मुख्य समाचार:
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक की।
- जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने अपने विशेष सत्र में पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
- भारत ने भ्रामक सूचना फैलाने पर 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया। पहलगाम आतंकी हमले पर बीबीसी की रिपोर्टिंग पर आपत्ति जताई।
- भारत 26 राफेल समुद्री लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए फ्रांस के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करेगा।
- घरेलू शेयर बाजार आज बढत के साथ खुले। सेंसेक्स में 1000 अंकों से अधिक की बढ़त और निफ्टी 24 हजार 328 पर पहुंचा।
- और… आईपीएल क्रिकेट में आज शाम जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
——————————
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के साथ नई दिल्ली में बैठक की। लगभग 40 मिनट तक चली बैठक में पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद की स्थिति को लेकर चर्चा हुई। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान ने कल श्री राजनाथ सिंह से उनके आवास पर मुलाकात की थी।
——————————
जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पहलगाम में हुए बर्बर आतंकवादी हमले पर दुख और पीड़ा व्यक्त करते हुए आज एक प्रस्ताव पेश किया गया। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे। प्रस्ताव में सांप्रदायिक सद्भाव को बिगाड़ने और प्रगति में बाधा डालने के नापाक इरादों को हराने के लिए दृढ़ता से लड़ने का संकल्प लिया गया। विधानसभा के विशेष सत्र के दौरान उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी ने प्रस्ताव पेश किया। सत्र की शुरुआत पिछले सप्ताह इस त्रासदी में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए दो मिनट का मौन रखने के साथ हुई। प्रस्ताव में कहा गया कि विधानसभा अपने सभी नागरिकों के लिए शांति, विकास और समावेशी समृद्धि का माहौल बनाने में विश्वास रखती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि यह सदन इस जघन्य, कायरतापूर्ण कृत्य की स्पष्ट रूप से निंदा करता है, जिसके परिणामस्वरूप निर्दोष लोगों की जान चली गई। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा कि सदन ने उन लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है जिन्हें अपूरणीय क्षति हुई है।
मेरे पास अल्फाज़ नहीं थे कि मैं क्या कह के उनके घरवालों से माफी मांगू। यहां के टूरिज्म के मिनिस्टर की हैसियत से मैंने इन लोगों को दावत दी थी यहां आने की, मेजबान होते हुए मेरी जिम्मेदारी थी कि सही सलामत मैं उन्हें यहां से वापस भेजूं। नहीं भेज पाया और माफी मांगने के अल्फाज़ नहीं थे।
——————————
भारत ने पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भ्रामक सूचना फैलाने के लिए डॉन न्यूज, समा टीवी, आर्य न्यूज और जियो न्यूज सहित 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया है। एक रिपोर्ट-
इस पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर सेना और सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ भड़काऊ और सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील सामग्री, झूठे और भ्रामक बयान फैलाने के लिए प्रतिबंध लगाया गया है। प्रतिबंधित चैनलों के 6 करोड़ तीस लाख से अधिक दर्शक हैं। सरकार ने हमले पर बी.बी.सी. की रिपोर्टिंग पर भी आपत्ति जताई है और भारत के बी.बी.सी. प्रमुख को देश की भावनाओं से अवगत कराया है। आतंकवादी को उग्रवादी कहने के लिए बी.बी.सी. को एक औपचारिक पत्र भी भेजा गया है और आगे विदेश मंत्रालय द्वारा बी.बी.सी. की रिपोर्टिंग पर नज़र रखी जाएगी। दिवाकर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
——————————
