Download
Mobile App

android apple
signal

March 3, 2025 3:23 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के जूनागढ़ में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 7वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्‍होंने एशियाई शेरों को संरक्षित करने में जनजातीय समुदायों और महिलाओं की भूमिका की सराहना की।

  • केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा- देश के विकास को गति देने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा कि दृष्टिबाधित लोगों को न्‍यायिक सेवाओं में रोजगार के अवसर से वंचित नहीं किया जा सकता।

  • निर्देशक शॉन बेकर की “अनोरा” ने सर्वश्रेष्ठ चित्र, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री सहित पांच पुरस्कारों के साथ ऑस्कर जीता।

  • जम्मू और कश्मीर के मैदानी इलाकों और कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में सुबह से बारिश और बर्फबारी जारी।

  • इनडोर शॉट पुट में भारत की कृष्णा जयशंकर 16 मीटर दूर गोला फेंकने वाली पहली भारतीय महिला बनी।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने आज विश्व वन्यजीव संरक्षण दिवस पर गुजरात में जूनागढ़ जिले के सासन गिर में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की सातवीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव, विभिन्न राज्यों के सदस्य, इस क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों के प्रतिनिधि, मुख्य वन्यजीव वार्डन और सचिवों ने भाग लिया। हमारी संवाददाता ने बताया कि बोर्ड की बैठक में वन्यजीव संरक्षण और प्रबंधन से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। यह बोर्ड वन्यजीवों तथा वनों के संरक्षण और विकास को बढ़ावा देने के लिए काम करता है और इसके अध्यक्ष प्रधानमंत्री होते हैं।

सासन गिर में आयोजित राष्ट्रीय वन्य जीव बोर्ड की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से जूनागढ़ में वन्यजीवों के लिए राष्ट्रीय रेफरल केंद्र की आधारशिला रखी और 16वीं एशियाई शेरों की जनगणना 2025 का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कोयंबटूर में मानव वन्य जीव संघर्ष प्रबंधन केंद्र का भी उद्घाटन किया। बैठक से पहले प्रधानमंत्री ने गिर राष्‍ट्रीय उद्यान में जंगल सफारी का आनंद लिया। प्रधानमंत्री ने वन्यजीवों के संरक्षण और प्रबंधन हेतु फील्‍ड स्टाफ के लिए पेट्रोलिंग बाइक को भी हरी झंडी दिखाई। एक सोशल मीडिया पोस्ट में श्री मोदी ने गिर के जंगलों में जारी सामूहिक संरक्षण प्रयासों की सराहना की। उन्होंने एशियाई शेरों की आवास को संरक्षित करने में आदिवासी समुदाय और महिलाओं की भूमिका की भी सराहना की।

****

वन्यजीव दिवस आज मनाया जा रहा है। यह दिन वन्‍य जीवों और पौधों के संरक्षण के लिए मनाया जाता है। केंद्र सरकार ने देश में वन्यजीव संरक्षण के लिए कई पहल की हैं। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने इस प्राकृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से कई नीतियों, विधायी उपायों और पहलों की व्यापक रूपरेखा बनाई है।


भारत अपने समृद्ध और विविध वन्य जीवन के लिए विश्व स्तर पर जाना जाता है, जिसमें पारिस्थितिक तंत्र और प्रजातियों की एक विस्तृत श्रृंखला शामिल है। इसमें 106 राष्ट्रीय उद्यान 573 वन्यजीव अभयारण्य और 115 संरक्षण रिजर्व सहित एक हजार से अधिक संरक्षित क्षेत्रों का एक विस्‍तृत समूह है। केंद्र सरकार ने देश में वन्यजीव संरक्षण और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए वित्‍त वर्ष 2025-26 के अंतर्गत पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय के लिए तीन हजार 412 करोड़ रुपये से अधिक का बजट आवंटित किया है। केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत वन्यजीव आवासों के एकीकृत विकास के लिए साढ़े चार सौ करोड़ रुपये भी आवंटित किए हैं। वहीं, 1940 के दशक के अंत में भारत में चीतों के विलुप्त होने के बाद उन्‍हें देश में फिर से लाने के लिए एक ऐतिहासिक वन्यजीव संरक्षण पहल, प्रोजेक्ट चीता शुरू की गई। लोगों को पेड़ लगाने के लिए एक पेड़ माँ के अभियान के नाम प्रोत्साहित किया गया और पिछले वर्ष दिसंबर तक इस अभियान के अंतर्गत 102 करोड़ से ज़्यादा पेड़ लगाए जा चुके हैं।

