Download
Mobile App

android apple
signal

March 7, 2025 3:24 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अब से कुछ देर में दादरा और नगर हवेली तथा दमन दीव के सिलवासा में दो हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उदघाटन करेंगे।
  • प्रधानमंत्री आज शाम गुजरात में सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान का शुभारंभ करेंगे।
  • गृहमंत्री अमित शाह ने तमिल सहित क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • किफायती स्वास्थ्य देखभाल और जेनेरिक दवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज जन औषधि दिवस मनाया जा रहा है।
  • अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा की प्रत्यर्पण के खिलाफ दायर याचिका खारिज की।
  • और, भारत के आयुष शेट्टी फ्रांस में चल रहे ऑर्लियंस मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

—————————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी आज गुजरात, केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली तथा दमण-दीव की दो दिन की यात्रा पर जाएंगे। वे वहां विभिन्‍न कार्यक्रमों में हिस्‍सा लेंगे। प्रधानमंत्री अब से कुछ देर में दादरा और नगर हवेली जिले के सिलवासा में दो हजार पांच सौ 87 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण तथा शिलान्यास करेंगे। वे सिलवासा में एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।

 

—————————————————–

 

प्रधानमंत्री आज शाम गुजरात के सूरत में सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान का शुभारंभ करेंगे। हमारी संवाददाता ने बताया है कि इस अवसर पर गुजरात के मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र पटेल भी उपस्थित रहेंगे।

 

सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान के तहत, दो लाख से ज्‍यादा ऐसे लाभार्थियों की पहचान की गई है, जिन्हें आज प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी द्वारा राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम का लाभ मिलेगा। यह पहल खाद्य सुरक्षा पहलो की पहुंच बढ़ाने और लोगों को आवश्यक पोषणयुक्त अनाज आसानी से उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों का एक हिस्सा है। कोविड-19 महामारी के दौरान एनएफएसए लाभार्थियों को अतिरिक्त मुफ्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए केंद्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना  शुरू की गई थी। सरकार ने इस योजना को जनवरी 2029 तक पांच सालो के लिए बढ़ा दिया है। अपर्णा खूंट, आकाशवाणी समाचार, अहमदाबाद।

 

—————————————————–

 

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 2027 तक भारत  दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। थक्कोलम में केन्‍द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल-सीआईएसएफ के 56वें ​​स्थापना दिवस पर जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।

 

हमारे प्रधानमंत्री जी ने 2027 तक देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाना और 47 तक एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना जो दुनिया में सर्वप्रथम हो यह दोनों संकल्प 140 करोड़ की आबादी के सामने रखें हैं। उस संकल्प की सुरक्षा में इस संकल्प की सिद्धि के लिए सीआईएसफ का योगदान बहुत महत्वपूर्ण है।

 

गृह मंत्री ने कहा कि तमिलनाडु ने राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और सरकार ने राजादित्य चोलन के गौरव को मान्यता दी है तथा उनके नाम पर सीआईएसएफ क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र का नाम रखा है। उन्होंने तमिल भाषा में मेडिकल की पढ़ाई शुरू न करने के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन की आलोचना की।

 

देश के भाषाभाषी भाषाओं में पढ़ने वाले हर युवा को एक बात जरूर बताना चाहता हूं। अब तक सीएपीएफ की भर्ती में आपकी मातृ भाषा का स्‍थान नहीं था। नरेन्‍द्र मोदी जी ने निर्णय किया कि सभी आठवीं सूची की अनुसूची की भाषाओं में अब हमारे युवा परीक्षा दे पाएंगे। तमिलनाडु के युवा भी अब तमिल में परीक्षा दे पाएंगे।

 

—————————————————–

 

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने कहा है कि भारत यूरोप के साथ मेलजोल बढ़ा रहा है। आयरलैंड के डबलिन यूनिवर्सिटी कॉलेज में अपने भाषण में, डाक्‍टर जयशंकर ने भारतीय अर्थव्यवस्था के विकास पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत और यूरोपीय संघ लगभग 23 वर्षों से मुक्त व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं। श्री जयशंकर ने उम्मीद जताई कि यह प्रक्रिया इस साल के अंत तक पूरी हो जाएगी।

