Download
Mobile App

android apple
signal

April 25, 2025 3:56 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:

 

  • भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आज श्रीनगर में पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

 

  • पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर कई स्थानों पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, भारतीय सेना ने उचित जवाबी कार्रवाई की।

 

  • फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की, कहा फ्रांस मजबूती से भारत के साथ खड़ा है।

 

  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने यूक्रेन पर हाल ही में हुए रूसी मिसाइल हमलों पर असंतोष व्यक्त किया, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हमले रोकने को कहा।

 

  • मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए उत्तर-पश्चिम भारत में लू चलने की चेतावनी जारी की।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

——

 

भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा करने के लिए आज श्रीनगर पहुंचे। सेना प्रमुख को श्रीनगर स्थित चिनार कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग ने समग्र सुरक्षा स्थिति और आतंकवादियों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई तथा नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन करने की पाकिस्तानी सेना की कोशिशों के बारे में जानकारी दी। जनरल द्विवेदी ने उपराज्यपाल मनोज सिन्हा से मुलाकात कर हमले के बाद समग्र सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। सेना प्रमुख के दक्षिण कश्मीर में अनंतनाग जिले के बैसरन वन गांव में पहलगाम हमला स्थल का दौरा करने की भी संभावना है।

 

इस बीच, हमारे संवाददाता ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा पर कई बिंदुओं से पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन करने की खबरें मिली हैं।

 

उत्तरी कश्मीर के सीमावर्ती कुपवाड़ा जिले में नियंत्रण रेखा के पास नौगाम इलाके में कई स्‍थानों से पाकिस्तानी सेना द्वारा संघर्ष विराम उल्लंघन की सूचना मिली हैं। कल देर रात जम्‍मू क्षेत्र के राजौरी और पुंछ इलाकों से भी उल्लंघन की सूचना मिली है। विश्वस्‍त सूत्रों ने बताया कि नियंत्रण रेखा पर कुछ स्थानों को निशाना बनाते हुए पाकिस्तानी सेना द्वारा छोटे हथियारों का इस्तेमाल किया गया जिसका भारतीय सेना ने प्रभावी ढंग से जवाब दिया। इस बीच, पहलगाम और कश्मीर में अन्य जगहों पर बड़ी संख्‍या में संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया गया है। तारिक राथर, आकाशवाणी समाचार, श्रीनगर।

 

——

 

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के मद्देनजर फ्रांस भारत और उसके लोगों के साथ मजबूती से खड़ा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ कल टेलीफोन पर बातचीत में श्री मैक्रों ने हमले की कड़े शब्दों में निंदा की और गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि फ्रांस हमेशा आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई जारी रखेगा।

 

——

 

ब्रिटेन के सांसद बॉब ब्लैकमैन ने पहलगाम हमले के जिम्मेदार आतंकवादियों और उनके सहयोगियों पर कार्रवाई करने के लिए भारत द्वारा उठाए जाने वाले किसी भी कदम का पुरजोर समर्थन किया है। वे लंदन में भारतीय उच्चायोग द्वारा पहलगाम आतंकवादी हमले के पीड़ितों की याद में आयोजित एक समारोह में बोल रहे थे।

 

केंद्रीय सूचना और प्रसारण राज्य मंत्री एल. मुरुगन और महाराष्ट्र के सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट भी समारोह उपस्थित रहे। गणमान्य व्यक्तियों और भारतीय समुदाय के सदस्यों ने मृतकों के लिए मौन भी रखा।

 

——

 

पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी किए गए वीजा रद्द करने के एक दिन बाद, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आज सभी मुख्यमंत्रियों से बात की और उनसे अपने राज्यों में सभी पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने को कहा। सूत्रों ने बताया कि श्री शाह ने मुख्यमंत्रियों से कहा कि वे पाकिस्तान को उनकी शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाएं। गृह मंत्री आज शाम नई दिल्ली में सिंधु जल संधि के संबंध में एक बैठक भी करेंगे। इसमें केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल और वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल होंगे।

 

——

 

राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने जम्मू कश्मीर के पहलगाम में आतंकवादियों द्वारा निर्दोष नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा की है। एक बयान में आयोग ने कहा कि अब समय आ गया है कि आतंकवाद में प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से जुडे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और उन्हें मानवता के खिलाफ इस अपराध के लिए जिम्मेदार ठहराया जाए।

 

——

 

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के विरोध में व्यापारियों ने आज बंद का आह्वान किया है, जिसके चलते राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई बाजार बंद हैं। आतंकी हमले में मारे गए लोगों की याद में चांदनी चौक से लाल किले तक मार्च निकाला जा रहा है। अखिल भारतीय व्‍यापारी परिसंघ के महासचिव और दिल्ली से भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि दिल्ली में नौ सौ से अधिक दुकानें पूरी तरह बंद हैं।

 

पहलगाम में जिस प्रकार से निर्मम हत्‍याएं की गईं आतंकियों द्वारा आज के विरोध में दिल्‍ली के आठ लाख से अधिक व्‍यापारी और नौ सौ से अधिक बाजार पूरी तरीके से बंद हैं और कड़ी से कड़ी सजा उन लोगों को मिलनी चाहिए क्‍योंकि जो उन्‍होंने किया वो क्षमा के लायक नहीं है।

 

——

 

पंजाब में पहलगाम आतंकी हमले की निंदा और उसके दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग जोर पकड़ रही है। राज्य में कल से ही राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों द्वारा कैंडल मार्च और विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। पंजाब के मुफ्ती-ए-आजम हजरत मौलाना इत्काउल हसन कंदलवी ने कायरतापूर्ण हमले की निंदा करते हुए इसे मानवता पर हमला करार दिया है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

 

पहलगाम में होने वाला यह हमला, चंद इंसानों पर हमला नहीं है बल्कि सारी इंसानियत पर हमला है। हम इस हमले की सददी दरख्‍वाज में मज़म्‍मत करते हैं और हम समझते हैं जो लोग ये काम करने वाले हैं, वो इंसान नहीं है। हम हुकुमत से मुतालबा करते हैं कि कसूरवारों को सख्‍त से सख्‍़त सजा दी जाये।

 

——

 

केरल में एन रामचंद्रन का आज कोच्चि में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्‍कार किया गया। उनकी पिछले मंगलवार को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मृत्यु हो गई थी। इससे पहले, शहर के एडापल्ली स्थित चंगमपुझा पार्क में सैकड़ों लोगों ने रामचंद्रन को अश्रुपूर्ण अंतिम विदाई दी। केरल के राज्यपाल राजेंद्र आर्लेकर, गोवा के राज्यपाल पी एस श्रीधरन पिल्लई, राज्य मंत्री सुरेश गोपी, राज्य मंत्री पी राजीव और ए के ससींद्रन, पूर्व केंद्रीय मंत्री वी मुरलीधरन समेत कई लोगों ने उन्हें भी अंतिम श्रद्धांजलि दी।

 

——

 

अभी अभी मिले समाचार में, जम्मू-कश्मीर में, आज उत्तरी कश्मीर के बांदीपोरा जिले के अजस के बाजीपोरा कुलनार इलाके में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में आतंकवादी का एक सहयोगी मारा गया। इसकी पहचान लश्कर-ए-तैयबा संगठन के सदस्य अल्ताफ लाली के रूप में हुई है।

 

इससे पहले, घने जंगल क्षेत्र में आतंकवादियों की मौजूदगी के बारे में जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा बलों द्वारा घेराबंदी और तलाशी अभियान शुरू करने के बाद आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच गोलीबारी शुरू हुई। और ब्‍यौरे की प्रतीक्षा है।

 

——

 

अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रम्प ने यूकेन पर हालिया रूसी मिसाइल हमले पर असंतोष व्यक्त किया है। हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई और 90 से अधिक लोग घायल हुए। ट्रम्प ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हमलों को रोकने का आग्रह किया, हालांकि उन्होंने रूस के खिलाफ कोई तत्काल कदम उठाने की योजना का उल्‍लेख नहीं किया। अमरीका के राष्ट्रपति ने कहा कि उनकी सरकार दोनों पक्षों पर इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए दबाव डाल रही है।

