मुख्य समाचार:-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
- भारत का फार्मास्यूटिकल निर्यात पिछले वित्त वर्ष में 9 प्रतिशत से बढ़कर 30 अरब डॉलर पर पहुंचा।
- दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में एक इमारत ढहने से चार लोगों की मौत और 12 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका।
- संयुक्त प्रवेश परीक्षा- जेईई मेन के दूसरे सत्र के परिणाम घोषित। 24 विद्यार्थियों ने परफेक्ट 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किया।
- अहमदाबाद में आईपीएल टी-20 क्रिकेट में आज दोपहर बाद गुजरात टाइटन्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
———————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सऊदी अरब के शहजादे और प्रधानमंत्री मोहम्मद-बिन-सलमान के निमंत्रण पर मंगलवार को सऊदी अरब की दो दिन की यात्रा पर रवाना होंगे। विदेश मंत्रालय ने आज एक बयान में बताया कि वर्ष 2016 और 2019 के बाद प्रधानमंत्री मोदी की सऊदी अरब की यह तीसरी यात्रा होगी।
एक रिपोर्ट……
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की इस यात्रा से दोनों देशों के बीच बहुक्षेत्रीय भागीदारी और मजबूत होगी तथा आपसी हित के विभिन्न क्षेत्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान होगा। भारत और सऊदी अरब का सामाजिक-सांस्कृतिक और व्यापार संबंधों का लंबा इतिहास रहा है। दोनों देशों के बीच निकटवर्ती और मित्रतापूर्ण संबंध हैं। कार्यनीतिक साझीदारों के तौर पर दोनों देशों के बीच राजनीतिक, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति सहित विभिन्न क्षेत्रों में मजबूत द्विपक्षीय संबंध है। पिछले एक दशक में सऊदी अरब के साथ भारत के संबंध और मजबूत हुए हैं। पल्लवी की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्णवी।
———————————
भारत का फार्मास्यूटिकल निर्यात पिछले वित्त वर्ष में नौ प्रतिशत से बढकर तीस अरब डॉलर के आंकड़े को पार कर गया है। अमरीका एक तिहाई से ज्यादा हिस्सेदारी के साथ भारत के फार्मा निर्यात के लिए प्रमुख बाजार बना हुआ है। एक रिपोर्ट-
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार वित्त वर्ष 2024-25 में फार्मा निर्यात नौ प्रतिशत की बढ़त के साथ तीस अरब डॉलर तक पहुंच गया है, जो पिछले वित्त वर्ष में करीब 27 दशमलव पांच अरब डॉलर था। मार्च 2025 में फार्मा निर्यात में साल दर साल तीस प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई और यह तीन हजार छह सौ 81 मिलियन डॉलर हो चुका है। यह पिछले वर्ष इसी महीने में दो हजार आठ सौ छह मिलियन डॉलर था। वित्त वर्ष 2024-25 में मूल्य के संदर्भ में अमरीका को किए गए निर्यात में चौदह प्रतिशत से अधिक बढोतरी दर्ज की गई। पिछले वर्ष ब्रिटेन, ब्राजील, फ्रांस और दक्षिण अफ्रीका भी भारत की फार्मा निर्यात की सूची में प्रमुख देशों में शामिल थे। समाचार कक्ष से सरफिरोजी।
———————————
कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण – एपीडा ने महाराष्ट्र से अमरीका तक भारतीय अनार की पहली वाणिज्यिक समुद्री खेप की सुविधा प्रदान की है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने आज एक बयान में कहा कि लगभग 14 टन वजन वाले भारतीय भगवा किस्म के अनार के चार हजार छह सौ 20 बक्सों की पहली समुद्री खेप मार्च के दूसरे सप्ताह में अमरीका के पूर्वी तट पर पहुंची। यह खेप रवाना होने से पहले पांच सप्ताह के भीतर ही अमरीका पहुंच गई। मंत्रालय ने इसे भारत के ताजे फलों के निर्यात के लिए मील का पत्थर बताया।
———————————