****

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने सभी लोगों से अविश्वसनीय जैव विविधता की रक्षा और संरक्षण के लिए प्रतिबद्धता दोहराने का आग्रह किया है। विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर श्री मोदी ने इस बात पर जोर दिया कि प्रत्येक प्रजाति एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने वन्यजीवों के संरक्षक और संरक्षण में भारत के योगदान पर भी गर्व व्यक्त किया।


इंडिया इज ए कंट्री वेयर प्रोटेक्टिंग नेचर इज ए पार्ट ऑफ कल्‍चर, दिस इज वाई, इट हैज मेनी यूनिक एचीवमेंट्स इन वाइल्‍ड लाइफ कंर्जवेशन। वाइल्‍ड लाइफ का संरक्षण किसी एक देश का नहीं बल्कि एक यूनिवर्शल इशू है। इसके लिए इंटरनेशनल एलांइस समय की जरूरत है।

****

केन्‍द्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा है कि डेयरी क्षेत्र न केवल देश के विकास में योगदान करता है, बल्कि यह क्षेत्र ग्रामीण विकास और छोटे किसानों की समृद्धि में भी महत्‍वपूर्ण योगदान देता है। नई दिल्‍ली में डेयरी क्षेत्र में संधारणीयता और सर्कुलेरिटी पर कार्यशाला का उद्घाटन करते हुए श्री शाह ने कहा कि डेयरी क्षेत्र देश के पोषण का भी खयाल रखता है।


ग्रामीण विकास और भूमिहीन किसान और छोटे किसानों को समृद्ध बनाने में भी इसकी बहुत बड़ा योगदान है। एक ओर तो यह हमारे देश के पोषण की भी चिंता करता है, देश को दुनिया में एक नंबर का दूध उत्पादक भी बनाने में गौरव दिलाने में इसका योगदान है और कृषि के अलावा इतर इनकम जो किसान के लिए बहुत जरूरी है, इसके लिए डेयरी सेक्टर बहुत महत्वपूर्ण है।  

इस अवसर पर केन्‍द्रीय मत्‍सय पालन, पशु पालन और डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह कहा कि देश में दुग्‍ध उत्‍पादन में पिछले दस वर्षों में 63 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है।

हमारे संवाददाता ने बताया कि यह कार्यशाला सहकारिता मंत्रालय और डेयरी मंत्रालय की पहलों और नीतियों पर ध्‍यान केंद्रित करती है।   

****

विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर ने आज नई दिल्ली में बेल्जियम के उपप्रधान मंत्री और विदेश मंत्री मैक्सिम प्रीवोट के साथ बैठक की और देश के साथ भारत के ऐतिहासिक संबंधों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वे सेमीकंडक्टर, एआई, स्वच्छ ऊर्जा, डिजिटल, गतिशीलता और रक्षा के क्षेत्र में भी चर्चा कर रहे हैं।

****

सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने आज एक महत्‍वपूर्ण फैसले में कहा कि दृष्टिबाधित लोगों को न्‍यायिक सेवाओं में रोजगार के अवसर से वंचित नहीं किया जा सकता है। न्‍यायाधीश जे बी पारदीवाला और आर. महादेवन की एक पीठ ने छह याचिकाओं पर फैसला सुरक्षित रखा था। फैसले की घोषणा करते हुए, न्‍यायाधीश महादेवन ने कहा कि दृष्टिबाधित व्‍यक्तियों के साथ न्‍यायिक सेवाओं में भर्ती के मामले में किसी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाना चाहिए।

****

दिल्ली विधानसभा का बजट सत्र 24 से 26 मार्च तक होगा। सरकार, महीने के अंत में 2025-26 का बजट पेश करेगी। यह जानकारी नई दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दी। उन्होंने लोगों को बजट 2025 के लिए अपने सुझाव भेजने के लिए एक फोन नंबर और ई-मेल आईडी भी जारी की। इस दौरान मुख्‍यमंत्री ने बजट के महत्‍वपूर्ण मुद्दे भी लोगों के सामने रखे।


