Download
Mobile App

android apple
signal

March 10, 2025 3:31 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शिक्षा नीति और परिसीमन के मुद्दों पर हंगामे के साथ शुरू हुआ; शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने डीएमके पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
  • वानुआतु के प्रधानमंत्री ने भगोड़े ललित मोदी का पासपोर्ट रद्द करने का आदेश दिया।भारत ने चीन और जापान से आने वाले जल उपचार रसायनों पर नौ सौ 86 डॉलर प्रति टन तक एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया।
  • मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत और 26 घायल।
  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला गुजरात जायंट्स से।

********************

बजट सत्र के दूसरे चरण के पहले दिन आज संसद के दोनों सदनों में शोर-शराबा हुआ। तमिलनाडु में राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति पर अमल को लेकर लोकसभा में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान की टिप्पणी पर डीएमके और कांग्रेस सांसदों ने विरोध प्रदर्शन किया। शोर-शराबे के बीच सदन की बैठक 12 बजे तक स्‍थगित करनी पड़ी। प्रश्नकाल के दौरान डीएमके सांसद टी. सुमति उर्फ ​​थमिझाची थंगापांडियन ने तमिलनाडु को धन आवंटित करने का मुद्दा उठाया। इसका जवाब देते हुए श्री प्रधान ने आरोप लगाया कि डीएमके ने पीएम श्री योजना तमिलनाडु में लागू करने के लिए एक समझौता ज्ञापन पर हस्‍ताक्षर किए थे, लेकिन बाद में वह इससे मुकर गई। उन्‍होंने कहा कि कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश जैसे कांग्रेस शासित राज्‍यों ने भी राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति-2020 को लागू करने के लिए समझौता ज्ञापनों पर हस्‍ताक्षर किए थे। उन्‍होंने आरोप लगाया कि डीएमके तमिलनाडु के विद्यार्थियों के प्रति वचनबद्ध नहीं है और वह उनके भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

श्री प्रधान की टिप्पणी के बाद डीएमके और कांग्रेस के सदस्य हंगामा करने लगे। अध्‍यक्ष ने हंगामे के बीच प्रश्नकाल चलाने की कोशिश की। बाद में उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर 12 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

दोपहर 12 बजे सदन की बैठक जैसे ही फिर शुरू हुई, तो डीएमके सांसद कणिमोझी ने कहा कि राष्‍ट्रीय शिक्षा नीति को लेकर तमिलनाडु सरकार को आपत्ति है। उन्‍होंने कहा कि डीएमके को त्रिभाषा फार्मूला स्‍वीकार्य नहीं है। उन्‍होंने शिक्षा मंत्री पर तमिलनाडु के लोगों के प्रति आपत्तिजनक शब्‍द इस्‍तेमाल करने का आरोप लगाया। मंत्री ने स्‍पष्‍ट किया कि उनकी मंशा किसी का अपमान करने की नहीं थी। उन्‍होंने इस्‍तेमाल किए गए अपने कुछ शब्‍द वापस भी लिए।

********************

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने आज लोकसभा में वर्ष 2024-25 के लिए दूसरे चरण की अनुपूरक अनुदान मांग पेश की। उन्होंने सदन में वर्ष 2025-26 के लिए मणिपुर से संबंधित बजट भी पेश किया।

********************

राज्‍यसभा में सदन की बैठक आज सुबह जैसे ही शुरू हुई उपसभापति हरिवंश ने दक्षिणी राज्‍यों में परिसीमन के मुद्दों को लेकर विपक्षी प‍ार्टियों के स्‍थगन नोटिस पेश करने की अनुमति नहीं दी। विपक्षी दलों ने कथित डुप्‍लीकेट मतदाता पहचान संख्‍या और अन्‍य मुद्दों को लेकर स्‍थगन का नोटिस देने का प्रयास किया था। कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके और अन्य दलों के सदस्‍य इस मुद्दे को लेकर नारेबाजी करने लगे। उपसभापति ने सदस्‍यों से अपील की कि वे अपनी सीटों पर वापस चले जाएं और सदन की कार्यवाही चलने दें। बाद में कांग्रेस, टीएमसी, डीएमके, समाजवादी पार्टी और अन्‍य सदस्‍यों ने इस मुद्दे पर वाकआउट किया। सदन के नेता जे.पी.नड्डा ने विपक्षी दलों पर आरोप लगाया कि वे सदन से वॉकआउट करके गैर-जिम्‍मेदाराना दृष्टिकोण अपना रहे हैं। उन्‍होंने कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर बहस के लिए तैयार है।

