Download
Mobile App

android apple
signal

April 23, 2025 3:41 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। हमले में 26 लोग मारे गए।
  • सभी राजनीतिक नेताओं ने आतंकी हमले की निंदा की।
  • पहलगाम हमले के विरोध में आज जम्मू-कश्मीर में पूर्ण बंद।
  • विश्‍व नेताओं ने भी शोक संवेदनाएँ व्यक्त की।
  • डॉनल्‍ड ट्रंप के भारी शुल्‍क और नीतिगत अनिश्चितता के मद्देनजर अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने वैश्विक विकास दर में कटौती की।
  • और, पेरू में-आई.एस.एस.एफ. विश्वकप निशानेबाजी में भारत ने दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य सहित सात पदकों के साथ तीसरा स्‍थान हासिल किया।

 

———————————————————-

 

गृह मंत्री अमित शाह ने जम्‍मू कश्‍मीर के पहलगाम में आतंकी हमले के बाद बैसरन वन क्षेत्र में घटना स्‍थल का दौरा किया। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज अनंतनाग अस्पताल में घायल लोगों की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली। और जानकारी के लिए बात करते हैं हमारे जम्‍मू संवाददाता तारिक राथर से।

 

प्रश्‍न -1 आपके पास क्‍या ताजा जानकारी है?

 

केन्‍द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पहलगाम पहुंचकर बैसरन वन क्षेत्र में हमला स्‍थल पर स्थिति का प्रत्‍यक्ष तौर पर जायजा लिया। बाद में भी सरकारी मेडिकल कॉलेज अनंतनाग अस्‍पताल में घायलों से भी मिले। विश्‍वसनीय आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कल पहलगाम हमले में दो स्‍थानीय निवासियों सहित 26 लोग मारे गए। ये भी बता दूं पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने हमलावरों के स्‍कैच भी जारी किए हैं जो बहुत ही अहम माना जा रहा है। पहलगाम में पर्यटकों की हत्‍या के विरोध में आज पूरी घाटी में हड़ताल है। अधिकांश दुकानें, मुख्‍य बाजार और स्‍कूल भी बंद हैं। आपको यह भी बता दूं कि राष्‍ट्रीय जांच एजेंसी, नेशनल इन्‍वेस्टिगेशन एजेंसी की एक खुसुसी टीम पहले ही घटनास्‍थल जांच के लिए पहुंच चुकी है। जी लवलीन।

 

इस जानकारी के लिए धन्‍यवाद तारिक

 

———————————————————-

 

जम्मू-कश्मीर के जम्मू संभाग में आज पूर्ण बंद है। पहलगाम पर्यटन स्थल में हुई हत्याओं के विरोध में सभी क्षेत्रों के संगठनों ने बंद का समर्थन किया है। आकाशवाणी जम्मू संवाददाता ने बताया है कि पूरे प्रदेश में लोग न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। जम्मू में, विभिन्न राजनीतिक, सामाजिक और व्यापारिक संगठन सड़कों पर उतर आए हैं। शांति और व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस और अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है। शहर में कई जगहों पर लोगों ने हमले की निंदा करते हुए शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया।

 

———————————————————-

 

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने आज तीनों सेनाओं के शीर्ष अधिकारियों के साथ कश्मीर घाटी में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की। रक्षा सूत्रों ने बताया कि सेना प्रमुख जनरल उपेन्‍द्र द्विवेदी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर मौजूदा सुरक्षा स्थिति के बारे में श्री सिंह को जानकारी दी। शीर्ष अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में भेजा गया है और स्थानीय इकाइयों को अलर्ट रहने तथा आतंकवाद विरोधी अभियान को और तेज करने को कहा गया है। सूत्रों ने बताया कि घाटी में तलाशी अभियान के लिए हमले के पास वाले इलाकों में और अधिक सैनिकों को तैनात किया गया है।

 

———————————————————-

 

जम्मू-कश्मीर सरकार ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के परिजनों को दस-दस लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने गंभीर रूप से घायलों को दो लाख रुपए, वहीं मामूली घायलों को एक लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने कहा है कि पीड़ितों को उनके पैतृक स्थान तक पहुंचाने के लिए सभी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।

 

———————————————————-

 