महिलाओं को आर्थिक सहायता, स्वास्थ्य सेवा का विस्तार, सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा, प्रदूषण को कम करना, नौकरियां, शिक्षा की बेहतर व्यवस्था, गरीबों को सस्‍ती पौष्टिक भोजन, वरिष्ठ नागरिकों का कल्याण, यमुना नदी की सफाई, कल्याणकारी योजनाओं को जारी रखना जैसे महत्वपूर्ण विषय हमारे संकल्प पत्र में शामिल थे और इसी दिशा में दिल्ली की जनता की प्राथमिकताओं का संज्ञान लेना और उसको लेते हुए बजट की रूपरेखा को तैयार करना इस समय हमारा ध्‍येय है।

****

दिल्ली विधानसभा में आज सार्वजनिक स्वास्थ्य, बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवाओं के प्रबंधन के बारे में सीएजी रिपोर्ट पर चर्चा फिर से शुरू हुई। यह रिपोर्ट पिछले सप्ताह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पेश की थी। चर्चा के दौरान दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री पंकज कुमार सिंह ने आरोप लगाया कि सीएजी रिपोर्ट में पिछली आम आदमी पार्टी सरकार के भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। भाजपा के अन्य विधायकों ने भी इस मामले की जांच की मांग का समर्थन किया।

****

उधर जम्मू-कश्मीर विधानसभा का बजट सत्र आज उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के औपचारिक भाषण के साथ शुरू हुआ। उपराज्‍यपाल ने अभिभाषण में कहा कि यह बजट ऐतिहासिक रूप से महत्वपूर्ण है क्योंकि यह जम्मू-कश्मीर में किसी निर्वाचित सरकार द्वारा सात वर्षों में पेश किया गया पहला बजट है।

****

श्री सिन्हा ने कहा है कि जम्मू-कश्मीर को राज्य का दर्जा देने की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने आज जम्मू-कश्मीर बजट सत्र के पहले दिन अपने अभिभाषण मे यह बात की।

****

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि भारत अगले दो वर्षों में विश्‍व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बनने की राह पर अग्रसर है। उन्‍होंने कहा कि भारत विश्‍व की पांचवी सबसे बड़ी अर्थव्‍यवस्‍था बन चुका है। रक्षामंत्री ने आज नई दिल्‍ली में सशस्त्र सेना झंडा दिवस निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व – सी एस आर कॉन्‍क्‍लेव को संबोधित करते हुए यह बात कही।

श्री राजनाथ ने देश के आर्थिक विकास में सार्वजनिक और निजी क्षेत्र दोनों की महत्‍वपूर्ण भूमिका का उल्‍लेख किया।

वह देश और तेजी से आगे जाता है, अर्थव्‍यवस्‍था की उन ऊंचाइयों को हासिल करता है, जिसमें की प्राइवेट सेक्टर अपना मेजर रोल प्ले करते हैं। प्राइवेट सेक्टर का कॉन्ट्रिब्यूशन तेजी से बढ़ता जा रहा है। उसे देखते हुए सच्‍चाई को नकारा नहीं जा सकता है कि ट्वेंटी-ट्वेंटी सेवन आते-आते, भारत दुनिया की टॉप थ्री कंट्री में आकर खड़ा हो जाएगा। 

****

यूक्रेन के राष्‍ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्‍की ने अमरीका के साथ निष्‍फल खनिज समझौते पर हस्‍ताक्षर करने की इच्‍छा व्‍यक्‍त की है। यह प्रतिक्रिया यूक्रेन को समर्थन देने संबंधी इच्‍छुक लोगों के गठबंधन को लेकर ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्‍टारमर की घोषणा के बाद आई है। वित्‍तमंत्री स्कॉट बेसेन्ट ने रूस के साथ एक शांति समझौते का सुझाव दिया है। अमरीका इस समझौते के साथ आगे बढ़ेगा या नहीं,  स्‍पष्‍ट नहीं है। इस बीच, ब्रिटेन और फ्रांस एक संघर्ष विराम समझौते पर विचार कर रहे हैं।

****

अकादमी अवार्ड्स का 97वां संस्‍करण लॉस एंजलिस में सम्‍पन्‍न हो गया। निर्देशक शॉन बेकर की रोमांटिक-कॉमेडी ड्रामा एनोरा पांच ऑस्‍कर जीतकर इस समारोह की सबसे बड़ी विजेता बनकर उभरी हैं।