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि सरकार देश में स्वास्थ्य देखभाल के लिए समग्र दृष्टिकोण के साथ काम कर रही है। श्री शाह ने विश्व लीवर दिवस के उपलक्ष्य में नई दिल्ली में यकृत और पित्त विज्ञान संस्थान द्वारा आयोजित स्वस्थ लीवर-स्वस्थ भारत कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में स्वास्थ्य ढांचे में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
2014 में देश में सात एम्स थे, आज 23 हैं। मेडिकल कॉलेज 387 थे, आज 780 हैं। एमबीबीएस की सीटें 2014 में 51 हजार थीं। आज एक लाख 18 हजार हैं और 75000 और बढ़ने जा रही है और इस सब धन के बगैर नहीं होता है। 2014 में हमारा स्वास्थ्य का बजट 37 हजार करोड़ था। आज एक लाख 27 हजार करोड़ रुपया है।
लोगों में लीवर के रोगों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्री अमित शाह ने अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार, पर्याप्त नींद और नियमित व्यायाम पर विशेष बल दिया।
विश्व यकृत दिन पर भी मैं देशभर के विशेष कर सभी युवाओं को जिनको अभी 40-50 साल तक अपना जीवन व्यतीत करना है, इस देश के विकास में योगदान देना है। उन युवाओं को मैं जरूर कहना चाहूंगा कि अपने शरीर के लिए दो घंटा और दिमाग के लिए कम से कम 6 घंटे की नींद एक बार रिजर्व कर लीजिए अनेक गुना उपयोगिता इसकी बढ़ जाएगी।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य देखभाल के बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में अस्पतालों को मजबूत करना सरकार की और भी बड़ी जिम्मेदारी है।
———————————
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने लोगों से खाने में तेल की मात्रा दस प्रतिशत तक कम करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का आग्रह किया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री नड्डा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए इस पहल को विश्व लिवर दिवस को ध्यान में रखते हुए खान-पान और स्वस्थ जीवन शैली पर ध्यान केंद्रित करने के लिए सराहनीय प्रयास बताया।
———————————
दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आज सुबह चार मंजिला इमारत ढ़हने से चार लोगों की मृत्यु हो गई और मलबे में 12 लोगों के दबे होने की आशंका है। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के उप महानिरीक्षक मोहसिन शाहिदी ने कहा कि एनडीआरएफ और अन्य एजेंसियां बचाव कार्य में लगी हुई हैं।
हमारी टीम एनडीआरएफ की और जो ….एजेंसीज हैं, डेली फायर सर्विसेज है, वालेंटियर्स हैं यह सब लगे हुए हैं। बहुत ही कंजेस्टेड एरिया है। हैवी मशीनरी की आने जाने में बाधा आ रही है। देख रहे जो हैं आप। तो ये चैलेंज है हमारे लिए और मुझे पूरी उम्मीद है कि हो सकता है कि हम कुछ लाइफ्स निकाल पाएं।
उत्तर पूर्व जिले के अपर जिला पुलिस आयुक्त संदीप लाम्बा ने बताया कि 14 लोगों को बचा लिया गया है।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट में बताया कि घटना की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और दोषियों के विरूद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
———————————
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल डॉ.सी.वी.आनंद बोस ने वक्फ संशोधन अधिनियम के विरूद्ध हिंसक प्रदर्शनों के दौरान मारे गए लोगों के परिजनों को हर प्रकार की सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। राज्यपाल ने आज मुर्शिदाबाद जिले के शमशेरगंज के हिंसाग्रस्त इलाकों को दौरा किया और इस महीने की 12 तारीख को एक हिंसक भीड़ द्वारा मारे गए पिता-पुत्र के परिजनों से भेंट की। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी इनमाजुल-हक सहित तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है।
