मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अंगोला के राष्ट्रपति जोंआओ मनुएल गोंज़ाल्वेस लोरेंसो के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – भारत आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक और सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तान से सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आयात पर प्रतिबंध लगाया।
- मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान सात वैश्विक फर्मों ने भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
- गोवा के बिचोलिम में श्री लैराई जात्रा उत्सव में भगदड़ में छह लोगों की मौत और 80 से ज्यादा घायल।
- और आईपीएल क्रिकेट में, बेंगलुरु में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
————————————–
भारत और अंगोला ने आज कृषि, पारंपरिक चिकित्सा और संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों का आदान-प्रदान किया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और अंगोला के राष्ट्रपति जोंआओ मनुएल गोंज़ाल्वेस लोरेंसो के बीच नई दिल्ली में प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता के बाद समझौतों का आदान-प्रदान किया गया। संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत आतंकवादियों और उनका समर्थन करने वालों के खिलाफ दृढ़ और निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि भारत और अंगोला इस बात पर सहमत हैं कि आतंकवाद मानवता के लिए सबसे बड़ा खतरा है।
पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति राष्ट्रपति लॉरेंसु और अंगोला की संवेदनाओं के लिए मैं उनका आभार व्यक्त किया। अंग्रेजी …….
प्रधानमंत्री ने घोषणा की कि अंगोला की सेनाओं के आधुनिकीकरण के लिए 20 करोड डॉलर की ऋण सुविधा की मंजूरी दी गई है। उन्होंने कहा कि रक्षा संबंधी जरूरतों की आपूर्ति और उसके प्रबंधन पर भी चर्चा हुई।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और अंगोला में योग की लोकप्रियता सांस्कृतिक संबंधों की नींव है।
हमने हेल्थकेयर, डायमंड प्रोसेसिंग, फर्टिलाइजर और क्रिटिकल मिनरल क्षेत्र में भी अपने संबंधों को और मजबूत करने का निर्णय लिया। अंगोला में योग और बॉलीवुड की लोकप्रियता हमारे सांस्कृतिक संबंधों की मजबूती का प्रतीक है। अपने पीपल टू पीपल संबंधों को बल देने के लिए हमने अपने युवाओं के बीच यूथ एक्सचेंज प्रोग्राम शुरू करने का निर्णय लिया।
श्री मोदी ने कहा कि भारत और अंगोला इस वर्ष राजनयिक संबंधों की 40वीं वर्षगांठ मना रहे हैं। उन्होंने अफ्रीकी संघ की अध्यक्षता के लिए अंगोला को अपनी शुभकामनाएं दीं। इससे पहले, अंगोला के राष्ट्रपति कल तीन दिवसीय भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे। राष्ट्रपति लोरेंसो का आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी में राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में औपचारिक स्वागत किया गया।
संवाददाताओं से बात करते हुए राष्ट्रपति लोरेंसो ने कहा कि 38 वर्ष में पहली बार हो रही यह राजकीय यात्रा अंगोला के लिए महत्वपूर्ण क्षण है। अंगोला के राष्ट्रपति ने राजघाट पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
विदेश मंत्री सुब्रहमण्यम जयशंकर ने आज सुबह राष्ट्रपति लोरेंसो से मुलाकात की। सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. जयशंकर ने कहा कि वे भारत के प्रति उनकी गर्मजोशी और साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए उनके मार्गदर्शन को महत्व देते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, आज बाद में राष्ट्रपति लोरेंसो के साथ बातचीत करेंगी और उनके सम्मान में भोज का आयोजन भी करेंगी। —-
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक और सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तान से सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आयात पर तुरंत प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय ने एक अधिसूचना में इसकी घोषणा की। अधिसूचना में कहा गया है कि राष्ट्रीय सुरक्षा और सार्वजनिक नीति के हित में यह प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंध में किसी भी प्रकार की छूट के लिए सरकार से अनुमति लेनी होगी।
————————————–
और अब खबरें वेव्स सम्मेलन से –
सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि भारत मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व कर सकता है। उन्होंने कहा कि कई वैश्विक कंपनियों ने इस संबंध में भारत के साथ काम करने की इच्छा जताई है। गूगल, मेटा और माइक्रोसॉफ्ट सहित सात वैश्विक फर्मों ने आज मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान-आईआईसीटी के साथ एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। आईआईसीटी की स्थापना 400 करोड़ रुपये की फंडिंग के साथ मुंबई में की जाएगी। इस अवसर पर श्री वैष्णव ने कहा कि आने वाले दिनों में आईआईसीटी आईआईटी और आईआईएम के समान मान्यता प्राप्त करेगा।
————————————–
सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री डॉ. एल. मुरुगन ने देशभर में हो रहे कम्युनिटी रेडियो के कार्यों की प्रशंसा की है। उन्होंने कहा कि सभी कम्युनिटी रेडियो किसी न किसी उद्देश्य के लिए काम कर रहे हैं और हमारी परंपरा को बढ़ावा दे रहे हैं। वह आज वेव्स में कम्युनिटी रेडियो सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित कर रहे थे। सूचना और प्रसारण सचिव संजय जाजू भी उद्घाटन सत्र में उपस्थित थे।
————————————–
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज भारत के पहले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की प्रगति की समीक्षा के लिए मुंबई में बांद्रा-कुर्ला कॉम्प्लेक्स में बुलेट ट्रेन परियोजना स्थल का दौरा किया। श्री वैष्णव ने मुख्य निर्माण क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना को समय पर पूरा करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर बल दिया।
————————————–
तमिलनाडु के रामेश्वरम के 25 मछुआरों को श्रीलंका की जेल से रिहा किया गया है। इन मछुआरों को 23 फरवरी को रामेश्वरम के नजदीक मंडपम में मछली पकड़ते समय गिरफ्तार किया गया था। उन पर अंतर्राष्ट्रीय जलक्षेत्र में अतिक्रमण का आरोप लगाया गया। श्रीलंका की नौसेना ने उनकी नाव भी जब्त की थी। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के.स्टालिन की अपील पर विदेश मंत्रालय के हस्तक्षेप के बाद उन्हें कल रिहा किया गया। इन मछुआरों को भारतीय दूतावास के अधिकारियों को सौंपा गया। इसके बाद मछुआरों को हवाई जहाज से चेन्नई भेजा गया।
————————————–
गोवा में आज बिचोलिम के शिरगाओ गांव में श्री लैराई जात्रा उत्सव के दौरान मची भगदड़ में छह लोगों की मौत हो गई और 80 से अधिक लोग घायल हो गए। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने मापुसा जिला अस्पताल में घायलों से मुलाकात की। श्री सावंत ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि हादसे की जांच की जाएगी।
इस इन्सीडेंस के बारे में प्राइम मिनिस्टर नरेंद्र मोदी जी ने मुझे आज सुबह-सुबह ही फोन लगाया। इन्सीडेंस की पूरी उन्होंने पूछताछ की, सपोर्ट देने की भी उन्होंने कहा। सेंटर से भी वो देने को कहा, लेकिन हम पूरी तरह से सभी के ट्रीटमेंट और बाकी व्यवस्था कर रहे हैं। जो इन्सीडेंस हुआ है उसकी इंक्वारी करने के लिए मैंने एसपी नॉर्थ और कलेक्टर बोथ उसकी एक्चुअल इंक्वारी कर रहे हैं। सरकार के तीन दिन के कार्यक्रम हम रद्द कर रहे हैं।
हमारे संवाददाता ने बताया है कि आवश्यक चिकित्सा व्यवस्था कर दी गई है और सरकार प्रत्येक मरीज की स्थिति पर नजर रख रही है।
गोवा के शिरगांव देवी लैराई मेले में मची भगदड़ में 6 लोगों की मौत हो गई, 5 की हालत गंभीर है और 80 से ज़्यादा लोग घायल हो गए। घायलों का बिचोलिम स्वास्थ्य केंद्र, मापुसा जिला अस्पताल और गोवा मेडिकल अस्पताल में इलाज चल रहा है। यह घटना शनिवार तड़के उस समय घटी जब हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर में सदियों पुरानी नंगे पाँव अंगारों पर चलने की रस्म को देखने और उसमें भाग लेने के लिए एकत्र हुए थे। मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने मापुसा जिला अस्पताल का दौरा किया और घायलों से मुलाकात की। सूत्रों ने बताया है कि मृतकों में से चार थिविम और दो बिचोलिम के हैं| पणजी से आकाशवाणी समाचार के लिए महेश चोपडे।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना में लोगों की मौत पर दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति सांत्वना प्रकट की और घायलों की शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि स्थानीय प्रशासन प्रभावितों की सहायता कर रहा है।
————————————–
भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि पार्टी राष्ट्रीय सुरक्षा को कमजोर कर रही है। नई दिल्ली में आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए पार्टी प्रवक्ता सांबित पात्रा ने कांग्रेस पर पाकिस्तान की बातों का समर्थन करने का आरोप भी लगाया।
मैं यह प्रश्न करना चाहता हूं, कि कांग्रेस कोई भी ऐसा अवसर, कोई भी ऐसी कसर क्यों नहीं बाकी छोड़ती जिसमें पाकिस्तान की सेना और पाकिस्तान की सरकार को पाकिस्तान के आतंकवादियों को ऑक्सीजन सप्लाई जहां होता हो। हर समय पाकिस्तान के आतंकवादियों को और पाकिस्तान की सेना को ऑक्सीजन सप्लाई करने का काम ये कांग्रेस पार्टी करती है, उनका मनोबल बढ़ाने का काम ये कांग्रेस पार्टी करती है।
श्री पात्रा का यह बयान कांग्रेस सांसद और पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के उस बयान के बाद आया है जिसमें कांग्रेस ने आरोप लगाया था कि पुलवामा हमले के बाद पाकिस्तान पर कोई सर्जिकल स्ट्राइक नहीं की गई थी।
————————————–
पांच से 18 वर्ष की आयु के बच्चों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार-2025 के लिए नामांकन इस वर्ष 31 जुलाई तक कराये जा सकते हैं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार राष्ट्रीय स्तर का प्रतिष्ठित पुरस्कार है जो बच्चों की असाधारण उपलब्धियों को मान्यता देने के लिए भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रतिवर्ष प्रदान किया जाता है।
————————————–
ऑस्ट्रेलिया में 48वीं संसद के चुनाव के लिए मतदान संपन्न हुआ। मतों की गिनती भी शुरू हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार 18 मिलियन मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। प्रतिनिधि सभा की सभी 150 सीटों और सीनेट की 76 में से 40 सीटों के लिए वोट डाले गए। सत्तारूढ़ लेबर पार्टी के मौजूदा प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ दूसरे कार्यकाल के लिए फिर से चुनाव लड़ रहे हैं। उनका मुकाबला कंजर्वेटिव लिबरल-नेशनल गठबंधन के नेता पीटर डटन से है।
————————————–
चीन के शंघाई और ग्वांगझू शहरों में भारतीय राजनयिक मिशनों ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए शोक सभा आयोजित की। वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों के साथ भारतीय प्रवासियों ने भी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
————————————–
आईपीएल क्रिकेट में आज बैंगलुरू में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलुरू का सामना चेन्नई सुपर किंग्स से होगा। यह मैच शाम साढे़ सात बजे से खेला जाएगा।
————————————–
भुवनेश्वर में कलिंगा सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में आज एफसी गोआ का सामना जमशेदपुर एफसी से होगा। मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा। मैच का विजेता वर्ष 2025-26 एएफसी चैंपियंस लीग टू के प्रारंभिक दौर में भी जगह बना लेगा।
————————————–
मौसम विभाग ने अगले चार से पांच दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में गरज, बिजली चमकने और ओलावृष्टि तथा तेज़ हवाओं के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की है। इस बीच, दिल्ली और आसपास के कुछ क्षेत्रों में आज हल्की बूंदाबांदी के साथ दिन की शुरुआत हुई।
————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अंगोला के राष्ट्रपति जोंआओ मनुएल गोंज़ाल्वेस लोरेंसो के बीच प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता हुई। दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में कई समझौतों का आदान-प्रदान हुआ।
- प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – भारत आतंकवादियों और उनके समर्थकों के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने के लिए प्रतिबद्ध है।
- भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के बाद एक और सख्त कदम उठाते हुए पाकिस्तान से सभी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से आयात पर प्रतिबंध लगाया।
- मुंबई में वेव्स शिखर सम्मेलन के दौरान सात वैश्विक फर्मों ने भारतीय रचनात्मक प्रौद्योगिकी संस्थान के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए।
- गोवा के बिचोलिम में श्री लैराई जात्रा उत्सव में भगदड़ में छह लोगों की मौत और 80 से ज्यादा घायल।
- और आईपीएल क्रिकेट में, बेंगलुरु में आज शाम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु का मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स से होगा।
————————————–