मुख्य समाचार:-
- जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के सेरी बागना इलाके में बादल फटने से तीन लोगों की मृत्यु। जिले के धरम कुंड गांव में अचानक आई बाढ़ के बाद 100 से अधिक लोगों को बचाया गया, जबकि 40 मकान क्षतिग्रस्त।
- भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा- भारत का विदेशी मुद्रा बाजार पिछले चार वर्षों में दोगुना होकर 32 अरब से बढकर 60 अरब डॉलर हुआ।
- अमरीकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस भारत की चार दिन की यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचेंगे।
- ईसा मसीह के पुनरुत्थान का प्रतीक ईस्टर आज दुनिया भर में मनाया जा रहा है।
- स्क्वॉश में, भारत के वीर चोटरानी और अनाहत सिंह ने अगले महीने अमरीका में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
- आईपीएल क्रिकेट में, पंजाब किंग्स का सामना आज दोपहर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से, वहीं शाम को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी।
******
जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले में सेरीबगना में आज बादल फटने से तीन लोगों की मृत्यु हो गई। मृतकों में दो बच्चे और एक बुजुर्ग शामिल हैं। खराब मौसम के कारण धरम कुंड गांव में करीब 40 घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं। अब तक सौ से अधिक लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने की घटना आज सुबह हुई थी। आकाशवाणी समाचार से बातचीत करते हुए सहायक आयुक्त बशीर उल हक चौधरी ने बताया कि इलाके के नाले में ऊफान के कारण आई बाढ से कई वाहन बह गए।
काफी जगहों पर क्लाउड ब्रस्टिंग हु्ई है हमारी जिसमें काफी ज्यादा मलबा, डेबरिज जो है वो हमारा टाउन जो रामबन मेन टाउन है उसमें आ गया। हमारी जो हाइवे है उसमें काफी जगहों पे बहुत बड़ी-बडी लैंडस्लाइड हो गई और कुछ एरियाज़ में जो है पानी का लेवल बढ़ने की वजह से जो है घरों को भी काफी डेमेज हुआ। कुछ घर जो हैं कम्पलीटली वॉश आउट हो गए। उसी के साथ-साथ अभी तक जानी नुकसान जो है वो तीन हो गए। उसके बाद कहीं पर भी जानी नुकसान नहीं हुआ है।
श्री चौधरी ने कहा कि मूसलाधार बारिश और भूस्खलन के कारण मिट्टी धसने से जम्मू कश्मीर राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनो की आवाजाही बाधित हुई है।
नेशनल हाइवे है जो कश्मीर को रेस्ट ऑफ द कंट्री से जोड़ती है। जो बहुत सारी गाडि़या जो है वो स्टेंडर्ड यहां पर थी उनको जो है वो हमने रेस्क्यू करके जो है सेफ लोकेशन में पहुंचा दिया गया है और ज्यों ही नेशनल हाइवे खुलेगा तो उसके बाद उनको जो है यहां से दुबारा भेजा जाएगा अपने-अपने डेस्टिनेशन पे। पहले ही अपनी टीम को कंट्रोल रूम को, रेस्ट ऑफ द टीम को अलर्ट करके रखा हुआ है। जिसमें एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, ये सारी जो हैं ऑन द स्पॉट हैं, ग्राउंड पे हैं।
रामबन और उसके आसपास इलाकों में कल रातभर ओलावृष्टि हुई और तेज हवाएं चलती रहीं। कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं भी हुईं। रामबन के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने आकाशवाणी को बताया कि कल रातभर तेज बारिश होने की वजह से भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं के कारण रामबन में कई संपत्तियां नष्ट हो गईं और जम्मू श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई वाहनों को नुकसान पहुंचा।
रात को हेवी रेनिंग हुई है उस वजह से लैंडस्लाइड आ गया मल्टीपल प्लेसिस में। मेन जो हमारा है सिरी में है। लैंडस्लाइड है, मड स्लाइड है, आगे चार-पांच जगह और भी जो है कंथाल में है तो वो सारी जगह जो है बंद है। रोड जो है एक-दो जगह से है टूट चुकी है कंथाल में थोड़ा जो लिंक था ब्रिज का वो भी बह गया है। तो उस वजह से पूरी तरह से रोड जो है नेशनल हाइवे पूरी तरह से ब्लॉक है। जब तक ना ठीक नहीं होता तो ये हाइवे पे ट्रेवल करना अवाइड करें। ज्यों ही हमारे पास क्लीयरेंस होती है अभी तो काम चल रहा है। पर लगता नहीं है कि शाम तक वो खुल पाएगा और कल तक खुल पाएगा क्योंकि वेदर कंटीन्यूसली रेनिंग है।
भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवाजाही रोक दी गई है। एक रिपोर्ट
