Download
Mobile App

android apple
signal

April 12, 2025 3:35 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी ढेर। सेना ने अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम किया।
  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए।
  • गृह मंत्री अमित शाह ने छत्रपति शिवाजी महाराज की 345वीं पुण्यतिथि पर महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • हनुमान जन्‍मोत्‍सव देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
  • अमरीका ने विदेशी नागरिकों को 30 दिन के भीतर एलियन एक्ट के अंतर्गत पंजीकरण कराने का आदेश जारी किया, पालन न करने पर गिरफ्तार कर निर्वासित करने का प्रावधान
  • और आईपीएल क्रिकेट में आज दोपहर बाद लखनऊ में गुजरात टाइटन्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से होगा।

 

————————————–

 

जम्‍मू-कश्‍मीर में किश्‍तवाड़ जिले के छातरू वन क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने तीन आतंकियों को मार गिराया है। घटना स्‍थल से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला बारूद बरामद किए गए हैं। यह मुठभेड़ शुक्रवार को शुरू हुई और अब भी जारी है।

 

इस बीच, जम्मू-कश्मीर में भारतीय सेना ने कल देर रात अखनूर क्षेत्र में नियंत्रण रेखा पर हथियारों से लैस आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश नाकाम कर दी। मुठभेड़ के दौरान अखनूर में नियंत्रण रेखा पर सेना के एक जूनियर कमीशंड प्राप्‍त अधिकारी को जान गवानी पड़ी। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और अतिरिक्त बल तैनात करके तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

 

————————————–

 

जम्मू-कश्मीर में आज सुबह उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के हंदवाड़ा इलाके में एक सड़क दुर्घटना में दो छात्राओं की मौत हो गई। यह दुर्घटना उस समय हुई जब कॉलेज की छात्राओं को पिकनिक स्पॉट पर ले जा रही एक बस पलट गई।

 

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और स्वास्थ्य मंत्री सुश्री सकीना इटू ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

 

————————————–

 

छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए हैं। सुरक्षा बलों ने मारे गए नक्सलियों के शव बरामद कर लिए हैं। ब्‍यौरा हमारे संवाददाता से-

 

छत्‍तीसगढ़ के बीजापुर जिले के इंद्रावती इलाके के जंगलों में माओवादियों की उपस्थिति की खुफिया सूचना मिलने पर सीआरपीएफ CRPF की कोबरा बटालियन, जिला रिजर्व गार्ड और स्पेशल टास्क फोर्स की  एक संयुक्त टीम इस क्षेत्र में  नक्सल-विरोधी अभियान पर भेजी गयी। इस ऑपरेशन के दौरान, आज सुबह सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में अब तक तीन माओवादी मारे गए हैं। इसके अलावा, बड़ी मात्रा में हथियार और गोला -बारूद भी मौके से बरामद किये गये हैं। इस क्षेत्र में तलाशी अभियान अभी भी जारी है। विकल्प शुक्ला , आकाशवाणी समाचार, रायपुर।

 

————————————–

 

गृह मंत्री अमित शाह ने आज कहा है कि केंद्र सरकार और महाराष्ट्र सरकार दोनों ही छत्रपति शिवाजी महाराज की ऐतिहासिक सीट रायगढ़ किले को देश के युवाओं के लिए प्रेरणा के स्रोत के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। गृह मंत्री ने महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में आज छत्रपति शिवाजी महाराज की 345वीं पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए यह टिप्पणी की।  

 

श्री शाह ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज का यही संदेश था कि स्वराज (स्व-शासन) के लिए लड़ाई कभी नहीं रुकनी चाहिए।

 

ये शिव चरित्र को हम सबका दायित्‍व है कि इसको भारत के बच्‍चे-बच्‍चे को सिखाया जाए, भारत के बच्‍चे-बच्‍चे को पढ़ाया जाए। और मैं तो आज महाराष्‍ट्र में आया हूं महाराष्‍ट्र के लोगों को तो हाथ जोड़कर विनती करने आया हूं शिव राय को महाराष्‍ट्र तक सीमित मत रखिए। देश और दुनिया शिव राय से प्रेरणा ले सके।

 

श्री शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार शिवाजी महाराज के दृष्टिकोण का ईमानदारी से पालन कर रही है और भारत को पूरी दुनिया के लिए आशा की किरण के रूप में स्थापित करने के लिए अथक प्रयास कर रही है।

 

स्‍वधर्म बच गया हमारी भाषाएं बच गई, हमारी संस्‍कृति बच गई और आज हम देश की आजादी के 75 साल के बाद दुनिया के सामने सर उठाकर खड़े हैं और हम संकल्‍प करते हैं कि सौ साल जब होंगे आजादी को दुनिया के एक नंबर पर हमारा भारत होगा। उसकी मूल कल्‍पना ये शिव राय ने रखी।

