Download
Mobile App

android apple
signal

March 9, 2025 3:53 PM

printer

दोपहर समाचार

 

मुख्‍य समाचार :-

 

  • भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के बहुप्रतीक्षित फाइनल को लेकर लोगों का उत्‍साह चरम पर। न्‍यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया।

  • केंद्रीय गृहसचिव केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्‍मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।

  • भारत ने अमरीका के कैलिफोर्निया में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

  • सीरिया में सुरक्षा बलों और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर-अल-असद के समर्थकों के बीच झड़पों में मृतकों की संख्या एक हजार से अधिक हुई।

  • खेलो इंडिया शीतकालीन खेल-2025 आज शाम जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शुरू होंगे।

 

 

———-

 

 

आई.सी.सी. चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट प्रतियोगिता का बहुप्रतीक्षित खिताबी मुकाबला दुबई में भारत और न्‍यूजीलैंड के बीच कुछ ही देर में शुरू होगा। न्‍यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्‍लेबाजी का फैसला किया है। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अब तक शानदार खेल का प्रदर्शन किया है और वो अपराजित रही

 

दुनिया भर के क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें आज दुबई पर हैं। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में रोहित शर्मा की अगुआई में अजेय भारतीय टीम मिशेल सेंटनर की न्यूजीलैंड के खिलाफ़ खेलने उतरेगी। भारतीय टीम का उत्साहवर्धन करने के लिए हज़ारों की संख्या में प्रशंसक दुबई में मौजूद हैं।

 

“दोनों टीमों का सामना पहले ही ग्रुप स्टेज में हो चुका है, जहां भारत ने न्यूजीलैंड को पहली और एक मात्र बार इस टूर्नामेंट में हार का स्वाद चखाया था। दुबई की पिच गेंदबाजों के लिए स्वर्ग रही है। इस मैदान पर स्पिन गेंदबाजों का दबदबा रहा है, और बाद के ओवरों में बल्लेबाजों को चुनौती का सामना करना पडा है। दोनों टीमें शुरुआती पावर प्ले का फायदा उठाना चाहेंगी। मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के उप कप्तान शुभन गिल ने टीम की क्षमताओं पर भरोसा जताया। दुबई में शाम को कम ओस पड़ने की उम्मीद है। अगर इतिहास पर नज़र डालें तो दोनों टीमों ने 119 एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में एक दूसरे का सामना किया है, जिसमें भारत ने 61 बार जीत दर्ज की हैं जबकि न्यूज़ीलैंड ने 50 मैचों में जीत हासिल की है। लेकिन यहां सबसे ज़्यादा महत्वपूर्ण है- ICC नॉकआउट मैचों में न्यूज़ीलैंड को 3-1 की बढ़त। न्‍यूजीलैंड ने वर्ष 2000 चैंपियंस ट्रॉफी फ़ाइनल, 2019 में विश्व कप सेमीफ़ाइनल और 2023 में विश्व टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल में जीत हासिल की है। आज जब दोनों टीमों के खिलाड़ी मैदान पर उतरेंगे, तो क्रिकेट प्रशंसकों को भारत की दमदार बैटिंग और न्यूज़ीलैंड के शानदार बॉलिंग अटैक के बीच एक बेहद रोमांचक मुक़ाबले की उम्मीद होगी। दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से विशाल शर्मा। दोनों दिग्गज टीमों के बीच रोमांचक खिताबी मुकाबले का दुनियाभर के क्रिकेट प्रशंसकों को बेसब्री से इंतज़ार है। इधर, देश में भी क्रिकेटप्रेमियों में इस मैच को लेकर जबर्दस्‍त उत्‍साह देखने को मिल रहा है।”

 

 

भारत में भी क्रिकेट फैंस में खास उत्‍साह है। दिल्‍ली की मुख्‍यमंत्री रेखा गुप्‍ता ने खिताबी मुकाबले के लिए भारतीय टीम को शुभकामनाएं दी हैं।

 

मध्‍य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री मोहन यादव ने विश्‍वास व्‍यक्‍त किया कि हमारी टीम की मेहनत रंग लाएगी और भारत की ही जीत होगी।

 

लखनऊ में क्रिकेट प्रेमियों ने खिताबी मुकाबले में टीम इंडिया की जीत के लिए प्रार्थनाएं की। वहीं मुंबई में युवा प्रशंसक इस मैच का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

 

फैंस को भारत की मजबूत बल्‍लेबाजी ओर गेंदबाजी आक्रमण पर पूरा भरोसा है। समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

———-

 

 