भूस्खलन के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है। अधिकारियों ने यात्रियों को मौसम की स्थिति में सुधार होने तक यात्रा से बचने की सलाह दी है। श्रीनगर-सोनमर्ग-गुमरी रोड, ऐतिहासिक मुगल रोड और सिंथन टॉप रोड भी बंद हैं। रामबन जिला प्रशासन ने जिला नियंत्रण कक्ष के दो नंबर -01998-295500 या 01998-266790 जारी किए हैं। इन पर आपात स्थिति में कभी भी संपर्क किया जा सकता है। केंद्रीय विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्री जितेंद्र सिंह और मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने जान-माल के नुकसान पर दुख व्यक्त किया है और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। दोनों नेताओं ने प्रभावित लोगों की पूरी मदद करने और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चलाए जाने का आश्वासन दिया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में जितेंद्र सिंह ने कहा है कि वे रामबन जिले के उपायुक्त के साथ लगातार संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि प्रभावितों को वित्तीय और अन्य सभी तरह की सहायता प्रदान की जा रही है। श्रीनगर से गुलशन रैना की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।
******
इस बीच लद्दाख में अत्याधिक हिमपात के कारण करगिल में सामान्य जन-जीवन बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। मौसम विभाग ने कई इलाकों में बर्फीले तूफान और बाढ़ आने की चेतावनी जारी की है। भूस्खलन के खतरों को देखते हुए लोगों से अनावश्यक रूप से घरो से बाहर न निकलने को कहा गया है। करगिल-श्रीनगर और करगिल जन्सकार मार्ग पर बर्फ जमा होने के कारण वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।
******
देश के विदेशी मुद्रा बाजार में पिछले चार वर्षों में काफी वृद्धि देखी गई है। यह वर्ष 2020 के 32 अरब डॉलर से लगभग दोगुना होकर 2024 में 60 अरब डॉलर हो गया। एक रिपोर्ट –
रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने बाली में आयोजित एक सम्मेलन में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में भारत के वित्तीय बाजार अधिक गतिशील और लचीले हो गए हैं। ओवरनाइट मनी मार्केट में भी विस्तार हुआ है और इसका दैनिक कारोबार 2020 के लगभग 3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2024 में 5 दशमलव चालीस लाख करोड़ रुपये से अधिक का हो चुका था। श्री मल्होत्रा ने कहा कि सरकारी प्रतिभूतियों के बाजार में औसत दैनिक कारोबार में भी 40 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई है, जो इसी अवधि के दौरान 66 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच गया। देश के वित्तीय बाजार के बुनियादी ढांचे को अत्याधुनिक बताते हुए उन्होंने कहा कि इनकी पारदर्शिता का स्तर दुनिया के सर्वश्रेष्ठ बाजारों के बराबर है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।
******
अमरीका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वैंस कल भारत की चार दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचेंगे। उनके साथ उनकी पत्नी उषा वैंस और अमरीका के कई वरिष्ठ अधिकारी भी होंगे। उपराष्ट्रपति वैंस की यह पहली भारत यात्रा है। और वे कल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मुलाकात करेंगे। हमारे संवाददाता ने बताया है कि उपराष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल के दिल्ली में अन्य कई कार्यक्रम भी होंगे और अमरीका वापस लौटने से पहले उनका जयपुर तथा आगरा जाने का भी कार्यक्रम है।
अमरीका के उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस की भारत यात्रा दोनों पक्षों को द्विपक्षीय संबंधों में प्रगति की समीक्षा करने का अवसर प्रदान करेगी। इस यात्रा के दौरान इस वर्ष 13 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अमरीका यात्रा के दौरान जारी भारत-अमरीका संयुक्त वक्तव्य के कार्यान्वयन की भी समीक्षा की जाएगी। दोनों पक्ष आपसी हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। भारत और अमरीका के बीच व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी है, जो साझा लोकतांत्रिक मूल्यों, कई मुद्दों पर हितों के अभिसरण और जीवंत लोगों के बीच संपर्कों द्वारा संचालित है। दोनों पक्षों के नेताओं के बीच नियमित संवाद बढ़ते द्विपक्षीय संबंधों का एक महत्वपूर्ण अंग है। अनुपम मिश्रा, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
