मुख्य समाचार:
- भारत की, वर्ष 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने और वर्ष 2040 तक चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्री भेजने की योजना।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी पर नासा को बधाई दी।
- पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्र तथा राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच चंडीगढ़ में वार्ता फिर शुरू।
- गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा–केंद्र आतंकवाद को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठा रहा है।
- भारत और मालदीव की टीमें आज शाम शिलंग में एक अंतरराष्ट्रीय फुटबाल मैत्री मैच खेलेंगे।
- और, भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोडी, स्विस ओपन बैडमिंटन के महिला डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
———————————–
सरकार ने 2035 तक भारत अंतरिक्ष स्टेशन नाम से अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने की योजना बनाई है और अगर सब कुछ सही रहा तो 2040 तक एक भारतीय अंतरिक्ष यात्री चंद्रमा पर होगा। प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने आज लोकसभा में पूरक प्रश्नों के उत्तर में यह बात कही। श्री सिंह ने कहा कि चंद्रयान-4 को दो प्रक्षेपण यानों के जरिए प्रक्षेपित किया जाएगा।
चंद्रयान एक पहला ऐसा हमारा मिशन रहेगा जो दो लॉन्च व्हीकल से छोड़ा जाएगा उसके पांच कंपोनेंट रहेंगे। तीन एक तरफ, दो एक तरफ और डॉकिंग–अन डॉकिंग जिसकी थोड़ा बहुत अनुभव स्पेडेक्स से भी हुआ है, उसको बार बार करके और अधिक अनुभव और क्षमता हासिल करने का प्रयास रहेगा।
श्री सिंह ने कहा कि इस साल के अंत तक एक महिला रोबोट के साथ गगनयान की परीक्षण उड़ान शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह गौरव, गर्व और राहत का क्षण है कि सुनीता विलियम्स धरती पर सुरक्षित वापस आ गईं हैं।
———————————–
नासा के अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर अंतरिक्ष में नौ महीने बिताने के बाद पृथ्वी के गुरुत्वाकर्षण के अनुकूल होने के लिए 45-दिवसीय पुनर्वास कार्यक्रम में शामिल हो गये है। स्पेसएक्स के क्रू-9 कैप्सूल में सवार दोनों अंतरिक्ष यात्री आज सुबह फ्लोरिडा के तट से दूर सुरक्षित उतरे। एक रिपोर्ट-
अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर अपने लंबे प्रवास में भारहीनता के प्रभाव में रहे अंतरिक्ष यात्री अब इसे समाप्त करने के शारीरिक अभ्यास से गुजरेंगे। माइक्रोग्रैविटी के लंबे समय तक संपर्क में रहने से मानव शरीर के लिए अनूठी चुनौतियाँ उत्पन्न होती हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए अंतरिक्ष यात्रियों को तीन चरण वाले पुनर्वास कार्यक्रम में शामिल किया जाता है। पहले चरण में गतिशीलता, लचीलापन और मांसपेशियों को मजबूत करने पर ध्यान दिया जाता है। दूसरे चरण में प्रोप्रियोसेप्टिव व्यायाम और कार्डियोवैस्कुलर प्रशिक्षण शामिल है, जबकि तीसरे और सबसे लंबे चरण में कार्यात्मक विकास को प्राथमिकता दी जाती है। अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से प्रस्थान के सत्रह घंटे बाद सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर का स्पेसएक्स ड्रैगन कैप्सूल सुबह 3 बजकर 27 मिनट पर सुरक्षित रूप से उतरा। कैप्सूल से बाहर आने के बाद, उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा गया। समाचार कक्ष से करिश्मा राय।
———————————–
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने स्पेसएक्स के क्रू-9 मिशन के धरती पर सुरक्षित वापसी के लिए नासा की पूरी टीम को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और उनके साथी अंतरिक्ष यात्रियों ने दृढ़ता, समर्पण और कभी हार न मानने की भावना से सभी को प्रेरित किया है।