 

विदेश मंत्री ने कहा कि भारत पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था है और इस दशक के अंत तक यह निश्चित रूप से तीसरे नम्‍बर पर पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि भारत और आयरलैंड के बीच व्यापार का स्तर बहुत मजबूत है और दोनों देशों की अग्रणी कंपनियों ने एक-दूसरे की अर्थव्यवस्थाओं में उपस्थिति दर्ज की है।

 

—————————————————–

 

आज जन औषधि दिवस है। जेनेरिक दवाओं के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए यह दिन मनाया जाता है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि रसायन और उर्वरक मंत्रालय ने इस पहल का समर्थन करने के लिए पूरे देश में सप्ताह भर की गतिविधियाँ आयोजित की हैं।

 

इस योजना के अंतर्गत बाजार की तुलना में 50 से 80 प्रतिशत कम कीमत पर दवाइयां उपलब्ध कराई जाती है। यह उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए केवल प्रमाणित निर्माताओं से खरीदी गई दवाइयां प्रदान करती है। इस पहल के तहत शुरू की गई प्रमुख पहलों में से एक सुविधा सेनेटरी नैपकिन है। देश के सभी जिलों में अब 15 हजार से ज्यादा जन औषधि केंद्र चालू है और इस योजना ने स्वरोजगार के लिए आशाजनक अवसर पैदा किया है। दीपेंद्र और भानु प्रताप सिंह के साथ अक्षत वैद्यान, आकाशवाणी समाचार दिल्ली।

 

—————————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि जन औषधि दिवस लोगों को उच्च गुणवत्ता और सस्ती दवाएं उपलब्ध कराने की सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री मोदी ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण दवाएं अब देश के हर कोने तक पहुंच रही हैं और जन औषधि मॉडल अब दुनिया को प्रेरित कर रहा है।

 

—————————————————–

 

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा है कि प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना, अच्छी भी, सस्ती भी मंत्र के साथ सभी के लिए स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी बदलाव ला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के दौर का उल्लेख करते हुए कहा कि यह पहल यह सुनिश्चित करती है कि प्रत्येक भारतीय को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं मिलें।

 

2027 तक प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी जी नेतृत्‍व में 25 हजार जन औषधि केंद्र खोलने का लक्ष्‍य रखा गया है जिससे और अधिक लोग सस्‍ती और अच्‍छी दवाओं का लाभ उठा सकें। हर साल सात मार्च को जन औषधि केंद्र के रूप में यह दिवस मनाया जाता है। इस वर्ष भी लगभग पांच हजार नए जन औषधि केंद्र खोले जाएंगे। मैं सभी से अपील करता हूं कि नजदीकी जन औषधि केंद्र पर जाएं, दवाएं लें और उनकी गुणवत्‍ता और किफायती कीमतों को खुद अनुभव करें।

 

केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा है कि यह पहल करोड़ों लोगों के जीवन को बेहतर बनाकर स्वास्थ्य के क्षेत्र में वरदान साबित हुई है।

 

डिपार्टमेंट ऑफ फॉर्मास्‍युटिकल के द्वारा जन औषधि, जन चेतना सप्‍ताह का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत विविध प्रकार की गतिविधियों के माध्‍यम से उसकी उपयोगिता और उसके लाभ के संबंध में आम जनमानस को जागरूक करने की ये कवायद की जा रही है।

 

—————————————————–

 

अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2008 के 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के आरोपी तहव्वुर राणा की याचिका खारिज कर दी है, जिसमें उसने भारत में प्रत्यर्पण रोकने की मांग की थी। एक रिपोर्ट

 

पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर राणा ने प्रत्यर्पण पर रोक लगाने के लिए आपातकालीन अर्जी दाखिल की थी। उन्होंने अपनी याचिका में तर्क दिया था कि भारत को उनका प्रत्यर्पण यातना के खिलाफ अमरीकी कानून और संयुक्त राष्ट्र कन्वेंशन का उल्लंघन होगा। याचिका में मेडिकल रिकॉर्ड का हवाला दिया गया है, जिसमें दिखाया गया है कि उसे कई गंभीर और जानलेवा रोग हैं। अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पिछले महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में राणा के प्रत्यर्पण को मंजूरी दी थी। समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

—————————————————–

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने बारबाडोस सरकार और लोगों के प्रति आभार प्रकट किया है। बारबाडोस सरकार ने कोविड के दौरान श्री मोदी के योगदान को सम्‍मानित करने के लिए उन्‍हें ऑनरेरी ऑर्डर ऑफ फ्रीडम ऑफ बारबाडोस पुरस्‍कार प्रदान किया है।

 

—————————————————–

 

श्रीलंका की नौसेना ने कल मछली पकड़ते समय अंतरराष्‍ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार करने के आरोप में तमिलनाडु के पंबन से 14 भारतीय मछुआरों को हिरासत में लिया। रामेश्वरम मछुआरा संघ के अनुसार, हिरासत में लिए गए मछुआरों को जांच के लिए मन्नार नौसैनिक अड्डे ले जाया गया।

 

—————————————————–

 

प्रवर्तन निदेशालय ने रियल एस्टेट धोखाधड़ी मामले में धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत डब्ल्यूटीसी समूह के प्रमोटर आशीष भल्ला को गिरफ्तार किया है। इस मामले में सुनियोजित साजिश के तहत हजारों निवेशकों से धोखाधड़ी की गई है।

 

—————————————————–

 

जम्मू – कश्मीर तथा लद्दाख उच्च न्यायालय ने ज़ोजिला दर्रे के जीरो पॉइंट पर स्लेजिंग और स्नो स्कूटर के प्रयोग सहित सभी व्यावसायिक गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा, न्यायालय ने पर्यावरण की सुरक्षा के लिए क्षेत्र में पॉलीथीन बैग और प्लास्टिक से संबंधित सामग्रियों के उपयोग पर प्रतिबंध लगा दिया है।

 

—————————————————–

 

तेलंगाना के नागरकुरनूल में श्रीशैलम लेफ्ट बैंक नहर में 22 फरवरी से फँसे आठ लोगों को बचाने के लिए, बचाव दल में एक डॉग स्क्वॉड शामिल किया गया है। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार डॉग स्क्वॉड आज सुबह सुरंग के अंदर फँसे लोगों का पता लगाने के लिए गई थी। बचाव दल फँसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने का भरसक प्रयास कर रहे हैं।

 

—————————————————–

 

मैसूरू आकाशवाणी केन्‍द्र की आज 90वीं वर्षगांठ है। इस अवसर पर आज एक समारोह आयोजित किया जा रहा है। आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ वहां सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘नूडी नाडा संगम’ का उद्घाटन करेंगी।

 

—————————————————–

 

पंजाब सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रोजेक्ट हिफाजतशुरू किया है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस को समर्पित इस पहल का उद्देश्य महिलाओं और बच्चों के खिलाफ हिंसा कम करना है।

 

—————————————————–

 

राष्ट्रीय महिला आयोग कल नई दिल्‍ली में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के सहयोग से अखिल भारतीय महिला अधिवक्ता सम्मेलन का आयोजन कर रहा है। दो दिन के सम्मेलन में देश के विभिन्न हिस्सों से करीब एक हजार अधिवक्ता भाग लेंगी।

 

—————————————————–

 

दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने आज नई दिल्ली में खेल गांव के पास अमृत जैव विविधता पार्क का उद्घाटन किया। मीडिया से बात करते हुए श्री सक्सेना ने कहा कि यह पार्क प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वायु गुणवत्ता में सुधार और शहर में हरित आवरण को बढ़ाने की प्रतिबद्धता की दिशा में एक कदम है।

 

