मुख्य समाचार:–
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षड्यंत्रकारियों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा; प्रभावित परिवारों को न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया।
- आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा – यह हमला आतंकवाद के आकाओं की हताशा और कायरता को दर्शाता है, वो नहीं चाहते कि कश्मीर में शांति और लोकतंत्र वापस आए।
- श्री मोदी ने कहा – दुनिया में कहीं भी संकट के समय सहायता प्रदान करने के लिए भारत की तत्परता देश की पहचान बन रही है।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में सबूतों की तलाश तेज की।
- ईरानी बंदरगाह पर भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हुई। आठ सौ से अधिक लोग घायल।
- कोलंबो में त्रिकोणीय महिला एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में भारत का मुकाबला श्रीलंका से जारी।
——————-
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षड्यंत्रकारियों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा। आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि यह हमला आतंकवाद के आकाओं की हताशा और कायरता को दर्शाता है।
जब कश्मीर में शांति लौट रही थी, स्कूल-कॉलेजों में एक वाइब्रेंसी थी, निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को, ये रास नहीं आया। आतंक के आका चाहते हैं, कश्मीर फिर से तबाह हो जाए और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में देश की एकता सबसे बड़ी ताकत है।
आतंकवाद के खिलाफ देश की एकता हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है। हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है। आज दुनिया देख रही है, इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है।
श्री मोदी ने कहा कि आंतकी हमले के बाद पूरी दुनिया से संवेदनाएं आ रही हैं।
इस आतंकी हमले के बाद लगातार दुनियाभर से संवेदनाएं आ रही हैं। मुझे भी ग्लोबल लीडर्स ने फोन किए हैं, पत्र लिखे हैं। इस जघन्य तरीके से किए गए आतंकी हमले की सब ने कठोर निंदा की है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं। पूरा विश्व, आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में साथ खड़ा है। मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूँ कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा।
प्रधानमंत्री ने डॉ. के० कस्तूरीरंगन को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि देश ने एक महान वैज्ञानिक खो दिया है। दो दिन पहले डॉ. कस्तूरीरंगन का निधन हो गया था।
उनके नेतृत्व में इसरो को एक नई पहचान मिली। उनके मार्गदर्शन में जो स्पेस प्रोग्राम आगे बढ़े, उससे भारत के प्रयासों को ग्लोबल मान्यता मिली। डॉ. के. कस्तूरीरंगन जी ने देश की नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति तैयार करने में भी बहुत बड़ी भूमिका निभाई थी। देश की नि:स्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
श्री मोदी ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि इस वर्ष अप्रैल में आर्यभट्ट उपग्रह के प्रक्षेपण के 50 वर्ष पूरे हो गए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज वैश्विक अंतरिक्ष महाशक्ति बन चुका है।
आज भारत एक ग्लोबल स्पेस पॉवर बन चुका है। हमने एक साथ 104 सैटेलाइट का लॉन्च करके रिकॉर्ड बनाया है। हम चंद्रमा के साउथ पोल पर पहुँचने वाले पहले देश बने हैं। भारत ने मार्स ऑर्बिटर मिशन लॉन्च किया है और हम आदित्य – एल-1 मिशन के जरिए सूरज के काफी करीब तक पहुंचे हैं। आज भारत पूरी दुनिया में सबसे ज्यादा कोस्ट इफेक्टिव, लेकिन सक्सेसफुल स्पेस प्रोग्राम का नेतृत्व कर रहा है। दुनिया के कई देश अपने सैटेलाइट्स और स्पेस मिशन के लिए इसरो की मदद लेते हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत ने निजी क्षेत्र के लिए भी अंतरिक्ष के दरवाजे खोल दिए हैं।