राज्यपाल ने जाफराबाद के हिंसाग्रस्त गांव का भी दौरा किया। लोगों ने अपनी रक्षा के लिए सीमा सुरक्षा बल के शिविर लगाने की मांग की है। ऐसा आरोप है कि हिंसाग्रस्त इलाकों से केंद्रीय बलों के लौटने के बाद स्थानीय लोगों को हमले की धमकियां मिल रही हैं।
इस बीच, राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया किशोर रहाटकर के नेतृत्व में पांच सदस्यों का एक दल हरगोविंद दास और चंदन दास के परिवार से मिला।
राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य डॉ.अर्चना मजूमदार ने कहा कि केंद्र सरकार हमेशा आम लोगों के साथ रहेगी। उन्होंने ग्रामीणों को केंद्रीय सुरक्षा बलों की मदद का भरोसा दिलाया।
राष्ट्रीय मानवाधिकार का एक दल मुर्शिदाबाद के हिंसाग्रस्त इलाकों का दौरा करने के लिए मालदा से रवाना हो गया है।
———————————
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई खेल संस्कृति विकसित हुई है। लखनऊ में आज सांसद खेल महाकुंभ का उद्घाटन करने के बाद श्री सिंह ने कहा कि केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार ने खेलों के अनुकूल नीतियां अपनाई हैं। इसके परिणामस्वरूप छोटे शहरों के युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है। श्री सिंह ने कहा कि सरकार 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों को आयोजित करने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
खेलों को हम लोग बहुत ही गंभीरतापूर्वक लेते हैं आज हमारी सरकार 2036 ओलंपिक खेलों का आयोजन गुजरात में करने के लिए पूरा प्रयास कर रही है। वहीं अन्य विश्वस्तरीय खेलों का भी आयोजन भारत में हो, इसका भी प्रयास हमारे यहां तेजी से चल रहा है।
———————————
केन्द्रीय गृह मंत्रालय के अंतर्गत भारतीय साइबर अपराध समन्वय केन्द्र, आई4सी ने आज ऑनलाइन बुकिंग धोखाधड़ी को लेकर सार्वजनिक चेतावनी जारी की। मंत्रालय ने विशेष रूप से ऐसे मामलों को लेकर सचेत किया है, जिनमें देश में धार्मिक तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को निशाना बनाया जा रहा है। ब्यौरा हमारे संवाददाता से..
गृह मंत्रालय ने कहा है कि फर्जी वेबसाइट, भ्रामक सोशल मीडिया पेज, फेसबुक पोस्ट और गूगल जैसे सर्च इंजन पर पेड विज्ञापनों के जरिए बड़ी संख्या में धोखाधड़ी की जा रही है। इन घोटालों में पेशेवर दिखने वाली लेकिन फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया प्रोफाइल और व्हाट्सएप अकाउंट बनाना शामिल है जो केदारनाथ और चार धाम के लिए हेलीकॉप्टर बुकिंग जैसी सेवाएं प्रदान करते हैं। मंत्रालय ने लोगों से आग्रह किया है कि वे केवल आधिकारिक सरकारी पोर्टल या विश्वसनीय ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से ही बुकिंग करें। मंत्रालय ने ऐसी घटनाओं की तुरंत राष्ट्रीय साइबर अपराध रिर्पोटिंग पोर्टल डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट साइबर क्राइम डॉट जीओवी डॉट आई एन पर या हेल्पलाइन नंबर 1 9 3 0 पर कॉल करके रिपोर्ट करने की भी सलाह दी है। इस तरह की घोटालों को रोकने के लिए भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र बहुआयामी रणनीति अपना रहा है। पल्लवी परमार के साथ सकलेन अख्तर, आकाशवाणी समाचार, दिल्ली।
———————————
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने अफगानिस्तान, पाकिस्तान और भारत के बीच संचालित एक मादक पदार्थ के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कहा है कि मामले में कई गिरफ्तारियाँ भी की गई हैं।
———————————
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 17वें सिविल सेवा दिवस के अवसर पर इस महीने की 21 तारीख को नई दिल्ली में सिविल सेवकों को संबोधित करेंगे। श्री मोदी लोक प्रशासन में उत्कृष्टता के लिए प्रधानमंत्री पुरस्कार भी प्रदान करेंगे।
———————————
