Download
Mobile App

android apple
signal

March 2, 2025 3:58 PM

printer

दोपहर समाचार

मुख्‍य समाचार:-

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात में जूनागढ़ के सासन में श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे; उन्होंने जामनगर में वंतारा पशु बचाव केंद्र का दौरा किया।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नशा मुक्त भारत बनाने के लिए मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

  • निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया, मतदाता फोटो पहचान पत्र – ईपीआईसी संख्या समान होने का मतलब फर्जी मतदाता नहीं; पंजीकृत मतदाताओं को विशिष्ईपीआईसी संख्या आवंटित की जाएगी।

 

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमिर ज़ेलेंस्की ने अपने देश के लिए अमरीकी सहायता को महत्वपूर्ण बताया; यूक्रेन के रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए ब्रिटेन के साथ दो अरब 84 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।

 

  • टेनिस में, ऋत्विक बोलिपल्ली और निकोलस बैरिएंटोस की भारतीय-कोलंबियाई जोड़ी ने चिली ओपन का पुरुष डबल्स खिताब जीता।

 

  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में आज दुबई में न्यूजीलैंड ने भारत के साथ अंतिम ग्रुप मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

 

*****

 

प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी गुजरात के जामनगर जिले के पशु बचाव केंद्र वनतारा के दौरे पर हैं। वनतारा लगभग तीन हजार एकड़ क्षेत्रफल में फैला हुआ पशु बचाव, संरक्षण और पुनर्वास केंद्र है। श्री मोदी राज्‍य के तीन दिन के दौरे पर कल जामनगर पहुंचे। प्रधानमंत्री आज बाद में सोमनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगे। वे गिर नेशनल पार्क के मुख्‍यालय सासन जायेंगे और श्री सोमनाथ न्‍यास की बैठक की अध्‍यक्षता भी करेंगे। यह न्‍यास विश्‍व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर का प्रबंधन संभालता है।

 

प्रधानमंत्री कल एशियाई शेरों के निवास स्‍थल गिर नेशनल पार्क में सफारी पर निकलेंगे। वे वन्‍य जीवन से जुड़े राष्‍ट्रीय स्‍तर के मुद्दों पर चर्चा के लिए सासन में राष्‍ट्रीय वन्‍यजीव बोर्ड की सातवीं बैठक की अध्‍यक्षता करेंगे। यह बोर्ड वन्‍यजीवन और वनों के संरक्षण तथा विकास के लिए कार्य करता है। प्रधानमंत्री इस बोर्ड के अध्‍यक्ष हैं।

 

*****

     

उपराष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ आज एक दिन की केरल यात्रा पर हैं। वे तिरूवनंतपुरम में भारतीय विचारकेन्‍द्रम द्वारा आयोजित चौथे पी परमेश्‍वरन स्‍मारक व्‍याख्‍यान माला में व्‍याख्‍यान देंगे।

 

उपराष्ट्रपति आज ही तेलंगाना भी जाएंगे। वे वहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान-हैदराबाद के विद्यार्थियों और शिक्षकों से बातचीत करेंगे।

 

*****

 

गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पूरे देश से बारह अलग-अलग मामलों में 29 मादक पदार्थ तस्करों को अदालत ने दोषी ठहराया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में श्री शाह ने आज कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार मादक पदार्थ तस्करों को सजा दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। ये तस्कर युवाओं को नशे की गिरफ्त में लाकर उनका जीवन नष्ट कर देते हैं। गृहमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार नशा मुक्त भारत बनाने के लिए जाँच-पड़ताल के लिए साथ ही, नशीले पदार्थों के खतरे से लड़ना जारी रखेगी।

 

*****

 

केंद्रीय उपभोक्‍ता कार्य, खाद्य और सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रल्हाद जोशी ने देश में आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुदृढ़ बनाने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने में केंद्रीय भंडारण निगम की भूमिका को रेखांकित किया है। केंद्रीय भंडारण निगम के 69वें स्‍थापना दिवस पर नई दिल्‍ली में अपने वीडियो संदेश में श्री जोशी ने कहा कि निगम ने वित्‍त वर्ष 2023-24 के दौरान 21 लाख वर्ग फुट से अधिक की अतिरिक्‍त खाद्य भंडारण क्षमता का सृजन कर सराहनीय कार्य किया है। उन्‍होंने कहा कि केंद्रीय भंडारण निगम की दालों, कपास और मूंगफली के भंडारण, परिचालन और ढुलाई के माध्‍यम से प्रधानमंत्री गरीब कल्‍याण अन्‍न योजना तथा प्रधानमंत्री अन्‍नदाता आय संरक्षण अभियान के सफल कार्यान्‍वयन में महत्‍वपूर्ण भूमिका है।

 

*****

 