आज बहुत से युवा स्पेस स्टार्टअप में नए झंडे लहरा रहे हैं। 10 साल पहले इस क्षेत्र में सिर्फ एक कंपनी थी, लेकिन आज देश में, सवा तीन सौ से ज्यादा स्पेस स्टार्टअप काम कर रहे हैं। आने वाला समय स्पेस में बहुत सारी नई संभावनाएं लेकर आ रहा है। देश गगनयान, स्पैडेक्स और चंद्रयान-4 जैसे कई अहम मिशन की तैयारियों में जुटा है।
पिछले महीने म्यांमां में आए भूकंप का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि भारत ने राहत और बचाव कार्यों के लिए तत्काल ऑपरेशन ब्रह्मा शुरू किया था। उन्होंने बताया कि वायु सेना के विमानों और नौसेना के पोतों के जरिए पड़ोसी देश को हर प्रकार की सहायता भेजी गई।
हमें ऑपरेशन ब्रह्मा में हिस्सा लेने वाले सभी लोगों पर बहुत गर्व है। हमारी परंपरा है, हमारे संस्कार हैं ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की भावना – पूरी दुनिया एक परिवार है। संकट के समय विश्व-मित्र के रूप में भारत की तत्परता और मानवता के लिए भारत की प्रतिबद्धता हमारी पहचान बन रही है।
श्री मोदी ने कहा कि ऑपरेशन के दौरान कई पीडि़तों ने भारतीय बचाव दल के प्रति आभार प्रकट किया।
साथियों, इस संकट में, साहस, धैर्य और सूझबूझ के कई दिल छू जाने वाले उदाहरण सामने आए। भारत की टीम ने 70 वर्ष से ज्यादा उम्र की एक बुजुर्ग महिला को बचाया जो मलबे में 18 घंटों से दबी हुई थी। टीम ने उनके ऑक्सीजन लेवल को स्टेबल करने से लेकर फ्रैक्चर के ट्रीटमेंट तक, इलाज की हर सुविधा उपलब्ध कराई। जब इस बुजुर्ग महिला को अस्पताल से छुट्टी मिली तो वो बोली कि भारतीय बचाव दल की वजह से उन्हें नया जीवन मिला है। बहुत से लोगों ने हमारी टीम को बताया कि उनकी वजह से वो अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को ढूंढ पाए।
प्रधानमंत्री ने कहा कि किसी भी प्राकृतिक आपदा से निपटने में जागरूकता सबसे अहम होती है। उन्होंने कहा कि अब प्राकृतिक आपदा की स्थिति में लोग अपने मोबाइल पर सचेत ऐप की मदद से सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
‘सचेत ऐप’, भारत की नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट ऑथोरिटी ने तैयार किया है। बाढ़, साइक्लोन, लैंड-स्लाइड, सुनामी, जंगलों की आग, हिम-स्खलन, आंधी, तूफान या फिर बिजली गिरने जैसी आपदाएं हो, ‘सचेत ऐप’ आपको हर प्रकार से इन्फॉर्म्ड और प्रोटेक्टेड रखने का प्रयास करता है। इस ऐप के माध्यम से आप मौसम विभाग से जुड़े अपडेट्स प्राप्त कर सकते हैं। खास बात ये है कि ‘सचेत ऐप’ क्षेत्रीय भाषाओं में भी कई सारी जानकारियां उपलब्ध कराता है।
प्रधानमंत्री ने अफ्रीकी देश इथोपिया में प्रवासी भारतीयों के अभिनव प्रयासों की भी चर्चा की।
इथोपिया में रहने वाले भारतीयों ने ऐसे बच्चों को इलाज के लिए भारत भेजने की पहल की है जो जन्म से ही हृदय की बीमारी से पीड़ित हैं। ऐसे बहुत से बच्चों की भारतीय परिवारों द्वारा आर्थिक मदद भी की जा रही है। अगर किसी बच्चे का परिवार पैसे की वजह से भारत आने में असमर्थ है, तो इसका भी इंतजाम, हमारे भारतीय भाई-बहन कर रहे हैं। कोशिश ये है कि गंभीर बीमारी से जूझ रहे इथोपिया के हर जरूरतमंद बच्चे को बेहतर इलाज मिले। प्रवासी भारतीयों के इस नेक कार्य को इथोपिया में भरपूर सराहना मिल रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ ही दिन पहले भारत ने अफगानिस्तान को कई घातक बीमारियों से बचाव के लिए बडी मात्रा में टीके भेजे हैं।