********************

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल से दो दिवसीय यात्रा पर मॉरीशस पहुंचेंगे। प्रधानमंत्री मॉरीशस के राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मॉरीशस में 12 मार्च को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय दिवस समारोह की तैयारियां जोरों पर हैं।

मॉ‍रीशस को 12 मार्च 1968 में ब्रिटिश राज से आजादी मिली थी। इसलिए हर वर्ष 12 मार्च को मॉरीशस में राष्‍ट्रीय दिवस मनाया जाता है। वर्ष 2015 के बाद प्रधानमंत्री श्री मोदी दूसरी बार मॉरीशस के राष्‍ट्रीय दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं। आज मॉरीशस की राजधानी पुर्तगाल में नेशनल डे के मौके पर होने वाली परेड के लिए फुल ड्रेस रिहर्सल हो रही है। इस परेड में भारतीय मार्चिंग दस्‍ता भी शामिल होगा। इसके अलावा भारतीय नौसेना का एक शिप भी इस मौके पर मॉ‍रीशस पहुंच रहा है साथ ही भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्‍काई डाइविंग टीम भी इस परेड में भाग लेगी

********************

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने आकाशवाणी समाचार को दिए विशेष साक्षात्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मॉरीशस यात्रा के बारे में जानकारी दी।

भारत के माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्‍द्र मोदी जी मॉरीशस की यात्रा पर 11-12 मार्च को जाएंगे। इसका मुख्‍य उद्देश्‍य है मॉरीशस का 12 मार्च को जो नेशनल डे मनाया जाता है। स्‍वतंत्रता दिवस मनाया जता है, उसमें मुख्‍य अतिथि के रूप में भाग लेंगे इसके अलावा स्‍टेट विजिट के दौरान माननीय प्रधानमंत्री वहां के राष्‍ट्रपति वहां के प्रधानमंत्री और वहां के अन्‍य विशिष्‍ट गण उनसे बातचीत होगी। इस प्रोग्राम का उनके दौरे का एक विशेष पहलू रहेगा कि वहां पर जो भारतीय मूल के लोग रह रहे हैं उनसे उनकी वार्तालाप होगी।

********************

वानुआतु के प्रधानमंत्री जोथम नापत ने देश के नागरिकता आयोग को आदेश दिया है कि वह इंडियन प्रीमियर लीग के पूर्व प्रमुख भगोड़े ललित मोदी को जारी किया गया वानुआतु पासपोर्ट रद्द करे।

यह निर्णय ललित मोदी के बारे में हाल ही में अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के खुलासे के बाद किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को, भारत के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की थी कि ललित मोदी ने लंदन में भारतीय उच्चायोग में अपना भारतीय पासपोर्ट जमा करने के लिए आवेदन किया था। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि उनके अनुरोध की समीक्षा मौजूदा नियमों और प्रक्रियाओं के अनुसार की जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत, अपने कानून के अनुसार ललित मोदी के खिलाफ कार्रवाई जारी रखेगा। ललित मोदी आईपीएल प्रमुख के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान करोड़ों रुपये के गबन के आरोप में भारतीय अधिकारियों द्वारा वांछित हैं। ललित मोदी ने 2010 में भारत छोड़ दिया और तब से वह लंदन में रह रहा है।

********************

भारत ने चीन और जापान से आयात होने वाले जल उपचार में प्रयुक्त रसायनों पर, पांच साल के लिए, नौ सौ  86 अमरीकी डॉलर प्रति टन तक का डंपिंग-रोधी शुल्क लगाया है। यह कदम घरेलू उद्योग को सस्ते आयात से बचाने के लिए उठाया गया है। वित्त मंत्रालय ने अपनी अधिसूचना में कहा कि यह निर्णय वाणिज्य मंत्रालय की जांच शाखा, व्यापार उपचार महानिदेशालय की सिफारिशों के बाद लिया गया है।

********************

मध्य प्रदेश के सीधी जिले में सड़क दुर्घटना में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 अन्य घायल हो गए। इनमें से कुछ घायलों की हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार, हादसा कोतवाली थाना क्षेत्र में हुआ। घायलों को इलाज के लिए रीवा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया है।