निर्वाचन आयोग ने स्‍पष्‍ट किया है कि एक ही नंबर के दो मतदाता फोटो पहचान पत्र-ईपीआईसी का अर्थ यह नहीं है कि पहचान पत्र फर्जी है या मतदाता बोगस है। आयोग ने एक बयान में यह बात कही। इससे पहले मीडिया की खबरों में दो अलग-अलग राज्‍यों में मतदाताओं के एक ही नंबर के मतदाता फोटो पहचान पत्र का मुद्दा उठा था। एक रिपोर्ट –

 

आयोग ने स्‍पष्‍ट किया कि कुछ मतदाताओं के ईपीआईसी नंबर एक हो सकते हैं लेकिन जनसांख्यिकी, विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र और मतदान केंद्र जैसा अन्‍य ब्‍यौरा अलग होता है। निर्वाचन आयोग ने कहा कि मतदाता जिस राज्‍य या केंद्रशासित प्रदेश की मतदाता सूची में नामांकित है, वहां वे अपने निर्वाचन क्षेत्र में निर्धारित मतदान केंद्र पर ही वोट डाल सकते है। इसके अलावा मतदाता कहीं और वोट नहीं डाल सकते।

 

आयोग के अनुसार मतदाता सूची के डेटाबेस को एरोनेट प्‍लेटफॉर्म पर स्‍थानांतरित करने से पहले विकेंद्रीकृत और मैनुअल व्‍यवस्‍था के कारण अलग-अलग राज्‍यों और केंद्रशासित प्रदेशों में कुछ मतदाताओं को एक ही संख्‍या वाले मतदाता फोटो पहचान पत्र आवंटित हो गए थे। निर्वाचन आयोग ने यह भी स्‍पष्‍ट किया कि पंजीकृत मतदाताओं को विशिष्‍ट ईपीआईसी नंबर आवंटित करने का निर्णय लिया गया है। सुर्पणा की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से आकर्षिता सिंह।

 

*****

 

उत्तराखंड में, चमोली के माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन में बचाव दल को आज एक और शव मिला है, जिससे मृतकों की संख्या पांच हो गई है। हिमस्खलन में फंसे बाकी तीन मजदूरों को बचाने के लिए अभियान जारी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आपदा नियंत्रण कक्ष पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि सेना, आई.टी.बी.पी, एन.डी.आर.एफ. और एस.डी.आर.एफ. सहित जिला प्रशासन युद्धस्तर पर बचाव अभियान में जुटे हुए है। कल से जारी हाई अलर्ट को देखते हुए उन्होंने आस-पास काम कर रहे श्रमिकों को एहतिहात बरतने को कहा है।

 

कल से हाई अलर्ट की संभावना फिर से व्‍यक्‍त की गई है। ऐसे में जो भी आसपास काम करने वाले लोग हैं या ऐसे ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जो भी काम हो रहे हैं। सभी को पहले से सूचना दे दी गई है कि जहां काम बंद करने की आवश्यकता है तो वहां बंद भी कर दे। क्‍योंकि इस समय में हिमस्‍खलन और ऐवालाचिंग की अतिरिक्‍त संभावना हमेशा रहती है मार्च फरवरी के माह में।

 

जिला प्रशासन और बचाव दल के अनुसार एक लापता मजदूर हादसे से पहले ही घर जा चुका था। पिछले दिनों माणा गांव के पास हुए हिमस्खलन की घटना में प्रभावित मजदूरों की संख्या अब 54 हो गई है, जो पहले 55 बताई गई थी।

 

आकाशवाणी से बातचीत में उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मजदूरों का पता लगाने के लिए युद्धस्तर पर तलाशी अभियान जारी है।

 

6 से 7 फीट बर्फ वहां है। इसके बावजूद वहां लगातार सर्च अभियान चलाया जा रहा है। उसके लिए दिल्‍ली से जीपीआर मंगवाया गया है। ग्राउंड कंस्ट्रक्शन रडार होता है, वो लगाया गया है और उसके साथ विकटिम लोकेशन कैमरा और थर्मल इमेजिंग कैमरा जो है भेजा गया है।

 

*****

 

दिल्ली में 31 मार्च के बाद पेट्रोल पंपों पर 15 साल से ज्यादा पुराने वाहनों में ईंधन नहीं मिलेगा। दिल्ली सरकार ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है। पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने प्रदूषण के मुद्दे पर अधिकारियों के साथ बैठक के बाद प्रदूषणरोधी कई उपायों की घोषणा की।

 

ये जितने 15 साल पुराने व्हीकल हैं, उन व्हीकल को 31 मार्च के बाद तेल देना बंद कर दिया जाएगा। हम अपने ऐसे गैजेट्स लग रहे हैं पेट्रोल पंप के ऊपर जो लगभग-लगभग 80% पेट्रोल पंप पर लग चुके हैं। 31 मार्च तक हंड्रेड परसेंट पेट्रोल पंप से लग जाएंगे, उसके बाद 15 साल पुराने बाइक को आईडेंटिफाई करेंगे और उसको कोई फ्यूल नहीं मिलेगा।