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के कारण आज श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए चार विशेष उड़ानों की व्यवस्था की गई है। आवश्‍यता पड़ने पर पर्यटकों के लिए अतिरिक्त उड़ानों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। एक रिपोर्ट-

 

नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने इस मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह से बातचीत की है। श्री नायडू, स्थिति पर चौबीस घंटे नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने सभी एयरलाइन ऑपरेटर्स के साथ एक जरूरी बैठक की और बढ़ते किराए के खिलाफ सख्त निर्देश दिये हैं। एयरलाइनों को नियमित किराया स्तर बनाए रखने का निर्देश दिया गया है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इस संवेदनशील समय में किसी भी यात्री पर बोझ न पड़े। उन्होंने सभी एयरलाइनों को मृतक व्यक्तियों को उनके संबंधित गृह राज्यों में ले जाने के लिए पूरा सहयोग देने का निर्देश दिया है। इस बीच, नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने एयरलाइनों से श्रीनगर से उड़ानों को बढ़ाने के निर्देश दिए हैं, ताकि फंसे हुए पर्यटकों की घर वापसी हो सके। अनुपम और दिवाकर की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से प्राची प्रिया।

 

———————————————————-

 

घटना के बाद जम्‍मू-कश्‍मीर सरकार ने श्रीनगर और अनंतनाग में आपात सहायता डेस्‍क बनाया है जो 24 घंटे काम कर रहा है। सरकार ने नियंत्रण कक्ष के नम्‍बर जारी किए हैं जो इस प्रकार हैं-0194-2457543 और 0194-2483651

 

———————————————————-

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने इस आतंकी हमले की कडी भर्त्सना की है। राष्ट्रपति ने कहा कि यह हमला अमानवीय कृत्य है। राष्ट्रपति ने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की है। प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सोशल मीडिया पोस्‍ट में कहा कि इस जघन्य कृत्य के आरोपियों को बख्शा नहीं जाएगा। सभी दलों के नेताओं ने आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है।

 

भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि इस जघन्य कृत्य में शामिल लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व्यक्तिगत रूप से स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने और सूचना तथा प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी कायरतापूर्ण आतंकवादी हमले की निंदा की और पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की। बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल युनाइटेड के वरिष्ठ नेता नीतीश कुमार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री और तेलुगु देशम पार्टी के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी प्रमुख चिराग पासवान, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी ने भी इस आतंकी हमले की निंदा की और कहा कि पूरा देश आतंकवाद के खिलाफ एकजुट है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव, मार्क्‍सवादी कम्‍युनिस्‍ट पार्टी, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रमुक नेता एम के स्टालिन ने भी आतंकवादी हमले की निंदा की है। समाचार कक्ष से मैं आकर्षिता सिंह।

 

———————————————————-

 

पहलगाम आतंकी हमले पर दुनियाभर के नेताओं ने शोक व्‍यक्‍त किया है। एक रिपोर्ट-

 

ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इस हमले को बेहद विनाशकारीबताते हुए कहा कि उनकी संवेदनाएं पीडि़तों के साथ हैं। जर्मन चांसलर ओलाफ स्कोल्ज़ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, हम पहलगाम में पर्यटकों पर हुए जघन्य आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करते हैं। नेपाल के प्रधानमंत्री के पी शर्मा ओली और विदेश मंत्री आरज़ू राणा देउबा ने कहा है कि दुख की इस घड़ी में नेपाल भारत के साथ एकजुटता से खड़ा है। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि श्रीलंका हमेशा भारत के साथ खड़ा है। यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन, न्यूजीलैंड के विदेश मंत्री विंस्टन पीटर्स और डेनमार्क की प्रधानमंत्री मेटे फ्रेडरिकसेन ने भारत को समर्थन की पेशकश करते हुए आतंकवाद के सभी कृत्यों की निंदा की है। उन्होंने पीड़ितों और उनके परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। गुयाना के राष्ट्रपति इरफ़ान अली ने इस क्रूर हमले को जघन्य कृत्य बताते हुए कहा कि यह चरमपंथ के विनाशकारी प्रभाव की दुखद याद दिलाता है। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने कहा कि हिंसा का कोई औचित्य नहीं है। भारत में यूक्रेनी दूतावास ने कहा कि अपराधियों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए। समाचार कक्ष से मैं कनकलता।

