Download
Mobile App

android apple
signal

March 5, 2025 3:46 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रोजगार सृजन पर बजट उपरान्त वेबिनार को संबोधित किया। कहा- सरकार ने लोगों, अर्थव्यवस्था और नवाचार के साथ-साथ बुनियादी ढांचे तथा निवेश को एकसमान प्राथमिकता दी।
  • सरकार ने महिलाओं की भागीदारी बढाने के उद्देश्य से आदर्श महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत पहल की शुरूआत की।
  • रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी को हुई भगदड़ के बाद पांच वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया।
  • झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल।
  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा – उनके द्वारा लगाए गए टैरिफ शुल्क 2 अप्रैल से लागू होंगे।
  • और, लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका के साथ दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।

 

————————————————-

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि सरकार ने निवेश में बुनियादी ढांचे तथा उद्योगों को जितनी प्राथमिकता दी है, उतनी ही प्राथमिकता लोगों, अर्थव्यवस्था और नवाचार को भी दी है। रोजगार पर बजट के बाद एक वेबिनार को संबोधित करते हुए श्री मोदी ने कहा कि लोगों में निवेश का लक्ष्‍य तीन स्तंभों शिक्षा, कौशल और स्वास्थ्य सेवा पर टिका है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक टेलीमेडिसिन की सुविधा का विस्तार किया जा रहा है। डे-केयर कैंसर केंद्रों और डिजिटल स्वास्थ्य सेवा बुनियादी ढांचे के माध्यम से सरकार गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा को अंतिम छोर तक ले जाना चाहती है। उन्‍होंने कहा कि वेबिनार के विषय लोगों, अर्थव्यवस्था और नवाचार में निवेश विकसित भारत के रोडमैप को परिभाषित करते हैं।

 

इन्वेस्टिंग इन पीपल इकोनॉमी एंड इनोवेशन यह एक ऐसी थीम है जो विकसित भारत के रोड मैप को डिफाइन करती है। इस साल के बजट में आपको इसका प्रभाव भी बहुत बड़े स्केल पर दिख रहा है। इसलिए यह बजट भारत के भविष्य का ब्लूप्रिंट बनकर सामने आया है।

 

प्रधानमंत्री ने कहा कि इस बजट में घरेलू और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई फैसले लिये गए हैं। जिससे भारत एआई क्षमताओं को विकसित करने के लिए राष्ट्रीय वृहद भाषा मॉडल स्थापित करेगा।

 

स्किल इन इंडिया और लैंड ऑफ द बुद्धा इस अभियान के माध्यम से दुनिया भर के पर्यटकों को आकर्षित किया जा रहा है। भारत एक ग्लोबल स्तर का टूरिज्म एंड वैलनेस हब बने इस दिशा में प्रयास किया जा रहे हैं।

 

————————————————-

 

संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि नवाचार, समावेशिता और सतत विकास भारत के मूल मंत्र है। स्पेन के बार्सिलोना में मोबाइल वर्ल्ड कांग्रेस को सम्‍बोधित करते हुए श्री सिंधिया ने देश के प्रत्येक नागरिक की सेवा में आधार और भारतनेट की सफलता का उल्‍लेख किया।

 

उन्होंने नवाचार को नियामकों के साथ संतुलित करने की दिशा में भारत के प्रयासों के चार चरणों के बारे में भी बताया। इनमें स्पेक्ट्रम प्रबंधन, बाजार स्थिरता तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं को आसान बनाने के लिए दूरसंचार नियामक को प्रभावी करना और उपभोक्ता संरक्षण के लिए साइबर सुरक्षा प्रमुखता देना शामिल है।

 

————————————————-

 

पंचायती राज राज्य मंत्री प्रोफेसर एस. पी. सिंह बघेल तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने आज नई दिल्ली में आयोजित एक राष्ट्रीय सम्मेलन में पंचायती राज मंत्रालय की आदर्श महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत पहल की शुरुआत की। यह पहल मंत्रालय के अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस समारोह का एक हिस्सा है। सरकार ने महिलाओं की भागीदारी बढाने के उद्देश्य से इस पहल की शुरूआत की है। इसका उद्देश्य प्रत्येक जिले में कम से कम एक आदर्श महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत की स्थापना करना है।

 

————————————————-

 

