Download
Mobile App

android apple
signal

March 11, 2025 3:32 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से बातचीत करेंगे। वे, आज शाम एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बठिंडा में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्‍होंने विश्वविद्यालय को न केवल भारत बल्कि विदेशों की विभिन्न संस्कृतियों का संगम बताया।
  • सरकार अगले तीन वर्षों में देश के हर जिले में डे केयर कैंसर सेंटर खोलेगी।
  • केंद्र ने उड़द दाल के शुल्क मुक्त आयात को अगले वर्ष 31 मार्च तक बढ़ाया।
  • खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ का निलंबन हटाया।
  • और, विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री-2025 आज नई दिल्ली में शुरू होगा।

 

—————————————————

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी दो दिन की यात्रा पर आज सुबह मॉरि‍शस पहुंचे। मॉरि‍शस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम ने श्री मोदी का हवाई अड्डे पर भव्य और गर्मजोशी से स्वागत किया। सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने उनके स्‍वागत के लिए प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम की उपस्थिति पर आभार व्‍यक्‍त किया। श्री मोदी ने कहा कि यह यात्रा घनिष्‍ठ मित्र से मिलने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग के नए रास्ते तलाशने का शानदार अवसर है। प्रधानमंत्री मोदी ने राष्ट्रपति धरम गोखूल से मुलाकात की और उन्‍हें महाकुंभ का पवित्र जल भी सौंपा। प्रधानमंत्री मोदी का आज प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम के साथ बैठक करने का कार्यक्रम है और वे एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

 

भारतीय समुदाय के लोगों ने भी होटल में प्रधानमंत्री का स्‍वागत किया। भारतीय नर्तकों और गायकों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।

 

प्रधानमंत्री ने भारतीय समुदाय का आभार प्रकट करते हुए कहा कि मॉरिशस के भारतीय समुदाय का भारत की विरासत, संस्‍कृति और मूल्‍यों से गहरा जुड़ाव वास्‍तव में प्रेरणादायक है। अपनी यात्रा के दौरान श्री मोदी क्षमता निर्माण से लेकर बुनियादी ढांचे तक भारत द्वारा वित्तपोषित 20 से अधिक परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री, कल मुख्य अतिथि के रूप में मॉरिशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भी भाग लेंगे।

 

—————————————————

 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है कि पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय न केवल भारत बल्कि विदेशों की विभिन्न संस्कृतियों का संगम है। यहां विद्यार्थियों और शिक्षकों में भारत की विविधता दिखाई देती है। ऐसे संस्थान हमारे देश की जीवंत और समृद्ध संस्कृति के प्रतिनिधि संस्थान हैं। बठिंडा में आज विश्वविद्यालय के 10वें दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही। राष्‍ट्रपति ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में महिलाओं को आगे बढाना आवश्‍यक है। उन्‍होंने कहा कि नैतिकता ही सार्थक जीवन की आधारशिला है।

 

मुझे यह देखकर विशेष प्रसन्‍नता हुई कि आज के पदक विजेताओं में बेटियों की संख्‍या लगभग 65 पर्सेंट है। मैं इन होनहार बेटियों को बहुतबहुत बधाई देती हूं। महिलाओं का विकास समाज के विकास का दर्पण है। शिक्षित महिलाएं सुदृढ़ समाज का निर्माण करती हैं। बेटियां विकसित भारत के निर्माण के हमारे सपने को सुंदर स्‍वरूप प्रदान करेंगे।  

 

दीक्षांत समारोह में एक हजार 31 स्‍नात्‍कोत्‍तर डिग्री और साठ पीएचडी डिग्री तथा 43 स्‍वर्ण पदक प्रदान किये गये।

 

—————————————————

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पूर्वोत्तर के छात्रों को काम के लिए अपने क्षेत्र से बाहर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्हें वहीं रोजगार के अवसर मिलेंगे। श्री शाह ने आज नई दिल्ली में स्टूडेंट्स एक्सपीरियंस इन इंटर-स्टेट लिविंग द्वारा आयोजित युवा संसद में पूर्वोत्तर के छात्रों को संबोधित करते हुए यह बात कही। श्री शाह ने कहा कि वाइब्रेंट विलेज कार्यक्रम में 480 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जिसका खास तौर पर लाभ अरुणाचल प्रदेश को मिलेगा।

 

—————————————————

 

केंद्र सरकार अगले तीन साल में देश के हर जिले में डे केयर कैंसर सेंटर खोलेगी। आज राज्यसभा में एक पूरक प्रश्न का उत्तर देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने कहा कि 2025-26 में दो सौ डे केयर कैंसर सेंटर खोले जाएंगे। हाल ही में आई एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए श्री नड्डा ने कहा कि आयुष्मान भारत-पीएम जन आरोग्य योजना के क्रियान्वयन से कैंसर रोगियों का स्क्रीनिंग के 30 दिनों के भीतर उपचार शुरू हो जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने के लिए काम कर रही है।