केन्‍द्रीय गृह सचिव गोविन्‍द मोहन, अर्धसैनिक बलों और खुफिया एजेंसियों के शीर्ष अधिकारियों के साथ आज जम्‍मू में एक उच्‍चस्‍तरीय बैठक में केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्‍मीर की सुरक्षा स्थिति की समीक्षा बैठक की अध्‍यक्षता कर रहे हैं। बैठक में वरिष्‍ठ पुलिस और सुरक्षा अधिकारी जम्‍मू क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति का आकलन करेंगे और आतंकवाद के खात्‍मे की रणनीतियों के बारे में जानकारी देंगे। बैठक में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, इंटेलिजेंस ब्‍यूरो और गृह मंत्रालय के वरिष्‍ठ अधिकारी भी शामिल हैं। गृह सचिव का कार्यभार संभालने के बाद जम्‍मू क्षेत्र में श्री गोविन्‍द मोहन की यह पहली सुरक्षा समीक्षा बैठक है। इससे पहले, उन्‍होंने कश्मीर में सुरक्षा स्थिति का आकलन किया था।

 

इस बीच, सीमा सुरक्षा बल के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी कल जम्मू पहुंचे और उन्‍होंने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ भी चर्चा की।

 

———-

 

भारत ने अमरीका में कैलिफोर्निया के चिनो हिल्स में एक हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की घटना की निंदा की है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने नई दिल्‍ली में कहा कि मंत्रालय ने स्थानीय अधिकारियों से तोड़फोड़ के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का अनुरोध किया है। मंत्रालय ने पूजा स्थलों की पर्याप्त सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा है।

 

 

———-

 

 

केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी के नेतृत्व में एक भारतीय प्रतिनिधिमंडल कल न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में शुरू होने वाले महिलाओं की स्थिति पर आयोग के 69वें सत्र में भाग लेगा।

 

“महिला और बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी मंत्रिस्तरीय गोलमेज़ सम्मेलन में भाग लेंगी। सम्‍मेलन में सभी महिलाओं और लड़कियों के समग्र विकास और सशक्तिकरण के लिए भारत सरकार की महत्‍वपूर्ण पहलों की जानकारी दी जाएगी। इन पहलों में स्वास्थ्य और कल्याण, महिला नेतृत्व और निर्णय लेने की क्षमता को बढ़ावा देना तथा महिलाओं के लिए कठोर परिश्रम को कम करना शामिल है। मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा है कि केंद्रीय मंत्री महिलाओं और लड़कियों के सशक्तिकरण पर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा में भी भाग लेंगी। रहिसुद्दीन की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।”

 

 

———-

 

 

स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि भारत सार्वजनिक स्वास्थ्य के नए युग में प्रवेश कर चुका है और सरकार सार्वभौमिक स्वास्थ्य कवरेज को बढ़ाने पर ध्यान दे रही है। आज नई दिल्ली में राष्ट्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण संस्थान के 48वें वार्षिक दिवस समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार लोगों के लिए स्वास्थ्य सेवा को सुलभ और किफायती बना रही है। उन्होंने यह भी कहा कि देश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या 2014 में तीन सौ 80 थी जो 2024 में दोगुने से भी अधिक बढकर सात सौ 87 हो गई है।

 

———-

 

 

संसद के बजट सत्र का दूसरा चरण कल से शुरु होगा और 4 अप्रैल तक चलेगा।

 

“सत्र के दौरान सदन की 20 बैठकें होंगी और वर्ष 2024-25 के लिये अनुदान की मांगों और विनियोग विधेयक पर चर्चा होगी और मतदान होगा। इसके अलावा बैंकिंग कानून (संशोधन) विधेयक, तटीय नौवहन विधेयक-2024, त्रिभुवन सहकारी विश्‍वविद्यालय विधयेक, आव्रजन और विदेशी विधेयक-2025 तथा रेलवे (संशोधन) विधेयक सहित कई विधायी कार्यो पर चर्चा होगी और इन्‍हें पारित किया जाएगा। पहले चरण में लोकसभा में एक सौ बारह प्रतिशत काम हुआ था। अनुपम की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।”

 

———-

 

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी मंगलवार को मॉरीशस की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। नई दिल्‍ली में कल संवाददाताओं से बातचीत में विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मॉरीशस के राष्‍ट्रीय दिवस समारोह में मुख्‍य अतिथि‍ होंगे। श्री मोदी मॉरीशस के राष्‍ट्रपति धर्मवीर गोखुल से मिलेंगे और प्रधानमंत्री नवीन चन्‍द्र राम गुलाम तथा अन्‍य वरिष्‍ठ नेताओं के साथ विचार विमर्श करेंगे। वे मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री शिव सागर राम गुलाम और पूर्व राष्ट्रपति अनिरूद्ध जगन्‍नाथ को श्रद्धांजलि देने के लिए शिव सागर राम गुलाम बॉटनिकल गार्डन जाएंगे।

 

 

———-

 

 

