Download
Mobile App

android apple
signal

May 1, 2025 3:37 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत के लिए वैश्विक रचनात्मकता का नेतृत्व करने का यह सही समय है। उन्‍होंने आज मुंबई में पहले वर्ल्‍ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट सम्‍मेलन-वेव्‍स का उद्घाटन किया।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – वेव्‍स कोई संक्षिप्त नाम नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, रचनात्‍मकता और विश्‍व से जुडने की लहर है।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बारे में अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की। उन्‍होंने आतंकवादी हमले के दोषियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया।
  • पाकिस्तान ने लगातार सातवें दिन नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, भारत ने भी इसका मुंहतोड जवाब दिया।
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- जाति जनगणना सामाजिक न्याय के लिए एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

 

——————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज मुंबई के जि‍ओ वर्ल्‍ड कन्‍वेंशन सेंटर में पहले वर्ल्‍ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट सम्‍मेलन-वेव्‍स का उद्घाटन किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री ने कहा कि यह वैश्विक मंच है जो कलाकारों और रचनाकारों के नये विचारों को बढावा देगा। वेव्‍स बाजार पहल की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह नवोन्‍मेषकों और रचनाकारों को प्रोत्‍साहित करेगी।

 

सौ से अधिक देशों के आर्टिस्‍ट, इन्‍वेटर्स, इन्‍वेस्‍टर्स और पॉलिसी मेकर एक साथ, एक ही छत के नीचे एकत्र आए हैं। वेव्‍स ये सिर्फ एक्‍रोनियम नहीं, ये वाकई एक वेव है, कल्‍चर की, क्रिएटिविटी की, यूनिवर्सल कनेक्‍ट की।

 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि वेव्‍स सम्‍मेलन में भारत की रचनात्‍मक ताकत वैश्विक मंच पर उजागर होगी। उन्‍होंने कहा कि यह भारत के ऐनिमेशन और ग्राफिक डिजाइन उद्योग के लिए खुद को वैश्विक मंच पर स्‍थापित करने का महत्‍वपूर्ण अवसर है।

 

आज भारत फिल्‍म प्रोडक्‍शन, डिजिटल कंटेंट, गेमिंग, फैशन और म्‍यूजिक का ग्‍लोबल हब बन रहा है। लाइव कंसर्ट से जुड़ी इंडस्‍ड्री के लिए अनेक संभावनाएं हमारे सामने हैं। आज ग्‍लोबल एनिमेशन मॉर्किट का साइज फोर हंडरेंड एंड 30 बिलियन डॉलर से ज्‍यादा का है। अनुमान है कि अगले दस सालों में यह डबल हो सकता है। 

 

श्री मोदी ने कहा कि भारत, दुनिया की तीसरी सबसे बडी अर्थव्‍यवस्‍था बनने की राह पर प्रयासरत है और उसके पास विश्‍व का तीसरा सबसे बडा स्‍टार्टअप सिस्‍टम है।

 

आज भारत दुनिया की थर्ड लार्जेस्‍ट इक्‍नॉमी बनने की तरफ तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज भारत ग्‍लोबल फिन्‍टेक एडोप्‍शन रेट में नंबर -1 है। दुनिया का तीसरे सबसे बड़ा स्‍टार्टअप इकोसिस्‍टम भारत में है। विकसित भारत की हमारी जर्नी तो अभी शुरू हुई है। भारत बिलियन प्‍लस आबादी के साथ-साथ बिलियन प्‍लस टूरिस्‍ट का भी देश है।  

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय फिल्‍में अब विश्‍व के कोने-कोने तक पहुंच रही हैं और आज भारतीय फिल्‍में सौ से अधिक देशों में प्रदर्शित की जा रही हैं।

 

——————————————-

 

सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्‍णव ने कहा है कि वेव्‍ज़ सम्‍मेलन नये आर्थिक अवसर सृजित करेगा। वेव्‍ज सम्‍मेलन के उदघाटन सत्र को संबोधित करते हुए श्री वैष्‍णव ने कहा कि यह सम्‍मेलन रचनाकारों को वैश्विक मंच प्रदान करेगा और नई प्रौद्योगिकी के बारे में जानने का अवसर देगा। उन्‍होंने कहा कि यह रचनाकारों को विश्‍वभर के क्रेताओं और निवेशकों से जोडेगा।

 

——————————————-

 

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि भारत मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि मनोरंजन अर्थव्यवस्था भारत और महाराष्ट्र के लिए नया विकास इंजन है। श्री फडणवीस ने कहा कि इस वेव्‍स शिखर सम्मेलन के माध्यम से भारत एक रचनात्मक महाशक्ति बनने और इस क्षेत्र में दुनिया का नेतृत्व करने के लिए तैयार है।

 