उधर, महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिले में आज सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक के पलट जाने से चार मजदूरों की मौत हो गई और 13 घायल हो गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ट्रक में करीब 17 मजदूर सवार थे। ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया और ट्रक पलट गया। घायलों को अस्पताल ले जाया गया और जहां उनका इलाज चल रहा है।

********************

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में प्रवर्तन निदेशालय शराब घोटाला मामले में 14 स्थानों पर तलाशी अभियान चला रहा है। यह अभियान धन शोधन निवारण अधिनियम, 2002 के तहत चलाया जा रहा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, उनके बेटे और करीबी सहयोगियों के आवासों पर तलाशी ली जा रही है। यह घोटाला विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गबन किए गए कुल दो हजार करोड़ रुपये से संबंधित है

********************

आकाशवाणी का समाचार सेवा प्रभाग, हिन्दी और अंग्रेजी में अपने साप्‍ताहिक फोन-इन कार्यक्रम “पब्लिक स्पीक” में, आज रात साढे नौ बजे “ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी” विषय पर परिचर्चा प्रसारित करेगा। इसमें भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के निदेशक निशांत कुमार और दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ के संयुक्त आयुक्त रजनीश गुप्ता के साथ चर्चा प्रसारित की जायेगी।

श्रोता हमारे टेलीफोन नंबर 0 1 1 – 2 3 4 2 1 0 5 0 और 0 1 1 – 2 3 3 1 4 4 4 4 पर प्रश्‍न पूछे जा सकते हैं।

********************

कंबोडिया के सिएम रीप क्षेत्र में आज तीसरा भारत-कंबोडिया विदेश कार्यालय विचार-विमर्श आयोजित किया गया। इसमें राजनीतिक सहयोग, व्यापार और निवेश, रक्षा और सुरक्षा, विकास सहायता, विरासत संरक्षण और जीर्णोद्धार तथा वाणिज्यिक मुद्दों सहित द्विपक्षीय संबंधों के सभी पहलुओं की समीक्षा की गई। दोनों पक्षों ने आपसी हित के क्षेत्रीय और बहुपक्षीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया।

********************

भारतीय मौसम विभाग ने आज कोंकण, गोवा और गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर लू चलने का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। आकाशवाणी समाचार से विशेष बातचीत में विभाग की वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने बताया कि जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में आज तेज बारिश हो सकती है।

एक पश्चिम विक्षोभ काफी पीछे हैं मगर इससे इफेक्‍ट आज से शुरू हो गई हैं। नॉर्थ ईस्ट इंडिया में और खासकर आज रात से लेकर कल सुबह तक बारिश की मात्रा और ठंडर स्‍टॉर्म  एक्टिविटी की संभावना है। मेनली जम्‍मू-कश्‍मीर और हिमाचल प्रदेश में … से ज्‍यादा इफेक्‍ट नहीं पडेगा मगर पंजाब, हरियाणा, दिल्‍ली इन सभी राज्‍यों में जैसे ये पश्चिम विक्षोभ आगे आएगी तो 13-14 तारीख को बारिश दोबारा बढेगी। आपका पूरा नॉर्थ ईस्‍ट इंडिया में जिसके चलते भारी वर्षा होने की संभावना है। ठंडर स्‍टॉर्म एक्टिविटी होने की संभावना है नॉर्थ ईस्ट इंडिया में।

********************

महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा। मैच मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में शाम साढ़े सात बजे शुरू होगा। मुंबई और गुजरात दोनों ही दिल्ली कैपिटल्स के साथ प्लेऑफ में जगह बना चुके हैं। आज के मैच में टूर्नामेंट के पहले फाइनलिस्ट का निर्धारण हो सकता है।

********************

मुख्य समाचार एक बार फिर

  • संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण शिक्षा नीति और परिसीमन के मुद्दों पर हंगामे के साथ शुरू हुआ; शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने डीएमके पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
  • वानुआतु के प्रधानमंत्री ने भगोड़े ललित मोदी का पासपोर्ट रद्द करने का आदेश दिया।
  • भारत ने चीन और जापान से आने वाले जल उपचार रसायनों पर नौ सौ 86 डॉलर प्रति टन तक एंटी-डंपिंग शुल्क लगाया।
  • मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में दो अलग-अलग दुर्घटनाओं में 12 लोगों की मौत और 26 घायल।
  • महिला प्रीमियर क्रिकेट लीग में आज शाम मुंबई इंडियंस का मुकाबला गुजरात जायंट्स से होगा।