******
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 अप्रैल को सऊदी अरब की दो दिन की यात्रा पर जेद्दा जाएंगे। हमारे संवाददाता ने बताया कि प्रधानमंत्री की आगामी यात्रा सऊदी सुल्तान की पहली भारत यात्रा की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में हो रही है।
प्रधानमंत्री मोदी की 2016 में सऊदी अरब की पहली यात्रा द्विपक्षीय संबंधों में एक निर्णायक मोड़ थी। इस यात्रा के दौरान, किंग सलमान ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान, ‘किंग अब्दुलअज़ीज़ सैश’, प्रधानमंत्री मोदी को प्रदान किया। 2019 तक, संबंध और अधिक परिपक्व हो गए थे जब क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान ने फरवरी में भारत का दौरा किया, उसके बाद उसी वर्ष अक्टूबर में मोदी की वापसी यात्रा हुई। इन आदान-प्रदानों के परिणामस्वरूप रणनीतिक साझेदारी परिषद की स्थापना हुई। प्रधानमंत्री मोदी का राज्य के प्रधानमंत्री भी रहे क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान के साथ मजबूत व्यक्तिगत संबंध है। उनके द्विपक्षीय संबंध गर्मजोशी और उच्च स्तरीय जुड़ाव से चिह्नित हैं, दोनों नेता 2025 से पहले पांच बार मिल चुके हैं। विनोद कुमार आकाशवाणी समाचार के लिए जेद्दा से।
******
प्रधानमंत्री कल नई दिल्ली में 17वें सिविल सेवा दिवस पर लोक सेवकों को संबोधित करेंगे। श्री मोदी लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए 16 अधिकारियों को प्रधानमंत्री पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। यह पुरस्कार जिलों के समग्र विकास, आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम और नवाचार की श्रेणियों में दिए जाएंगे।
******
आज दुनिया भर में ईस्टर का त्यौहार मनाया जा रहा है। यह दिन ईसा मसीह के कैल्वरी में सलीब पर चढ़ाए जाने और बलिदान के बाद उनके पुनरुत्थान का प्रतीक है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ईस्टर पर्व के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं।
******
केरल में ईस्टर का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। एक रिपोर्ट-
बिशप और वरिष्ठ पादरियों ने विभिन्न चर्चों में लोगों से शांतिपूर्ण रहने और समाज में वंचितों और जरूरतमंदों के प्रति विचारशील रहने का आह्वान किया। यह उत्सव मानवता की भलाई के लिए ईसा मसीह द्वारा झेले गए कष्टों के त्याग, प्रार्थना और चिंतन के अंत का संकेत देता है। ईसाई घरों ने उत्सव के हिस्से के रूप में पारंपरिक दावतें तैयार कीं गयी हैं । भारतीय जनता पार्टी प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने तिरुवनंतपुरम में लूर्डेस सिरो मालाबार फोरेन चर्च का दौरा किया और ईस्टर प्रार्थना में भाग लिया। कोच्चि से राज मोहन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
मिजोरम में भी यह त्योहार धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
******
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईस्टर के मौके पर, यूक्रेन से चल रहे युद्ध में 30 घंटे के संघर्ष विराम की घोषणा की है। राष्ट्रपति पुतिन ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि यूक्रेन भी ऐसा ही करेगा। वहीं, यूक्रेन के राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने ईस्टर युद्ध विराम को 30 दिनों तक बढ़ाने का आह्वान किया है।
******
भारतीय जनता पार्टी ने वक्फ संशोधन अधिनियम के लाभों के बारे में लोगों को जागरूक करने के लिए एक राष्ट्रव्यापी अभियान- ‘वक्फ सुधार जनजागरण अभियान’ की आज शुरुआत की है। यह अभियान 5 मई तक चलेगा। इस अभियान के तहत, भाजपा नेता और कार्यकर्ता, मुस्लिम समुदाय के बीच जाएंगे और उन्हें संशोधित अधिनियम के बारे में जागरूक करेंगे।
