मुख्य समाचार:-
- देश के निर्यात में पिछले वित्त वर्ष में 5 दशमलव 5 प्रतिशत की वृद्धि। रिकॉर्ड 821 अरब डॉलर के आसपास पहुंचा।
- अमरीका ने बढ़ते ट्रेड वॉर के बीच चीन के उत्पादों पर 245 प्रतिशत जवाबी शुल्क लगाया।
- प्रवर्तन निदेशालय ने हरियाणा में भूमि सौदे से जुड़े मामले में लगातार दूसरे दिन रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ की।
- छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम नई दिल्ली में डेल्ही कैपिटल्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा।
—————————————–
भारत के वस्तुओं और सेवाओं के कुल निर्यात में वित्त वर्ष 2024-25 के दौरान पांच दशमलव पांच प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई, जो पिछले वित्त वर्ष में सात सौ 78 दशमलव एक-तीन अरब डॉलर की तुलना में रिकॉर्ड आठ सौ बीस दशमलव नौ-तीन अरब डॉलर तक पहुंच गई। एक रिपोर्ट-
वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा संकलित आंकड़ों के अनुसार देश का कुल निर्यात आठ सौ बीस दशमलव नौ-तीन अरब डॉलर होने का जबकि कुल आयात नौ सौ 15 दशमलव एक-नौ अरब डॉलर होने का अनुमान है। आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष मार्च में भारत का व्यापार घाटा बढ़कर 21 दशमलव पांच-चार अरब डॉलर हो गया था। इस महीने के दौरान व्यापारिक निर्यात शून्य दशमलव सात प्रतिशत बढ़कर 41 दशमलव नौ-सात अरब डॉलर हो गया। इस बीच, मार्च में व्यापारिक आयात ग्यारह दशमलव तीन प्रतिशत बढ़कर 63 दशमलव पांच-एक अरब डॉलर हो गया है। समाचार कक्ष से निखिल कुमार
—————————————–
अमरीका ने चीन से आयात होने वाली वस्तुओं पर दो सौ 45 प्रतिशत तक के नए जवाबी शुल्कों की घोषणा की है। इससे दोनों देशों के बीच व्यापार संघर्ष तेजी से बढ़ गया है। अमरीकी राष्ट्रपति के कार्यालय व्हाइट हाउस के बयान में कहा गया है कि ये राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उचित है। बयान में चीन द्वारा उठाए गए कदमों का भी उल्लेख है।
चीन द्वारा भारी दुर्लभ धातुओं और चुम्बक सहित महत्वपूर्ण उच्च तकनीक पदार्थों का निर्यात प्रतिबंधित किए जाने के फैसले से अमरीका के ऑटोमोटिव, एयरोस्पेस, सेमीकंडक्टर और रक्षा जैसे क्षेत्रों पर असर पड़ेगा।
इस बीच, चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने कहा है कि शुल्क युद्ध अमरीका ने शुरू किया है।
—————————————–
भारत और अमरीका इस सप्ताह द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा करेंगे। दोनों देशों ने द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले हिस्से की संदर्भ शर्तो पर कल हस्ताक्षर किए। नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में वाणिज्य और उद्योग सचिव सुनील बर्थवाल ने कहा कि दोनों देशों ने परस्पर लाभकारी, बहुक्षेत्रीय द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सहमति व्यक्त की है। एक रिपोर्ट…
इस समझौते का लक्ष्य 2025 तक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप देना है। श्री बर्थवाल ने कहा कि अमरीका द्वारा लगाए गए मौजूदा शुल्क के मद्देनज़र भारत के लिए चिंताए और अवसर दोनों पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि भारत ने अमरीका के साथ व्यापार उदारीकरण का मार्ग अपनाया है। उन्होंने कहा कि इससे दोनों देशों के लिए बहुत से अवसर सृजित होंगे। श्री बर्थवाल ने कहा है कि अगले पांच वर्षों में अमरीका के साथ भारत का व्यापार बढ़कर पांच सौ अरब डॉलर तक पहुचंने की संभावना है। समाचार कक्ष से अभिषेक कपिल।
—————————————–
इस बीच, खाद्य कीमतों में उल्लेखनीय कमी के कारण पिछले महीने भारत की खुदरा मुद्रास्फीति दर घटकर 3 दशमलव तीन–चार प्रतिशत पर आ गई। सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय ने कहा है कि अगस्त, 2019 के बाद साल-दर-साल आधार पर यह सबसे कम मुद्रास्फीति दर है।
—————————————–