ये वैक्सीन, रेबीज, टेटनस, हेपेटाइटिस-बी और इन्फ्लूएंजा जैसी खतरनाक बीमारियों से बचाव में काम आएगी। भारत ने इसी हफ्ते नेपाल के आग्रह पर वहां दवाईयां और वैक्सीन की बड़ी खेप भेजी है। इनसे थैलेसीमिया और सिकल सेल रोग के मरीजों को बेहतर इलाज सुनिश्चित होगा। जब भी मानवता की सेवा की बात आती है, तो भारत, हमेशा इसमें आगे रहता है और भविष्य में भी ऐसी हर जरूरत में हमेशा आगे रहेगा।
प्रधानमंत्री ने छत्तीसगढ़ में दंतेवाड़ा के विज्ञान केंद्र की चर्चा करते हुए कहा कि इस केन्द्र ने बच्चों के जीवन में नया बदलाव लाया है।
कुछ समय पहले तक, दंतेवाड़ा का नाम केवल हिंसा और अशांति के लिए जाना जाता था, लेकिन अब वहाँ, एक साइंस सेंटर, बच्चों और उनके माता-पिता के लिए उम्मीद की नई किरण बन गया है। इस साइंस सेंटर में जाना बच्चों को खूब पसंद आ रहा है। वे अब नई-नई मशीनें बनाने से लेकर टैक्नोलॉजी का उपयोग करके नए प्रोडेक्ट बनाना सीख रहे हैं। उन्हें थ्री-डी प्रिन्टर्स और रॉबोटिक कारों के साथ ही दूसरी इनोवेटिव चीजों के बारे में जानने का मौका मिला है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि 5 जून को विश्व पर्यावरण दिवस पर एक पेड़ मॉं के नाम अभियान का एक वर्ष पूरा हो जाएगा।
एक साल में इस अभियान के तहत देशभर में मां के नाम पर 140 करोड़ से ज्यादा पेड़ लगाए गए हैं। भारत की इस पहल को देखते हुए, देश के बाहर भी लोगों ने अपनी मां के नाम पर पेड़ लगाए हैं। आप भी इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि एक साल पूरा होने पर, अपनी भागीदारी पर आप गर्व कर सकें।
प्रधानमंत्री ने 1917 में महात्मा गांधी के नेतृत्व में हुए चंपारण सत्याग्रह की चर्चा की। उन्होंने कहा कि एक सौ आठ वर्ष पहले अप्रैल और मई के महीनों में देश की आजादी की एक अनोखी लड़ाई लड़ी जा रही थी।
उन्होंने कहा कि 10 मई को प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वर्षगांठ मनाई जाएगी। 26 अप्रैल को 1857 की क्रांति के महान नायक बाबू वीर कुंवर सिंह की पुण्यतिथि भी मनाई गई है। श्री मोदी ने कहा कि देश को अपने इन स्वतंत्रता सेनानियों की अमर प्रेरणाओं को जीवित रखना है।
——————-
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण- एनआईए ने गृह मंत्रालय के आदेश के बाद पहलगाम आतंकी हमले की जांच औपचारिक रूप से शुरू कर दी है। एनआईए की टीमें बुधवार से ही हमले की जगह पर हैं और उन्होंने सबूतों की तलाश तेज कर दी है। एनआईए ने कहा है कि आईजी, डीआईजी और एसपी रैंक के अधिकारियों की निगरानी में कई दल काम कर रहे हैं। ये दल हमले के समय वहा उपस्थित लोगों से विस्तार से पूछताछ कर रहे हैं। पहलगाम हमला हाल के वर्षों में कश्मीर में हुए सबसे गंभीर आतंकी हमलों में से एक माना जा रहा है।
——————-
भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रदीप भंडारी ने कांग्रेस पर आरोप लगाया है कि वह पहलगाम आतंकी हमले पर राजनीति कर रही है और पाकिस्तान का समर्थन कर रही है। नई दिल्ली में आज श्री भंडारी ने कहा कि कांग्रेस ऐसे बयान दे रही है जिनसे पीडितों का अपमान होता है और पाकिस्तान को मदद मिलती है।
आज कांग्रेस पार्टी पाकिस्तान के आतंक के आकाओं को अपनी बी और सी टीम के जरिए एक क्लीन चिट देने का प्रयास कर रही है। मैं कांग्रेस को कहना चाहता हूं कि ये पॉलिटिक्स का समय नहीं है। ये वो समय है जब देश को एकजुट होना है और आज देश एकजुट है और देश जानता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व के अंदर हम पाकिस्तान के आतंकी आकाओं को मुंहतोड़ जवाब देंगे।
——————-
उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने किसानों और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाने को प्राथमिकता दी है। तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय में आज उन्होंने कहा कि किसान समुदाय के लाभ के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं चलाई जा रही हैं।