दिल्ली मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक और रेलवे सुरक्षा बल के सहायक सुरक्षा आयुक्त समेत पांच वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया गया है। यह निर्णय 15 फरवरी को नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर हुई भगदड़ की घटना के संदर्भ में लिया गया है।

 

इस दुर्घटना में 18 यात्रियों की मृत्‍यु हो गई थी और 15 घायल हो गए थे।

 

आदेश के अनुसार पुष्पेश आर त्रिपाठी उत्तर रेलवे जोन में दिल्ली मंडल के नए मंडल रेल प्रबंधक होंगे।

 

————————————————-

 

झारखंड में पश्चिमी सिंहभूम जिले के बालिबा वन क्षेत्र में आज एक आईईडी विस्फोट में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल -सीआरपीएफ के तीन जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। हमारी संवाददाता ने बताया है कि तीनों जवानों को उपचार के लिए रांची ले जाया गया है।

 

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र में आज सुबह हुए एक भीषण आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की 209 बटालियन के तीन जवान घायल हो गए हैं। तीनों पुलिसकर्मियों को एयरलिफ्ट कर इलाज के लिए रांची लाया गया है। झारखण्ड के कई संवेदनशील इलाकों में नक्सल गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं। एक दिन पूर्व ही पश्चिमी सिंहभूम जिले के हुसीपी जंगल में टोंटो थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस बलों ने एक पुराने नक्सली डंप और भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद जब्त कर नष्ट कर दिया था। शिल्पी, आकाशवाणी समाचार, रांची।

 

————————————————-

 

समाजवादी पार्टी के विधायक अबू आसिम आजमी को मुगल बादशाह औरंगजेब विवाद के कारण  महाराष्ट्र विधानसभा से बजट सत्र के समापन तक निलंबित कर दिया गया है। राज्य मंत्री चंद्रकांत पाटिल ने सदन में निलंबन का प्रस्ताव रखा, जिसे ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। समाजवादी पार्टी की राज्य इकाई के अध्यक्ष आजमी ने कहा था कि औरंगजेब के शासनकाल में भारत की सीमाएं अफगानिस्तान और बर्मा (म्यांमार) तक फैली हुई थीं। उनकी टिप्पणी पर राज्य विधानमण्डल के दोनों सदनों में चर्चा हुई थी।

 

————————————————-

 

केंद्र शासित प्रदेश चंडीगढ़ में प्रदर्शनकारी किसानों के मार्च को रोकने के लिए पुलिस बल तैनात किया गए हैं। चंडीगढ़ पुलिस अधीक्षक गीतांजलि खंडेलवाल ने बताया कि शहर की ओर जाने वाली सभी सीमाओं पर बैरिकेडिंग कर दी गई है।

 

सारी बॉर्डर्स पर पुलिसकर्मी तैनात किए हैं। बेरीकेटिंग करी है और वहां पर स्‍ट्रीक्‍ट चेकिंग की जा रही है। हमारी पूरी कोशिश है कि रूट डायवर्जन हो और लोगों को कम से कम इन कन्वीनियंस हो पर जहांजहां हमारी चेकिंग की वजह से थोड़ा सा ट्रैफिक जाम होने की हमें अंदेशा है वहां पर हमने यह ट्रैफिक रूट्स डाइवर्ट करें हैं।

 

सोमवार को किसान यूनियनों को अपने मुद्दों को सुलझाने के लिए चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के साथ बातचीत के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन बैठक बेनतीजा रही।

 

————————————————-

 

पंजाब के अमृतसर में पुलिस ने जंडियाला के एक गांव से 23 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। पुलिस उप महानिरीक्षक सतिंदर सिंह ने कहा कि एक सूचना के आधार पर ऑपरेशन चलाया गया और एक स्थान से 23 पैकेट हेरोइन बरामद की गई।

 

पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि पुलिस टीमें आरोपी को पकड़ने के लिए तलाश कर रही हैं।

 

————————————————-

 

वाणिज्यिक कोयला खदानों से वित्त वर्ष 2024-25 के लिए कुल उत्पादन इस वर्ष फरवरी तक 167 मिलियन टन से अधिक हो गया है। यह पिछले वर्ष की अवधि के दौरान 126 मिलियन टन की तुलना में 32 प्रतिशत से अधिक की बढोतरी को दर्शाता है। कोयला मंत्रालय ने बताया है कि कोयला ढुलाई में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई है। 2024-25 के लिए कोयले की कुल ढुलाई 170 मिलियन टन से अधिक हो गई है, जो पिछले वर्ष दर्ज 128 मिलियन से कहीं ज्यादा है।