पहलगाम आतंकी हमले के बाद महाराष्ट्र से पाकिस्तानी नागरिकों को वापिस भेजने की प्रक्रिया जारी है। मुंबई पुलिस ने अल्प अवधि वीजा पर मुंबई में रह रहे 17 पाकिस्तानी नागरिकों को वापिस भेज दिया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये लोग पर्यटन वीजा या मेडिकल वीजा पर भारत आए थे। जिनका इलाज चल रहा था, उन्हें 29 अप्रैल तक औपचारिकताएं पूरी करने के लिए समय दिया गया था। इसी तरह ठाणे पुलिस ने स्थानीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इलाके में अल्प अवधि वीजा पर रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों पर कड़ी नजर रखें। पुलिस के मुताबिक उल्हासनगर में फिलहाल 17 पाकिस्तानी नागरिक अल्प अवधि वीजा पर रह रहे हैं। उन्हें 28 अप्रैल तक भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।
——————————
पूरे विश्व में भारतवंशियों ने जम्मू कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले में हिंदू पर्यटको को निशाना बनाये जाने के खिलाफ व्यापक विरोध प्रर्दशन किया है। मेलबर्न के फेडरशन स्क्वॉयर से लेकर लंदन में पाकिस्तान उच्चायोग, और कोपनहेगन से लेकर काठमांडू में पाकिस्तानी दूतावास तक प्रदर्शनकारियों ने इस आतंकी हमले की निन्दा करते हुए समुचित कार्रवाई की मांग की।
——————————
सर्वोच्च न्यायालय आज ओटीटी प्लेटफॉर्म और सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री के विनियमन की मांग करने वाली याचिका पर विचार करने पर सहमत हो गया है। इस मुद्दे ने गंभीर चिंताएँ उत्पन्न की हैं। केंद्र सरकार ने न्यायालय को बताया है कि कुछ और विनियमनों पर विचार किया जा रहा है।
——————————
भारत, फ्रांस से 26 राफेल मरीन लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए रक्षा सौदे पर हस्ताक्षर करेगा। सूत्रों के अनुसार भारत की ओर से रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह और फ्रांस की ओर से वहां के राजदूत प्रतिनिधित्व करेंगे। राफेल मरीन विमानों के शामिल होने से नौसेना की ताकत कई गुना बढ़ जाएगी और इन लड़ाकू विमानों को आईएनएस विक्रमादित्य और आईएनएस विक्रांत जैसे विमान वाहक पोतों में तैनात किया जाएगा। राफेल उन्नत हथियार प्रणालियों और मिसाइलों से लैस होगा।
——————————
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नई दिल्ली के त्यागराज स्टेडियम में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री वय वंदना योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने लाभार्थियों को वय वंदना कार्ड वितरित किए। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री पुरी ने कहा कि कैशलेस सुविधा इस योजना की एक बड़ी विशेषता है जो किसी अन्य स्वास्थ्य योजना में उपलब्ध नहीं है।
दिल्ली में 47 प्राइवेट हास्पिटल आलरेडी इम्पेनल्ड हैं और दस सरकारी अस्पताल भी हैं। जब मैंने इनकी लिस्ट देखी तो मैं देखता हूं कि जो अच्छे अस्पतालों में से एक हैं और मुझे पूरी उम्मीद है, मुझे विश्वास है, जिस तरीके से आप काम कर रही हैं आने वाले समय में और भी प्राइवेट हास्पिटल्स इसके साथ जुडेंगे और ये जो योजना जिसकी शुरूआत हो रही है मैं समझता हूं कि यह सिर्फ भारत में नहीं बल्कि विश्व में एक मॉडल के रूप में इट विल बी साइटिड।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली सरकार इस योजना के माध्यम से राष्ट्रीय राजधानी के वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान कर रही है।
इसमें कोई डिफरनसिएशन नहीं है। अमीर हो, गरीब हो, कोई भी इंकम का सोर्स है या नहीं है। किसी भी जाति, धर्म के हैं, महिला-पुरूष हर एक व्यक्ति जो सत्तर साल से ऊपर की उम्र का है उसको इसका लाभ मिलेगा। यह इस योजना की खूबसूरती है। केवल दो चीजें चाहिए एक आप दिल्ली के निवासी हों और दूसरा आपके पास आधार कार्ड हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार आज से इस योजना के लिए पंजीकरण शुरू कर रही है। योजना के अंतर्गत 70 वर्ष या उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को प्रति वर्ष 10 लाख रुपये तक की निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाती है।
——————————
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज शाम राष्ट्रपति भवन में नागरिक सम्मान समारोह में पद्म पुरस्कार प्रदान करेंगी। कला, समाज सेवा, जनहित कार्य, विज्ञान और अभियांत्रिकी, व्यापार तथा उद्योग, चिकित्सा, साहित्य तथा शिक्षा, खेलकूद और लोकसेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में यह सम्मान दिया जाता है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से.