प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि सुनीता विलियम्स और क्रू 9 अंतरिक्ष यात्रियों ने एक बार फिर दुनिया को दिखाया है कि दृढ़ता का सही मतलब क्या है। उन्होंने कहा कि यह धैर्य, साहस और असीम मानवीय भावना की परीक्षा थी। श्री मोदी ने कहा कि अज्ञात परिस्थितियों में उनका अटूट दृढ़ संकल्प लाखों लोगों को हमेशा प्रेरित करेगा।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत की बेटी सुनीता विलियम्स और क्रू में शामिल अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने धीरज और दृढ़ता के इतिहास को दोहराया है।
———————————–
पंजाब के आंदोलनकारी किसानों और केंद्र तथा राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच आज चंडीगढ़ में अगले दौर की वार्ता शुरू हो गई है। केंद्र सरकार की तरफ से वार्ता में कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान, वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल और उपभोक्ता मामलों के मंत्री प्रहलाद जोशी शामिल हैं, जबकि पंजाब सरकार की ओर से पंजाब के कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और कैबिनेट मंत्री चेतन सिंह जौरामाजरा शामिल हैं। पंजाब पुलिस के प्रमुख गौरव यादव भी बैठक में शामिल हैं।
किसानों का प्रतिनिधित्व संयुक्त किसान मोर्चा-गैर राजनीतिक के अध्यक्ष जगजीत सिंह दल्लेवाल और किसान मजदूर मोर्चा के प्रमुख सरवन सिंह पंधेर कर रहे हैं। यह बैठक केंद्र सरकार ने बुलाई है जो 22 फरवरी को हुई पिछली बैठक के क्रम में हो रही है।
———————————–
सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है, जिससे देश में आतंकी घटनाओं में उल्लेखनीय कमी आई है। आज राज्यसभा में एक प्रश्न का उत्तर देते हुए गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी – एनआईए को और अधिक सशक्त बनाया है, ताकि वह देश के बाहर भी आतंकी घटनाओं और गतिविधियों की जांच कर सके।
मोदी सरकार की नीति आतंकवाद के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति है और उसपर तत्परता से काम हो रहा है। आतंकवाद का समूल नाश हो, सरकार इसके लिए कठोर से कठोर कार्रवाई कर रही है और आतंकवादी गतिविधियों में काफी कमी देखी गई है। इसके लिए यानी आतंकवाद से लड़ने के लिए जो कदम उठाए गए हैं कानूनी ढांचों को मजबूत किया गया है।
श्री राय ने कहा कि एनआईए लंदन में भारतीय उच्चायोग और सैन फ्रांसिस्को में भारतीय महावाणिज्य दूतावास पर हुए हमलों से संबंधित घटना की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र देश से आतंकवाद को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठा रहा है।
———————————–
इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा है कि ऑनलाइन गेम और सट्टेबाजी की गतिविधियों से निपटने में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। पिछले वर्ष एक हजार 97 सट्टेबाजी और गेम्स वेबसाइटों पर प्रतिबंध लगाया गया था। आज लोकसभा में पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए श्री वैष्णव ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से निपटने के लिए केंद्र और राज्यों दोनों को मिलकर काम करना होगा और साइबर अपराध से जुड़ी सभी एजेंसियां समन्वय के साथ काम कर रही हैं।
एजेंसीज हैं, चाहे वह केंद्र सरकार की हो, चाहे राज्य सरकारों के प्रयास हो, चाहे इंटरनेशनल बॉडीज के प्रयास हो, इन सब का कोऑर्डिनेशन होने से एक सिग्निफिकेंट इंप्रूवमेंट भी आया है कि जहां 2022 में मात्र 24 के आसपास बैटिंग और गैंबलिंग की वेबसाइट को बैन किया गया था, 22 में मात्र 14 के आसपास जहां हो पाई थी वहां 2024 में आते आते 1097 बैटिंग और गैंबलिंग की साइट्स हैं। उसको ब्लॉक किया गया है।