हमारी कोशिश है कि दिल्ली के लोगों को स्‍वच्‍छ एटमॉस्फेयर दिया जाए जहां वो सवेरे शाम आएं और जो जगहों की कमी है दिल्ली में क्लीन और ग्रीन स्पेसिस की, उनको बढ़ाने की पूरी कोशिश की जा रही है। धीरेधीरे इसको और बढ़ाएंगे और दिल्ली के अंदर जो प्राइम मिनिस्‍टर साहब का जो सपना है कि हम दिल्ली के लोगों को क्‍लीन और ग्रीन एटमॉस्‍फेयर दें उसी कड़ी में ये सारे काम हो भी रहे हैं। यमुना की सफाई के ऊपर अभी दिल्ली सरकार पूरे जोरशोर से काम कर रही है।

 

—————————————————–

 

बैडमिंटन में, भारत के आयुष शेट्टी फ्रांस में चल रहे ऑर्लियंस मास्टर्स टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गए हैं। क्वार्टर फाइनल में उनका मुकाबला आज शाम डेनमार्क के रासमस गेम्के से होगा। विश्व रैंकिंग में 48वें स्थान पर मौजूद शेट्टी ने प्री-क्वार्टर फाइनल में हांगकांग के जेसन गुनावान को पराजित किया। 

 

—————————————————–

 

महिला प्रीमियर लीग क्रिकेट में आज लखनऊ में गुजरात जायंट्स का सामना डेल्‍ही कैपिटल्स से होगा। मैच शाम साढ़े सात बजे से खेला जाएगा।

 

—————————————————–

 

सीरिया में, आज तटीय प्रांत लताकिया में सीरियाई सुरक्षा बलों और अपदस्थ शासक बशर अलअसद के वफादार बंदूकधारियों के बीच हिंसक झड़पों में 70 से अधिक लोग मारे गए, जिनमें 16 सुरक्षाकर्मी भी शामिल हैं। इन झड़पों में कई लोग घायल भी हो गए।

 

—————————————————–

 

घरेलू शेयर बाजार में सेंसेक्स और निफ्टी दोपहर के कारोबार में लगभग सपाट कारोबार कर रहे थे। ताजा समाचार मिलने तक सेंसेक्स 47 अंक बढ़कर 74 हजार 387 पर पहुंच गया। नेशनल स्‍टॉक एक्‍सचेंज का निफ्टी 18 अंक की मामूली बढ़त के साथ 22 हजार 563 पर था।

 

—————————————————–

 

मौसम विभाग ने आज कोंकण, गोवा, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और यनम में अलग-अलग स्थानों पर गर्म और आर्द्र परिस्थितियों का अनुमान व्‍यक्‍त किया है। विभाग ने कहा कि इन क्षेत्रों में गर्म और आर्द्र मौसम की स्थिति कल तक जारी रहेगी। मौसम विभाग ने बताया है कि अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और सिक्किम के कुछ हिस्सों में आज बिजली गिरने और गरज के साथ बारिश की संभावना है। अगले 3 से 4 दिन में उत्तर-पश्चिम, मध्य भारत और गुजरात में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। 

 

—————————————————–

 

अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी अब से कुछ देर में दादरा और नगर हवेली तथा दमन दीव के सिलवासा में दो हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उदघाटन करेंगे।
  • प्रधानमंत्री आज शाम गुजरात में सूरत खाद्य सुरक्षा संतृप्ति अभियान का शुभारंभ करेंगे।
  • गृहमंत्री अमित शाह ने तमिल सहित क्षेत्रीय भाषाओं को बढ़ावा देने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
  • किफायती स्वास्थ्य देखभाल और जेनेरिक दवाओं के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए आज जन औषधि दिवस मनाया जा रहा है।
  • अमरीका के सुप्रीम कोर्ट ने मुंबई आतंकी हमले के दोषी तहव्वुर राणा की प्रत्यर्पण के खिलाफ दायर याचिका खारिज की।
  • और, भारत के आयुष शेट्टी फ्रांस में चल रहे ऑर्लियंस मास्टर्स बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष सिंगल्‍स के क्वार्टर फाइनल में पहुंचे।

 

—————————————————–