 

———————————————————-

 

जम्मू-कश्मीर के कई बार एसोसिएशनों ने पहलगाम हमले की कड़ी निंदा की है। जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय बार एसोसिएशन ने पीड़ितों और उनके परिवारों के साथ एकजुटता व्यक्त की और आज पूरी तरह से जम्मू बंद रखने और न्यायिक कार्य स्थगित करने का आह्वान किया है।

 

———————————————————-

 

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि एक राष्ट्र, एक चुनाव समय की मांग है, क्योंकि लोकसभा और विधानसभा के लिए अलग-अलग होने वाले चुनाव देश के विकास में बाधा बन रहे हैं। नई दिल्ली में एक राष्ट्र, एक चुनाव के लिए छात्रों के सम्मेलन में उन्‍होंने इस बात पर जोर दिया कि नागरिकों को देश में बार बार होने वाले चुनावों पर विचार करना चाहिए। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री से लेकर कैबिनेट मंत्री और मुख्यमंत्री तक, हर कोई चुनाव की तैयारियों में व्यस्त हो जाता है, जिसके परिणामस्वरूप विकास कार्य रुक जाते हैं। श्री चौहान ने यह भी उल्लेख किया कि आचार संहिता लागू होने से सरकारी कामकाज में और बाधा आती है। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने विकसित भारत में युवाओं की भागीदारी के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस उद्देश्य के लिए एक लाख युवा नेताओं को तैयार करना चाहते हैं। उन्होंने देश की प्रगति के लिए एक राष्ट्र, एक चुनाव पहल के महत्व पर बल देते हुए कहा कि यह कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण होगा और आने वाली पीढ़ियां इसे याद रखेंगी।

 

———————————————————-

 

उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस महीने की 25 और 26 तारीख को तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे, जहां वे नीलगिरी जिले के ऊटी स्थित राजभवन में कुलपतियों के सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। राज्य के राज्यपाल आर.एन.रवि द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में राज्य, केंद्रीय और निजी विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के शामिल होने का कार्यक्रम है।

 

———————————————————-

 

अरूणाचल प्रदेश के नामसाई में “पूर्वोत्तर भारत का बुद्ध धर्म और संस्कृति” विषय पर दो दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन कल संपन्न हुआ। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के तत्वावधान में आयोजित इस सम्मेलन का आयोजन अंतर्राष्ट्रीय बौद्ध परिसंघ ने महाबोधि मैत्री मंडल के सहयोग से किया। इस कार्यक्रम में भारत के साथ-साथ कंबोडिया, म्यांमा, थाईलैंड, भूटान और श्रीलंका जैसे देशों के कई बौद्ध भिक्षुओं और विद्वानों ने हिस्‍सा लिया।

 

———————————————————-

 

बिहार के पटना में वायुसेना की सूर्य किरण टीम ने आज गंगा नदी पर एयरोबैटिक एयरशो के दूसरे और अंतिम दिन शानदार प्रदर्शन किया। इस एयरशो का उद्धाटन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इसका आयोजन बिहार के भोजपुर के महान स्वतंत्रता सेनानी बाबू कुंवर सिंह के सम्मान में किया गया।

 

———————————————————-

 

अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष-आईएमएफ ने अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा लगभग सभी व्यापारिक साझेदारों पर भारी शुल्‍क लगाए जाने से शुरू हुए व्यापार युद्ध के जवाब में, सभी क्षेत्रों में अपने विकास दर में कटौती की है। अपने नवीनतम विश्व आर्थिक परिदृश्य में, आईएमएफ ने चेतावनी दी है कि अमरीका मंदी के बढ़ते जोखिम का सामना कर रहा है क्योंकि इसने चीन, भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका सहित अन्य प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के साथ-साथ सभी G7 देशों के लिए अपनी संभावनाओं को घटा दिया है। आईएमएफ का अनुमान है कि 2025 में विश्व उत्पादन जनवरी के अनुमान से 2 दशमलव 8 प्रतिशत कम रहेगा।

 

———————————————————-

 