———————————–
भारतीय जनता पार्टी ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की विशिष्ट कूटनीतिक स्थिति मान्यता और प्रशंसा के योग्य है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर द्वारा रूस-यूक्रेन विवाद पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के रुख की प्रशंसा करने का जिक्र करते हुए पार्टी सांसद और प्रवक्ता संबित पात्रा ने संसद के बाहर मीडिया से कहा कि श्री थरूर कूटनीति को समझते हैं, उन्होंने लंबे समय तक संयुक्त राष्ट्र में काम किया है और वे श्री मोदी के फैसलों की सराहना करते हैं।
———————————–
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने लोगों से हमेशा राष्ट्र को सर्वोपरि रखने और ईमानदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया है। श्री सिंह ने आज नई दिल्ली में मेजर बॉब खाथिंग स्मारक समारोह के पांचवें संस्करण में मेजर खाथिंग को भारत का एक महान सपूत बताया। देश की विकास यात्रा में पूर्वोत्तर क्षेत्र की भूमिका को स्वीकार करते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि सरकार ने हमेशा पूर्वोत्तर राज्यों के विकास को प्राथमिकता दी है।
———————————–
विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आज नई दिल्ली में रायसीना डायलॉग में राष्ट्रीय सुरक्षा और व्यावसायिक निर्णयों के बढ़ते प्रभाव को संबोधित किया। वैश्विक आर्थिक रणनीतियों में बदलाव पर प्रकाश डालते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि आज दुनिया राष्ट्रीय सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यावसायिक निर्णय लेती है। उन्होंने कहा कि देश अब सुरक्षित और विश्वसनीय भागीदारी को प्राथमिकता देता हैं।
भारत की व्यापार वार्ता पर चर्चा करते हुए डॉ. जयशंकर ने कहा कि भारत, यूरोपीय संघ, ब्रिटेन और अमरीका के साथ बड़ी व्यापार चर्चाएं कर रहा है। उन्होंने कहा कि ये देश भारत के विकास बाजार, प्रौद्योगिकी और रणनीतिक साझेदार हैं।
———————————–
जम्मू में राष्ट्रीय जांच एजेंसी-एनआईए आतंकवादी घुसपैठ मामले में कई स्थानों पर तलाशी अभियन चला रही है। एनआईए अधिकारियों ने बताया कि 12 स्थानों पर तलाशी चल रही है। जम्मू क्षेत्र में प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सक्रिय आतंकवादियों की घुसपैठ की सूचना के आधार पर पिछले साल मामला दर्ज किया गया था।
———————————–
प्रवर्तन निदेशालय – ईडी राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद से जमीन के बदले नौकरी के संबंध में मनी लॉन्ड्रिंग मामले में पूछताछ कर रहा है। श्री प्रसाद आज सुबह अपनी बेटी और लोकसभा सदस्य मीसा भारती के साथ जांच अधिकारियों के समक्ष पेश होने के लिए पटना स्थित ईडी क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे।
———————————–
मध्य प्रदेश में कल शाम शिवपुरी के माता टीला बांध पर नाव पलटने से लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है। नाव में सवार 15 लोगों में से आठ को कल सुरक्षित बचा लिया गया था। अब तक पांच शव बरामद हो चुके हैं, जबकि अन्य दो की तलाश जारी है। ये सभी लोग माता टीला बांध के टापू पर बने मंदिर में दर्शन करने गए थे। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
———————————–
पश्चिम बंगाल में एक सींग वाले गैंडों की संख्या 229 से बढ़कर 392 हो गई है। इस वर्ष 5 और 6 मार्च को जलदापारा राष्ट्रीय उद्यान, गोरुमारा राष्ट्रीय उद्यान, चपरामारी वन्यजीव अभयारण्य और जलपाईगुड़ी रिजर्व वन के कुछ हिस्सों में तीन सौ 96 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में गैंडों की जनगणना की गई। पश्चिम बंगाल के वन्य जीव वॉर्डन के प्रमुख देबल रे ने कहा कि पश्चिम बंगाल का जलदापारा राष्ट्रीय उद्यान एक सींग वाले गैंडों का दूसरा सबसे बड़ा उद्यान है।