इस अवसर पर उद्योगपति मुकेश अंबानी ने कहा कि भारत का मनोरंजन और सांस्कृतिक उद्योग सिर्फ एक सॉफ्ट पावर नहीं है, बल्कि असली ताकत है। उन्होंने कहा कि वेव्स सपने देखने वालों, निर्माताओं और बदलाव लाने वालों का स्थान बनेगा।

 

ये सम्मेलन चार मई तक चलेगा। यह समारोह ऑडियो विजुअल और मनोरंजन उद्योग के भविष्‍य पर चर्चा के लिए वैश्विक मंच उपलब्‍ध कराएगा। सम्‍मेलन का विषय है- कनेक्टिंग क्रियेटर्स, कनेक्टिंग कंट्रीज

 

——————————————-

 

विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज सुबह दक्षिण कोरियाई के विदेश मंत्री चो ते-युल के साथ फोन पर बातचीत में हाल ही में पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर चर्चा की। सोशल मीडिया पोस्ट में, डॉ. जयशंकर ने आतंकवाद के सभी रूपों और अभिव्यक्तियों के खिलाफ लड़ने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने विशेषकर पहलगाम आतंकवादी हमले के संदर्भ में कोरियाई गणराज्य की समर्थन और एकजुटता के लिए भी चो ते-युल का धन्यवाद किया।

 

इसके अलावा, डॉ. जयशंकर ने कल अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ भी बातचीत की, जिसमें उन्होंने पहलगाम आतंकवादी हमले के अपराधियों, समर्थनकर्ताओं और योजना बनाने वालों को न्याय के कठघरे में लाने का आह्वान किया।

 

——————————————-

 

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले को देखते हुए पाकिस्‍तानी विमानन कंपनियों के लिए अपना वायु क्षेत्र प्रतिबंधित कर दिया है। यह फैसला 23 मई तक प्रभावी रहेगा।

 

——————————————-

 

पाकिस्‍तान ने जम्‍मू-कश्‍मीर में नियंत्रण रेखा पर रात में अकारण गोलीबारी कर लगातार सातवीं बार संघर्षविराम का उल्‍लंघन किया है। रक्षा सूत्रों ने बताया है कि भारतीय सेना ने पाकिस्‍तानी सेना की गोलीबारी का मुंहतोड जवाब दिया। पाकिस्‍तानी सेना ने कुपवाडा, उडी और अखनूर सेक्‍टरों में नियंत्रण रेखा पर छोटे हथियारों से गोलीबारी शुरू की।

 

इस बीच, भारतीय सेना ने कहा है कि नियंत्रण रेखा पर हुई अकारण गोलीबारी का माकूल जवाब दिया गया है।

 

——————————————-

 

सीमा सुरक्षा बल ने पंजाब के अमृसर में एक आतंकवादी साजिश को नाकाम कर हथियार, गोला-बारूद और ग्रेनेड बरामद किए हैं। सीमा सुरक्षा बल इंटेलिजेंस विंग से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कल शाम को भरोपाल गांव के पास एक संयुक्त तलाशी अभियान शुरू किया गया था।

 

——————————————-

 

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने पहलगाम में हाल ही में हुए आतंकवादी हमले की जांच के लिए दायर एक जनहित याचिका पर आज सुनवाई से इनकार कर दिया। न्‍यायालय ने चेतावनी दी कि इस तरह के कदम से सशस्त्र बलों का मनोबल गिर सकता है। जम्मू कश्मीर के तीन निवासियों द्वारा दायर की यह याचिका बाद में वापस ले ली गई।

 

——————————————-

 

केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि जाति जनगणना कराने का फैसला एनडीए सरकार की सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आज नई दिल्ली में मीडिया को संबोधित करते हुए श्री प्रधान ने कहा कि यह फैसला अचानक नहीं लिया गया बल्कि सरकार द्वारा सोच-समझकर लिया गया कदम है।

 

2021 में जनगणना होनी थी लेकिन कोविड की प्रकोप में उसको अभी स्‍थगित रखा गया था। लेकिन आने वाले जनगणना में पहली बार जातिगत जनगणना को एक सैद्धांतिक पॉलिसी डिसिजन लिया गया है कल की राजनीतिक विषय की कैबिनेट समिति में जिसकी संकेत देश के गृह मंत्री लगभग एक साल पहले सूचित किया था।

 

श्री प्रधान ने कहा कि देश के सभी वर्गों के लोगों ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर इस फैसले का स्वागत किया है। फैसले का विरोध करने के लिए कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश के आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों को उनके हक से वंचित किया।

 

——————————————-

 

केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने जाति जनगणना कराने के केंद्र के फैसले को समय की आवश्यकता बताया है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को संबोधित करते हुए उन्‍होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया कि उन्होंने सही समय पर सही निर्णय लिया।

 

——————————————-

 

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने अगली जनगणना के साथ जाति जनगणना कराने के केंद्र सरकार के फैसले का स्वागत किया है।