 

*****

 

हरियाणा में निकाय चुनाव के लिए आज सुबह 8 बजे से शुरू मतदान, शाम 6 बजे तक चलेगा। केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने करनाल पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। फ़रीदाबाद और रोहतक में शुरुआत में मतदान धीमी गति से चल रहा था, लेकिन अब बड़ी संख्या में लोग वोट डालने आ रहे हैं। आज दोपहर तक अलग-अलग स्थानों से उन्नीस से पैंतीस फीसदी मतदान की खबर है। कुरूक्षेत्र से हमारे संवाददाता ने खबर दी है कि दोपहर तक इस्माइलाबाद में 30 फीसदी और थानेसर में 19 फीसदी मतदान हुआ है।

 

*****

 

एक नए अध्‍ययन के अनुसार पिछले दशक में देश में गरीबी में महत्‍वपूर्ण कमी आई है। प्रमुख  अर्थशास्‍त्री सुरजीत एस. भल्‍ला और करण भसीन द्वारा प्रकाशित आलेख में वर्ष 2022-23 और वर्ष 2023-24 के हाल ही में जारी घरेलू खर्च के आंकड़ों का विश्‍लेषण किया गया। सर्वेक्षण के आंकड़ों से पता चलता है कि देश में गरीबी के स्‍तर में कमी आई है। अध्‍ययन में दावा यह भी किया गया है कि देश में अत्‍यधिक गरीबी लगभग समाप्‍त हो चुकी है। अध्‍ययन के अनुसार इस बात के पुख्‍ता प्रमाण हैं कि वर्ष 2011-12 से वर्ष 2023-24 तक की अवधि के दौरान देश में असमानता में भी तेजी से कमी देखी गई है।

 

*****

 

यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोदीमिर ज़ेलेंस्की ने कहा है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का समर्थन उनके देश के लिए महत्वपूर्ण है। यह बयान व्हाइट हाउस में एक बैठक के दौरान राष्ट्रपति ट्रम्प और  उपराष्ट्रपति जेडी वेंस के साथ उनके मौखिक विवाद के एक दिन बाद आया है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन रूस के साथ तीन साल के युद्ध के दौरान अमरीकी सहायता का आभारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप युद्ध खत्म करना चाहते हैं, लेकिन यूक्रेन से ज्यादा शांति कोई नहीं चाहता। एक रिपोर्ट –

 

राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की लंदन में यूरोपीय शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्रिटेन की यात्रा पर हैं। उन्होंने कल ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर से भेंट की। ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ने यूक्रेन को 2 अरब 80 करोड़ अमरीकी डॉलर का ऋण प्रदान करने पर सहमति जताई है।

 

राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने कहा कि इस ऋण से यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को बढ़ाया जाएगा और यह ऋण रूसी परिसंपत्तियों से राजस्व का उपयोग करके चुकाया जाएगा।

 

अंतर्राष्ट्रीय मंच पर राजनयिक प्रयासों को और मजबूत करने के लिए राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की आज किंग चार्ल्स तृतीय और यूरोपीय सहयोगियों के एक समूह से मिलने वाले हैं। इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी और अन्य नेता भी यूक्रेन के राष्ट्रपति से बातचीत करेंगे। समाचार कक्ष से वैष्‍णवी।

 

*****

 

अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने अंग्रेजी को अपने देश की आधिकारिक भाषा घोषित करने वाले एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। यह आदेश पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन के उस आदेश को पलटता है, जिसके तहत संघीय एजेंसियों और संघीय वित्त पोषण प्राप्तकर्ताओं को गैर-अंग्रेजी बोलने वालों को सहायता प्रदान करने की आवश्यकता थी।

 

*****

 

आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी क्रिकेट में आज दुबई में अंतिम ग्रुप स्टेज मैच में भारत का सामना न्यूजीलैंड से हो रहा है। न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। एक रिपोर्ट-

 

कुछ ही देर में भारत और न्यूजीलैंड आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी 2025 में अपने अंतिम ग्रुप-स्टेज मैच में आमने-सामने होंगे। दोनों टीमें पहले ही सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर चुकी हैं। यह मैच निर्धारित करेगा कि ग्रुप ए में कौन शीर्ष पर रहेगा। दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में, मौजूद प्रशंसको को उम्मीद है की भारत यह मैच जीतेगा।

 

मैच से पहले, भारतीय खिलाडी केएल राहुल ने आगे की चुनौती पर अपने विचार साझा किए।

 