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी-एनटीए ने आज सुबह संयुक्त प्रवेश परीक्षा-जेईई मेन 2025 के दूसरे सत्र के परिणाम जारी कर दिए हैं। इस बार, कुल 24 विद्यार्थियों ने 100 का परफेक्ट एनटीए स्कोर प्राप्त किया है। सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वालों में राजस्थान के मोहम्मद अनस और आयुष सिंघल, दिल्ली के दक्ष तथा हर्ष झा, पश्चिम बंगाल के देवदत्त माझी और महाराष्ट्र के आयुष रवि चौधरी शामिल हैं। कट-ऑफ के साथ परिणाम जेईई मेन की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
———————————
बांग्लादेश में बृहस्पतिवार को दिनाजपुर जिले के बिराल उप जिला के एक प्रमुख हिन्दू नेता का घर से अपहरण कर पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी गई। 58 वर्षीय दिवंगत भावेश चंद्र रॉय बांग्लादेश पूजा उद्यापन परिसर बिराल इकाई के उपाध्यक्ष थे और क्षेत्र में हिन्दू समुदाय के प्रमुख नेता थे।
———————————
भारत ने बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यक नेता भावेश चंद्र रॉय के अपहरण और हत्या की कड़ी निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह घटना बांग्लादेश में अंतरिम सरकार के तहत हिंदू अल्पसंख्यकों के खिलाफ ऐसी घटनाएं होती आ रही हैं और ऐसे अपराधों के लिए जिम्मेदार लोग सजा से बच रहे हैं।
———————————
भारत के पहले उपग्रह आर्यभट्ट ने आज 50 वर्ष पूरे कर लिए हैं। एक रिपोर्ट-
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन – इसरो द्वारा निर्मित इस उपग्रह को सोवियत संघ की सहायता से कपुस्टिन यार से प्रक्षेपित किया गया था। उपग्रह का उद्देश्य सौर भौतिकी, एरोनॉमी और एक्स-रे खगोल विज्ञान सहित कई क्षेत्रों का पता लगाना था।
कक्षा में पांच दिन बिताने के बाद, आर्यभट्ट में बिजली की विफलता का अनुभव हुआ, जिसके कारण सभी प्रयोग रोक दिए गए। इसके बावजूद, मूल्यवान डेटा एकत्र किया गया और वैज्ञानिकों को उपग्रह विकास में महत्वपूर्ण अनुभव हासिल हुए। विफलता के बाद भी उपग्रह ने कुछ और दिनों तक सूचना प्रसारित करना जारी रखा। आर्यभट्ट ने अंतरिक्ष अन्वेषण में भारत के प्रवेश को चिह्नित किया और देश के भविष्य के अंतरिक्ष मिशनों की नींव रखी। इसके सफल प्रक्षेपण के साथ, भारत कक्षा में उपग्रह भेजने वाला दुनिया का 11वां देश बना था। सकलेन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से राजेश मीणा।
———————————
आईपीएल क्रिकेट में आज अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस का मुकाबला डेल्ही कैपिटल्स से होगा। मैच दोपहर बाद साढे तीन बजे शुरू होगा। जयपुर में शाम साढे सात बजे राजस्थान रॉयल्स का मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।
———————————
स्क्वॉश में भारत के वीर चोटरानी और अनहत सिंह ने आज मलेशिया में विश्व चैम्पियनशिप एशिया क्वालीफाइंग टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है।
———————————
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी मंगलवार को सऊदी अरब की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे।
- भारत का फार्मास्यूटिकल निर्यात पिछले वित्त वर्ष में 9 प्रतिशत से बढ़कर 30 अरब डॉलर पर पहुंचा।
- दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में एक इमारत ढहने से चार लोगों की मौत और 12 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका।
- संयुक्त प्रवेश परीक्षा- जेईई मेन के दूसरे सत्र के परिणाम घोषित। 24 विद्यार्थियों ने परफेक्ट 100 एनटीए स्कोर प्राप्त किया।
- अहमदाबाद में आईपीएल टी-20 क्रिकेट में आज दोपहर बाद गुजरात टाइटन्स का मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स से होगा।
———————————