——————-
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पोप फ्रांसिस के अंतिम संस्कार में शामिल होने के बाद स्वदेश लौट आई हैं। राष्ट्रपति ने कल वेटिकन सिटी स्थित सेंट पीटर्स बेसिलिका में पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके साथ संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, अल्पसंख्यक कार्य राज्य मंत्री जॉर्ज कुरियन और गोवा विधानसभा के उपाध्यक्ष जोशुआ डी सूज़ा भी उपस्थित थे।
——————-
प्रख्यात अंतरिक्ष वैज्ञानिक और इसरो के पूर्व अध्यक्ष तथा राष्ट्रीय शिक्षा नीति के कर्णधार डॉ. कृष्णा स्वामी कस्तूरीरंगन का आज दोपहर ढाई बजे बैंगलुरू में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। 84 वर्षीय डॉ. कस्तूरीरंगन का शुक्रवार को बैंगलुरू में निधन हो गया था।
——————-
ईरान के शहीद राजाई बंदरगाह पर भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। आठ सौ से अधिक लोग घायल है। यह विस्फोट कल रासायनिक पदार्थों के कंटेनरों के गलत भंडारण के कारण हुआ। सरकार ने कहा है कि विस्फोट के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए अभी जांच जारी है। राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियन ने मामले की गहन जांच के आदेश दिए हैं।
——————-
कोलम्बो में त्रिकोणीय एकदिवसीय महिला क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में भारत और श्रीलंका के बीच मुकाबला जारी है। श्रीलंका ने ताजा समाचार मिलने तक 34 ओवर में 7 विकेट पर 131 रन बना लिये हैं। भारत ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया। बारिश के कारण मैच में को 39 ओवर का कर दिया गया है। इस श्रृंखला में तीसरी टीम दक्षिण अफ्रीका है।
——————-
इधर, आईपीएल क्रिकेट में मुंबई में आज दोपहर बाद साढे तीन बजे मुंबई इंडियंस का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा। दिल्ली में दूसरे मैच में शाम साढे सात बजे डेल्ही कैपिटल्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा।
——————-
पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन चीन में आज सुदीरमन कप बैडमिंटन टूर्नामेंट में भारतीय चुनौती का नेतृत्व करेंगे। ग्रुप-डी के अपने पहले मुकाबले में आज दोपहर भारत का सामना डेनमार्क से होगा। भारतीय समयानुसार मैच ढाई बजे से खेला जाएगा।
——————-
मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और पश्चिमी मध्य प्रदेश में अगले तीन दिन तक लू चलने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान में कल तक अधिकतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।
——————-
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा – कश्मीर में पहलगाम आतंकी हमले के दोषियों और षड्यंत्रकारियों को कठोरतम जवाब दिया जाएगा; प्रभावित परिवारों को न्याय दिलवाने का आश्वासन दिया।
- आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने कहा – यह हमला आतंकवाद के आकाओं की हताशा और कायरता को दर्शाता है, वो नहीं चाहते कि कश्मीर में शांति और लोकतंत्र वापस आए।
- श्री मोदी ने कहा – दुनिया में कहीं भी संकट के समय सहायता प्रदान करने के लिए भारत की तत्परता देश की पहचान बन रही है।
- राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण ने पहलगाम आतंकी हमले के मामले में सबूतों की तलाश तेज की।
- ईरानी बंदरगाह पर भीषण विस्फोट में मरने वालों की संख्या बढ़कर 25 हुई। आठ सौ से अधिक लोग घायल।
- कोलंबो में त्रिकोणीय महिला एकदिवसीय क्रिकेट श्रृंखला के पहले मैच में भारत का मुकाबला श्रीलंका से जारी।
*****