इस मैच का परिणाम दोनो टीमों में सेमीफाइनल का फैसला करेगा। यदि भारत जीतता है तो वो 4 मार्च को दुबई में ऑस्ट्रेलिया से खेलेगा, और यदि  न्यूजीलैंड जीतता है भारत का सामना सेमीफइनल में दुबई में दक्षिण अफ्रीका से होगा।

 

दुबई से विनोद कुमार की रिपोर्ट के साथ समाचार कक्ष से शक्ति सिंह।

 

*****

 

खेल खबरो के साथ हैं अंजुम आलम

 

चिली टेनिस ओपन में, भारत के ऋत्विक चौधरी बोलिपल्ली और कोलंबिया के निकोलस बैरिएंटोस की जोडी ने सैंटियागो में पुरुष डबल्‍स का खिताब जीत लिया है। फाइनल में इस जोड़ी ने अर्जेंटीना के मैक्सिमो गोंजालेज और एंड्रेस मोल्टेनी की शीर्ष वरीयता प्राप्त जोड़ी को 6-3, 6-2 से हरा दिया। यह इस जोड़ी का पहला डबल्‍स खिताब है।

 

बेंगलुरु ओपन टेनिस में, शीर्ष वरीयता प्राप्त भारत के अनिरुद्ध चन्द्रशेखर और ताईवान के रे हो ने पुरुष डबल्‍स खिताब जीत लिया है

 

उधर, टेबल टेनिस में भारत ने वडोदरा में आयोजित डब्ल्यू टी टी यूथ कंटेंडर टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए 24 में से 22 खिताब जीत लिये। लड़कियों के वर्ग में भारत की दिव्यांशी भौमिक ने अंडर-15 और अंडर-17 के सिंगल्‍स में दो स्वर्ण और अंडर-15 मिकस्‍ड डबल्‍स में रजत पदक जीते।

 

शतरंज में भारत के आर प्रज्ञाणनंदा ने चेक गणराज्‍य में प्राग मास्‍टर्स शतरंज टूर्नामेंट में जर्मनी के विंसेट कीमर को हराकर अपनी लगातार दूसरी जीत हासिल की। इस बीच, भारत के अरविंद दिंबरम और अमरीका के सैम शंकलैंड की बाजी ड्रॉ रही।

 

*****

 

रमज़ान का पवित्र महीना आज से शुरू हो गया है। बडी संख्‍या में लोग कल रात  मस्जिदों में विशेष नमाज तरावीह अदा करने पहुचें। रमज़ान इस्‍लामिक कैलेंडर का नौंवा महीना है और महीने के अंत में ईद-उल-फ़ितर मनायी जाती है। खाड़ी देशों में आज पवित्र माह रमज़ान का दूसरा रोजा है।

 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रमज़ान शुरू होने पर लोगो को बधाई दी है। एक सोशल मीडिया पोस्ट मे श्री मोदी ने आशा व्यक्त करते हुए कहा कि यह महीना समाज में शांति और सद्भाव लाएगा।

 

*****

     

उप-राष्‍ट्रपति जगदीप धनखड़ ने कहा है कि विकसित भारत अब एक सपना नहीं है बल्कि यह हमारा उद्देश्‍य है और देश के युवा इसमें महत्‍वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। वे आज भारतीय विचार केंद्रम द्वारा तिरूवनंतपुरम में आयोजित चौथा पी. परमेश्‍वरन स्‍मारक व्‍याख्‍यान में बोल रहे थे। श्री धनखड़ ने कहा कि देश में आज जो भी हो रहा है उससे विश्‍व में हमारा गौरव बढा है।

 

*****

 

मुख्य समाचार एक बार फिर:

 

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात के जूनागढ़ के सासन में श्री सोमनाथ ट्रस्ट की बैठक की अध्यक्षता करेंगे; उन्होंने जामनगर में वंतारा पशु बचाव केंद्र का दौरा किया।

 

  • गृह मंत्री अमित शाह ने नशा मुक्त भारत बनाने के लिए मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज करने की आवश्यकता पर बल दिया।

 

  • निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया, मतदाता फोटो पहचान पत्र – ईपीआईसी संख्या समान होने का मतलब फर्जी मतदाता नहीं; पंजीकृत मतदाताओं को विशिष्ईपीआईसी संख्या आवंटित की जाएगी।

 

  • यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदीमिर ज़ेलेंस्की ने अपने देश के लिए अमरीकी सहायता को महत्वपूर्ण बताया; यूक्रेन की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने के लिए ब्रिटेन के साथ दो अरब 84 करोड़ डॉलर के ऋण समझौते पर हस्ताक्षर किए।

 

  • टेनिस में, ऋत्विक बोलिपल्ली और निकोलस बैरिएंटोस की भारतीय-कोलंबियाई जोड़ी ने चिली ओपन का पुरुष डबल्स खिताब जीता।

 

  • आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में आज दुबई में न्यूजीलैंड ने भारत के साथ अंतिम ग्रुप मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया।

 

*****