उत्तराखंड में केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री सहित चारो धामों के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खुल गए हैं।

 

*****

 

युवा कार्यक्रम और खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने आज सुबह नई दिल्ली के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में ‘फिट इंडिया संडेज़ ऑन साइकिल’ पहल के विशेष आयोजन ‘साइक्लिंग विद टीचर्स’ में भाग लिया।

 

इस कार्यक्रम का उद्देश्य मोटापा कम करने में शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अकादमिक सलाहकारों की भूमिका को उजागर करना है।

 

*****

 

योग साधक बाबा शिवानंद का शनिवार रात वाराणसी में निधन हो गया। खराब स्‍वास्‍थ्‍य के चलते 30 अप्रैल को काशी हिंदू विश्वविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बाबा शिवानंद के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पोस्‍ट में प्रधानमंत्री ने दुख व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि योग और साधना को समर्पित योग साधक शिवानंद बाबा का जीवन देश की हर पीढ़ी को प्रेरित करता रहेगा।

 

योग के माध्यम से समाज में उनके असाधारण योगदान के लिए उन्हें 2022 में पद्म श्री से सम्मानित किया गया।

 

*****

 

सिंगापुर में सत्तारूढ पीपल्स एक्शन पार्टी ने एक बार फिर आम चुनाव में भारी जीत दर्ज की है। यह पार्टी पिछले 66 वर्ष से सत्ता में है। प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग की पीपल्स एक्शन पार्टी को 97 में से 87 सीटें मिलीं और विपक्षी वर्कर्स पार्टी केवल 10 सीटें जीत सकी।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लॉरेंस वोंग को सिंगापुर का प्रधानमंत्री चुने जाने पर बधाई दी है।

 

*****

 

18 वर्ष से कम आयु वर्ग के खिलाड़ियों के लिए मेगा खेल आयोजन “खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025” आज शाम बिहार के पटना में रंगारंग और भव्य समारोह के साथ शुरू होंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया इसका उद्घाटन करेंगे। ब्यौरा हमारे संवाददाता से.

 

खेलो इंडिया यूथ गेम्‍स में आज से कई खेल स्‍पर्धाओं की शुरूआत हो गई। आज बालक वर्ग में खेले गए पहले मुकाबले में पश्चिम बंगाल ने कांटे की टक्कर में राजस्थान को पराजित किया। पटना, राजगीर, गया और भागलपुर में जूडो, कबड्डी, मल्लखंब और तीरंदाजी के मुकाबले खेले जा रहे हैं। मेहमान टीम बिहार इस बार अच्‍छे प्रदर्शन की आशाओं के साथ 700 से अधिक खिलाड़ियों के साथ खेलों इंडिया यूथ गेम्‍स में उतरी है। धर्मेन्द्र कुमार राय आकाशवाणी समाचार पटना।

 

*****

 

आईपीएल क्रिकेट में आज कोलकाता नाइट राइडर्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा।

 

एक अन्य मैच में पंजाब किंग्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • अंगोला के राष्ट्रपति जोआओ लोरेंसो ने कहा कि भारत उसका प्रमुख व्यापार साझेदार है और दोनों देश द्विपक्षीय संबंधों को और आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

 

  • रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन ने भारत की पृथ्वी अवलोकन और निगरानी क्षमताओं को बढ़ाने के लिए स्ट्रेटोस्फेरिक एयरशिप प्लेटफॉर्म सिस्टम का पहला सफल परीक्षण किया।

 

  • पंजाब पुलिस ने पाकिस्तान के लिए जासूसी करने के आरोप में अमृतसर में दो लोगों को गिरफ्तार किया।

 

  • निर्वाचन आयोग जल्द ही चुनाव संबंधी सभी गतिविधियों के लिए सिंगल-प्लेटफॉर्म एप ईसीआईएनईटी लॉन्च करेगा।

 

  • पहला विश्व ऑडियो विजुअल और मनोरंजन शिखर सम्मेलन वेव्स 2025 आज मुंबई में संपन्न होगा।

 

  • खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2025 आज शाम बिहार के पटना में भव्य उद्घाटन समारोह के साथ शुरू होंगे।

 

*****