एड्रियन ब्रॉडी ने द ब्रूटलिस्‍ट के लिए श्रेष्‍ठ अभिनेता का ऑस्‍कर पुरस्‍कार जीता है। फिल्‍म एनोरा के लिए मिकी मैडिसन ने श्रेष्‍ठ अभिनेत्री का ऑस्‍कर अपने नाम किया। एमिलिया पेरेज़ में ज़ोई सल्डाना ने अपनी भूमिका के लिए श्रेष्‍ठ सहायक अभिनेत्री का ऑस्‍कर पहली बार जीता है। सल्डाना जब इस अवॉर्ड को लेने मंच पर गईं तो वे रोने लगीं।


इस बीच,
कीरन कल्किन ने अ रियल पेन में अपने अभिनय के लिए श्रेष्‍ठ सहायक अभिनेता का ऑस्‍कर पुरस्‍कार जीता।


फिल्‍म
‘ड्यून: पार्ट टू’ ने श्रेष्‍ठ ध्‍वनि और श्रेष्‍ठ विजुअल अफेक्‍ट के लिए दो ऑस्‍कर जीते हैं। फिल्‍म विकड में शानदार परिधान डिजाइन करने वाले कॉस्‍ट्यूम डिजाइनर पॉल टैजवेल ने अकादमी अवॉर्ड्स में इतिहास रचा है। नो अदर लैण्‍ड को श्रेष्‍ठ डॉक्‍यमेंट्री फीचर का ऑस्‍कर दिया गया है। 

****

मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में आज व्यापक वर्षा और बर्फबारी की संभावना व्‍यक्‍त की है।

आकाशवाणी समाचार से बातचीत में वैज्ञानिक डॉ. सोमा सेन रॉय ने यह भी कहा कि अगले 3 दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में अधिकतम तापमान 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।

टेम्‍प्रेचर को देखते हैं तो नॉर्थ इंडिया में ये पश्चिम विक्षोभ बहुत स्ट्रांग होने के कारण से मैक्सिमम में दो से तीन डिग्री ड्रॉप होने के चांसेस है, अगले चार से पांच दिन में। और वेस्‍ट कोस्‍ट की बात करें, वहां पर हीट वेव का कंडीशन आज भी पॉसिबल है। हॉट एण्‍ड ह्यूमिड कंडीशन अगले 2 से 3 दिन तक होने की संभावना है।

****

जम्मू-कश्मीर के मैदानी और ऊपरी इलाकों में सुबह से ही बारिश और बर्फबारी जारी है। मौसम विभाग ने कहा है कि 4 से 9 मार्च तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

****

भारत की कृष्णा जयशंकर, 2025 माउंटेन वेस्ट इंडोर ट्रैक एंड फील्ड चैंपियनशिप में नया कीर्तिमान रचने वाली पहली भारतीय महिला बनीं। उन्‍होंने इनडोर शॉट पुट में 16 दशमलव शून्‍य तीन मीटर की दूरी तक गोला फेंका।

****


अंत में मुख्य समाचार:-

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के जूनागढ़ में राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड की 7वीं बैठक की अध्यक्षता की। उन्‍होंने एशियाई शेरों को संरक्षित करने में जनजातीय समुदायों और महिलाओं की भूमिका की सराहना की।

  • केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा- देश के विकास को गति देने के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

  • सर्वोच्‍च न्‍यायालय ने कहा कि दृष्टिबाधित लोगों को न्‍यायिक सेवाओं में रोजगार के अवसर से वंचित नहीं किया जा सकता।

  • निर्देशक शॉन बेकर की “अनोरा” ने सर्वश्रेष्ठ चित्र, सर्वश्रेष्ठ निर्देशक और सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री सहित पांच पुरस्कारों के साथ ऑस्कर जीता।

  • जम्मू और कश्मीर के मैदानी इलाकों और कश्मीर घाटी के ऊपरी इलाकों में सुबह से बारिश और बर्फबारी जारी।

  • इनडोर शॉट पुट में भारत की कृष्णा जयशंकर 16 मीटर दूर गोला फेंकने वाली पहली भारतीय महिला बनी।