******
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरोध में हाल ही में हुई राजनीतिक हिंसा और अफवाहों के बीच राज्य के लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। राज्य सरकार द्वारा उठाए गए प्रशासनिक कदमों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी कि दोषी पाए जाने पर किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ममता बनर्जी ने भाजपा और उसके सहयोगियों पर पश्चिम बंगाल में उपद्रव करने का आरोप लगाया।
******
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉक्टर सी.वी. आनंद बोस ने कहा है कि वे मुर्शिदाबाद सांप्रदायिक हिंसा पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से बातचीत करेंगे और केंद्र को रिपोर्ट सौंपेंगे। राज्यपाल ने मुर्शिदाबाद जिले के अशांत क्षेत्रों का दौरा करने के बाद यह बात कही।
******
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज राष्ट्रीय राजधानी में एक हजार एक सौ से अधिक जीपीएस युक्त वाटर टैंकरों को झंडी दिखाकर रवाना किया। ये टैंकर उन इलाकों में तैनात होंगे जहां पानी की कमी है या पाइप से पानी की आपूर्ति संभव नहीं हो पा रही है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार का लक्ष्य हर घर में स्वच्छ पेयजल पहुंचाना है।
दिल्ली की नई सरकार पूरी तरीके से पारदर्शी और सुगम जल आपूर्ति के लिए संकल्पित है जो दिल्ली में एक हजार एक सौ 11 टैंकर्स भेजे जा रहे हैं। अब से हर एक टैंकर पे जीपीएस सिस्टम का लगना ताकि उसकी पूरी की पूरी ट्रैक रिकॉर्ड ध्यान में आए। ये पूरे सिस्टम को ट्रांसपेरेंट बनाने के लिए, भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए मुझे लगता है कि ये दिल्ली की जनता के लिए एक बहुत बड़ा कदम है।
जल मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि दिल्ली के लोग जीपीएस युक्त पानी के टैंकरों और उनकी वास्तविक स्थिति को ट्रैक कर सकेंगे।
हमारा केवल एक ही लक्ष्य है कि जो-जो काम कर सकते थे। दिल्ली को पानी की सेवा देने का, उतना कर रहे हैा। हमारा लान्ग टर्म प्लान दिल्ली के हर घर में उसको नल से ही पानी मिले ताकि धीरे-धीरे टैंकर व्यवस्था को कम करेंगे। तो ये हमारी सरकार का ट्रांसपेरेंसी मॉडल है, गुड गवर्नेंस मॉडल है जिसको हमने शुरू किया।
******
जम्मू कश्मीर में श्रम विभाग ने अमरनाथ यात्रा के लिए सेवा प्रदाताओं की पंजीकरण प्रक्रिया शुरु कर दी है। जम्मू के डोगरा में सहायक श्रम आयुक्त के कार्यालय में एक हेल्पडेस्क खोला गया है जहां यात्रा के लिए पंजीकरण निशुल्क कराया जा सकता है।
******
भारत के वीर चोटरानी और अनाहत सिंह ने अगले महीने अमरीका के शिकागो में होने वाली विश्व स्क्वॉश चैंपियनशिप 2025 के लिए क्वालीफाई कर लिया है। वीर ने मलेशिया में आयोजित एशिया क्वालीफाइंग प्रतियोगिता के पुरुष फाइनल में मलेशिया के अमीशनराज चंद्रन को हराया। वहीं अनाहत ने महिला सिंगल्स के फाइनल में हांगकांग की टोबी त्से को पराजित किया।
******
आईपीएल क्रिकेट में आज दोपहर बाद साढे तीन बजे चंडीगढ़ में पंजाब किंग्स का मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से होगा। वहीं मुम्बई में शाम साढे सात बजे मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने सामने होंगे।
******
मुख्य समाचार एक बार फिर:
- जम्मू-कश्मीर के रामबन जिले के सेरी बागना इलाके में बादल फटने से तीन लोगों की मृत्यु। जिले के धरम कुंड गांव में अचानक आई बाढ़ के बाद 100 से अधिक लोगों को बचाया गया, जबकि 40 घर क्षतिग्रस्त।
- भारतीय रिजर्व बैंक के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा- भारत का विदेशी मुद्रा बाजार पिछले चार वर्षों में दोगुना होकर 32 बिलियन से बढकर 60 बिलियन डॉलर हुआ।
- अमरीकी उपराष्ट्रपति जेम्स डेविड वेंस भारत की चार दिन की यात्रा पर कल नई दिल्ली पहुंचेंगे।
- ईसा मसीह के पुनरुत्थान का प्रतीक ईस्टर आज दुनिया भर में मनाया जा रहा है।
- स्क्वॉश में, भारत के वीर चोटरानी और अनाहत सिंह ने अगले महीने अमरीका में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया।
- आईपीएल टी20 क्रिकेट में, पंजाब किंग्स का सामना आज दोपहर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से, वहीं शाम को मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स आमने-सामने होंगी।
******