 

——

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु पोप फ्रांसिस के राजकीय अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए वेटिकन सिटी के लिए आज सुबह रवाना हुईं। वे दो दिवसीय यात्रा पर रहेंगी।

 

विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया है कि राष्ट्रपति आज सेंट पीटर बेसिलिका में पोप फ्रांसिस को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगी।

 

——

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि भारत एक मजबूत अर्थव्यवस्था, बुनियादी ढांचे और वैश्विक प्रतिष्ठा के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है । उन्होंने तमिलनाडु में कुलपतियों के दो द‍िवसीय सम्‍मेलन को उद्घाटन किया। इस अवसर पर श्री धनखड़ ने कहा कि विकसित राष्ट्र की दिशा में आगे बढ़ने के लिए विज्ञान और अनुसंधान की आवश्‍यकता है।

 

उपराष्‍ट्रपति रविवार को कोयंबटूर में तमिलनाडु कृषि विश्वविद्यालय में कृषि सम्मेलन में भाग लेंगे।

 

——

 

केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि क्वांटम कंप्यूटिंग नवाचार को परिभाषित करने, वैज्ञानिक खोज को गति देने और मानव समस्याओं के समाधान खोजने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है। नई दिल्ली में आज तीसरे अंतर्राष्ट्रीय क्वांटम संचार सम्मेलन का उद्घाटन करते हुए श्री सिंधिया ने कहा कि तीसरा संस्करण राष्ट्रीय क्वांटम मिशन को नई प्रेरणा देगा। उन्होंने कहा कि क्वांटम प्रौद्योगिकी अब कंप्यूटिंग, संचार और राष्ट्रीय सुरक्षा को फिर से परिभाषित करने के लिए तैयार है।  

 

——

 

आयुष राज्य मंत्री प्रतापराव जाधव ने कहा है कि भारत अब उपचार और चिकित्सा पर्यटन के लिए सबसे अधिक मांग वाले गंतव्यों में से एक के रूप में उभरा है। नई दिल्ली में मेडिकल वैल्यू ट्रैवल कॉन्फ्रेंस और अवार्ड्स को संबोधित करते हुए श्री जाधव ने कहा कि भारत का लक्ष्य न केवल विरासत या आध्यात्मिकता में बल्कि चिकित्सा पर्यटन में भी अग्रणी बनना है।

 

——

 

केंद्रीय श्रम मंत्रालय ने कहा है कि इस वर्ष फरवरी में कर्मचारी राज्य बीमा योजना के अंतर्गत 15 लाख 43 हजार नए कर्मचारियों को जोड़ा गया है। मंत्रालय ने कहा कि कुल कर्मचारियों में से सात लाख 36 हजार कर्मचारी 25 वर्ष तक की आयु वर्ग के हैं। निगम के आंकड़ों के अनुसार फरवरी महीने में 23 हजार से अधिक नए प्रतिष्ठानों को ईएसआई योजना के सामाजिक सुरक्षा दायरे में लाया गया है।

 

——

 

भारत ने थैलेसीमिया और सिकल सेल रोग के लिए नेपाल को बीस लाख रुपये की दवाएं तथा किट भेजी हैं। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि थैलेसीमिया से पीड़ित रोगियों के टीकाकरण के लिए 17 हजार से अधिक टीकों की पहली खेप नेपाल के अनुरोध पर उसे सौंप दी गई है।

 

——

 

आज विश्‍व मलेरिया दिवस है। मलेरिया के बारे में जागरूकता बढाने और इस रोग पर नियंत्रण, रोकथाम तथा इसे पूर्णरूप से समाप्‍त करने संबंधी उपायों को बढावा देने के लिए यह दिवस विश्‍व स्‍वास्‍थ्‍य संगठन द्वारा हर वर्ष मनाया जाता है। 

 

आकाशवाणी से विशेष बातचीत में अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान- एम्स के चिकित्सा विभाग के डॉ. पीयूष रंजन ने बताया की इस बीमारी से बचने के लिए हमें यह सुनिश्चित करना चाहिए कि कहीं भी आस-पास पानी जमा ना हो।