 

————————————–

 

पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में कल वक्फ संशोधन अधिनियम 2025 के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के कारण आम जनजीवन प्रभावित रहा। स्थिति पर नियंत्रण के लिए प्रभावित क्षेत्रों में सीमा सुरक्षा बल के जवान तैनात किए गए हैं।

 

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने पश्चिम बंगाल सरकार पर एसएससी घोटाले जैसे महत्वपूर्ण मामले से ध्यान भटकाने के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।

 

————————————–

 

पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार ने कहा है कि हिंसाग्रस्‍त मुर्शिदाबाद जिले के सूती, समशेरगंज, जालंगी, लालगोला और धुलियान इलाकों में स्थिति नियंत्रण में है। इन इलाकों में कल उपद्रवी तत्‍वों ने तोड़-फोड़ की थी। हिंसक घटनाओं के सिलसिल में 118 लोग हिरासत में लिए गए हैं।

 

मुर्शिदाबाद जिले में नए वक्‍फ संशोधन कानून विरोध में कल बड़ी संख्‍या में उपद्रवियों ने घरों, दुकानों, सरकारी संपत्तियों और पुलिस की गाडि़यों को आग लगा दी।

 

————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑल इंडिया अन्‍ना डीएमके पार्टी के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन – एनडीए में शामिल होने पर प्रसन्नता व्यक्त की है। सोशल मीडिया पोस्ट पर उन्‍होंने कहा है कि वे एनडीए के सहयोगियों के साथ मिलकर तमिलनाडु को प्रगति की नई ऊंचाई पर ले जाएंगे और राज्य की सेवा करेंगे।

 

————————————–

 

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पटना स्थित भाजपा मुख्यालय में एनडीए घटक दलों के प्रदेश अध्यक्षों के साथ बैठक कर रहे हैं। उन्होंने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य और मधुबनी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा के लिए एनडीए के सभी पांच घटक दलों की बैठक बुलाई है।

 

————————————–

 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि केन्‍द्र सरकार ने भारतवंशियो के उत्‍थान के लिए कई कदम उठाए हैं ताकि विभिन्‍न देशों के साथ भारत के संबंध बेहतर हों। ऑस्‍ट्रिया की राजधानी वि‍एना में कल भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्‍होंने यह बात कही।

 

सोशल मीड‍िया पर पोस्‍ट में वित्‍त मंत्री ने कहा कि बैठक के दौरान दोनों देशों के आपसी संबंधों में हाल के घटनाक्रम पर चर्चा की गई। दोनों पक्षों के बीच आपसी हित के वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

 

————————————–

 

वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा है कि व्यापार समझौते की समय-सीमा पूरी करने के लिए राष्ट्रीय हितों से समझौता नहीं किया जा सकता। उन्‍होंने कल नई दिल्ली में नौवें वैश्विक प्रौद्योगिकी शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुये यह बात कही।

 

————————————–

 

अमरीका में तीस दिन से अधिक समय तक रहने वाले सभी विदेशी नागरिकों के लिए पंजीकरण कराना अनिवार्य कर दिया गया है। अमरीका के नए कानून एलियन एक्‍ट के अनुसार पंजीकरण न कराने वाले विदेशी नागरिकों को जुर्माने, कैद और देश से बाहर करने की सजा दी जा सकती है। वीजा धारकों और वैध स्‍थायी निवासियों सहित सभी विदेशी नागरिकों के लिए पंजीकरण का प्रमाण अपने पास रखने को अनिवार्य बना दिया गया है।

 

————————————–

 

अमरीका के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने यूक्रेन में जारी संघर्ष पर चर्चा करने के लिए आज रूस के सेंट पीटर्सबर्ग में राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात की। चार घंटे से ज्यादा समय तक चली बातचीत के दौरान यूक्रेन में शांति स्थापित करने पर चर्चा की गई। रूस के विशेष दूत किरिल दिमित्रिव ने इस वार्ता को सार्थक बताया है।

 

————————————–

 

ईरान और अमरीका के बीच आज ओमान में नए परमाणु समझौते पर महत्वपूर्ण बातचीत शुरू होगी। इस समझौते का उद्देश्य  पश्चिम एशिया में तनाव कम करना और संघर्ष टालना है।

 

इस बीच, अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ईरान को समझौते पर सहमति के लिए दो महीने की समय सीमा दी है।

 

————————————–

 