 

————————————————-

 

दिल्ली के सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने आज राष्ट्रीय राजधानी में यमुना नदी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि सरकार के प्रस्ताव में नदी में फेरी सेवा का संचालन शामिल है, जिसके लिए सरकार एक समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर करेगी।

 

यहां पर फेरी चलाने का हमारा प्रपोजल है अभी उसका एमओयू भी साइन करेंगे। अभी केवल एक ही स्‍ट्रेच में फेरी चलाएंगे, लोग आएंगे उसमें, फेरी में वहां से एक ही उसका पिकअप पॉइंट होगा एक ही ड्रॉप प्वाइंट होगा तो वहां के लोगों को दिल्ली के लोगों को थोड़ा सा दिखाएंगे और वहां पर फेरी में रेस्टोरेंट भी होगा तो हमारा परपज है कि धीरे-धीरे लोगों को आकर्षित करें यमुना की तरफ में और हर आदमी की इसमें इंवॉल्वमेंट रहनी चाहिए बाद में जब इसमें साफ सफाई का काम हमारा तेजी से चालू होगा तो सारे लोगों को भी आग्रह करेंगे कि वो भी आकर यहां पर कार सेवा करें।

 

————————————————-

 

नई दिल्ली में आकाशवाणी के रंग भवन सभागार में रंग बरसे – हास्य कवि सम्मेलन चल रहा है। सम्मेलन का आयोजन आकाशवाणी दिल्ली द्वारा किया जा रहा है। आकाशवाणी की महानिदेशक डॉ. प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया। कवि सम्मेलन में सुरेंद्र शर्मा और संतोष आनंद जैसे जाने-माने कवि प्रस्तुति दे रहे हैं।

 

————————————————-

 

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि भाषा संस्कृति का प्रतिनिधित्व करती है और भाषा के लुप्‍त होने का मतलब सभ्यता का लुप्‍त होना है, श्री सरमा ने गुवाहाटी में पूर्वी और उत्तर पूर्वी क्षेत्रों के लिए संयुक्त क्षेत्रीय राजभाषा सम्मेलन में ये बात कही। इस अवसर पर उन्‍होंने कहा कि हिंदी भाषा सभी असमिया लोगों के दिल के बहुत करीब है और बेहतर समझ के लिए भाषा जटिल होने के बजाए सरल होनी चाहिए।

 

————————————————-

 

अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने व्यापार नीति पर अपने प्रशासन का रुख स्पष्ट करते हुए 2 अप्रैल से प्रभावी होने वाले उच्च टैरिफ के कार्यान्वयन की घोषणा की है। कांग्रेस के संयुक्त सत्र को सम्‍बोधित करते हुए डॉनल्ड ट्रंप ने कहा कि अन्य देशों ने दशकों से टैरिफ का इस्तेमाल किया है और अब उनकी बारी है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ, चीन, ब्राजील, भारत, मैक्सिको, कनाडा और अन्य देश अमरीका द्वारा लिए जाने वाले शुल्क की तुलना में औसतन बहुत अधिक टैरिफ वसूलते हैं।

 

————————————————-

 

लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका के साथ दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया है। दुबई में कल खेले गए सेमीफाइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को चार विकेट से हराकर आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश किया, और जानकारी के साथ हैं शक्ति सिंह।

 

मंगलवार का दिन भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए खुशी की खबर लेकर के आया। सेमीफइनल में भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हराकर चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। ऑस्‍ट्रेलिया की टीम ने भारत को जीत के लिए 265 रन का लक्ष्‍य दिया जिसको भारतीय टीम ने 48 ओवर 1 गेंद में 6 विकेट के नुकसान पर 267 रन बनाकर हासिल कर लिया। विराट कोहली ने शानदार 84 रन की पारी खेली और प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए। श्रेयस अय्यर ने 45 और के एल राहुल ने 42 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान स्टीवन स्मिथ ने 73 रन और एलेक्स कैरी ने 61 रन की पारी खेली। भारत के लिए मोहम्मद शमी ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके। टीम के मुख्‍य कोच गौतम गंभीर ने टीम के प्रदर्शन पर संतोष व्‍यक्‍त किया और इस बात पर जोर दिया कि काम अभी पूरा नहीं हुआ है।

 