प्रवर्तन निदेशालय हरियाणा में एक भूमि सौदे से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले की जांच के सिलसिले में वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के पति रॉबर्ट वाड्रा से आज लगातार दूसरे दिन पूछताछ कर रहा है। उनसे नई दिल्ली स्थित ईडी कार्यालय में पूछताछ की जा रही है। मामला श्री वाड्रा की कंपनी द्वारा गुरुग्राम में एक भूमि की खरीद से जुड़ा है।
—————————————–
भारतीय जनता पार्टी ने नेशनल हेराल्ड मामले में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल करने के बाद प्रवर्तन निदेशालय को धमकाने की कोशिश करने का आरोप लगाया। नई दिल्ली में आज संवाददाताओं को संबोधित करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने कहा कि नेशनल हेराल्ड मामले में प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई एक कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें कांग्रेस विरोध प्रदर्शन कर बाधा उत्पन्न करने की कोशिश कर रही है।
कांग्रेस पार्टी बहुत परेशान है। देशभर में धरना देने की बात कर रही है। धरना देने का अधिकार उनका है। लेकिन जमीन और फंड लूटने का अधिकार नहीं है उनका। कानून अपना काम कर रहा है। क्या कानून को अपना काम नहीं करना चाहिए। नरेन्द्र मोदी जी की सरकार है कानून को अपना काम करने देगी और कानून काम करेगा।
इस बीच, कांग्रेस अपने वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ आरोपपत्र को लेकर देशव्यापी विरोध प्रदर्शन कर रही है। पार्टी ने प्रवर्तन निदेशालय की कार्रवाई को बदले की राजनीति बताया है।
—————————————–
प्रवर्तन निदेशालय ने आज सुराना समूह और साई सूर्या डेवलपर्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में हैदराबाद में कई स्थानों पर छापेमारी की है। निदेशालय हैदराबाद और सिकंदराबाद में जुबली हिल्स और बोवेनपल्ली इलाकों में दोनों समूहों की संपत्तियों की तलाशी ले रहा है। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, हैदराबाद के वेंगल राव नगर में स्थित एक प्रमुख रियल एस्टेट कंपनी साई सूर्या डेवलपर्स के मालिक के सतीश चंद्र गुप्ता पर ग्रीन मीडोज वेंचर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है।
—————————————–
राष्ट्रीय महिला आयोग-एनसीडब्ल्यू ने पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में हुई हिंसा की जांच के लिए जांच समिति का गठन किया है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर के नेतृत्व में चार सदस्यीय समिति मुर्शिदाबाद में हिंसा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेगी और स्थानीय पीड़ितों तथा उनके परिवारों से बातचीत करेगी।
आयोग ने मुर्शिदाबाद जिले के मंदिरपारा इलाके में सांप्रदायिक अशांति के दौरान कई महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की खबरों का स्वत: संज्ञान लिया है।
—————————————–
छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए हैं। इन दोनों पर कुल 13 लाख रुपए का इनाम था। कल शाम कोंडागांव और नारायणपुर जिलों की सीमा पर किलम-बरगुम गांवों के जंगल में मुठभेड़ उस समय हुई, जब जिला रिजर्व गार्ड की एक टीम नक्सल विरोधी अभियान पर निकली थी। बस्तर रेंज के पुलसि महानिरीक्षक सुन्दर राज पी ने बताया कि घटनास्थल से दोनो माओवादियों के शव बरामद किये गए हैं।
अभियान के दौरान 15 अप्रैल को शाम से लेकर हर एक बार माओवादी और सुरक्षाबल के बीच में मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ के उपरांत दो माओवादियों की डेडबाडी रिकवर की गई थी। दोनों माओवादियों की शिनाफ्ती की, डिविजनल कमेटी मेंबर हलदर, एमेरी कमेटी मेंबर रामे के रूप में हुआ। हलदर के ऊपर आठ लाख ईनाम,एवं रामे के ऊपर पांच लाख का ईनाम पूर्व से घोषित है। मुठभेड़ स्थल से एक ए के -47 एवं अन्य आर्म समिशन भी बरामद की गई।
—————————————–