———————————–
गृहमंत्री अमित शाह ने आज केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल – सीआरपीएफ दिवस पर जवानों को शुभकामनाएं दीं। सोशल मीडिया पर श्री शाह ने कहा कि यह वह दिन है जब 1950 में बल को राष्ट्रपति ध्वज से सम्मानित किया गया था। उन्होने कहा कि सीआरपीएफ की वीरता और बलिदान देशभक्तों को प्रेरित करता रहेगा।
———————————–
श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में 2024 की चौथी तिमाही में 5 दशमलव 4 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। श्रीलंका के जनगणना और सांख्यिकी विभाग के नवीनतम सकल घरेलू उत्पाद अनुमानों के अनुसार यह 2014 के बाद से सबसे अधिक वृद्धि दर है। एक रिपोर्ट-
श्रीलंका की अर्थव्यवस्था में 2024 में औद्योगिक विकास, बेहतर तरलता और विदेशी मुद्रा स्थिरता के कारण मजबूत पुनरुत्थान देखने को मिला जिससे 2022 के संकट से ठोस वापसी के संकेत मिलते हैं। द्वीप राष्ट्र की जीडीपी में पिछले एक दशक में सबसे अधिक 5 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। जो आईएमएफ के लक्ष्यों को भी पार कर गई है और प्रति व्यक्ति आय में वृद्धि के साथ यह दीर्घकालिक सुधार की संभावनाओं को दर्शाती है। हालांकि चौथी तिमाही में कृषि क्षेत्र के संकुचन ने क्षेत्रीय असंतुलन को उजागर किया है। जिससे समावेशी और सतत विकास सुनिश्चित करने के लिए नीतिगत हस्तक्षेप की आवश्यकता हो सकती है, इसके बावजूद एक ऐसे देश के लिए जिसने 2023 में 2 दशमलव 3 प्रतिशत की आर्थिक गिरावट देखी। यह वृद्धि एक सकारात्मक संकेत मानी जा रही है। अहमद मुईन फारुकी, आकाशवाणी समाचार, कोलंबो।
———————————–
भारत और मालदीव आज शिलांग में एक अंतर्राष्ट्रीय फुटबाल मैत्रीपूर्ण मुकाबला खेलेंगे। मैच शाम 7 बजे से शुरू होगा। 25 मार्च को बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले एएफसी एशियाई कप क्वालीफायर के लिए यह एक रिहर्सल मैच है।
———————————–
बैडमिंटन में त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की भारतीय जोड़ी स्विस ओपन में महिला डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंच गई हैं। त्रिसा और गायत्री का मुकाबला कल प्री-क्वार्टर फाइनल में जर्मनी की जोड़ी सेलिन हब्सच और एमिली लेहमैन से होगा।
———————————–
मिश्रित वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू शेयर बाजार आज दोपहर में मामूली बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। अब से कुछ देर पहले सेंसेक्स 199 अंक बढ़कर 75 हजार 501 पर था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 86 अंक बढ़कर 22 हजार 920 पर पहुंच गया।
———————————–
अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-
- भारत की, वर्ष 2035 तक अपना अंतरिक्ष स्टेशन बनाने और वर्ष 2040 तक चंद्रमा पर अंतरिक्ष यात्री भेजने की योजना।
- राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सुनीता विलियम्स की अंतरिक्ष से सुरक्षित वापसी पर नासा को बधाई दी।
- पंजाब के प्रदर्शनकारी किसानों और केंद्र तथा राज्य सरकार के प्रतिनिधियों के बीच चंडीगढ़ में वार्ता फिर शुरू।
- गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने कहा–केंद्र आतंकवाद को खत्म करने के लिए कड़े कदम उठा रहा है।
- भारत और मालदीव की टीमें आज शाम शिलंग में एक अंतरराष्ट्रीय फुटबाल मैत्री मैच खेलेंगे।
- और, भारत की ट्रीसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोडी, स्विस ओपन बैडमिंटन के महिला डबल्स के प्री-क्वार्टर फाइनल में पहुंची।
———————————–