श्रीलंका के स्वास्थ्य मंत्रालय ने हाल ही में संक्रमण में वृद्धि के बाद चिकनगुनिया को रोकने के लिए व्‍यापक उपाय किए हैं। प्रेस वार्ता को संबांधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. नलिंडा जयतिसा ने कहा कि महामारी विज्ञान विभाग स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं। उन्‍होंने कहा कि डेंगू और चिकनगुनिया सहित कई वायरल बीमारियाँ फैल रही हैं, जिससे सरकार को अस्पताल की क्षमता बढ़ाने और अतिरिक्त कर्मचारी नियुक्त करने के लिए कहा गया है। डॉ.जयतिसा ने बताया कि चिकनगुनिया से रत्नापुरा अस्पताल के कर्मचारी भी प्रभावित हुए हैं, जिसके चलते वहाँ अतिरिक्त कर्मियों को तैनात किया गया है।

 

———————————————————-

 

पेरू में आईएसएसएफ विश्‍व कप निशानेबाजी में भारत ने दो स्‍वर्ण, चार रजत और एक कांस्‍य सहित कुल सात पदक लेकर तीसरा स्‍थान हासिल किया। महिलाओं की 25 मीटर पिस्‍टल स्‍पर्धा में सिमरनप्रीत कौर ने रजत पदक हासिल किया। किसी बड़े टूर्नामेंट में यह उनका पहला पदक है। अमरीका ने भी टूर्नामेंट में सात पदक जीते, लेकिन स्‍वर्ण पदक ज्‍यादा जीतने के कारण वह तालिका में दूसरे स्‍थान पर रहा। चीन चार स्‍वर्ण, तीन रजत और छह कांस्‍य पदक के साथ पहले नम्‍बर पर है। इस सत्र में निशानेबाजी का यह दूसरा विश्‍वकप है। इससे पहले ब्‍यूनस आइरश में भारत ने चार स्‍वर्ण, दो रज‍त और दो कांस्‍य सहित आठ पदक जीते थे और वह दूसरे नम्‍बर पर था।

 

———————————————————-

 

आई.पी.एल. क्रिकेट में आज हैदराबाद में सनराइजर्स हैदराबाद का मुकाबला मुंबई इंडियंस से होगा। यह मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा। कल दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को आठ विकेट से हराया था।

 

———————————————————-

 

सुजुकी एरोबिक्स जिम्नास्टिक विश्व कप 2025 में भाग लेने के लिए छह सदस्यीय भारतीय टीम जापान के टोक्यो के लिए रवाना हो गई है। 25 से 27 अप्रैल तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता में 19 देशों के खिलाडी भाग ले रहे है। भारतीय जिम्नास्टिक महासंघ के अध्यक्ष सुधीर मित्तल और भारतीय खेल प्राधिकरण के अधिकारियों सहित कई गणमान्य व्यक्तियों ने प्रस्थान से पहले एथलीटों को बधाई दी।

 

———————————————————-

 

मौसम विभाग ने कहा है कि पूर्वी मध्‍य प्रदेश, पश्चिमी और पूर्वी उत्‍तर प्रदेश, बिहार और ओडिसा के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले चार दिनों तक भीषण गर्मी और लू चलने का अनुमान है। इसके साथ ही असम, मेघालय, अरूणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में आज तेज वर्षा की संभावना व्‍यक्‍त की गई है।

 

———————————————————-

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • गृहमंत्री अमित शाह ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद सुरक्षा स्थिति का जायजा लिया। हमले में 26 लोग मारे गए।
  • सभी राजनीतिक नेताओं ने आतंकी हमले की निंदा की।
  • पहलगाम हमले के विरोध में आज जम्मू-कश्मीर में पूर्ण बंद।
  • विश्‍व नेताओं ने भी शोक संवेदनाएँ व्यक्त की।
  • डॉनल्‍ड ट्रंप के भारी शुल्‍क और नीतिगत अनिश्चितता के मद्देनजर अंतर्राष्ट्रीय मुद्रा कोष ने वैश्विक विकास दर में कटौती की।
  • और, पेरू में-आई.एस.एस.एफ. विश्वकप निशानेबाजी में भारत ने दो स्वर्ण, चार रजत और एक कांस्य सहित सात पदकों के साथ तीसरा स्‍थान हासिल किया।
  •  

———————————————————-