राष्ट्रीय जांच एजेंसी – एनआईए ने जम्मू कश्मीर के सीमावर्ती जिले पुंछ में हथियार और गोला-बारूद से जुड़े आतंकी साजिश मामले में एक पाकिस्तानी हैंडलर समेत तीन आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। एक रिपोर्ट-
जम्मू में एक विशेष एनआईए अदालत के समक्ष कल आरोप पत्र दाखिल किया गया, जिसमें अब्दुल अजीज, मुनव्वर हुसैन और नजीर हुसैन उर्फ अली खान को गैरकानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम और शस्त्र अधिनियम के प्रावधानों के अलावा बीएनएस, 2023 की धारा 61 (2) के तहत आरोपित किया गया है। प्रतिबंधित जम्मू-कश्मीर गजनवी फोर्स आतंकवादी संगठन का कार्यकर्ता नजीर हुसैन वर्तमान में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में सक्रिय है। एनआईए जांच के अनुसार, नजीर कश्मीर के कमजोर लोगों को हिंसक गतिविधियों में शामिल होने के लिए प्रेरित करने में शामिल था। आरोपित आतंकवादियों का उद्देश्य क्षेत्र के सांप्रदायिक सद्भाव और शांति को बाधित करना था। समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।
—————————————–
न्यायाधीश अरुण पल्ली ने आज जम्मू-कश्मीर और लद्दाख उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के रूप में शपथ ली। उन्हें जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शपथ दिलाई। समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, उच्च न्यायालय के न्यायाधीश, अधीनस्थ न्यायपालिका और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
—————————————–
भारत ने संसद द्वारा पारित वक्फ संशोधन अधिनियम पर पाकिस्तान की निराधार टिप्पणियों को दृढ़ता से खारिज किया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने वक्फ विधेयक पर पाकिस्तान की टिप्पणियों के बारे में संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा कि पाकिस्तान को भारत के आंतरिक मामले पर टिप्पणी करने का कोई अधिकार नहीं है।
—————————————–
भारत और जी4 के अन्य देशों ब्राजील, जर्मनी और जापान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में धर्म के आधार पर सीटें आवंटित करने के प्रस्तावों का विरोध किया है। संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि, पार्वथानेनी हरीश ने कहा कि परिषद में सुधार के लिए धार्मिक संबद्धता जैसे नए मापदंडों को पेश करने के प्रस्ताव संयुक्त राष्ट्र की स्थापित प्रथा के विपरीत हैं।
तुर्किये के राष्ट्रपति रेसप तय्यप एर्दोआन ने हाल ही में कहा था कि एक इस्लामी देश को परिषद का स्थायी सदस्य होना चाहिए, जबकि इस्लामिक सहयोग संगठन ने इस्लामिक उम्माह के प्रतिनिधित्व का समर्थन किया था।
—————————————–
लोकसभा की प्रवर समिति नए आयकर विधेयक-2025 पर नई दिल्ली के संसद भवन में बैठक कर रही है। 31 सदस्यीय समिति का नेतृत्व भारतीय जनता पार्टी के सांसद बैजयंत पांडा कर रहे हैं। समिति संसद के मानसून सत्र के पहले दिन अपनी रिपोर्ट पेश करेगी।
आयकर विधेयक 2025 का उद्देश्य आयकर से संबंधित कानून को समेकित और संशोधित करना है।
—————————————–
निर्वाचन आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। राज्य के बूथ स्तरीय एजेंटों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आज नई दिल्ली में आयोजित किया जा रहा है। बिहार के 10 विभिन्न राजनीतिक दलों के लगभग दो सौ 80 बूथ स्तरीय एजेंट दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में भाग ले रहे हैं। ब्यौरा हमारे संवाददाता से-
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के साथ चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी ने कार्यक्रम के दौरान एजेंटों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम उन्हें अपनी जिम्मेदारियों को पूरा करने में मदद करेगा। एजेंटों को कानूनी ढांचे के अनुसार उनकी नियुक्ति, भूमिका और जिम्मेदारियों का अवलोकन कराया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम ने उन्हें चुनाव प्रक्रियाओं के विभिन्न पहलुओं, मतदाता सूची की तैयारी, अद्यतन और संशोधन तथा संबंधित प्रपत्र और प्रारूप शामिल हैं। दो सौ 43 सदस्यीय बिहार विधानसभा के लिए चुनाव इस साल के अंत में होने वाले हैं। समाचार कक्ष से राजेश मीणा।