यूरोप में पशुओं में मुंहपका-खुरपका रोग के बढ़ते मामलों को देखते हुए ब्रिटेन ने यूरोपीय संघ के देशों से व्‍यक्तिगत रूप से मांस और दुग्‍ध उत्‍पादों के आयात पर आज से रोक लगा दी है।

 

खुरपका-मुहपका रोग पशुओं में होने वाला विषाणुजनित रोग है जो खुर वाले जानवरों जैसे गाय, भैंस, भेड़, बकरी, सूअर, ऊंट, हिरण आदि को प्रभावित करता है।

 

————————————–

 

इटली ने शरण मांगने वाले अल्‍बानिया के चालीस नागरिकों को उन्‍हीं के देश में इटली द्वारा संचालित केन्‍द्रों में भेज दिया है। इटली के कानून के मुताबिक, जिन लोगों के आवेदन रद्द कर दिए जाते हैं उन्हें डेढ़ वर्ष तक इन केन्‍द्रों में रखा जा सकता है।

 

————————————–

 

चैत्र पूर्णिमा के दिन आज भक्ति, उत्साह और उमंग के साथ हनुमान जन्‍मोत्‍सव  देश भर में मनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्‍होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि संकटमोचन भगवान हनुमान के आशीर्वाद से सभी लोग जीवन में स्वस्थ, सुखी और समृद्ध रहें।

 

शास्त्रों के अनुसार हनुमान जी को आठ सिद्धियां और नौ निधियां के दाता कहा जाता है | इसके अतिरिक्त, उन्हें अलग-अलग नामों जैसे मारुती, केसरी नंदन, पवनसुत, महावीर, आंजनेय, संकट मोचन से भी जाना जाता है। ऐसी मान्‍यता है कि हनुमान जी एकमात्र ऐसे देवता हैं जो धरती पर रह कर अपने भक्‍तों के संकटों का निवारण करते हैं।  देश के प्रमुख मंदिरों में सुन्दरता के साथ सजावट सजाया गया है और जगह-जगह पर हनुमान चालीसा, सुंदर कांड और अखंड रामायण का पाठ किया जा रहा है। अयोध्या के प्रसिद्ध हनुमान गढ़ी मंदिर सहित देश के प्रमुख मंदिरों में भक्‍तों की लंबी कतार देखी जा रही है। समाचार कक्ष से, वैष्‍णवी।

 

————————————–

 

तेलंगाना में ट्री-मैन के नाम से प्रसिद्ध डॉ. रमैया का आज खम्‍मम जिले के रेड्डी पल्‍ली में निधन हो गया। वे पिछले कुछ समय से बीमार थे। श्री रमैया को पर्यावरण संरक्षण में असाधारण योगयान के लिए पद्मश्री से सम्‍मानित किया गया था। उन्‍होंने अपने जीवनकाल में एक करोड़ से अधिक पौधे लगाए थे।

 

————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने पर्यावरण संरक्षण के प्रबल समर्थक दारिपल्ली रामैया के निधन पर दुख व्‍यक्‍त किया है। सोशल मीडिया पर पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दारिपल्ली रामैया ने लाखों पेड़ लगाने और उनकी रक्षा करने के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।

 

————————————–

 

आईपीएल टी20 क्रिकेट में, लखनऊ सुपर जायंट्स आज दोपहर साढे तीन बजे लखनऊ के एकाना स्टेडियम में गुजरात टाइटन्स से मुकाबला करेगा। दिन के दूसरे मैच में, पंजाब किंग्स का सामना हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा।

 

————————————–

 

लद्दाख में खुबानी फूल उत्सव 2025 कल शुरू हुआ जिसे चुली मेंडोक के नाम से भी जाना जाता है।  इस कार्यक्रम का आयोजन पर्यटन विभाग, कारगिल द्वारा किया गया था। इस दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों, छात्रों और ग्रामीणों ने भाग लिया।

 

————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन आतंकवादी ढेर। सेना ने अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर आतंकवादियों की घुसपैठ को नाकाम किया।
  • छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में तीन माओवादी मारे गए।
  • गृह मंत्री अमित शाह ने छत्रपति शिवाजी महाराज की 345वीं पुण्यतिथि पर महाराष्ट्र के रायगढ़ किले में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
  • हनुमान जन्‍मोत्‍सव देश के विभिन्न हिस्सों में धार्मिक उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।
  • अमरीका ने विदेशी नागरिकों को 30 दिन के भीतर एलियन एक्ट के अंतर्गत पंजीकरण कराने का आदेश जारी किया, पालन न करने पर गिरफ्तार कर निर्वासित करने का प्रावधान।
  • और आईपीएल क्रिकेट में आज दोपहर बाद लखनऊ में गुजरात टाइटन्स का सामना लखनऊ सुपर जायंट्स से।

 

————————————–