इस वर्ष गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सरकार ने 139 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की थी। जिसमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री पुरस्कार शामिल हैं। प्रमुख पद्म पुरस्कार विजेताओं में वायलिन वादक और संगीतकार डॉ. एल० सुब्रह्मयमण्यम और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट डी. नागेश्वर रेड्डी हैं। पद्म विभूषण पुरस्कार विजेताओं में प्रख्यात संपादक और प्रसार भारती के पूर्व अध्यक्ष ए. सूर्य प्रकाश, सिने अभिनेता अनंतनाग नन्दमुरी बालकृष्ण और एस. अजित कुमार, भरत नाट्यम नृत्यांगना शोभना चन्द्रकुमार और भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान पी.आर. श्रीजेश शामिल हैं। गोवा के सौ वर्षीय स्वतंत्रता सैनानी लीविया लोबो सर्देसाई, 96 वर्षीय चमडे की कठपुतली कलाकार हिमब्बा, टोडावलप्पा, सिल्कीयधारा और महाराष्ट्र में चार सौ हैक्टेयर जंगल का संरक्षण करने वाले चैतराम देवचंद पवार जैसे कई गुमनाम नायकों को पद्मश्री से सम्मानित किया जायेगा। अनुपम मिश्र, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
——————————
केन्द्रीय मत्स्य और पशुपालन मंत्री राजीव रंजन सिंह ने कहा है कि मत्स्य पालन क्षेत्र में देश का निर्यात दोगुना करने के लिए भारत को उत्पादन और बुनियादी ढांचे को सशक्त बनाने पर ध्यान केन्द्रित करने की आवश्यकता है। श्री सिंह ने आज मुम्बई में तटीय राज्य सम्मेलन 2025′ का उद्घाटन किया। सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में विश्व में मत्स्य उत्पादन के क्षेत्र में दूसरे स्थान पर है।
——————————
भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार ने आज नई दिल्ली में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के निजी दस्तावेजों का संग्रह प्राप्त किया। कलाम के परिवार द्वारा कागजात सौंपे जाने के लिए राष्ट्रीय अभिलेखागार द्वारा एक औपचारिक हस्ताक्षर समारोह भी आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के दौरान भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार के महानिदेशक अरुण सिंघल मौजूद थे। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में उन्होंने कहा कि भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार पूर्व राष्ट्रपतियों से संबंधित दस्तावेजों का संग्रह एकत्र करने की प्रक्रिया में है।
हम लोग ये प्रयास कर रहे हैं जितने भी पूर्व राष्ट्रपति हुए हैं हमारे देश में उन सभी के कागज हम पेपर्स उनके, डॉक्युमेंट इक्ट्ठा करके अपने यहां रखें। हमारे पास अभी तक राजेन्द्र प्रसाद और डॉ. वी० वी० गिरी के हैं पेपर्स आलरेडी और बाकि का हम लोग प्रयास कर रहे हैं। हम लोग खुशनसीब हैं कि डॉ. कलाम की फैमिली ने एग्री किया है और आज उनके फैमिली मेंबर्स यहां आए हैं।
——————————
प्रर्वतन निदेशालय मध्यप्रदेश के भोपाल, इंदौर और मंदसौर में शराब ठेकेदारों के 11 भवनों में तलाशी अभियान चला रहा है। यह जांच एक प्राथमिकी दर्ज होने के बाद की जा रही है। वर्ष 2015 और 2018 के बीच राजकोषीय चालानों की जालसाजी और हेरफेर के कारण सरकारी राजस्व को 49 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान होने का आरोप लगाया गया है।
——————————
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पश्चिम बंगाल में प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले की अगली सुनवाई 7 मई को तय की है। अदालत में भर्ती से संबंधित अब तक 50 से अधिक याचिकाएं दाखिल की जा चुकी हैं। कुल 32 हजार नौकरियां दांव पर हैं। न्यायाधीश तपब्रत चक्रवर्ती और न्यायाधीश ऋतब्रत कुमार मित्रा की खंडपीठ मामले की सुनवाई करेगी।