केंद्रीय पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्‍द्र यादव ने मध्‍यप्रदेश के माधव राष्‍ट्रीय उद्यान को देश का 58वां बाघ अभयारण्‍य बनाए जाने की घोषणा की है। एक सोशल मीडिया पोस्‍ट में श्री यादव ने कहा कि यह उन वन अधिकारियों के अनवरत प्रयासों का प्रमाण है जो वन्‍य जीवन संरक्षण के लिए नि:स्‍वार्थ भाव से कार्य कर रहे हैं। श्री भूपेंद्र यादव की पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्‍यक्‍त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत वन्यजीव विविधता और वन्य जीवन को महत्‍व देने की संस्कृति वाला देश है।

 

 

———-

 

 

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने आज नई दिल्ली में महिला बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शहर भर से महिलाओं ने इस रैली में हिस्सा लिया है। श्रीमती गुप्ता ने कहा कि इस आयोजन से महिलाओं के बीच उत्साह और सकारात्मक माहौल के साथ-साथ आत्मनिर्भता को भी बढ़ावा मिलेगा।

 

वो पूरी दिल्‍ली की महिलाओं के लिए एक प्रेरणा है। जोडिये इसको सबसे, वो बेटी जो घर से निकलते हुए डर रही है, उसको ये विश्‍वास दिलाना है कि चिंता मत कर तेरे साथ हम खड़े हैं, उसको हाथ पकड़ के उसकी हैंड होल्डिंग करके उसको लेकर आइये ताकि उसके सपनों को उड़ान मिल सके।

 

———-

 

 

सीरिया में, देश के सुरक्षा बलों और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर-अल-असद के समर्थकों के बीच दो दिनों तक चली झड़पों में मरने वालों की संख्या एक हजार से अधिक हो गई है। बृहस्‍पतिवार को लताकिया प्रांत में शुरू हुई झड़पें अब भूमध्यसागर तट तक फैल गई हैं। ब्रिटेन स्थित युद्ध निगरानी समूह, सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने कहा है कि सात सौ 45 नागरिकों के अलावा, सरकारी सुरक्षा बलों के एक सौ 25 सदस्य और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर असद से जुड़े सशस्त्र समूहों के एक सौ 48 लोग मारे गए हैं। समूह ने यह भी कहा है कि लताकिया के कई क्षेत्रों में बिजली और पानी की आपूर्ति बाधित है। सीरिया में अपदस्थ राष्ट्रपति असद के अल्पसंख्यक अलावीते समुदाय के खिलाफ सरकार समर्थित बंदूकधारियों द्वारा हमले किए जा रहे हैं। यह समुदाय कई दशकों से असद का समर्थक रहा है।

 

 

———-

 

 

खेलो इंडिया शीतकालीन खेल 2025 का दूसरा चरण आज से जम्‍मू-कश्‍मीर के गुलमर्ग में शुरू हो रहा है। औपचारिक उद्घाटन सत्र की शुरूआत शाम साढ़े छह बजे एक लाइट शो, रात्रि स्‍कीइंग प्रदर्शन, और आतिशबाजी से होगी। आठ सौ खिलाड़ी तीन दिन तक चार प्रमुख स्‍पर्धाओं अल्‍पाइन स्‍कीइंग, स्‍की माउंटेनियरिंग, स्‍नो बोर्डिंग और नॉर्डिक स्‍कीइंग में हिस्‍सा लेंगे। जम्‍मू कश्‍मीर के उपराज्‍यपाल मनोज सिन्‍हा उद्घाटन सत्र में भाग लेंगे। शीतकालीन खेलों का पहला चरण 23 से 27 जनवरी तक लद्दाख में सफलतापूर्वक संपन्‍न हुआ था जहां आइस हॉकी और आइस स्‍केटिंग स्‍पर्धाएं आयोजित की गई थीं। 

 

 

———-

 

 

नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में मंगलवार से होने वाले विश्व पैरा एथलेटिक्स ग्रैंड प्रिक्स 2025 में भारत की ओर से 145 खिलाड़ी मैदान में उतरेंगे। यह आयोजन 13 मार्च तक चलेगा, जिसमें 19 देशों से आए 105 खिलाड़ी भाग लेंगे। सऊदी अरब, जर्मनी, कजाकिस्तान, उज्बेकिस्तान, फिलीपींस, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, नेपाल सहित कई अंतरराष्ट्रीय टीमें पहले ही नई दिल्ली पहुंच गई हैं। बाकी के देशों की टीम भी जल्‍द पहुंचेंगी।

 

 

———-

 

मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • भारत और न्यूजीलैंड के बीच दुबई में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला कुछ देर में शुरू। न्‍यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्‍लेबाजी का फैसला किया।

  • केंद्रीय गृहसचिव, केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्‍मीर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे हैं।

  • भारत ने अमरीका के कैलिफोर्निया में हिंदू मंदिर में तोड़फोड़ की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

  • सीरिया में सुरक्षा बलों और अपदस्थ राष्ट्रपति बशर-अल-असद के समर्थकों के बीच झड़पों में मृतकों की संख्या एक हजार से अधिक हुई।

  • खेलो इंडिया शीतकालीन खेल-2025 आज शाम जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में शुरू होंगे।

 

**********