लाहौर में आईसीसी चैम्पियंस ट्रॉफी में इस समय दक्षिण अफ्रीका और न्यूजीलैंड का मुकाबला जारी है। प्रतियोगिता का खिताबी मुकाबला रविवार को होना है।

 

————————————————-

 

इस बीच, ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी स्टीव स्मिथ ने एकदिवसीय अंतर्राष्‍ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की है। इसके साथ ही उनके 14 वर्ष के शानदार करियर का अध्‍याय समाप्‍त हो गया है। वह टेस्ट और टी-ट्वेंटी क्रिकेट खेलते रहेंगे। एक रिपोर्ट –

 

स्‍टीव स्मिथ का यह फैसला आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में ऑस्ट्रेलिया की भारत से चार विकेट से हार के ठीक बाद आया है। स्मिथ 73 रन बनाकर शीर्ष स्कोरर रहे जो उनकी अंतिम एकदिवसीय पारी साबित हुई। स्‍मिथ के 170 एकदिवसीय मैच में 43 दशमलव दो-आठ की औसत और 86 दशमलव नौ-छह की स्ट्राइक रेट से पांच हजार आठ सौ रन बनाए, जिसमें 12 शतक और 35 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने एकदिवसीय मैच में ऑस्ट्रेलिया के लिए 12वें सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी के रूप में अपना करियर समाप्त किया। समाचार कक्ष से प्रशांत कुमार।

 

————————————————-

 

जमशेदपुर में इंडियन सुपर लीग फुटबॉल में आज जमशेदपुर एफसी का मुकाबला ओडिशा से होगा। ये मैच शाम साढे सात बजे शुरू होगा। प्रतियोगिता में कल रात गोवा ने मोहम्मडन एससी को 2-0 से हरा दिया था। इस जीत के साथ ही गोवा ने दूसरे स्थान पर अपनी जगह पक्की कर ली है। वे पहले ही मोहन बागान सुपर जायंट के साथ सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई कर चुके हैं और उन्हें सिंगल-लेग्ड एलिमिनेटर में भाग नहीं लेना पड़ेगा।

 

————————————————-

 

मौसम विभाग ने अगले दो से तीन दिनों के दौरान बिहार, पश्चिम बंगाल के गांगेय क्षेत्र और सिक्किम में गरज, बिजली और तेज़ हवाओं के साथ हल्की और मध्यम बारिश का अनुमान लगाया है। विभाग ने कहा है कि इस महीने की 9 तारीख तक अरुणाचल प्रदेश में भी इसी तरह की स्थिति रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले 24 घंटों में देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्सों के मैदानी इलाकों में 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज़ हवाएँ चलने की उम्मीद है।

 

मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान मध्य भारत और गुजरात क्षेत्र में अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी। मौसम विभाग ने मछुआरों को सलाह दी है कि वे तेज हवाएं चलने पर गुजरात के समुद्र तट पर न जाएं।

 

————————————————-

 

घरेलू शेयर बाजार में आज सुबह के समय बिकवाली देखी गई। बाम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज का सेंसेक्‍स 73 हजार पांच अंक पर खुला था और दिन के कारोबार में नौ सौ अंक की बढत हासिल करने के बाद 73 हजार 933 पर पहुंच गया। अंतिम समाचार मिलने तक सेंसेक्‍स छह सौ 66 अंक की तेजी के साथ 73 हजार 658 पर कारोबार कर रहा था। वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी दो सौ 59 अंक ऊपर चढकर 22 हजार 341 पर कारोबार कर था।

 

————————————————-

 

और, अंत में मुख्य समाचार एक बार फिर :-

 

  • प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने रोजगार सृजन पर बजट उपरान्त वेबिनार को संबोधित किया। कहा- सरकार ने लोगों, अर्थव्यवस्था और नवाचार के साथ-साथ बुनियादी ढांचे तथा निवेश को एकसमान प्राथमिकता दी।
  • सरकार ने महिलाओं की भागीदारी बढाने के उद्देश्य से आदर्श महिला-अनुकूल ग्राम पंचायत पहल की शुरूआत की।
  • रेलवे ने नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर 15 फरवरी को हुई भगदड़ के बाद पांच वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला किया।
  • झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ के तीन जवान घायल।
  • अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा – उनके द्वारा लगाए गए टैरिफ शुल्क 2 अप्रैल से लागू होंगे।
  • और, लाहौर में आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में दक्षिण अफ्रीका के साथ दूसरे सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया।

 

————————————————-