——————————
पंजाब पुलिस ने राज्य में सभी नशा तस्करों को गिरफ्तार करने के लिए 31 मई तक की समय सीमा तय की है। पहली मार्च को शुरू किए गए ‘युद्ध नशा विरुद्ध’ अभियान के अंतर्गत नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए सभी जिला पुलिस प्रमुखों को समय सीमा पूरी करने के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। एक रिपोर्ट-
पंजाब वासियों ने आखिरकार अपने राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए आगे आना शुरू कर दिया है। पंजाब पुलिस प्रमुख गौरव यादव ने खुलासा किया कि कुल 836 तय मामलों में से 744 को एनडीपीएस एक्ट के अधीन दोषी ठहराया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य में 755 ड्रग स्पॉट की पहचान की गई है साथ ही, 31 बड़े हवाला ऑपरेटरों को भी गिरफ्तार किया गया है और इनके पास से 8 करोड़ की हवाला रकम जब्त की गई है। राजेश बाली/आकाशवाणी समाचार, जालंधर।
——————————
घरेलू शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी आज बढ़त के साथ खुले। दोपहर के कारोबार में लगभग एक दशमलव दो प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। बम्बई शेयर बाजार का सेंसेक्स एक हजार से अधिक अंक बढ़कर 80 हजार 243 पर और निफ्टी 288 अंक बढ़कर 24 हजार 328 पर पहुंच गया।
——————————
आईपीएल क्रिकेट में आज राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा। यह मैच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में शाम साढे सात बजे से खेला जाएगा।
——————————
मौसम विभाग ने आज असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, केरल, मेघालय, त्रिपुरा और पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्रों में अलग-अलग स्थानों पर तेज बारिश का अनुमान व्यक्त किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में मौसम विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. आर. के. जेनामणि ने कहा कि राजस्थान, पंजाब और हरियाणा को छोड़कर देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या सामान्य से अधिक है।
——————————
आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, अपने साप्ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में आज रात साढे नौ बजे “बीमारियों की रोकथाम में टीकाकरण की भूमिका” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। टीकाकरण पर राष्ट्रीय तकनीकी सलाहकार समूह के अध्यक्ष डॉ. एन. के. अरोड़ा और स्वामी दयानंद अस्पताल, नई दिल्ली के बाल रोग और नवजात शिशु विज्ञान विभाग के प्रमुख डॉ सुरेंद्र सिंह बिष्ट इस परिचर्चा में भाग लेंगे।
——————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ बैठक की।
- जम्मू-कश्मीर विधानसभा ने अपने विशेष सत्र में पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
- भारत ने भ्रामक सूचना फैलाने पर 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगाया। पहलगाम आतंकी हमले पर बीबीसी की रिपोर्टिंग पर आपत्ति जताई।
- भारत 26 राफेल समुद्री लड़ाकू विमानों की खरीद के लिए फ्रांस के साथ समझौते पर हस्ताक्षर करेगा।
- घरेलू शेयर बाजार आज बढत के साथ खुले। सेंसेक्स में 1000 अंकों से अधिक की बढ़त और निफ्टी 24 हजार 328 पर पहुंचा।
- और… आईपीएल क्रिकेट में आज शाम जयपुर में राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला गुजरात टाइटन्स से होगा।
——————————