 

——————————————-

 

प्रवर्तन निदेशालय ने धनशोधन रोधी कानून के प्रावधानों के अंतर्गत पिछले वर्ष तीस हजार करोड रूपये से अधिक मूल्‍य की संपत्तियां पीडितों और उसके सही हकदारों को लौटाई हैं। वित्‍त राज्‍यमंत्री पंकज चौधरी ने आज नई दिल्‍ली में भारत मंडपम में प्रवर्तन निदेशालय दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में यह बात कही।

 

——————————————-

 

गुजरात और महाराष्‍ट्र आज स्‍थापना दिवस मना रहे हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड और प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।

 

राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया में कहा कि गुजरात राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जैसे सपूतों की भूमि है। श्रीमती मुर्मु ने कहा कि महाराष्ट्र के लोग सदैव देशभक्ति की भावना और अन्याय के खिलाफ लड़ने का साहस रखते हैं क्‍योंकि वे छत्रपति शिवाजी महाराज की धरती से हैं। उप राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में गुजरात राज्य के निरंतर प्रगति करने और नए शिखर छूने की कामना की। श्री धनखड़ ने यह भी कहा कि महाराष्ट्र की सामाजिक सुधार, सांस्कृतिक जीवंतता और आर्थिक नेतृत्व की विरासत राष्ट्रीय गौरव का स्रोत बनी हुई है।

 

प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि महाराष्‍ट्र ने देश के विकास में हमेशा महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाई है। एक अन्य सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि गुजरात ने अपनी संस्कृति, उद्यमिता और जीवंतता से अपनी एक अलग पहचान बनायी है। समाचार कक्ष से वैष्णवी |

 

——————————————-

 

महाराष्ट्र दिवस के अवसर पर आज शेयर बाजार बंद है।

 

——————————————-

 

आज विश्‍व श्रमिक दिवस है। श्रमिक आंदोलनों और विभिन्‍न देशों की अर्थव्‍यवस्‍था में कामगारों के योगदान को रेखांकित करने के लिए प्रत्‍येक वर्ष पहली मई को श्रमिक दिवस मनाया जाता है।

 

गृह मंत्री अमित शाह ने इस अवसर पर देश के सभी कामगारों को बधाई दी है।

 

——————————————-

 

भारत ने फिर कहा है कि वह गाज़ा संघर्ष में शामिल सभी पक्षों के साथ काम करने के लिए संकल्‍पबद्ध है ताकि क्षेत्र में शांति स्‍थापित की जा सके। कल फलस्‍तीन पर सुरक्षा परिषद में चर्चा के दौरान भारत के स्‍थायी प्रतिनिधि पी० हरीश ने जोर देकर कहा कि युद्धविराम और बंधकों की रिहाई तत्‍काल की जानी चाहिए। उन्‍होंने कहा कि भारत, ऐसे कुछ देशों में शामिल है जिसके इस्राइल और फलिस्‍तीन दोनों के साथ खुले और सीधे संबंध हैं जिससे शांति प्रयासों में उसकी भूमिका और भी महत्‍वपूर्ण हो जाती है।

 

——————————————-

 

आईपीएल क्रिकेट में आज राजस्‍थान रॉयल्‍स का सामना जयपुर में मुम्‍बई इंडियन्‍स से होगा। यह मैच शाम साढे सात बजे से खेला जायेगा। प्रतियोगिता में कल पंजाब किंग्‍स ने चेन्‍नई सुपर किंग्‍स को चार विकेट से हरा दिया।

 

——————————————-

मौसम विभाग ने इस महीने में उत्तर-पश्चिम, मध्य और उससे सटे पूर्वी भारत के कई हिस्सों में लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है। विभाग ने राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदानी इलाकों और गुजरात, ओडिशा, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और उससे सटे तेलंगाना और उत्तरी कर्नाटक के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

——————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने कहा- भारत के लिए वैश्विक रचनात्मकता का नेतृत्व करने का यह सही समय है। उन्‍होंने आज मुंबई में पहले वर्ल्‍ड ऑडियो विजुअल एंटरटेनमेंट सम्‍मेलन-वेव्‍स का उद्घाटन किया।
  • प्रधानमंत्री मोदी ने कहा – वेव्‍स कोई संक्षिप्त नाम नहीं है, बल्कि यह संस्कृति, रचनात्‍मकता और विश्‍व से जुडने की लहर है।
  • विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने पहलगाम आतंकवादी हमले के बारे में अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो से बात की। उन्‍होंने आतंकवादी हमले के दोषियों को सजा दिलाने का संकल्प लिया।
  • पाकिस्तान ने लगातार सातवें दिन नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, भारत ने भी इसका मुंहतोड जवाब दिया।
  • केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा- जाति जनगणना सामाजिक न्याय के लिए एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
  • और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा।

 

——————————————-