—————————————–
दिल्ली में इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे को वर्ष 2024 में दुनिया के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में नौवां स्थान दिया गया है। इस हवाई अड्डे ने एयरलाइन संचालन के विस्तार, उन्नत बुनियादी ढाँचे और बेहतर वैश्विक संपर्क के कारण नौवां स्थान हासिल किया है।
—————————————–
भारत में रेल संचालन की आज 172वीं वर्षगांठ है। 16 अप्रैल 1853 को देश में पहली रेलगाड़ी चलाई गई थी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उस ऐतिहासिक क्षण को याद किया जब रेलगाड़ी महाराष्ट्र के बोरीबंदर से ठाणे के लिए रवाना हुई थी। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री वैष्णव ने इसे ऐतिहासिक दिन बताया।
—————————————–
सार्वजनिक खरीद के लिए भारत के सबसे बड़े ई-मार्केटप्लेस जैम ने वित्त वर्ष 2024-25 में स्वास्थ्य, जीवन और व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा पॉलिसियों को कवर करते हुए एक लाख तीस हजार करोड़ से अधिक व्यक्तियों को बीमा की सुविधा प्रदान की है। वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि जैम ने उसी वित्त वर्ष में 10 लाख जनशक्ति संसाधनों को भी काम पर रखा है।
—————————————–
घरेलू शेयर बाजार का सेंसेक्स और निफ्टी आज मामूली गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। सेंसेक्स एक सौ नौ अंक गिरकर 76 हजार छह सौ 26 पर आ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 26 अंक गिरकर 23 हजार तीन सौ तीन पर कारोबार कर रहा था।
—————————————–
जम्मू-कश्मीर में तीन महीने से अधिक समय के बाद ऐतिहासिक मुगल रोड को कल यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया। 84 किलोमीटर लंबा यह मार्ग भारी बर्फबारी के कारण बंद था। यह मार्ग उत्तरी कश्मीर के शोपियां जिले को जम्मू क्षेत्र के राजौरी और पुंछ से जोड़ता है।
—————————————–
आईपीएल क्रिकेट में आज डेल्ही कैपिटल्स का मुकाबला राजस्थान रॉयल्स से होगा। यह मैच नई दिल्ली के अरूण जेटली स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।
—————————————–
मौसम विभाग ने अगले दो दिन के दौरान राजस्थान और गुजरात में रेड अलर्ट जारी किया है और लू चलने की चेतावनी दी है। आकाशवाणी समाचार से बात करते हुए वरिष्ठ वैज्ञानिक आर.के जेनामणि ने कहा कि जम्मू कश्मीर में 18 अप्रैल को मूसलाधार बारिश हो सकती है।
जो सीवियर हीट वेव है अभी राजस्थान में चल रहा है और सबसे ज्यादा तापमान जो बाडमेर है 45 दशमलव पांच डिग्री दर्ज किया गया है। यहां हीट वेव की रेड वार्निंग है और धीरे-धीरे 18, 19 को कम होगा और उसी के साथ-साथ जयपुर, राजस्थान में भी हीट वेव का अलर्ट इशू किया गया है तीन से चार दिन, 16 से 18 एंड 19 तक। गुजरात में जो है सबसे ज्यादा तापमान है कांगला है 44 डिग्री दर्ज किया गया। यहां भी हीट वेव आइसोलेटिड है। दिल्ली का तापमान धीरे-धीरे बढ़ रहा है और कल, परसो 40 भी दर्ज हो सकता है।
—————————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- देश के निर्यात में पिछले वित्त वर्ष में 5 दशमलव 5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज करता हुआ रिकॉर्ड 821 अरब डॉलर के आसपास पहुंचा।
- अमरीका ने बढ़ते ट्रेड वॉर के बीच चीन के उत्पादों पर 245 प्रतिशत जवाबी शुल्क लगाया।
- प्रवर्तन निदेशालय ने हरियाणा में भूमि सौदे से जुड़े मामले में लगातार दूसरे दिन रॉबर्ट वाड्रा से पूछताछ की।
- छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में दो माओवादी मारे गए।
- और, आईपीएल क्रिकेट में आज शाम डेल्ही कैपिटल्स का सामना राजस्थान रॉयल्स से होगा।
—————————————–