 

इस नेशनल हेल्‍थ मिशन के तहत हेल्‍थ को हम अफोर्डेबल, एक्सेसेबल और उसके साथसाथ इक्विटेबल बनाने के लिए हम क्‍वालिटी हेल्‍थ केयर देने का प्रयास एन एच एम के माध्‍यम से कर रहे हैं और उसमें हम बहुत तरीके के सपोर्ट कर रहे हैं। टेक्निकल सपोर्ट भी कर रहे हैं, मैनपावर सपोर्ट भी कर रहे हैं, फाइनेंशियल सपोर्ट भी कर रहे हैं।   

 

—————————————————

 

सरकार ने उड़द दाल के शुल्क मुक्त आयात को अगले वर्ष 31 मार्च तक के लिए बढ़ा दिया है। विदेश व्यापार महानिदेशालय की एक अधिसूचना में यह जानकारी दी गई है। पहले यह प्रावधान इस वर्ष मार्च के अंत तक के लिए लागू था। इस पहल से घरेलू बाजारों में उड़द की कीमतों को स्थिर करने में मदद मिलेगी। म्यांमा, भारत को उड़द निर्यात करने वाला मुख्य देश है।

 

—————————————————

 

खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ पर लगा निलंबन हटा दिया है। इस निर्णय से जॉर्डन के अम्मान में आगामी एशियाई चैम्पियनशिप के लिए चयन ट्रायल सहित अन्य गतिविधियों को फिर से शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।

 

—————————————————

 

और अब खेल खबरों के साथ हैं प्रशांत कुमार

 

विश्व पैराएथलेटिक्स ग्रां प्री प्रतियोगिता आज से नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुरू होगी। तीन दिन की इस प्रतियोगिता में 20 देशों के कुल 250 पैराएथलीट भाग लेंगे, इनमें 145 भारतीय और 105 अंतर्राष्‍ट्रीय प्रतिस्‍पर्धी शामिल हैं। भारत पहली बार इतनी बडी पैराएथले‍टिक प्रतियोगिता की मेज़बानी कर रहा है। वहीं, भारत के युकी भांबरी और स्वीडन के उनके जोड़ीदार आंद्रे गोरानसन ने अमरीका के कैलिफोर्निया में इंडियन वेल्स ओपन टेनिस प्रतियोगिता के पुरुष डबल्‍स के प्रीक्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। प्रीक्वार्टर फाइनल में इस जोडी का मुकाबला आज रात फिनलैंड के हैरी हेलियोवारा और ब्रिटेन के हेनरी पैटन की दूसरी वरीयता प्राप्त जोड़ी से होगा। ऑल इंग्लैंड बैडमिंटन चैंपियनशिप आज से बर्मिंघम में शुरु हो रही है। महिला सिंगल्‍स में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारत की पी वी सिंधु और विश्व की 28वें नंबर की खिलाड़ी मालविका बंसोड हिस्‍सा ले रही हैं, जबकि लक्ष्य सेन और एच.एस. प्रणॉय पुरुष सिंगल्‍स में भाग लेंगे।

 

—————————————————

 

केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने आज नई दिल्ली में भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार द्वारा ‘वास्तुकला के माध्यम से भारतीय विरासत’ पर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार के 135वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित की गई। श्री शेखावत ने यह भी कहा कि इस डिजिटलीकरण कार्यक्रम की सफलता ने ज्ञान भारतम मिशन को गति दी है।

 

—————————————————

 

मौसम विभाग ने गुजरात और राजस्थान के कई स्थानों में आज भीषण लू चलने का संभावना व्‍यक्‍त की है। कोंकण, गोवा और तटीय कर्नाटक में गर्मी और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने कल तक उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कराईकल, लक्षद्वीप और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के कुछ हिस्सों में तेज़ हवाओं के साथ गरज के साथ बारिश होने की संभावना व्‍यक्‍त की है।

 

—————————————————

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज मॉरीशस के प्रधानमंत्री नवीनचंद्र रामगुलाम से बातचीत करेंगे। वे, आज शाम एक सामुदायिक कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।
  • राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बठिंडा में पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह को संबोधित किया। उन्‍होंने विश्वविद्यालय को न केवल भारत बल्कि विदेशों की विभिन्न संस्कृतियों का संगम बताया।
  • सरकार अगले तीन वर्षों में देश के हर जिले में डे केयर कैंसर सेंटर खोलेगी।
  • केंद्र ने उड़द दाल के शुल्क मुक्त आयात को अगले वर्ष 31 मार्च तक बढ़ाया।
  • खेल मंत्रालय ने भारतीय कुश्ती महासंघ का निलंबन हटाया।
  • और, विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रां प्री-2025 आज नई दिल्ली में शुरू होगा।

 

—————————————————