 

बीमारी से बचे रखने के लिए जैसे हम आसपास साफ-सफाई, जागरूकता, हर सप्‍ताह कम से कम आधा घंटा समय लगाएं अपने आसपास जो है डेढ सौ, दो सौ मीटर का चक्‍कर लगाएं और कहीं पर भी पानी को अगर आप ना जमा होने देते हैं तो आप जितनी भी वेक्‍टर बोर्न डिजीज हैं मलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया उससे बच सकते हैं।

 

——

 

मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश में लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम और त्रिपुरा में भी तेज बारिश की संभावना भी व्‍यक्‍त किया है। एक रिपोर्ट-

 

मौसम विभाग ने कहा है कि कई राज्यों में तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। अगले 6 दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है और उत्तर प्रदेश में तापमान 47 डिग्री तक पहुंतने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने झारखंड, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल, केरल और माहे, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम तथा रायलसीमा में मौसम गर्म और आर्द्र रहने का अनुमान लगाया है। वहीं असम और मेघालय में तेज आंधी-तूफान की आशंका है। समाचार कक्ष से वैश्णवी

 

——

 

उत्तरी सिक्किम प्रशासन ने लाचेन चुंगथांग रोड के मुंशीथांग और लाचुंग चुंगथांग मार्ग पर भारी भूस्खलन की जानकारी दी है। उत्तरी सिक्किम में लगातार बारिश हो रही है। आकाशवाणी समाचार से बातचीत में मंगन के जिला कलेक्टर अनंत जैन ने कहा है कि गंगटोक से चुंगथांग तक का रास्ता खुला है, जिससे लाचेन या लाचुंग की यात्रा करने वाले यात्री चुंगथांग पहुंचने के बाद गंगटोक लौट सकेंगे।

 

लाचेन और लाचेन का रोड ब्‍लॉक है एज़ ऑफ नाउ। जो लोग चुंगथांग में है गंगटोक टू चुंगथांग तक का रोड ओपन है। अब जो लोग लाचुन और लाचेन में अभी प्रजेंटली है जो ग्रैस्‍प जो है वो रिस्‍टोर करने का आज ट्राई कर रहा है क्‍योकि कल पानी का लेवल ज्‍यादा था। होपफुली बॉय इवनिंग लाचुन एक्‍सप्रेस शायद ओपन हो जाएगा। सो हम उसके थ्रू जो टूरिस्‍ट जो लाचुन लाचेन में है उनको उस रोड के थ्रू हम निकाल के हम गंगटोक से वापस भेज देंगे।

 

——

 

इसरो के पूर्व अध्यक्ष और भारत की राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रमुख निर्माता डॉ. के. कस्तूरीरंगन का आज सुबह बेंगलुरु स्थित उनके आवास पर निधन हो गया। वे 84 वर्ष के थे।

 

——

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी रविवार, 27 अप्रैल को दोपहर 11 बजे आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ विचार साझा करेंगे। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के पूरे नेटवर्क प्रसारित होगा।

 

——

 

आईपीएल क्रिकेट में आज शाम चेन्नई में चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से शुरू होगा।

 

——

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • भारतीय सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने आज श्रीनगर में पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की।

 

  • पाकिस्तानी सेना ने नियंत्रण रेखा पर कई स्थानों पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया, भारतीय सेना ने उचित जवाबी कार्रवाई की।

 

  • फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बातचीत की, कहा फ्रांस मजबूती से भारत के साथ खड़ा है।

 

  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने यूक्रेन पर हाल ही में हुए रूसी मिसाइल हमलों पर असंतोष व्यक्त किया, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से हमले रोकने को कहा।

 

  • मौसम विभाग ने अगले चार दिनों के लिए उत्तर-पश्चिम भारत में लू चलने की चेतावनी जारी की।

 

  • आईपीएल क्रिकेट में, चेन्नई सुपर किंग्स का मुकाबला आज शाम सनराइजर्स हैदराबाद से।

 

——